samacharsecretary.com

बाबर आज़म और शाहीन नहीं, पाकिस्तान में सबसे ज़्यादा गूगल किया जा रहा ये भारतीय खिलाड़ी

नई दिल्ली  पाकिस्तान में 2025 में सबसे ज्यादा किस खिलाड़ी को सर्च किया गया होगा? अगर इसका अंदाजा लगाने के लिए आपसे कहा जाए तो शायद आप बाबर आजम का नाम लेंगे। या फिर वहां के 'प्रीमियम' फास्ट बोलर शाहीन शाह अफरीदी का या फिर वहां की मौजूदा टीम में शामिल किसी अन्य क्रिकेटर का। लेकिन असलियत चौंकाने वाली है। पाकिस्तान में इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किया जाने वाला खिलाड़ी कोई पाकिस्तानी नहीं, बल्कि भारतीय है। अब आप शायद विराट कोहली या रोहित शर्मा का नाम लें कि हो सकता है वे सबसे ज्यादा सर्च किए जा रहे हों पाकिस्तान में। लेकिन ऐसा भी नहीं है। उस खिलाड़ी का नाम है अभिषेक शर्मा।   2025 के गूगल सर्च ट्रेंड के मुताबिक अभिषेक शर्मा पाकिस्तान में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले खिलाड़ी हैं। शर्मा को भारत में जितना सर्च किया गया, उससे ज्यादा तो पाकिस्तान में सर्च किया गया। अभिषेक शर्मा की पाकिस्तान में सबसे ज्यादा सर्च के पीछे संभवतः एशिया कप रहा हो जिसमें फाइनल समेत 3 बार भारत और पाकिस्तान भिड़े। तीनों ही बार भारत ने जीत हासिल की। एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने तूफानी बैटिंग की थी। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों में भी उनका बल्ला खूब गरजा था। हालांकि फाइनल में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे और फहीम अशरफ की गेंद पर सस्ते में आउट हो गए थे। बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी टॉप 10 तक में नहीं पाकिस्तान में 2025 में सबसे ज्यादा सर्च किए गए खिलाड़ियों की टॉप 10 की लिस्ट में बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे खिलाड़ी जगह नहीं पा सके हैं। पाकिस्तान में 2025 में सर्च किए गए टॉप 5 खिलाड़ी अभिषेक शर्मा हसन नवाज इरफान खान नियाजी साहिबजादा फरहान मुहम्मद अब्बास  

टी20 स्क्वाड में रिंकू सिंह को जगह नहीं! सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान आया सामने

नई दिल्ली  अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत शानदार फिनिशर और मैच-विनर का तमगा हासिल करने वाले रिंकू सिंह पहले टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से गायब हुए फिर स्क्वाड से भी पत्ता कट गया। वो भी तब जब उन्होंने जो कुछ भी सीमित मौका, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी एक अलग ही छाप छोड़ी। डोमेस्टिक में भी अच्छा प्रदर्शन किया। आखिर रिंकू सिंह को टी20 स्क्वाड में जगह क्यों नहीं मिली? टीम इंडिया के टी20 कैप्टन सूर्यकुमार यादव ने इसका जवाब दिया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैच की सीरीज से पहले सोमवार को सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिंकू सिंह से जुड़े सवाल का जवाब दिया। उन्होंने बताया कि ऑलराउंडर शिवम दुबे क्यों जरूरी हैं। सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘आप किसी ऑलराउंडर की तुलना किसी फिनिशर से नहीं कर सकते। दुबे एक ऑलराउंडर हैं। 3 से 7 नंबर के सभी बल्लेबाज किसी भी पोजिशन पर बल्लेबाजी की क्षमता रखते हैं। उदाहरम के तौर पर आप तिलक वर्मा को 6 नंबर पर बल्लेबाजी करते देख सकते हैं। जैसा कि आपने ऑस्ट्रेलिया में देखा, दुबे 3 नंबर पर बल्लेबाजी करने गए। हमें वाकई लचीलापन चाहिए।’   रिंकू सिंह की बात करें तो उन्होंने अब तब 35 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 42.30 के औसत से 550 रन बनाए हैं। इनमें 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 161.76 का है। शिवम दुबे की बात करें तो उन्होंने अब तक 46 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इनमें 27.59 के औसत से उन्होंने 607 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 4 अर्धशतक हैं और स्ट्राइक रेट 138.26 है। इसके अलावा उन्होंने 21 विकेट भी झटके हैं।  

टीम इंडिया के लिए चुनौती भरी जंग: खराब रिकॉर्ड के बीच नई पिच पर घमासान तय

नई दिल्ली  टी20 वर्ल्ड कप 2026 दो महीने बाद भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। इससे पहले टीम इंडिया को कुल 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। इनमें से पांच मुकाबले इसी सीरीज में खेले जाने हैं। एक तरह से टीम इंडिया के लिए घरेलू धरती पर ये टी20 विश्व कप की ड्रेस रिहर्सल होगी। कटक के बाराबती स्टेडियम में ये मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, इस मैदान पर टीम इंडिया का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। ऐसे में आप पिच रिपोर्ट के बारे में जान लीजिए कि यहां किसको फायदा होने वाला है और किसको परेशानी झेलनी पड़ सकती है।   बाराबती स्टेडियम में पहली बार लाल मिट्टी की पिच पर मुकाबला खेला जाएगा और इसके हाई स्कोरिंग होने की उम्मीद है। बहुत ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच यहां नहीं खेले गए हैं। सिर्फ 3 ही टी20 इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी इस स्टेडियम ने की है और इनमें से दो बार तो भिड़ंत इंडिया और साउथ अफ्रीका की ही हुई है। हैरानी की बात ये है कि दोनों बार टीम इंडिया को मुंह की खानी पड़ी है। एक अन्य मुकाबला इस मैदान पर भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था, जिसमे टीम इंडिया ने 93 रनों से जीत दर्ज की थी। कटक के इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल मैच में हाईएस्ट स्कोर 180 रन का है, जो भारत ने श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। वहीं, सबसे कम स्कोर टी20आई क्रिकेट में कटक के बाराबती स्टेडियम में सिर्फ 87 है, जो कि श्रीलंका ने भारत के खिलाफ इसी मैच में बनाया था। रन चेज में यहां फायदा मिलता है। ऐसे में कोई भी टीम टॉस जीतेगी तो जरूर गेंदबाजी चुनेगी, क्योंकि रात को ओस पड़ने के पूरे चांस हैं और बारिश का भी 10 फीसदी अनुमान है। सिर्फ 3 ही टी20 मैच यहां खेले गए तो अनुमान लगाना बहुत ही गलत होगा कि किसे फायदा मिलेगा और किसे नुकसान होगा, लेकिन एक बात तय है कि लाल मिट्टी की पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है और काफी रन बनते हैं। ऐसे में पहली बार इस मैदान पर 200 रनों का आंकड़ा भी कोई टीम छू सकती है। दोनों के पास पावर हिटर हैं, जो तेजी से रन बनाते हैं। हालांकि, बड़ा स्कोर यहां चेज भी हो सकता है, क्योंकि ड्यू फैक्टर बहुत ही ज्यादा अहम होगा।  

टी20 टीम हार्दिक पांड्या पर ही निर्भर, उनके जैसा ऑलराउंडर मौजूद नहीं: बांगड़ का बड़ा बयान

नई दिल्ली  भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि राष्ट्रीय टी20 टीम में उनके जैसा कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं है क्योंकि यह स्टार ऑलराउंडर विशेषज्ञ बल्लेबाज या गेंदबाज के रूप में भी टीम में जगह बनाने में सक्षम है। एशिया कप के दौरान चोट लगने के कारण दो महीने से अधिक समय तक बाहर रहने वाले हार्दिक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टी20 श्रृंखला से भारतीय टीम में वापसी करेंगे। जियोस्टार के विशेषज्ञ बांगड़ ने कहा, ‘विश्व क्रिकेट के सभी ऑलराउंडर पर गौर करिए। क्या इंग्लैंड के पास बेन स्टोक्स की जगह लेने के लिए कोई खिलाड़ी तैयार है। नहीं। वनडे या टेस्ट क्रिकेट में भी रविंद्र जडेजा का कोई बैकअप नहीं है। हार्दिक पांड्या के साथ भी यही स्थिति है।’ उन्होंने कहा, ‘वह (पांड्या) अकेले अपनी बल्लेबाजी के दम पर शीर्ष पांच में जगह बना सकते हैं। अगर वह केवल गेंदबाज होते तो किसी भी टीम के शीर्ष तीन तेज गेंदबाजों में से एक हो सकते हैं।’   हार्दिक के शुरुआती ओवर डालने से हमें काफी विकल्प मिलते हैं: सूर्यकुमार यादव बांगड़ ने कहा, ‘उस तरह का ऑलराउंडर बनने के लिए आपको अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में से किसी भी एक के दम पर टीम में जगह बनाने में सक्षम होना चाहिए। भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या जैसा कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं है।’ हार्दिक के कार्यभार प्रबंधन पर बात करते हुए बांगड़ ने कहा कि इस ऑलराउंडर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कम से कम पहले तीन मैच खेलने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमें देखना होगा कि वह परिस्थितियों से कैसे सामंजस्य से बिठाते हैं। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि उन्हें विश्व कप से पहले छह या सात टी20 मैच खेलने चाहिए या नहीं।’ बांगड़ ने कहा, ‘टीम प्रबंधन को उनके जैसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों के कार्यभार का प्रबंधन करना चाहिए। हार्दिक जैसा खिलाड़ी अगर पूरी तरह से फिट हो तो वह संतुलन पैदा करता है और उसकी मौजूदगी से टीम मनचाहा संयोजन तैयार कर सकती है। इसलिए उनका टीम में होना बेहद महत्वपूर्ण है।’   टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में चोटिल होने के बाद अब वापसी कर रहे हैं। बांगड़ ने कहा कि टेस्ट कप्तान के रूप में गिल की प्रगति से उन्हें अन्य प्रारूपों में भी फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘पिछले एक साल में टेस्ट क्रिकेट में इतना अच्छा प्रदर्शन करने के बाद शुभमन गिल ने जो आत्मविश्वास हासिल किया है, वह निश्चित रूप से उनकी मदद करेगा। वह मानसिक रूप से अधिक मजबूत खिलाड़ी बन गए हैं। टेस्ट कप्तान के रूप में अतिरिक्त ज़िम्मेदारी लेने से वह एक बेहतर खिलाड़ी बन गए हैं। अब वह समझ गए हैं कि उनसे किस तरह की अपेक्षा की जा रही है।’  

मिचेल मार्श ने दिया बड़ा झटका, अचानक लिया संन्यास लेने का फैसला

कैनबरा ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अभी इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर पर एशेज सीरीज खेल रही है. शुरूआती दोनों टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 की बढ़त बना ली है. इस बीच ऑस्ट्रेलिया टीम के ऑलराउंडर मिचेल मार्श ने एक बड़ा फैसला लिया है, उन्होंने राज्य स्तर पर रेड-बॉल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. अब वह शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, वह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते थे. मिचेल मार्श के राज्य स्तर पर रेड-बॉल क्रिकेट से संन्यास के बाद उनके टेस्ट क्रिकेट के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. खासकर एशेज सीरीज को देखते हुए, जिनमें उनके खेलने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ. मिचेल मार्श का हालिया प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, जिसके बाद उन्होंने अपने संन्यास के फैसले के बारे में साथियों को बताया. 2019 के बाद से मार्श ने राज्य स्तर पर सिर्फ 9 मैच खेले हैं. हालांकि कम मैचों में खेलने का कारण उनका व्यस्त शेड्यूल भी है, वह सिमित ओवरों के मुख्य प्लेयर हैं और दुनिया भर की कई टी20 लीगों में भी खेलते हैं. मिचेल मार्श ने 2009 में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू किया था. उन्होंने कहा कि अब वह रेड बॉल क्रिकेट से दूर रहना चाहते हैं. हालांकि उन्होंने इंटरनेशनल स्तर पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है. मिचेल मार्श का बड़ा फैसला खबरों की मानें तो मिचेल मार्श ने ये कहा है कि अगर चयनकर्ता उन्हें बुलाते हैं तो वह एशेज सीरीज में शामिल होने को तैयार हैं. हालांकि उन्होंने ये भी माना कि भविष्य में एक और टेस्ट खेलने आसान नहीं है. बता दें कि पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के चीफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा था कि मार्श का खेल एशेज के लिए नई ऊर्जा ला सकता है. उन्होंने कहा था कि सीरीज की शुरुआत में उन्हें आजमाया नहीं जा रहा लेकिन स्थिति के अनुसार बाद में बदलाव हो सकता है. मिचेल मार्श टेस्ट करियर मिचेल मार्श ने अपने टेस्ट करियर में 46 मैच खेले हैं, जिनकी 80 पारियों में उन्होंने 2083 रन बनाए. इस फॉर्मेट में उन्होंने 9 अर्धशतकीय और 3 शतकीय पारियां खेली हैं. इसके आलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 99 वनडे और 81 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें क्रमश 3098 और 2083 रन बनाए हैं.  

चोटिल मार्क वुड हुए आउट, एशेज में इंग्लैंड की उम्मीदों पर असर; इस तेज गेंदबाज़ को मिला मौका

नई दिल्ली एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-0 से पीछे चल रही इंग्लैंड की टीम को एक बड़ा झटका सीरीज के तीसरे मैच से पहले लगा है। चोट से परेशान चल रहे तेज गेंदबाज मार्क वुड एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं। मार्क वुड को बाएं पैर के घुटने में चोट लगी थी, जिसके कारण वे एशेज सीरीज के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे। वे पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थे, लेकिन दूसरे मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे। इंग्लैंड की टीम में एक नए पेसर की एंट्री हो गई है, जो मैथ्यू फिशर हैं। मार्क वुड इस हफ्ते के आखिर में ECB मेडिकल स्टाफ की देखरेख में अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करने के लिए घर लौटेंगे। फरवरी में घुटने की सर्जरी उन्होंने कराई थी। इसके बाद पर्थ में अपना पहला कॉम्पिटिटिव मैच खेलने उतरे, लेकिन फिर से चोटिल हो गए। उनको अपने करियर में कई बार चोटों का सामना करना पड़ा है। उनकी उम्र को देखते हुए इंग्लैंड के लिए उनके लंबे समय के भविष्य के बारे में नए सवाल उठ गए हैं। इंग्लैंड ने वुड की जगह सरे के सीमर मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया है। फिशर कुछ समय पहले तक एशेज सीरीज से पहले इंग्लैंड लायंस टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में थे। इस टूर पर तीन मैचों में दो ही विकेट उनको मिले थे। कोई खास प्रभाव मैट फिशर ने नहीं छोड़ा था, लेकिन फिर भी मार्क वुड के रिप्लेसमेंट के तौर पर उनको देखा जा रहा है। फिशर ने अभी तक सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेला है, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ 2022 में खेला था। एंटीगा में खेले गए उस मैच में फिशर को एकमात्र विकेट मिला था। ऑस्ट्रेलिया में तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर के पास छाप छोड़ने का मौका है। उनको एशेज के आने वाले तीन टेस्ट मैचों में मौका मिलने की संभावना है, क्योंकि इंग्लैंड की टीम की हालत अच्छी नहीं नहीं है। 2 मैच टीम हार चुकी है। एक और मैच हारने पर सीरीज गंवा देगी। ऐसे में इंग्लिश टीम यहां से फूंक-फूंककर आगे कदम रखेगी, ताकि सीरीज में जीवित रहा जाए और 17 दिसंबर से होने वाले टेस्ट मैच में जीत हासिल की जाए।  

350 खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी, IPL नीलामी में डिकॉक की हैरान करने वाली एंट्री और ग्रीन का पहला सेट

 नई दिल्ली आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में कुल 350 खिलाड़ी शामिल होंगे, जो 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाला है. इन में से 40 खिलाड़ियों ने खुद को अधिकतम 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर रजिस्टर किया है. भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ वेंकटेश अय्यर और रवि बिश्नोई ही इस कैटेगरी में हैं. कैमरन ग्रीन, जिन्हें ऑक्शन का सबसे महंगा खरीद माना जा रहा है, ने खुद को बैटर के तौर पर दर्ज किया है और वह पहली सेट में दिखाई देंगे. वहीं क्विंटन डिकॉक, दुनिथ वेलालगे और जॉर्ज लिन्डे, जो पहले लॉन्गलिस्ट में नहीं थे, उन्हें फाइनल लिस्ट में शामिल किया गया है. कुल मिलाकर 35 नए खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजियों के अनुरोध पर जोड़ा गया है. डिकॉक का आधार मूल्य एक करोड़ रुपये है. इस सूची में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी शामिल हैं, जिनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है. स्मिथ आखिरी बार 2021 में आईपीएल में खेले थे. 350 शॉर्टलिस्टेड खिलाड़ियों में 240 भारतीय और 110 विदेशी हैं. आईपीएल की एक विज्ञप्ति के अनुसार खिलाड़ियों की नीलामी के लिए कुल 1390 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इसे बाद में घटाकर 1005 कर दिया गया था. इन खिलाड़ियों में से ही अंतिम 350 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की गई है. नीलामी में खिलाड़ियों के पहले सेट में पृथ्वी शॉ और सरफराज खान शामिल हैं. इन दोनों ने अपना आधार मूल्य 75 लाख रुपये रखा है. साझा की गई सूची में दो आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन ग्रीन और जेक फ्रेजर मैकगर्क के अलावा न्यूजीलैंड और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉन्वे और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर भी शामिल हैं. इनमें से प्रत्येक का आधार मूल्य 2 करोड़ रुपये है. आईपीएल ऑक्शन में वेंकटेश अय्यर, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज किया है, 2 करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ पेश होंगे. ऑक्शन की शुरुआत कैप्ड खिलाड़ियों के पूर्ण राउंड से होगी- बैटर्स, ऑलराउंडर्स, विकेटकीपर-बैटर्स, तेज गेंदबाज और स्पिन गेंदबाज. इसके बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों का पूरा राउंड होगा. प्लेयर नंबर 70 के बाद एक्सेलेरेटेड प्रोसेस शुरू होगा. कुल 77 स्लॉट इस ऑक्शन में भरे जाने हैं, जिनमें 31 विदेशी स्लॉट शामिल हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे बड़ा पर्स है- 64.30 करोड़ रुपये, और उनके पास भरने के लिए 13 स्लॉट बचे हैं, जिनमें 6 विदेशी स्लॉट भी शामिल हैं.

स्मृति मंधाना ने पलाश मुच्छल से शादी टूटने के बाद पहली बार नेट्स में लिया हिस्सा, भाई ने साझा की फोटो

 नई दिल्ली भारतीय महिला टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने म्यूजिक कंपजोर पलाश मुच्छल ने रिश्ता तोड़ने का फैसला किया था. पलाश संग शाटी टूटने के बाद स्मृति मंधाना का फोकस अब आगामी मैचों पर है. शादी टूटने की घोषणा के अगले ही दिन (8 दिसंबर) स्मृति ने क्रिकेट मैदान में वापसी कर ली. स्मृति ट्रेनिंग किट पहनकर नेट्स में बल्लेबाजी करती दिखाई दीं. स्मृति मंधाना के भाई श्रवण मंधाना ने उनकी प्रैक्टिस की फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की, जो तेजी से वायरल हो गई. फैन्स ने स्मृति के प्रोफेशनल रवैये और जज्बे की जमकर तारीफ की. 7 दिसंबर (रविवार) को स्मृति ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ किया कि शादी आधिकारिक रूप से रद्द कर दी गई है. स्मृति मंधाना ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोनों परिवारों की प्राइवेसी का ख्याल रखा जाए. उन्होंने कहा कि भारत के लिए खेलना ही उनकी अब पहली प्राथमिकता है. उसी दिन पलाश मुच्छल ने भी पोस्ट कर बताया कि वह इस रिश्ते से आगे बढ़ चुके हैं और उन्होंने फैलाई जा रही गलत अफवाहों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी. स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर 2025 को होनी थी, लेकिन उसी दिन स्मृति के पिता को तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया.फिर खबर आई कि तनाव की वजह से पलाश मुच्छल भी अस्पताल में भर्ती हुए. इसके बाद दोनों पक्षों ने शादी की तारीख आगे नहीं बढ़ाई और आखिरकार रिश्ता टूट गया. सोशल मीडिया पर स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल ने एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है और सभी प्री-वेडिंग तस्वीरें भी हटा दीं. कुछ अपुष्ट पोस्ट में दावा किया गया कि पलाश ने स्मृति को धोखा दिया है, लेकिन ये सब अफवाहें ही रहीं. अब दोनों इन सब चीजों से आगे बढ़ चुके हैं. कठिन समय में स्मृति मंधाना की टीममेट जेमिमा रोड्रिग्स उनके साथ रहीं और उन्हें सपोर्ट देने के लिए महिला बिग बैश लीग (BBL) तक छोड़ दी. स्मृति 21–30 दिसंबर तक श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलेंगी. फिर वो जनवरी-फरवरी में होने जा रही महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी करेंगी.

टी20 सीरीज: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रोमांच आज से शुरू

कटक टेस्ट और वनडे के बाद अब भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलने जा रही हैं। जहां एक ओर टेस्ट सीरीज पर साउथ अफ्रीका ने कब्जा किया था, वहीं वनडे सीरीज भारतीय टीम ने अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। अब देखना होगा कि टी20 सीरीज में कौन सी टीम आगे निकलती है। इस बीच आपको पता होना चाहिए कि पहला मुकाबला कितने बजे से खेला जाएगा। अगर आपको जानकारी नहीं होगी तो मैच छूटने की पूरी संभावना है।  साउथ अफ्रीका की टीम इस समय भारत दौरे पर है। टेस्ट और वनडे मैच खत्म होने के बाद अब भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज की बारी आ गई है। अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए दोनों टीमों के लिए ये सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 मैचों की शुरुआत 9 दिसंबर से होगी। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें ये मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए टेस्ट मैच में भारत को 2-0 से हार मिली थी। वहीं वनडे सीरीज में वापसी करते हुए भारत ने साउथ अफ्रीका को 2-1 से मात दी थी। अब सबकी निगाहें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली T20 टीम पर हैं। 9 दिसंबर को कटक में खेला जाएगा टी20 सीरीज का पहला मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जानी है। इसका पहला मुकाबला 9 दिसंबर यानी मंगलवार को होगा। ये मैच कटक में खेला जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभालते हुए नजर आएंगे, वहीं शुभमन गिल को उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। सीरीज अगले साल होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से काफी अहम है। इससे दोनों टीमें अपनी अपनी तैयारियों का जायजा ले पाएंगी।  भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहला टी20 मैच शाम को सात बजे से खेला जाएगा अब बात करते हैं मैच के शुरू होने की। पहला टी20 इंटरनेशनल मैच कटक में होगा और इसके शुरू होने का वक्त शाम सात बजे का है। यानी पहली बॉल ठीक सात बजे डाल दी जाएगी। इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े छह बजे टॉस होगा। रात करीब 11 बजे के करीब मैच खत्म भी हो जाएगा। इसलिए बहुत ज्यादा देर तक जाने की भी जरूरत नहीं होगी। अच्छी बात ये है कि सभी मैच एक ही वक्त पर होंगे, इसलिए आपका टाइम टेबल भी ज्यादा बदला नहीं जाएगा।  टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), संजू सैमसन (विकेट कीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर। साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम: एडन मार्कराम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, रीजा हेंड्रिक्स, डेविड मिलर, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, मार्को जेनसन, क्विंटन डी कॉक, डोनोवन फरेरा, ट्रिस्टन स्टब्स, ओटनील बार्टमैन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्खिया।  भारत बनाम साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल  पहला टी20 मैच : 9 दिसंबर : कटक  दूसरा टी20 मैच : 11 दिसंबर : चंडीगढ़  तीसरा टी20 मैच : 14 दिसंबर : धर्मशाला चौथा टी20 मैच : 17 दिसंबर : लखनऊ पांचवां टी20 मैच : 19 दिसंबर : अहमदाबाद

टी20 सीरीज में भारत की मुश्किलें बढ़ीं, ICC ने लगाई आर्थिक पेनल्टी

नई दिल्ली भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए आईसीसी ने टीम इंडिया पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. आईसीसी ने 5 मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने से ठीक एक दिन पहले इसकी जानकारी दी. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि भारत पर ICC कोड ऑफ कंडक्ट फॉर प्लेयर्स एंड प्लेयर सपोर्ट पर्सनल के आर्टिकल 2.22 के तहत चार्ज लगाया गया, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है. आईसीसी ने बताया कि अमीरात आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने यह सजा दी, जब केएल राहुल की टीम टाइम अलाउंस को ध्यान में रखने के बाद भी दो ओवर पीछे रह गई थी.  केएल राहुल ने मानी गलती सजा दी जाती है, तो खिलाड़ियों पर हर उस ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है जो उनकी टीम तय समय में नहीं फेंक पाती है. स्टैंड-इन कप्तान के तौर पर, KL राहुल ने आरोप स्वीकार कर लिया और सजा स्वीकार कर ली, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरुरत नहीं पड़ी. रायपुर में हार गई थी टीम इंडिया भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका 3 मैचों की वनडे सीरीज भारत ने 2-1 से जीत ली है, हालांकि जिस मैच के लिए टीम इंडिया को सजा मिली है उसमे मेहमान टीम ने जीत दर्ज की थी. रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में विराट कोहली (102) और ऋतुराज गायकवाड़ (105) ने शतक जड़ा था, जिसकी मदद से टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. हालांकि स्टेडियम में ओस ने अहम भूमिका थी, जिस कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो गई थी. लक्ष्य का पीछा करते हुए एडन मार्क्रम ने 110 रनों की शानदार पारी खेली थी. इस मैच को जीतकर मेहमान टीम ने सीरीज बराबर कर ली थी, हालांकि निर्णायक वनडे में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की. मंगलवार को भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला टी20 टेस्ट और वनडे के बाद अब भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज खेली जाएगी. 5 मैचों की सीरीज का पहला वनडे मंगलवार, 9 दिसंबर को कटक के बाराबती स्टेडियम में है. मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा. लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.