samacharsecretary.com

रोमांचक मुकाबले में जयपुर पोलो टीम बनी चैंपियन, कैरीसिल सुहाना को दी मात

जयपुर जयपुर पोलो टीम ने शानदार परफॉर्मेंस देते हुए कैरीसिल सुहाना को 14-10 से हराया और रैफल्स सिरमौर कप जीता। इस तरह छह चक्करों में अटैकिंग दबदबे और लगातार नियंत्रण के साथ सीजन का अपना आठवां खिताब जीता। कैरीसिल सुहाना ने तेज शुरुआत की, शुरुआती दबाव बनाया और तेजी से हुए बदलावों का फायदा उठाते हुए पहले चक्कर के आखिर में 3-1 की बढ़त बना ली। जयपुर ने दूसरे चक्कर में फिर से टीम बनाई, पजेशन में बेहतर रिदम पाया और अपने रक्षा कवच को मजबूत किया, लेकिन कैरीसिल ने हाफटाइम तक 4-3 की बढ़त बनाए रखी। टर्निंग पॉइंट तीसरे चक्कर में आया। जयपुर ने जोरदार तरीके से गियर बदला। तेजी से बॉल मूवमेंट और तेज तर्रार फॉरवर्ड प्ले से कई गोल किए। लांस वॉटसन ने गोल के सामने क्लिनिकल प्रिसिजन के साथ चार्ज का नेतृत्व किया, जिसमें मैनुअल फर्नांडीज लोरेंटे का अच्छा साथ मिला। तीसरे चक्कर के आखिर तक, जयपुर 8-6 से आगे हो गया था, और उसने अपने दम पर कमी को पूरा किया। चौथे चक्कर में दोनों टीमें एक तकनीकी लड़ाई में उलझी हुई थीं, जिसमें रक्षात्मक अनुशासन हावी रहा और स्कोर 8-6 पर ही रहा। हालांकि, जयपुर ने संयम और नियंत्रण बनाए रखा और धीरे-धीरे गेम पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। पांचवें चक्कर में, जयपुर ने अपनी बढ़त काफी बढ़ा ली। लगातार दबाव और तेज फिनिशिंग ने उन्हें बढ़त 11-6 तक पहुंचा दी, और ट्रॉफी पर उनका एक हाथ मजबूती से था। कैरीसिल सुहाना ने आखिरी पीरियड में मटियास वायल और मैनुअल प्राडो की कड़ी मेहनत से वापसी की, जिससे अंतर कम हो गया, लेकिन जयपुर की अटैकिंग गहराई ने यह पक्का किया कि वे मुकाबला 14-10 से जीत लें। लांस वॉटसन ने नौ गोल करके शानदार परफॉर्मेंस दी, जिससे जयपुर का अटैकिंग दबदबा बना रहा। मैनुअल फर्नांडीज लोरेंटे ने चार जरूरी गोल किए, जबकि जयपुर के महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने एक गोल किया। टीम ने अनुभव, तकनीकी अनुशासन और आक्रामक अंदाज को मिलाकर रैफल्स सिरमौर कप में जीत हासिल की और इस शानदार सीजन का अपना आठवां खिताब जीता।

वकार यूनुस का बड़ा बयान: उस्मान तारिक को गेंदबाजी में देरी बनी पाकिस्तान की हार का कारण

नई दिल्ली पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में 61 रन की करारी शिकस्त के बारे में कहा कि जब सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए तो पाकिस्तान की टीम उसी समय इस मैच से बाहर हो गई थी।  पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में 61 रन की करारी शिकस्त के बारे में कहा कि जब सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए तो पाकिस्तान की टीम उसी समय इस मैच से बाहर हो गई थी। 'पहली पारी में ही मैच गंवा दिया था पाकिस्तान' वकार ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘पाकिस्तान ने पहली पारी में ही मैच गंवा दिया। एक बार जब भारत ने 175 रन बना लिए तो मैच पाकिस्तान की पकड़ से बाहर हो गया था। गेंद स्पिन हो रही थी और सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी में पूरी समझदारी से बदलाव किए।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि पाकिस्तान ने अपने स्पिन गेंदबाजों का उतना अच्छा इस्तेमाल किया जितना भारत ने किया। लेकिन मैच पहली पारी में ही खत्म हो गया था क्योंकि भारत ने बहुत ज्यादा रन बना लिए थे। हम सभी जानते हैं कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी बहुत अच्छी नहीं है। लेकिन अगर भारत ने 175 की जगह 140 या 150 रन बनाए होते तो शायद स्थिति अलग होती।’ सलामी बल्लेबाज ईशान किशन की 40 गेंदों में खेली गई तूफानी 77 रन की पारी और मध्य क्रम के उपयोगी योगदान से भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पाकिस्तान 18 ओवर में 114 रन पर आउट हो गया। उस्मान तारिक से गेंदबाजी में देरी से स्थिति मुश्किल बन गई: यूनुस वकार ने कहा, ‘उन्होंने (सूर्यकुमार ने) हार्दिक पंड्या को शुरुआत में नई गेंद दी। जसप्रीत बुमराह ने हमेशा की तरह स्टंप्स को निशाना बनाकर और गेंद को स्विंग और सीम कर अच्छा प्रदर्शन किया। उसके बाद पाकिस्तान के लिए स्थिति बहुत मुश्किल हो गई। सलमान अली आगा ने उस्मान तारिक को जल्दी गेंदबाजी के लिए न बुलाकर स्थिति को मुश्किल बना दिया।’ उन्होंने कहा, ‘तारिक ने शानदार प्रदर्शन किया, एक विकेट लिया और सिर्फ 24 रन दिए। हम हफ्तों से उनके बारे में बात कर रहे थे। लेकिन उन्हें बहुत देर तक गेंद नहीं सौंपी गई। जब तक उन्हें गेंद मिली, ईशान किशन अपना काम कर चुके थे। यहीं से मैच पाकिस्तान के हाथ से निकल गया।’ गावस्कर ने सूर्या की कप्तानी की जमकर तारीफ की गावस्कर कहा, ‘सूर्यकुमार ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। अमेरिका के खिलाफ मैच में जब भारत 77 रन पर छह विकेट खोकर मुश्किल में था, तब सूर्या ने टीम को संकट से उबारा और यहां पाकिस्तान के खिलाफ जब वह बल्लेबाजी करने आए तब भारत 88 रन पर दो विकेट खो चुका था और फिर उन्होंने 19वें ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए।’ उन्होंने कहा, ‘भले ही वह बेहतर स्ट्राइक रेट से रन नहीं बना पाए लेकिन उन्होंने एक छोर पर डटे रहकर यह सुनिश्चित किया कि विकेट न गिरें।’

पाकिस्तान को नामीबिया से हारने का डर, T20 वर्ल्ड कप सुपर-8 की टक्कर हुई और भी रोमांचक

 कोलंबो आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनो से हराकर सुपर-8 में आधिकारिक तौर पर जगह पक्की कर ली. रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा में खेले गए इस मुकाबले में 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 114 रन पर सिमट गई. भारत से पहले वेस्टइंडीज की टीम ने नेपाल को मात देकर सबसे पहले सुपर-8 का टिकट कटाया था. चारों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें सुपर-8 में जगह बनाने वाली हैं. भारतीय टीम के हाथों मिली हार के बाद पाकिस्तान के लिए सुपर-8 की राह कठिन हो गई है. अब उसे अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में नामीबिया को हराना ही होगा. जीत की स्थिति में वो 6 अंकों के साथ सुपर-8 में पहुंच जाएगा, जबकि हार की सूरत में वो टूर्नामेंट से आउट हो जाएगा. वैसे भी नामीबिया सुपर-8 की रेस से बाहर हो चुका है, ऐसे में उसके लिए खोने को कुछ नहीं बचा है. कुल मिलाकर देखा जाए तो पाकिस्तान के लिए अब अगला मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट बन गया है. ग्रुप-ए में भारत 6 अंकों के साथ शीर्ष पर है और सुपर-8 में उसकी जगह पूरी तरह सुनिश्चित हो चुकी है. भारत का नेट रनरेट (NRR) +3.050 है. भारत से हार के बाद पाकिस्तानी टीम तीसरे नंबर पर आ गई है, वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) दूसरी पोजीशन पर आ चुका है. यूएसए और पाकिस्तान दोनों के ही 4-4 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट पाकिस्तानी टीम का उससे खराब है. पाकिस्तानी टीम का नेट रनरेट -0.403 है, जबकि यूएसए का नेट रनरेट +0.787 है. अब पाकिस्तान यदि नामीबिया से हारता है तो उसके 4 ही अंक होंगे. ऐसे में  यूएसए बेहतर नेट रनरेट के चलते सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर सकता है. यदि नामिबिया के खिलाफ मुकाबला धुलता है, तो पाकिस्तानी टीम 5 अंकों के साथ सुपर-8 में जाएगी.  उधर नीदरलैंड्स भी सुपर-8 की रेस से पूरी तरह बाहर नहीं हुआ है, लेकिन उसे अपने आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम पर बहुत बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, ताकि उसका नेट रनरेट यूएसए से अच्छा हो जाए. साथ ही उसे दुआ करनी होगी कि नामीबियाई टीम पाकिस्तान को हरा दे. नीदरलैंड्स के 3 मैचों से 2 अंक हैं और उसका नेट रनरेट -1.352 है. ग्रुप-ए में अब केवल दो मुकाबले बचे हैं. भारत-नीदरलैंड्स के बीच 18 फरवरी (बुधवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला होना है. वहीं पाकिस्तान-नामीबिया का मुकाबला 18 तारीख को ही कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में होगा. ग्रुप A की मौजूदा स्थिति इस प्रकार है भारत (IND)- 3 मैच, 3 जीत, 6 अंक, NRR +3.050 (सुपर 8 के लिए क्वालिफाई) संयुक्त राज्य अमेरिका (USA)-4 मैच, 2 जीत, 4 अंक, NRR +0.787 पाकिस्तान (PAK)- 3 मैच, 2 जीत, 4 अंक, NRR -0.403 नीदरलैंड्स (NED)- 3 मैच, 1 जीत, 2 अंक नामीबिया (NAM)- 3 मैच, 0 जीत, 0 अंक, NRR -2.443 (बाहर) भारत के खिलाफ मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को डक पर आउट किया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने एक ही ओवर में सैम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेज दिया. इसके बाद बाबर आजम भी जल्दी आउट हो गए और टीम दबाव से उबर नहीं सकी. इससे पहले भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे. सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन की शानदार पारी खेली और मैच का रुख तय कर दिया. उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. देखा जाए तो टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की पाकिस्तान पर 9 मैचों में ये 8वीं जीत रही. यानी स्कोर अब भारत ने 8-1 कर दिया है.

अजीब समीकरण में फंसी ऑस्ट्रेलिया: 3 मैच जीतने के बावजूद सुपर-8 का रास्ता मुश्किल

नई दिल्ली T20 World Cup 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम अगर सुपर 8 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए तो हैरान मत होना, क्योंकि इस तरह का सिनेरियो बन रहा है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम अगर बाकी के दो मैच जीत भी जाए तो भी टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप बी में है, जिसमें से अभी तक किसी भी टीम ने सुपर 8 के लिए क्वालीफाई नहीं किया है। पांच टीमों वाले ग्रुप से एक टीम एलिमिनेट जरूर हो गई है। इस स्टोरी में आप समझिए कि ऑस्ट्रेलिया के लिए क्यों सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करना मुश्किल हो रहा है? दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी तक ग्रुप बी में दो मैच खेली है। एक मैच में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 67 रनों से हराया है, लेकिन दूसरे मैच में जिम्बाब्वे की टीम से 23 रनों से हार मिली है। अभी भी टीम के दो मुकाबले बाकी हैं, लेकिन हैरानी की बात ग्रुप की मौजूदा स्थिति को देखते हुए ये है कि टीम बाकी के दो मैच जीत भी जाए और खाते में 6 पॉइंट्स हो भी जाएं तो भी उनको सुपर 8 का क्वालीफिकेशन टैग नहीं मिलेगा। इसके पीछे की वजह ये है कि दो और टीमें हैं, जो 6-6 अंक तक पहुंच सकती हैं। श्रीलंका को अगले मैच में श्रीलंका से भिड़ना है। अगर श्रीलंका ने वह मुकाबला जीत लिया तो श्रीलंका की टीम तो टूर्नामेंट के सुपर 8 स्टेज के लिए क्वालीफाई कर जाएगी, क्योंकि उसके 6 पॉइंट हो जाएंगे। इसके बाद फिर एक ही टीम होगी, जो 6 या इससे ज्यादा अंकों तक पहुंचेगी। वह टीम है, जिम्बाब्वे है। अगर श्रीलंका को हार मिलती है तो श्रीलंका की टीम बाहर नहीं होगी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम की स्थिति थोड़ी मजबूत हो जाएगी। इसके बाद ओमान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को जीत दर्ज करनी होगी और 6 पॉइंट्स हासिल करने होंगे। ऑस्ट्रेलिया की टीम आज यानी सोमवार 16 फरवरी को श्रीलंका को हरा दे, जिम्बाब्वे की टीम आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज कर ले और श्रीलंका की टीम फिर आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को हरा दे तो तीनों टीमों के 6-6 पॉइंट्स हो जाएंगे। इस स्थिति में देखा ये जाएगा कि नेट रन रेट किस टीम का बेहतर है। मौजूदा पॉइंट्स टेबल को देखें तो श्रीलंका और जिम्बाब्वे का नेट रन रेट ऑस्ट्रेलिया से बेहतर है। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस नेट रन रेट को तभी बेहतर कर पाएगी, जब बड़ी जीत अपने बाकी बचे दोनों मैचों में दर्ज करे।

टी20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 में बनाई जगह, पहला मुकाबला भारत से

नई दिल्ली दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार को टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इसके साथ ही अफ्रीका की टीम टी20 विश्व कप के अगले चरण में स्थान बनाने वाली टूर्नामेंट की तीसरी टीम बन गई है। वेस्टइंडीज और भारत ने रविवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले स्टेज के लिए क्वालीफाई कर लिया है। साउथ अफ्रीका की टीम ने ग्रुप डी से क्वालीफाई किया है, जबकि वेस्टइंडीज ने ग्रुप ए और भारत ने ग्रुप सी से किया है। दक्षिण अफ्रीका ने अपने शुरुआती तीनों लीग मैच जीते हैं और छह अंक के साथ सुपर आठ के लिए क्वालीफाई किया। तीन टीमों ने किया क्वालीफाई टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण के लिए अब तक कुल तीन टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है। अभी 14 टीमें अगले चरण में जगह बनाने के लिए मैदान में हैं। तीन टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। नेपाल, ओमान और नामीबिया अपने-अपने मुकाबला हारकर सुपर-8 की रेस से बाहर हैं। ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका की टीम का अगला मुकाबला यूएई से होगा, जोकि दो मुकाबला हार चुकी है। पिछले विश्वकप की रनरअप रही दक्षिण अफ्रीका की टीम मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैच जीते हैं। पहले मैच में अफ्रीका ने कनाडा को 57 रनों से हराया। दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की। मैच और पहला सुपर ओवर टाई रहा था, जिसके बाद दूसरे सुपर ओवर में अफ्रीका ने बाजी मारी। अफ्रीका ने अपने पिछले ग्रुप स्टेज मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 175 रन पर रोकने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने महज 17.1 ओवर में तीन विकेट गवांकर लक्ष्य हासिल कर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।  

जब ईशान किशन छक्के बरसा रहे थे, पाकिस्तानी सर्च में क्या खोज रहे थे?

नई दिल्ली कल भारत-पाकिस्तान का मैच शुरू हुआ तो पाकिस्तान का सबसे बड़ा खौफ अभिषेक शर्मा थे, लेकिन अभिषेक शर्मा पहले ओवर की आखिरी गेंद पर सलमान अली आगा के ऑफ-स्पिन पर 0 पर आउट हो गए. इससे पाकिस्तानी गेंदबाजों और फैंस को बड़ी राहत मिली, क्योंकि अभिषेक आक्रामक ओपनर हैं और वह मैच की शुरुआत में ही तूफान मचा सकते थे. इसके बाद ईशान किशन ने पारी को संभाला और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की. ईशान ने कुल 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 192.50 रहा. उन्होंने 27 गेंदों में ही फिफ्टी पूरी कर ली और पाकिस्तानी स्पिनर्स जैसे सैम आयूब, शादाब खान को खूब तोड़ा. ईशान की इस जबरदस्त पारी की वजह से भारत ने 175/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया, जो इस पिच पर 30-35 रन ज्यादा माना गया. पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर ईशान किशन की खूब तारीफ हो रही है. कई पाकिस्तानी यूजर्स, क्रिकेट अकाउंट्स और यहां तक कि पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने भी कहा कि ईशान किशन ने गेम हमारे हाथ से छीन लिया. पाकिस्तानी खिलाड़ियों और फैंस ने उनकी पारी को 'गेम-चेंजर', 'फायर' और 'आउट ऑफ सिलेबस' बताया. जैसे-जैसे ईशान किशन ने पारी को संवारा, पाकिस्तानी फैंस की बेचैनी बढ़ गई. इसका असर पाकिस्तान के गूगल ट्रेंड में सामने आया.उनकी उम्र, बैकग्राउंड, हाइट, यहां तक कि उनकी गर्लफ्रेंड और वाइफ भी. मैच के दौरान और उसके बाद गूगल पर ईशान किशन को लेकर कई तरह की सर्च बढ़ गईं. लोग ईशान किशन स्टैट्स, ईशान किशन हाइट, ईशान किशन एज, ईशान किशन हाइट इन फीट, आई किशन, ईशान किशन ब्रदर और ईशान किशन नेट वर्थ जैसे सवाल खोज रहे थे. इसके अलावा कुछ यूजर्स ने हनुमैनकाइंड और ईशान किशन (गलत स्पेलिंग के साथ) भी सर्च किया. वहीं उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी दिलचस्पी दिखी और ईशान किशन गर्लफ्रेंड, ईशान किशन पिक, ईशान किशन रिलिजन और ईशान किशन वाइफ जैसे कीवर्ड्स तेजी से ट्रेंड करने लगे. एक वायरल वीडियो से समझिये पाकिस्तान ईशान किशन के बारे में क्या सोच रहा था टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का ट्रंप कार्ड बने ईशान किशन अभिषेक शर्मा अब तक इस टूर्नामेंट में फ्लॉप साबित हुए हैं. उनके नाम दो डक दर्ज हैं और एक मैच में उन्हें बाहर भी बैठना पड़ा. लेकिन सूर्यकुमार यादव के लिए राहत की बात यह है कि ईशान किशन ने अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से उस कमी को पूरा कर दिया है.भारत के लिए यह अच्छी खबर है कि ईशान फॉर्म में हैं, क्योंकि अगले राउंड में सेमीफाइनल की जगह के लिए तीन टीमों से मुकाबला होना है.

घमंड टूटा, बहाने खत्म! PAK की हार से भड़के आफरीदी, दामाद शाहीन और बाबर पर उठाए सवाल

 नई दिल्ली/ इस्लामाबाद    भारतीय टीम के खिलाफ करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया है. रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में खेले गए आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुकाबले में 61 रनों से मिली शिकस्त के बाद पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफरीदी ने अपनी टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर खुलकर निशाना साधा है. आफरीदी ने अपने दामाद शाहीन आफरीदी को भी नहीं बख्शा.  शाहिद आफरीदी ने साफ तौर पर कहा कि अब बार-बार नाकाम हो रहे वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम देकर युवाओं को मौका दिया जाना चाहिए. उन्होंने बाबर आजम, शाहीन आफरीदी और शादाब खान को बेंच पर बैठाने की बात कही. शाहिद का मानना है कि इन खिलाड़ियों को लगातार मौके मिले हैं, लेकिन बड़े मैचों में ये नाकाम हो जाते हैं. शाहिद आफरीदी ने समा टीवी पर कहा, 'अगर फैसला मुझे लेना हो तो मैं शाहीन, बाबर और शादाब तीनों को बैठा दूं. नए लड़कों को मौका दूं, उन पर भरोसा दिखाऊं. नामीबिया के खिलाफ मैच में युवाओं को खिलाकर आत्मविश्वास देना चाहिए. हम इतने अरसे से इन खिलाड़ियों को मौके देते आ रहे हैं. जहां उम्मीद रहती है कि वो इस टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेंगे. अगर सीनियर खिलाड़ी डिलीवर नहीं कर रहे, तो बेंच पर बैठे जूनियर खिलाड़ियों को क्यों नहीं आजमाया जाए.'   मैदान पर शिकस्त के साथ PAK का घमंड भी हुआ चकनाचूर  टीम इंडिया ने एक बार फिर वर्ल्ड कप के मुकाबले में पाकिस्तान को आसानी से पटखनी दे दी. इस जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान को ये भी बता दिया कि मैदान पर जवाब प्रदर्शन से दिया जाता है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने हर विभाग में पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया. लेकिन ये हार केवल पाकिस्तान के लिए एक मैच की हार तक सीमित नहीं है. बल्कि इस जीत से भारत ने पाकिस्तान की तमाम रणनीतियों, ड्रामेबाजी और प्लान की धज्जियां उड़ा दी.   दरअसल, इस मैच से पहले माहौल कुछ और था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ और गृहमंत्री  मोहसिन नकवी की ओर से इस मैच का बायकॉट किया गया. पाकिस्तानी सरकार ने इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और बांग्लादेश को मोहरा बनाया. बीसीसीआई को बदनाम करने की नापाक साजिश रची. करीब दो हफ्ते तक पाकिस्तान ने ड्रामेबाजी की. लगातार बयानबाजी की. हालांकि, बाद में पाकिस्तान ने पलटी मारी और मैच खेलने के लिए राजी हो गया.   इसके साथ ही पाकिस्तान ने उस्मान तारिक की मिस्ट्री स्पिन को लेकर भी बड़ा हाइप बनाया. कप्तान सलमान आगा ने उन्हें टीम का ‘ट्रंप कार्ड’ बताया था. लेकिन मैदान पर कहानी अलग निकली. नकवी ने अपनी ड्रामेबाजी के जरिए इस मैच को सियासी संग्राम बनाया. कई देशों को साधने की कोशिश की. लेकिन नकवी की एक न चली और आखिरकार मेदान पर जब पाकिस्तान भारत के सामने आया तो हर बार की तरह एक बार फिर उसे धूल चाटनी पड़ी. सूर्या की कप्तानी, भारत की समझदारी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने मैच को शांत दिमाग से संभाला. शुरुआती झटके के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने जल्दबाजी नहीं की. जोखिम भरे शॉट्स से बचते हुए टीम ने मजबूत स्कोर खड़ा किया. जिस उस्मान तारिक को लेकर इतनी चर्चा थी, वह असर छोड़ने में नाकाम रहे. भारतीय बल्लेबाजों ने उन्हें संभलकर खेला और कोई बड़ा मौका नहीं दिया. उनकी मिस्ट्री गेंदबाजी भारत के खिलाफ बेअसर साबित हुई. गेंदबाजी में भी भारत भारी जब पाकिस्तान लक्ष्य का पीछा करने उतरा तो भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा. पावरप्ले में विकेट गिरे और पाकिस्तान संभल नहीं सका. बड़े शॉट खेलने की कोशिश में बल्लेबाज लगातार आउट होते गए. भारत ने दिखाया कि बड़े मैच सिर्फ बयानबाजी से नहीं, बल्कि संयम और रणनीति से जीते जाते हैं. पाकिस्तान की तरफ से बनाए गए माइंडगेम मैदान पर टिक नहीं सके. बयान बनाम प्रदर्शन मैच से पहले जो शोर था, वह मैदान पर शांत हो गया. न तो बायकॉट की चर्चा काम आई और न ही मिस्ट्री स्पिन का दांव. भारत ने एक बार फिर साबित किया कि दबाव में खेलने का अनुभव और मैच की समझ ही असली ताकत है. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली, जबकि पाकिस्तान के लिए यह हार कई सवाल छोड़ गई. भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा खास होता है, लेकिन इस बार संदेश साफ था-ड्रामा नहीं, प्रदर्शन मायने रखता है. शाहीन की जमकर हुई धुनाई, बाबर-शादाब फेल भारत के खिलाफ मुकाबले में शाहीन आफरीदी सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने सिर्फ दो ओवर में 31 रन लुटाए. इनिंग्स के आखिरी ओवर में शाहीन ने 16 रन खर्च किए, जिससे भारत को 170 प्लस स्कोर बनाने का मौका मिला. बता दें कि शाहीन का निकाह 3 फरवरी 2023 को पूर्व ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी की बेटी अंशा से हुआ था. शादाब खान का भी दिन खराब रहा. गेंदबाजी में एक ओवर में 17 रन दिए और बल्लेबाजी में 14 रन बनाकर आउट हो गए. कप्तान बाबर आजम भी टीम को संभालने में नाकाम रहे. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान पर अपना दबदबा साबित किया. इस जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पाकिस्तान पर हेड टू हेड रिकॉर्ड 8-1 हो गया है. भारत की जीत के हीरो 'प्लेयर ऑफ द मैच' ईशान किशन रहे, जिन्होंने 40 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी पारी खेली. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान को 114 रनों पर समेट दिया. इस शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान में सीनियर खिलाड़ियों को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं. शाहिद आफरीदी के बयान ने यह साफ कर दिया है कि अब टीम चयन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है…  

टीम इंडिया का जलवा बरकरार, पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में एंट्री

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान की टीम कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में एक-दूसरे के सामने हैं। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए गए हैं। संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा की वापसी हुई है, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव को मौका मिला है। पाकिस्तान की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है और उन्होंने वही टीम उतारी है, जो यूएसए के खिलाफ खेली थी। भारत की जीत टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारत ने 61 रनों से जीत हासिल की है। इसी के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में 8-1 का रिकॉर्ड बना लिया है। यानी इन दोनों टीमों के बीच कुल 9 मैच खेले गए हैं और भारत ने 8 मैचों में, जबकि पाकिस्तान ने 1 मैच में जीत हासिल की है। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे, जिसका पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 114 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए हार्दिक, बुमराह, अक्षर और चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट अपने नाम किए और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

ईशान किशन का तूफान, पाकिस्तान पस्त; टीम इंडिया ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की

नई दिल्ली रविवार को श्रीलंका का कोलंबो भारतमय हो गया। प्रेमदासा स्टेडियम से लेकर सड़क ओर होटल तक जहां भी नजर दौड़ाओ भारतीय फैंस ही नजर आ रहे थे। कोलंबो के नीले आसमान तले ब्लू जर्सी में भारतीय फैंस अपनी टीम का हौसला बढ़ाने पहुंचे थे। सूर्यकमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम भी फैंस की उम्मीदों पर खरी उतरी और उसने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में एक बार फिर पटखनी दे दी। पाकिस्‍तान टीम ने अभिषेक शर्मा की तैयारी थी, लेकिन ईशान किशन आउट ऑफ सिलेबस आ गए। कभी तेज गेंदबाजी के लिए पहचानी जाने वाली पाकिस्तानी टीम ने प्रेमदासा स्टेडियम की ट्रिकी पिच पर छह स्पिनरों का इस्तेमाल करके भारतीय बल्लेबाजों को रोके रखा। अकेले ईशान किशन ने उनका ढंग से सामना किया और तूफानी पारी खेली। उन्होंने करियर का चौथा अर्धशतक ठोकते हुए भारत को 175 रन तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कमाल किया और पाकिस्‍तान को 18 ओवर में 114 रन पर समेटकर 61 रन से मुकाबले को अपने नाम किया। यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। सलमान आगा ने जीता टॉस पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। उनके अलावा पांच स्पिनरों सैम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या को 17वें ओवर तक हिलने नहीं दिया। सिर्फ ईशान किशन (77) ही पाकिस्तानी स्पिनरों पर हावी दिखे। उन्होंने स्वीप, रिवर्स स्वीप का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए तीन छक्के और 10 चौके से भारत को अभिषेक शर्मा (0) के झटके से उबारा। पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ दो ओवर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने किए। बाकी 18 ओवर स्पिनरों ने फेंके। आगा का पहला मूव अच्छा था लेकिन आखिरी मूव थोड़ा खराब रहा क्योंकि इसमें भारत ने 16 रन बनाए। आगा का शानदार मूव पाकिस्तानी कप्तान आगा ने शानदार मूव लेते हुए तेज गेंदबाज अफरीदी की जगह खुद पहला ओवर फेंका। उनकी स्पिन ट्रिक कामयाब रही और भारतीय टीम की सबसे बड़ी उम्मीद अभिषेक कैच आउट हो गए। आगा चाहते थे कि अभिषेक शॉट लगाएं और वह जाल में फंस गए। पिछले छह टी-20 में उनका स्कोर 00, नाबाद 68, 00, 30, 00, 00 रहा है। आगा ने अभिषेक का विकेट लेने के बाद अपने साथियों को इशारा भी किया देखा क्या कहा था। छक्‍के के साथ किया स्‍वागत हालांकि अगले ही ओवर में ईशान ने शाहीन का स्वागत छक्के से किया। उनके इस ओवर में भारत ने 15 रन बनाए। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन दिए। सलमान ने चौथे ओवर में शाहीन की जगह स्पिनर सैम अयूब को लगा दिया। पावरप्ले में ही दोनों तरफ से स्पिनर गेंद फेंक रहे थे। पाकिस्तान ने पांचवें ओवर में ही तीसरे स्पिनर अबरार को गेंद थमा दी। हालांकि किशन ने उनका स्वागत भी छक्के से किया। पावरप्ले के छह में से पांच ओवर स्पिनरों ने फेंके। ऐसा कम ही देखने को मिलता है। भारत ने छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 52 रन बनाए जिसमें 42 रन किशन के थे। यह भारत-पाकिस्तान मैच में पावरप्ले में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं। इससे पहले पिछले साल दुबई में एशिया कप में शुभमन गिल ने पावरप्ले में 35 रन बनाए थे।  

कोलंबो में हाई-वोल्टेज मुकाबला, भारत ने पाकिस्तान को दिया 176 का टारगेट

कोलंबो टी-20 वर्ल्ड कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला अपने चरम रोमांच पर पहुंच गया है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 176 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। हालांकि, दूसरे छोर पर ईशान किशन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। ईशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 रनों की पारी खेली और टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। मध्यक्रम में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 32 रनों का उपयोगी योगदान दिया, लेकिन वह उस्मान तारिक की गेंद पर सईम अयूब को कैच थमा बैठे।  पाकिस्तान की ओर से युवा खिलाड़ी सईम अयूब ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने 15वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर तिलक वर्मा और फिर हार्दिक पंड्या को आउट कर सनसनी फैला दी। हालांकि, सईम अपनी हैट्रिक पूरी करने से चूक गए क्योंकि अगली गेंद पर शिवम दुबे विकेट के पीछे कैच होने से बाल-बाल बच गए। सईम ने इस पारी में कुल 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। पारी के अंत में शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 175 के पार पहुँचाया। तनावपूर्ण माहौल: कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ खेल के मैदान के साथ-साथ मैदान के बाहर भी काफी तनाव देखा गया। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने आपस में हाथ नहीं मिलाया। बताया जा रहा है कि भारतीय टीम ने आतंकी हमलों के विरोध में पिछले साल एशिया कप के दौरान जो रुख अपनाया था, उसे इस मैच में भी बरकरार रखा है। हनुमानकाइंड की परफॉर्मेंस और रोहित शर्मा की मौजूदगी मैच शुरू होने से पहले मशहूर रैपर हनुमानकाइंड ने स्टेडियम में अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके गानों को लेकर हाल ही में पाकिस्तान में विवाद भी हुआ था, जिसे लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा रही। इस बीच, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी अपनी टीम का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचे और ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से मुलाकात की। अब देखना यह है कि क्या पाकिस्तानी बल्लेबाज भारत के 176 रनों के लक्ष्य को पार कर पाते हैं या जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाज इस स्कोर का बचाव करने में सफल होते हैं।