samacharsecretary.com

2,000 रन से बस कुछ कदम दूर टेंबा बावुमा, तीसरे वनडे में बनेगा बड़ा रिकॉर्ड?

नई दिल्ली भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापत्तनम के एसीए-एडीसीए मैदान में शनिवार को तीसरा वनडे खेला जाना है। सीरीज 1-1 से बराबर है। आखिरी मुकाबला निर्णायक होगा। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान वनडे क्रिकेट में 2,000 रन पूरे कर सकते हैं। भारत दौरे पर सफलता की नई कहानी लिख रहे दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा तीसरे वनडे में 2,000 रन का आंकड़ा छू सकते हैं। बावुमा को इसके लिए 13 रन की जरूरत है। बावुमा ऐसा करने वाले दक्षिण अफ्रीका के 22वें बल्लेबाज होंगे। बावुमा शायद इस आंकड़े को छू चुके होते अगर वह रांची में खेले गए पहले वनडे का हिस्सा होते। दूसरे वनडे में 46 रन की अहम पारी खेलने वाले बावुमा ने इस फॉर्मेट में अपने करियर की शुरुआत 2016 में की थी। इंजरी से प्रभावित करियर में अब तक खेले 54 मैचों की 52 पारियों में 5 शतक और 8 अर्धशतक की सहायता से बावुमा 1,987 रन बना चुके हैं। उनका औसत 42.27 रहा है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने भारत में सिर्फ 1 ही बार वनडे सीरीज जीती है। 2015-16 में 5 वनडे मैचों की सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने 2-3 से जीती थी। उस सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स थे। बावुमा के पास डिविलियर्स के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए भारत में वनडे सीरीज जीतने वाले दूसरे दक्षिण अफ्रीकी कप्तान बनने का मौका है। वनडे सीरीज से पहले 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। टेंबा बावुमा की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 0-2 से जीती थी। 2000 के बाद ऐसा पहली बार हुआ जब दक्षिण अफ्रीका ने भारत का टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ किया। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका से तीसरे वनडे में भारतीय टीम को सावधान रहना होगा। बावुमा एंड कंपनी तीसरे वनडे को जीतकर 2015-16 की उपलब्धि को फिर से दोहराना चाहेगी।  

मेरे लिए बुमराह का सामना सबसे कठिन रहा : रसेल

मुम्बई वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने कहा है उनके लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का सामना करना सबसे कठिन रहा है। रसेल ने इसी सप्ताह आईपीएल से संन्यास की घोषणा की थी। वह कोलकाता नाइटराइडस (केकेआर) की ओर से खेलते थे। रसेल के अनुसार उन्हें सबसे अधिक बार मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज बुमराह ने ही आउट किया है। इसी कारण जब वह बल्लेबाजी के लिए उतरते थे तो मुम्बई बुमराह को गेंदबाजी दे देती थी।  आईपीएल के 14 सत्र खेलने वाले वर्षीय रसेल ने कहा कि बुमराह के खिलाफ बल्लेबाजी करना उनके लिए हमेशा ही चुनौतीपूर्ण रहा है। रसेल ने कहा, आईपीएल में मेरे सामने आने वाले सबसे कठिन गेंदबाज़ बुमराह हैं। उन्होंने मुझे कई बार आउट किया है हालांकि कई बार मैं भी उनके खिलाफ शॉट खेल पाया हूं। मुझे ऐसी चुनौतियाँ पसंद हैं। वह विश्व के सबसे बेहतरीन टी20 गेंदबाज़ों में से एक हैं। बुमराह ने रसेल का आईपीएल में 4 बार विकेट लिया है।  बुमराह ने रसेल को चार बार आउट किया है।  रसेल ने बताया कि उन्हें आईपीएल में सबसे ज्यादा मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने में मज़ा आता था। उन्होंने कहा मैं ज्यादातर टीमों के खिलाफ खेलना पसंद करता हूं, पर मुम्बई के खिलाफ हमेशा रोमांचक मुकाबला होता है। चाहे वे कोलकाता आएं या हम वानखेड़े जाएं। उनके खिलाफ खेलना एक अलग ही रिंग में उतरने जैसा होता है। रसेल ने 16 पारियों में कुल 260 रन बनाये हैं। उनका औसत 18.57 व स्ट्राइक रेट 148.57 रहा है। उन्होंने ईडन गार्डन्स में 40 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाये थे।  

एशियन कप: आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप के लिए टीम इंडिया की कप्तान बनीं ओनम गाम्नो

नई दिल्ली प्रो पंजा लीग ने एशियन कप आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप के लिए टीम इंडिया की कप्तान के रूप में अरुणाचल प्रदेश की ओनम गाम्नो और उपकप्तान के रूप में छत्तीसगढ़ के पैरा-एथलीट श्रीमंत झा को नियुक्त किया है। श्रीमंत झा पैरा-आर्म रेसलिंग के जाने-माने खिलाड़ी हैं, जो टीम में समावेश और प्रेरणा के प्रतीक माने जा रहे हैं। यह नियुक्ति उस समय हुई है, जब अरुणाचल प्रदेश हाल की घटनाओं के चलते देशभक्ति की भावना से सराबोर है। 27 वर्षीय कप्तान ओनम गाम्नो अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट सियांग जिले के मेबो थाना क्षेत्र के नगोपोक गांव की रहने वाली हैं। वह देश की सबसे सफल आर्म रेसलर्स में से एक हैं। उन्होंने 2024 में मुंबई में हुए एशियन कप में एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज, 2025 की नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज और 2023 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते थे। उनकी उपलब्धियां पूर्वोत्तर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उपकप्तान श्रीमंत झा हाल ही में हंगरी पैरा आर्म रेसलिंग वर्ल्ड कप में रजत पदक जीत चुके हैं। विशेष रूप से सक्षम खिलाड़ियों के लिए वह दृढ़ संकल्प और संघर्ष की मिसाल हैं। उनकी उपस्थिति टीम के नेतृत्व में नई ऊर्जा और मजबूती का संचार करती है। कप्तान ओनम गाम्नो ने कहा, “भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है। मेरा हर कदम देश के नाम है। मैं पूरी ताकत से खेलूंगी और तिरंगे को गौरवान्वित करूंगी।” पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) की अध्यक्ष और एशियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन (एएएफ) की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी ने कहा, “ओनम गाम्नो और श्रीमंत झा का चयन भारतीय आर्म रेसलिंग की ताकत, कौशल और जज़्बे का प्रतीक है। ओनम का नेतृत्व और श्रीमंत की प्रेरणादायक यात्रा हमारे मूल्यों—दृढ़ता और एकता—का प्रतिनिधित्व करती है।” इन नियुक्तियों से न केवल टीम इंडिया की प्रतिस्पर्धात्मक उम्मीदों को बल मिला है, बल्कि यह भी स्पष्ट होता है कि आर्म रेसलिंग एक समावेशी और तेजी से बढ़ता हुआ खेल बन चुका है। पूर्वोत्तर और विशेष रूप से सक्षम समुदाय दोनों का प्रतिनिधित्व करने वाले ये खिलाड़ी खेल जगत में विविधता, अवसर और उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम कर रहे हैं।  

खेल मंत्रालय ने 64 दिवसीय फिट इंडिया दौड़ के लिए पुणे के ‘इन्फ्लूएंसर’ के साथ गठजोड़ किया

नयी दिल्ली खेल मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रम फिट इंडिया ने अपनी 64 दिवसीय दौड़ के लिए अल्ट्रा-धावक और ‘इन्फ्लूएंसर’ आशीष कासोदकर की अगुवाई वाले पुणे स्थित सिंपल स्टेप्स फिटनेस के साथ गठजोड़ किया है। यह दौड़ 24 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश की डोंग घाटी से शुरू हुई, जहां भारत अपना पहला सूर्योदय देखता है। इसका समापन अगले साल गणतंत्र दिवस पर गुजरात के गुहार मोती में होगा, जो देश का आखिरी सूर्यास्त स्थल है। मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘इस साझेदारी से फिटनेस को जीवनशैली बनाकर फिट इंडिया मिशन को मजबूत करने, देश भर में वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता को प्रोत्साहित करने, समावेशी भागीदारी से मजबूत सामुदायिक संबंध बनाने तथा स्वास्थ्य, आंदोलन और जागरूकता की स्थायी संस्कृति को प्रेरित करने की उम्मीद है।’’ ⁠ कासोदकर को 60 दिनों में 60 मैराथन दौड़ने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड और 555 किलोमीटर लंबी ला अल्ट्रा दौड़ दौड़ने के लिए जाना जाता है। वह अरुणाचल प्रदेश और असम से लेकर बिहार तक तथा उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश और गुजरात तक कई राज्यों की यात्रा कर रहे हैं। इस दौड़ के दौरान डॉन2डस्क का लक्ष्य ग्रो ट्री फ़ाउंडेशन के साथ मिलकर 76,000 पेड़ लगाना और देश भर के नागरिकों का अपने-अपने स्थानों से सामूहिक रूप से 7,60,000 किलोमीटर दौड़ना और पैदल चलना है।   

सगाई टूटी या सिर्फ अफ़वाह? शादी पोस्टपोन के बाद स्मृति मंधाना के वीडियो ने बढ़ाई हलचल

नई दिल्ली स्मृति मंधाना ने संगीतकार पलाश मुच्छल के साथ अपनी शादी पोस्टपोन होने के बाद पहली बार अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में मंधाना के हाथ में सगाई की रिंग नहीं दिखी। इससे फैंस हैरान हो गए हैं। हालांकि, यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह वीडियो, शादी पोस्टपोन होने के बाद या फिर उससे पहले शूट किया गया था। ये अभी तक एक सवाल बना हुआ है। गौरतलब हो कि स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की 23 नवंबर को शादी होने वाली थी। हालांकि, शादी के दिन मंधाना के पिता श्रीनिवास बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बाद शादी पोस्टपोन कर दी गई। अगले दिन पलाश भी बीमार पड़ गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब दोनों को छुट्टी मिल गई है, लेकिन दोनों परिवारों ने अभी तक शादी की नई तारीख की घोषणा नहीं की है।    अब मंधाना ने शुक्रवार को पहली बार अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। यह एक प्रमुख टूथपेस्ट ब्रांड के साथ एक पेड पार्टनरशिप थी। हालांकि, फैंस का ध्यान इस बात पर गया कि उनकी अंगुली में सगाई की अंगूठी नहीं थी। यह पता नहीं चल पाया है कि यह विज्ञापन सगाई से पहले शूट किया गया था या फिर बाद में। फिर भी, यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।    पलक मुच्छल ने तोड़ी चुप्पी गौरतलब हो कि स्मृति मंधाना ने शादी पोस्टपोन होने के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी पोस्ट हटा दी हैं, जिससे अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। इसी बीच फिल्मफेयर से बातचीत में पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पलक मुच्छल ने बात की। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि परिवारों ने बहुत ही कठिन समय का सामना किया है और मैं बस यही दोहराना चाहूंगी कि हम इस समय में सकारात्मकता में विश्वास रखना चाहेंगे।

अश्विन का बड़ा बयान: भारतीय टीम को लेकर गलतफहमी में है ये खिलाड़ी, बदलाव की सलाह

नई दिल्ली पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन को वॉशिंगटन सुंदर की टीम में भूमिका को स्पष्ट करना चाहिए और अगर ऐसा नहीं होता है तो यह ऑलराउंडर इसी गफलत में रहेगा कि आखिर उसकी भूमिका क्या है। अश्विन ने कहा कि वॉशिंगटन को गेंदबाज़ी ऑलराउंडर माना जाना चाहिए और उन्हें पूरे ओवर दिए जाने चाहिए जिससे बल्लेबाजी में भी उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में केवल सात ओवर फेंके और अभी तक उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘एक बार जब आपने वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में रखने का फैसला कर लिया, तो आपको उनकी भूमिका एक गेंदबाज के रूप में देखनी होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। आपको उन्हें उनके कोटे के सारे ओवर करवाने होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लगातार गेंदबाजी करने पर ही उनकी (वॉशिंगटन) मानसिकता एक ऐसे गेंदबाज की होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। अगर वह सिर्फ बल्लेबाजी और कुछ ओवर गेंदबाजी करेगा तो वह यही सोचता रहेगा कि आखिर टीम में उसकी भूमिका क्या है। उसे इस स्थिति में नहीं छोड़ना चाहिए और टीम को उसकी उचित भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।’’ भारत दूसरे वनडे में 358 रन का बचाव करने में नाकाम रहा और दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट से जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज बराबर कर ली। पहले वनडे में भारत ने 348 रन बनाए थे और यह मैच 17 रन से जीता था। अश्विन का मानना ​​है कि हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में भारतीय टीम को एक अदद फिनिशर की कमी खल रही है। अश्विन ने कहा, ‘‘भारत ने पहले दोनों वनडे में भी बल्लेबाजी से अच्छा फिनिश नहीं किया। हमारे पास हार्दिक पांड्या जैसा फिनिशर नहीं है, तो नीतीश कुमार रेड्डी जैसा बल्लेबाज क्यों नहीं खेला।’’ उन्होंने वॉशिंगटन की जगह नीतीश को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता नहीं है कि वे ऋषभ पंत को फिनिशर के तौर पर देख रहे हैं या नहीं। भारत बल्लेबाजी में अच्छी तरह से फिनिश नहीं कर पा रहा है तो ऐसे में स्पिन ऑलराउंडर की जगह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को खिलाना चाहिए।’’

वर्ल्ड टेनिस लीग ने भारत में पहले टूर्नामेंट का फॉर्मेट और मैच शेड्यूल जारी किया

बेंगलुरु  वर्ल्ड टेनिस लीग (डब्ल्यूटीएल) ने आज भारत में अपने पहले एडिशन के लिए फॉर्मेट, शेड्यूल और टिकट की डिटेल्स की घोषणा की। यह टूर्नामेंट 17 से 20 दिसंबर तक बेंगलुरु के एसएम कृष्णा टेनिस स्टेडियम में होगा, और भारत और दुनिया भर के फैंस के लिए एक नया, हाई-एनर्जी वाला टेनिस शो पेश करने के लिए तैयार है। फेज़ 1 के टिकट अब लीग के ऑफिशियल टिकटिंग पार्टनर बुकमाई शो पर उपलब्ध हैं। वर्ल्ड टेनिस लीग 2025 एक तेज और कॉम्पिटिटिव चार-सेट फॉर्मेट में खेला जाएगा जिसमें मेन्स सिंगल्स, विमेंस सिंगल्स और दो डबल्स सेट शामिल हैं। जो कप्तान मैच से पहले टॉस जीतेगा, वह डबल्स कॉम्बिनेशन तय करेगा, जिससे खेल शुरू होने से पहले ही थोड़ी स्ट्रेटेजी जुड़ जाएगी। पारंपरिक टूर्नामेंट के उलट, टाई उस टीम द्वारा जीता जाएगा जो कुल मिलाकर सबसे ज़्यादा गेम जीतेगी, जिसका मतलब है कि हर गेम और हर पॉइंट मायने रखता है।

रूट के दम पर इंग्लैंड ने बनाए 334 रन, एशेज टेस्ट में 138 रन की नाबाद पारी

नई दिल्ली  इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एशेज टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को ब्रिसबेन में अपनी पहली पारी में 334 रन बनाकर आउट हो गई। जो रूट 138 रन बनाकर नाबाद रहे। टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक बल्लेबाज रूट ने मैच के पहले दिन अपना शतक पूरा किया था। यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 30 पारियों में उनका पहला टेस्ट शतक था। उन्होंने 11वें नंबर के बल्लेबाज जोफ्रा आर्चर के साथ अंतिम विकेट के लिए 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इंग्लैंड ने सुबह अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 325 रन से आगे बढ़ाई। ब्रेंडन डॉगेट ने दिन की 14वीं गेंद पर ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी विकेट लिया। आर्चर ने उनकी गेंद को हुक किया और मार्नस लाबुशेन ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर डाइव लगाकर एक हाथ से कैच लपका। इंग्लैंड की पारी 76.2 ओवर तक चली। रूट ने 206 गेंदों का सामना किया। 138 रन की पारी में उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। आर्चर ने 36 गेंदों पर 38 रन बनाए, जो उनके करियर का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है। उनकी पारी में दो छक्के और दो चौके शामिल हैं। इंग्लैंड की तरफ से ओपनर जैक क्रॉली ने 93 गेंदों में 76 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 11 चौके जड़े। हैरी ब्रूक 31 रन, बेन स्टोक्स और विल जैक्स ने 19-19 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर कमाल किया और पारी में 6 विकेट झटके। माइकल नेसर, स्कॉट बोलैंड और ब्रेंडन डॉजेट को 1-1 सफलताएं मिली। मिचेल स्टार्क ने इस मैच में महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ा। अब वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन चुके हैं। स्टार्क के नाम 102 टेस्ट में 418 विकेट हो चुके हैं। वसीम अकरम ने 104 टेस्ट में 414 विकेट झटके थे।  

531 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करेगा वेस्टइंडीज, क्राइस्टचर्च टेस्ट में शे होप की शतकीय पारी चमकी

नई दिल्ली न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 466 रन पर समाप्त घोषित करके वेस्टइंडीज के सामने पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन शुक्रवार को क्राइस्टचर्च में 531 रन का लक्ष्य रखा। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी भी बहुत खराब रही। उसने 72 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे लेकिन उसके बाद शे होप और जस्टिन ग्रीव्स ने कैरिबियाई पारी को संभाला। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक होप शतक और जस्टिन ग्रीव्स अर्धशतक बनाकर नाबाद है। वेस्टइंडीज ने 4 विकेट के नुकसान पर 212 रन बना लिए हैं और आखिरी दिन उसे जीत के लिए 319 रन और चाहिए। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 231 रन बनाए थे जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 167 रन पर आउट हो गई थी। न्यूज़ीलैंड ने अपनी दूसरी पारी गुरुवार के स्कोर चार विकेट पर 417 रन पर समाप्त घोषित करने के बजाय खेलना जारी रखा और आखिर में तब आठ विकेट पर 466 रन पर समाप्त घोषित की जब उसका कोई फिट बल्लेबाज नहीं बचा था। विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल और ऑलराउंडर नाथन स्मिथ चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी नहीं कर पाए। न्यूज़ीलैंड चौथे दिन के शुरू में 481 रन से आगे था। उसने सुबह 14 ओवर खेले और इस दौरान चार विकेट गंवाए। विल यंग ने 23 रन, माइकल ब्रेसवेल ने 24 रन, मैट हेनरी ने आठ रन, जैकब डफी ने 10 रन और जैक फाउलकेस ने नाबाद 11 रन बनाए। केमार रोच ने ब्रेसवेल, हेनरी और डफी को आउट करके 78 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 12वीं बार एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। वह 37 साल की उम्र में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज़ हैं और अब उनके नाम पर कुल 291 टेस्ट विकेट दर्ज हैं। वह वेस्टइंडीज की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 212 रन बना लिए हैं। शे होप 116 और जस्टिन ग्रीव्स 55 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों की शानदार बल्लेबाजी से वेस्टइंडीज की उम्मीदें अभी जिंदा हैं। आखिरी दिन उसके पास 6 विकेट होंगे और जीत के लिए बनाने होंगे 319 रन।

क्या कोहली ने कभी लगातार 3 शतक जड़े? IND vs SA से पहले जानें विशाखापट्टनम का रोमांचक आंकड़ा

नई दिल्ली  भारत और साउथ अफ्रीका के बीच शनिवार को वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ेंगी। जो भी टीम यह मैच जीतेगी, उसका सीरीज पर कब्जा हो जाएगा। भारत ने पहला मैच 17 रनों से जीता जबकि साउथ अफ्रीका ने दूसरे वनडे में चार विकेट से बाजी मारी। स्टार क्रिकेटर विराट कोहली बैक टू बैक शतक लगा चुके हैं। उन्होंने रांची में 120 गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और सात छक्के हैं। उन्होंने रायपुर में 93 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 102 रनों की पारी खेली। 37 वर्षीय कोहली की नजर अब सेंचुरी की हैट्रिक पर होगी। दिग्गज बल्लेबाज कोहली ने वनडे करियर में अब तक सिर्फ एक बार सेंचुरी की हैट्रिक लगाई है। उन्होंने यह कारनामा 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में अंजाम दिया था। कोहली तब भारतीय टीम के कप्तान भी थे। उन्होंने पांच मैचों की सीरीज के पहले मैच में 107 गेंदों में 140 रन जोड़े। यह मुकाबला गुवाहाटी में हुआ था। उन्होंने विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे वनडे में 129 गेंदों में नाबाद 157 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और चार सिक्स शामिल हैं। यह मैच टाई हो गया था। कोहली ने तीसरे मुकाबले में 119 गेंदों में 107 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने चौथे मैच में 16 जबकि पांचवें वनडे में नाबाद 33 रन बनाए। कोहली प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। कोहली का विशाखापट्टनम रिकॉर्ड चौंकाएगा! कोहली का विशाखापट्टनम के मैदान पर वनडे रिकॉर्ड चौंकाने वाला रहा है। उन्होंने यहां अभी तक 7 वनडे मैचों में 97.83 के औसत से 587 रन बनाए हैं। यह कोहली के भारत में किसी एक वेन्यू पर सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने विशाखापट्टनम के बाद घर पर सबसे ज्यादा रन पुणे के एमसीए स्टेडियम (551) में जोडे़ हैं। कोहली के बल्ले से विशाखापट्टनम में दो शतक निकली है। उन्होंने 99 रनों की पारी भी खेली है। उन्होंने यहां दो अर्धशतक लगाए हैं। कोहली इस मैदान पर मार्च 2023 के बाद वनडे खेलने उतरेंगे। उस वक्त स्टार क्रिकेटर ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 35 गेंदों में चार चौकों के जरिए 31 रन जुटाए थे। विशाखापट्टनम में कोहली की वनडे पारियां 118 बनाम ऑस्‍ट्रेलिया, 2010 117 बनाम वेस्टइंडीज, 2011 99 बनाम वेस्टइंडीज, 2013 65 बनाम नयूजीलैंड, 2016 157* बनाम वेस्टइंडीज, 2018 0 बनाम वेस्टइंडीज, 2019 31 बनाम ऑस्‍ट्रेलिया, 2023