samacharsecretary.com

हरमनप्रीत कौर ने WPL 2026 में मारी बाज़ी, स्मृति मंधाना टॉप-5 में शामिल; पर्पल कैप किसके पास है?

नई दिल्ली हरमनप्रीत कौर की 82 रनों की नाबाद पारी के बावजूद मुंबई इंडियंस को शुक्रवार, 30 जनवरी की रात गुजरात जाएंट्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ MI टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। अब उनकी निगाहें दिल्ली कैपिटल्स वर्सेस यूपी वॉरियर्स मैच पर टिकी है, इस मैच में डीसी की हार की दुआ करने पर ही मुंबई प्लेऑफ में पहुंचेगी। हरमनप्रीत कौर के लिए यह सीजन काफी शानदार रहा है, उन्होंने 82 रनों की इस नाबाद पारी के साथ ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया है। आईए एक नजर WPL 2026 की ऑरेंज और पर्पल कैप की लिस्ट पर डालते हैं- WPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप-5 बैटर हरमनप्रीत कौर लीग स्टेज के दौरान अभी तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर रही है। गुजरात जाएंट्स के खिलाफ 82 रनों की नाबाद पारी खेल उन्होंने अपनी ही टीम की नैट साइवर-ब्रंट से ऑरेंज कैप छीनी है। हरमनप्रीत कौर के नाम 8 मैचों में सबसे अधिक 342 रन हो गए हैं, जो उन्होंने 68.40 की औसत और 150.66 के स्ट्राइक रेट के साथ बनाए हैं। साइवर-ब्रंट 321 रनों के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गई हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना भी टॉप-5 में मौजूद है। हरमनप्रीत कौर- 342 नैट साइवर-ब्रंट- 321 स्मृति मंधाना- 290 मेग लैनिंग- 248 एश्ले गार्डनर- 244 WPL 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टॉप-5 बॉलर्स गुजरात जाएंट्स की सबसे अनुभवी प्लेयर सोफी डिवाइन 17 विकेट के साथ WPL 2026 में अभी तक सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली बॉलर रही हैं। उनकी इस धाकड़ परफॉर्मेंस के दम पर गुजरात की टीम एलिमिनेटर मुकाबले में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही है। आरसीबी की नादिन डी क्लर्क और लॉरेन बेल के साथ टॉप-5 बॉलर्स की इस लिस्ट में एक ही भारतीय नंदनी शर्मा हैं। सोफी डिवाइन- 17 नादिन डी क्लर्क- 15 एमिलिया कर- 14 नंदनी शर्मा- 14 लॉरेन बेल- 12

14 साल की उम्र में बड़ा सपना: वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका देने की उठी मांग

नई दिल्ली  आईपीएल 2025 में डेब्यू करने के बाद से क्रिकेट जगत की नई सनसनी बने 14 साल के वैभव सूर्यवंशी अब टीम इंडिया में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं. उन्हें नेशनल टीम में लाने का समय आ गया है. यह कहना है पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम का. सबा करीम का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को नेशनल टीम में शामिल करने का समय आ गया है. वैभव सूर्यवंशी फिलहाल अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेल रहे हैं, जहां उन्होंने दो अर्धशतक जमकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई. वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर सबा करीम ने कहा, ‘वह बहुत प्रतिभाशाली हैं. उन्हें देखकर मुझे बहुत खुशी हुई. मुझे लगता है कि अब उन्हें इंडियन नेशनल टीम में शामिल करने का समय आ गया है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह अच्छी बात है कि वैभव सूर्यवंशी पर नजर रखी जा रही है. स्टेट एसोसिएशन के लोग काम कर रहे हैं. बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी अपना काम कर रहा है. आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स भी उन पर ध्यान दे रही है. बहुत जल्द ऐसा समय आएगा, जब हम उन्हें नेशनल टीम में देखेंगे.’ वैभव सूर्यवंशी को लेकर सबा करीम ने दिया बयान वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था. उन्होंने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक लगाया था. यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है. इस मामले में क्रिस गेल टॉप पर हैं, जिन्होंने 23 अप्रैल 2013 को आरसीबी की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी. वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के बाद से जिस भी टूर्नामेंट में खेले हैं तूफानी बैटिंग से तहलका मचाया है. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की अंडर-19 टीमों के खिलाफ उन्होंने रनों का अंबार लगाया. वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में भी शतक बनाकर इतिहास रचा. मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें साउथ अफ्रीका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया था. उनकी कप्तानी में भारत ने यूथ वनडे सीरीज नाम की. इस सीरीज में वैभव के बल्ले से एक तूफानी शतक भी आया था. अब वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप में बल्ले से धमाल मचा रहे हैं. वैभव जी अंदाज में लगातार रन बना रहे हैं, यह प्रदर्शन जल्द ही उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे खोल सकता है.

क्रिकेट में बड़ा उलटफेर: रिटायर जयसूर्या अब USA टीम से खेलेंगे, T20 वर्ल्ड कप में नजर आएंगे

   नई दिल्ली   टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. 7 फरवरी से इसका आगाज होगा और 8 मार्च को फाइनल खेला जाएगा. इसी बीच शुक्रवार (30 जनवरी) को अमेरिका (USA) ने अपनी टीम का ऐलान किया.  इस टीम में 9 तो भारतीय मूल के क्रिकेटर थे. टीम की कप्तानी ही मोनांक पटेल कर रहे हैं, जो गुजरात के आणंद में पैदा हुए. वो इससे पहले साल 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम की कमान संभाल चुके हैं. मोनांक पटेल, शुभम रंजन, जेसी सिंह, मिलिंद कुमार,  साईतेजा मुक्कामाला , संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुष केंजीगे, सौरभ नेत्रवलकर इन सभी की मूल जड़े भारत से जुड़ी हुई हैं. वहीं टीम में   पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी 3 ख‍िलाड़ी शायन जहांगीर , अली खान, मोहम्मद मोहसिन हैं.  कौन हैं शेहान जयसूर्या  वहीं इस टीम में श्रीलंका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके शेहान जयसूर्या भी हैं. 8 जनवरी 2021 को जयसूर्या ने श्रीलंका में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की. जून 2021 में खिलाड़ियों के ड्राफ्ट के बाद उन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका में माइनर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए चुना गया था. 2023 में वह मेजर लीग क्रिकेट के उद्घाटन सत्र के लिए सिएटल ऑर्कास में शामिल हुए और अब वो अमेरिका की टीम में चुने गए हैं. 34 साल के शेहान श्रीलंका के लिए 12 वनडे (195 रन, 3 विकेट) और 18 टी20 इंटरनेशनल (241 रन, 3 विकेट) मैच 2015 से 2020 के बीच खेले.  शेहान की बात की जाए तो उनका जन्म 12 स‍ितंबर 1991 को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में हुआ था. वो 89 फर्स्ट क्लास मैचों में 6072 रन भी बना चुके है और यहां उनके नाम 200 विकेट भी हैं. 140 ल‍िस्ट ए में उनके नाम 4432 रन और 116 विकेट हैं. वहीं वो 92 टी20 मैचों में 1840 रन और 53 विकेट झटक चुके हैं.       वहीं अमेरिका की इस टीम में एंड्रीज गौस और शैडली वैन शल्कविक भी हैं, जो साउथ अफ्रीकी मूल के हैं. कल म‍िलाकर  अमेर‍िका की इस टी20 वर्ल्ड कप वाली टीम में 9 भारतीय मूल के, 3 पाकिस्तानी मूल के और 1 श्रीलंका के मूल और 2 साउथ अफ्रीकी मूल के ख‍िलाड़ी हैं.  USA T20 वर्ल्ड कप 2026 का स्क्वॉड: मोनांक पटेल (कप्तान), जेसी सिंह (उप-कप्तान), एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शायन जहांगीर , साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नोस्तुष केंजीगे, शैडली वैन शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए USA का ग्रुप स्टेज शेड्यूल  7  फरवरी 2026: भारत vs USA, मुंबई 10 फरवरी 2026: पाकिस्तान vs USA, कोलंबो 13 फरवरी 2026: नीदरलैंड्स vs USA, चेन्नई 15 फरवरी 2026: न्यूजीलैंड vs USA, चेन्नई  

टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी? आखिरी टी20 से पहले सैमसन का बल्ला और अक्षर की फिटनेस बड़ी चिंता

तिरुवनंतपुरम खिताब का प्रबल दावेदार भारत टी20 विश्व कप से पहले शनिवार को यहां जब न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में खेलने के लिए उतरेगा तो उसे उम्मीद रहेगी कि संजू सैमसन अपने घरेलू दर्शकों के सामने फॉर्म में वापसी करने और अक्षर पटेल फिटनेस हासिल करने में सफल रहेंगे। विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। भारत यह मैच हार गया था लेकिन इससे श्रृंखला के परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि भारतीय टीम पहले ही इसे अपने नाम कर चुकी थी। जैसा कि श्रृंखला के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है। बल्लेबाजी विभाग में शायद ज्यादा बदलाव न हों, लेकिन टीम प्रबंधन सैमसन पर नजर रखेगा। अपनी निर्भीक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सैमसन इस श्रृंखला में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उनकी फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है। वह सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे। सैमसन अब अपनी गृह नगर में खेलेंगे और यहां के अपने समर्थकों के सामने शायद वह अपनी खोई हुई लय को फिर से प्राप्त कर लें। टीम के आगमन के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा साझा किए गए एक वीडियो से यह स्पष्ट हो गया कि वह देश के इस हिस्से में सुपरस्टार हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव को हवाई अड्डे के निकास द्वार पर अपने ‘चेट्टा’ (बड़े भाई) के लिए मजाक में रास्ता साफ करते हुए देखा गया, जहां सैकड़ों प्रशंसक सैमसन और उनके साथियों की एक झलक पाने के लिए कतार में खड़े थे। ईशान किशन के रूप में भारतीय टीम के पास सैमसन का मजबूत विकल्प मौजूद है। उन्होंने इस श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन इस विकेटकीपर बल्लेबाज को अज्ञात चोट के कारण पिछले मैच से बाहर बैठना पड़ा था। ऑलराउंडर अक्षर भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उंगली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। भारत टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच सात फरवरी को मुंबई में खेलेगा और वह उससे पहले जीत हासिल करना चाहेगा। इस तरह से देखा जाए तो भारत इस मैच को औपचारिकता नहीं मानेगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ 4-1 की शानदार जीत से शैली, ताकत और गहराई से भरपूर टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ेगा। न्यूजीलैंड की टीम बिल्कुल यह नहीं चाहेगी कि ऐसा हो। उसकी टीम पहले तीन मैचों में वे भारत के आक्रामक रवैये के सामने बेबस नजर आई, लेकिन विशाखापत्तनम में उन्होंने भारत के प्रमुख बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में कामयाबी हासिल की। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट करने के बाद, न्यूजीलैंड के गेंदबाज शिवम दुबे की तूफानी बल्लेबाजी के बावजूद बाकी बल्लेबाजों को रोकने में सफल रहे। अब उन्हें पता चल गया है कि यह भारतीय टीम अजेय नहीं है और 3-2 का अंतर उन्हें आगामी बड़े मुकाबलों से पहले मानसिक रूप से मजबूत करेगा। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में ढेरों रन बनते रहे हैं। भारत ने यहां खेले गए अपने चार टी20 मैचों में से तीन जीते हैं, जिसमें 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीता गया एक मैच भी शामिल है। लेकिन जैसा कि कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, कीवी टीम अब जानती है कि भारत को हराने के लिए क्या करना जरूरी है। ऐसे में यहां एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट के टीम में शामिल होने से न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को काफी मजबूती मिली है। न्यूजीलैंड की टीम हालांकि गेंदबाजी में सुधार की उम्मीद कर रही होगी। उसके प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन टीम में शामिल है लेकिन वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। टीम इस प्रकार हैं: भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई। न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), जैकब डफी, जैक फाक्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन। मैच शाम सात बजे शुरू होगा।  

सिनर का सपना टूटा, जोकोविच की एंट्री फाइनल में; अब अल्कारेज से होगी टेनिस की जंग

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलियन ओपन में नोवाक जोकोविच ने कमाल कर दिया. चार घंटे और नौ मिनट के कड़े मुकाबले के बाद जोकोविच ने अपने करियर की सबसे यादगार जीतों में से एक दर्ज करते हुए 11वीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जगह बनाई और रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का सपना जिंदा रखा. 38 वर्षीय जोकोविच ने मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर को रोड लेवर एरीना में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से हराया. इस जीत के साथ उन्होंने मेलबर्न पार्क में सिनर की 19 मैचों की जीत की लय तोड़ी और दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी के खिलाफ लगातार पांच हार का सिलसिला भी खत्म किया.   यह मुकाबला सिनर का माना जा रहा था. युवा, तरोताजा और मेलबर्न में अजेय सिनर को प्रबल दावेदार माना जा रहा था. वह पहले ही जोकोविच को तीन ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में हरा चुके थे और हालिया मुकाबलों में दबदबा बनाए हुए थे. इसके उलट, जोकोविच टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में कुछ कमजोर नजर आए थे और पिछले राउंड्स में उन्हें कड़ी चुनौती मिली थी. लेकिन जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, उन्होंने खुद के भीतर कुछ खास खोज निकाला. शुरुआत से ही यह मुकाबला धैर्य और मानसिक मजबूती की परीक्षा बन गया. सिनर ने पहले सेट में आक्रामक लेकिन संतुलित खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई. जवाब में जोकोविच ने अपना स्तर ऊंचा किया, रैलियां लंबी कीं और सिनर से गलतियां करवाईं. मैच का पलड़ा बार-बार बदलता रहा, कोई भी खिलाड़ी हार मानने को तैयार नहीं था. अंततः मुकाबला निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंच गया, जो शारीरिक से ज्यादा मानसिक लड़ाई बन चुका था. दर्शकों के बीच अपने नाम के नारों के बीच जोकोविच ने 5-4 पर मैच सर्व किया. माहौल बेहद तनावपूर्ण था, खासकर इसलिए क्योंकि इससे पहले इसी स्थिति में अलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव अपना सेमीफाइनल जीतने में असफल रहे थे. मैच पॉइंट आए और गए. सिनर ने असंभव जगहों से विनर लगाए. ड्यूस हुआ और साथ ही संदेह भी. लेकिन जोकोविच ने, जैसा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कई बार किया है, धैर्य नहीं खोया.   तीसरे मैच पॉइंट पर सिनर का फोरहैंड बाहर चला गया और जोकोविच ने अविश्वास में अपने हाथ ऊपर उठा दिए. 38 साल की उम्र में उन्होंने एक बार फिर उम्र, तर्क और बदलते दौर को चुनौती दे दी. इससे पहले, कार्लोस अल्कारेज़ ने अलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव को पांच सेट के रोमांचक मुकाबले में हराकर पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में जगह बनाई थी. अब रविवार को अल्कारेज़ और जोकोविच आमने-सामने होंगे, जहां दोनों के सामने इतिहास रचने का मौका होगा. फाइनल में अल्कारेज से टक्कर अल्कारेज सबसे कम उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि जोकोविच उससे भी बड़ी उपलब्धि के पीछे हैं. मेलबर्न में 11वां फाइनल, रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब, और एक बार फिर यह साबित करने का मौका कि वह आज भी टेनिस के सबसे बड़े मंच के केंद्र में हैं.

रणनीति साफ: अभिषेक को दबाव में रखे बिना नहीं मिलेगी कामयाबी, बोले हेनरी

तिरुवनंतपुरम अभिषेक शर्मा भले ही दुनिया भर के गेंदबाजों के लिए बुरे सपने की तरह हों, लेकिन न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी के पास इस भारतीय सलामी बल्लेबाज के लिए एक सरल रणनीति है, लगातार सटीक गेंदबाजी करके उन्हें दबाव में रखना। विशाखापत्तनम में चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हेनरी ने अभिषेक को गोल्डन डक (पहली गेंद पर आउट) कर दिया था, जिससे कीवी टीम को यह मैच 50 रन से जीतने में मदद मिली थी। हेनरी ने यहां पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों से वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्कि आईपीएल में भी गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हम उन पर किस तरह से दबाव बनाते हैं यह हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजी के नजरिए से यह चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जब आप किसी ओवर में मिला-जुला प्रदर्शन करते हैं तो उसके बाद किस तरह से वापसी करते हैं और कैसे अपना प्रभाव डालते हैं यह महत्वपूर्ण होता है।’’ हेनरी ने कहा, ‘‘सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी सटीक गेंदबाजी करते हैं। आपको अपने काम में सटीक होना होगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी होगी।’’ हेनरी ने उम्मीद जताई कि भारत के खिलाफ इस श्रृंखला में खेलना आगामी टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए टी20 क्रिकेट आत्मविश्वास से जुड़ा मामला है। जब आप दबाव में हों तो आप कैसे वापसी करते हैं और बल्लेबाजों को किस तरह से चुनौती देते हैं, यह महत्वपूर्ण होता है। लगातार खेलते रहने से आप निरंतर सीखते रहते हैं और मुझे लगता है कि हमारे लिए इस श्रृंखला का यह महत्वपूर्ण पहलू है।’’ हेनरी ने कहा, ‘‘इस तरह के दबाव में आना कभी अच्छा नहीं लगता, लेकिन हम जानते थे कि दीर्घकालिक लक्ष्य विश्व कप की तैयारी करना था और जब टीमें इस तरह से शानदार प्रदर्शन कर रही हों तो आप उन पर दबाव कैसे डाल सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह से देखा जाए तो यह श्रृंखला हमारे लिए सकारात्मक रही है। हमारे खिलाड़ी आखिरी मैच में भी आत्मविश्वास बनाए रखें यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है।’’  

चेसबोर्ड पर देसी टक्कर! टाटा स्टील मास्टर्स में गुकेश बनाम अरविंद चिदंबरम

विज्क आन जी (नीदरलैंड) विश्व चैंपियन डी गुकेश तुर्की के यागिज कान एर्दोगमस पर जीत के बाद टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के 11वें दौर में हमवतन अरविंद चिदंबरम का सामना करेंगे। साल के पहले सुपर टूर्नामेंट में अब केवल तीन दौर का खेल बाकी हैं। दस दौर का खेल होने के बाद उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव 6.5 अंकों के साथ आगे चल रहे हैं। उनके साथी खिलाड़ी जावोखिर सिंदारोव, जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम और स्थानीय स्टार जॉर्डन वैन फोरस्ट उनसे आधे अंक पीछे हैं। अमेरिका के हंस मोके नीमन और एर्दोगमस 5.5 अंकों के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। गुकेश, जर्मनी के विंसेंट कीमर और स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव के पांच-पांच अंक हैं। भारत के आर प्रज्ञाननंदा और अनीश गिरी 4.5 अंकों के साथ अर्जुन एरिगैसी से आधे अंक आगे हैं। अरविंद 3.5 अंकों के साथ चेक ग्रैंडमास्टर थाई दाई वान गुयेन से आधे अंक आगे हैं। विश्व चैंपियन बनने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी गुकेश 12वें दौर में नीमन और अंतिम दौर में कीमर से भिड़ेंगे। इस साल के अंत में होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के एकमात्र खिलाड़ी प्रज्ञाननंदा ने शुरुआती दो मैचों में हार के बाद अभी तक अपनी लय हासिल नहीं की है। उनका अगला मुकाबला कीमर से होगा। एरिगैसी और चिदंबरम का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा है और उन्हें सम्मानजनक स्थिति में पहुंचने के लिए बाकी बचे तीनों मुकाबले जीतने होंगे।  

टी20 विश्व कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड ने बेन सियर्स को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया

वेलिंगटन तेज गेंदबाज बेन सियर्स को 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड टीम में रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इसकी जानकारी शुक्रवार को दी। सियर्स रविवार को मुंबई में टी20 विश्व कप टीम से जुड़ेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि सियर्स काइल जैमीसन की जगह लेंगे, जिन्हें पिछले सप्ताह एडम मिल्ने के हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर होने के बाद टीम में शामिल किया गया था। मिल्ने को एसए20 में गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी, जिसके बाद हुए स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चला। सियर्स न्यूजीलैंड के घरेलू सुपर स्मैश कॉम्पिटिशन में वेलिंगटन के लिए अच्छी फॉर्म में हैं। हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि सियर्स ने हैमस्ट्रिंग इंजरी से अच्छी वापसी की है, जिसकी वजह से वह होम समर की शुरुआत से बाहर हो गए थे। उन्होंने कहा, “बेन ने खुद को वापस मैदान पर लाने के लिए कड़ी मेहनत की है, और उसे वापस खेलते और अच्छा परफॉर्म करते देखना बहुत अच्छा रहा है। उसने फायरबर्ड्स के साथ पूरा सुपर स्मैश कैंपेन खेला, जहां वह अपने नौ मैचों में 15 विकेट लेकर राउंड-रॉबिन स्टेज से कॉम्पिटिशन का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज था।” वाल्टर ने कहा, “बेन का भारत में हमारे साथ होना और विश्व कप में किसी के चोटिल होने पर असर डालने के लिए तैयार रहना बहुत अच्छा होगा।” न्यूजीलैंड को ग्रुप डी में अफगानिस्तान, कनाडा, साउथ अफ्रीका और यूएई के साथ रखा गया है। कीवी टीम का पहला मैच 8 फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ होगा। विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड स्क्वाड: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी रिजर्व: बेन सियर्स  

आईओए अध्यक्ष पी.टी. उषा के पति वेंगलिल श्रीनिवासन का निधन

कोझिकोड राज्यसभा सांसद और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) अध्यक्ष पी.टी. उषा के पति, वेंगलिल श्रीनिवासन (67) का शुक्रवार सुबह कोझिकोड जिले में अपने घर पर गिरने के बाद निधन हो गया, परिवार के सूत्रों ने बताया। पोन्नानी के रहने वाले श्रीनिवासन, थिक्कोडी के पेरुमलपुरम में अपने घर पर सुबह करीब 12.30 बजे गिर गए। उन्हें तुरंत पेरुमलपुरम के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) में इंस्पेक्टर थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी और बेटा, डॉ. उज्ज्वल विग्नेश हैं। महान पूर्व एथलीट और मौजूदा राज्यसभा मेंबर डॉ. उषा, अभी नई दिल्ली में चल रहे पार्लियामेंट सेशन में शामिल हो रही हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने श्रीनिवासन के निधन पर शोक जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में, स्टालिन ने कहा, “इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की प्रेसिडेंट और सांसद थिरुमिगु पीटी उषा के पति थिरु. श्रीनिवासन के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। थिरुमिगु पीटी उषा और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं, जो अपने प्रियजन के निधन पर शोक मना रहे हैं।”  

कार्लोस अल्काराज का कमाल, ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचकर मचाई सनसनी

मेलबर्न स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष एकल के फाइनल में जगह बना ली है। यह पहला मौका है जब अल्काराज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जगह बनाई है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में अल्काराज ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराया। 22 साल के अल्काराज ने चोट के बावजूद पांच घंटे से अधिक समय तक चले मुकाबले में जर्मनी के अलेक्जेंडर जेवरेव को 6-4, 7-6(5), 6-7(3), 6-7(4), 7-5 से हराया। मैच के दौरान कार्लोस अल्काराज इंजर्ड भी हुए और इस वजह से कुछ समय के लिए टाइम आउट भी लिया। अलेक्जेंडर ज्वेरेव अल्काराज के टाइम आउट लेने से खुश नहीं थे। उनका कहना था कि स्पेन के खिलाड़ी को क्रैम्प हुआ था और उन्हें गेम के बीच में टाइम आउट लेने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए। अलेक्जेंडर ज्वेरेव को अधिकारियों के साथ बहस करते हुए देखा गया। इस दौरान अल्काराज अपने फिजियो से इलाज करवाते रहे। पांच घंटे और 27 मिनट के दौरान 5 सेट में चले मैच में आखिरकार कार्लोस अल्काराज ने जीत दर्ज की और अपने पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में जगह बनाई। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने गले मिलकर मैच के दौरान हुई गिले शिकवे दूर किए। जीत के बाद अल्काराज ने कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि आपको खुद पर विश्वास रखना होगा, चाहे कुछ भी हो जाए। आप चाहे किसी भी चीज से जूझ रहे हों, आप किसी चीज से गुजर रहे हों, चाहे कुछ भी हो, आपको हर समय खुद पर विश्वास रखना होगा। मैं तीसरे सेट के बीच में संघर्ष कर रहा था। फिजिकली यह मेरे छोटे से करियर में खेले गए सबसे ज्यादा मुश्किल मैचों में से एक था, लेकिन मैं इस तरह के हालात में रहा हूं।" उन्होंने कहा, "मैं पहले भी इस तरह के मैच में रहा हूं। इसलिए मुझे पता था कि मुझे क्या करना है। मुझे मैच में अपना दिल लगाना था। मुझे लगता है कि मैंने यह किया। मैंने आखिरी बॉल तक लड़ाई लड़ी। मुझे पता था कि मेरे पास मौके होंगे। मैं पांचवें सेट में पैशनेट था, आप जानते हैं, लेकिन मुझे खुद पर बहुत गर्व था, जिस तरह से मैंने महसूस किया और जिस तरह से मैंने वापसी की।" नोवाक जोकोविच ने सिनर के साथ होने वाले अपने सेमीफाइनल मुकाबले से पहले अल्काराज को फाइनल में पहुंचने की बधाई दी। फाइनल में कार्लोस अल्काराज का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होना है। दूसरा सेमीफाइनल जैनिक सिनर और नोवाक जोकोविच के बीच खेला जाना है। अल्काराज अगर फाइनल जीतने में कामयाब रहते हैं, तो पुरुष एकल में सबसे कम उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।