samacharsecretary.com

टीम इंडिया संकट में, श्रेयस अय्यर की कप्तानी और ड्रेसिंग रूम पर छिड़ी बहस

नई दिल्ली टी20 वर्ल्ड कप की मौजूदा चैम्पियन और दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम भारत इन दिनों लगातार सवालों के घेरे में है. आयरलैंड दौरे पर लगातार दो हार के बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी मिली शिकस्त ने टीम की परेशानियां बढ़ा दी हैं. इन हारों ने सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि कप्तानी, ड्रेसिंग रूम के माहौल और टीम के भीतर तालमेल को लेकर भी बहस छेड़ दी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ खराब क्रिकेट का नतीजा है या फिर नए कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ पर्याप्त बॉन्डिंग और तालमेल न बन पाना भी इसकी एक अहम वजह है? दरअसल, श्रेयस अय्यर की कप्तानी की कहानी सामान्य नहीं रही. उन्होंने ढाई साल से अधिक समय तक कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला था. इसके बाद उनकी टीम में वापसी हुई और वापसी के साथ ही उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई. भारतीय क्रिकेट में आमतौर पर कप्तान वही बनता है, जो लंबे समय से टीम का नियमित हिस्सा हो या उपकप्तान की भूमिका निभा रहा हो. इस बार चयनकर्ताओं और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने परंपरा से हटकर फैसला लिया.यही फैसला अब चर्चा के केंद्र में है. क्या ड्रेसिंग रूम में बना असहज माहौल? भारतीय टीम में हार्दिक पंड्या, शुभमन गिल, अक्षर पटेल और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी हाल के वर्षों में नेतृत्व समूह का हिस्सा रहे हैं. ऐसे में अचानक लंबे समय तक टीम से बाहर रहे खिलाड़ी को कप्तान बना देना कुछ खिलाड़ियों के लिए चौंकाने वाला फैसला हो सकता है. क्रिकेट में भले ही खिलाड़ी सार्वजनिक तौर पर कुछ न कहें, लेकिन कप्तानी हर किसी का सपना होती है. ऐसे फैसले ड्रेसिंग रूम के माहौल और खिलाड़ियों की मानसिकता पर असर डाल सकते हैं. मिल ही नहीं पाया साथ काम करने का समय श्रेयस अय्यर के सामने सबसे बड़ी चुनौती कप्तानी संभालने से पहले ही खड़ी हो गई थी. अफगानिस्तान सीरीज खत्म होने के तुरंत बाद भारतीय टीम इंग्लैंड रवाना हो गई. खिलाड़ियों को नए कप्तान के साथ समय बिताने, उनकी रणनीति समझने या टीम के भीतर तालमेल बनाने का लगभग कोई मौका नहीं मिला. विदेशी परिस्थितियों में सीमित अभ्यास और नए नेतृत्व के साथ कम समय ने मुश्किलें और बढ़ा दीं. यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में दिखा दिया ट्रेलर, अब बस एक कमी दूर हुई तो इंग्लैंड पर टूट पड़ेंगे! कप्तानी का अनुभव, पर अंतरराष्ट्रीय चुनौती अलग यह कहना गलत होगा कि श्रेयस अय्यर को बिना उपलब्धियों के कप्तानी मिली है. आईपीएल 2024 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया और अगले सीजन पंजाब किंग्स को वर्षों बाद फाइनल तक पहुंचाया. उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों की काफी तारीफ हुई. यही वजह थी कि उन्हें टी20 टीम की कमान सौंपी गई. हालांकि फ्रेंचाइजी क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दबाव अलग होता है. यहां सिर्फ कप्तान की रणनीति नहीं, बल्कि पूरे ड्रेसिंग रूम का भरोसा और तालमेल भी उतना ही अहम होता है. … अब जीत ही बदल सकती है कहानी लगातार हार के बाद श्रेयस अय्यर पर दबाव बढ़ना तय है. हालांकि उनके पास खुद को साबित करने का समय भी है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें भविष्य की योजना के तहत कप्तानी सौंपी है और फिलहाल उनके विकल्प भी सीमित हैं. ऐसे में ट्रेंट ब्रिज में होने वाला तीसरा टी20 मुकाबला श्रेयस के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है. अगर भारत जीत दर्ज करता है तो कप्तानी को लेकर उठ रहे सवाल कुछ समय के लिए शांत हो सकते हैं… लेकिन अगर हार का सिलसिला जारी रहा, तो यह बहस और तेज होगी कि क्या टीम से लंबे समय तक बाहर रहे खिलाड़ी को सीधे कप्तान बनाना सही फैसला था या फिर नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया कुछ और तरीके से होनी चाहिए थी.

India Tour of Sri Lanka: 9 साल बाद टेस्ट सीरीज का ऐलान, जानें कब और कहां होंगे मुकाबले

 कोलंबो भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाने वाली है, जहां उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी. भारतीय टीम इस सीरीज में जीत हासिल कर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने गुरुवार (2 जुलाई) को इस सीरीज का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया. सीरीज का पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में होगा. दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे।  भारत अब तक दो बार वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेल चुका है, लेकिन एक भी बार खिताब जीतने में सफल नहीं रहा. मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में टीम इंडिया फिलहाल पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे नंबर पर मौजूद है. ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह सीरीज काफी अहम रहने वाली है।  शुभमन गिल की कप्तानी में भारत इस सीरीज में जीत दर्ज कर WTC फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा. शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने डब्ल्यूटीसी 2025-27 की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से टेस्ट सीरीज ड्रॉ कर की थी. इसके बाद टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप किया।  साउथ अफ्रीका ने दिया था झटका हालांकि नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका ने भारत को उसके घर में ही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर बड़ा झटका दिया. इस हार के बाद भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन के खिलाफ कमजोरी पर सवाल उठे. पिछले महीने भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट जीतकर वापसी की. अब श्रीलंका की स्पिन फ्रेंडली पिचों पर भारतीय बल्लेबाजों की एक बार फिर कड़ी परीक्षा होगी।  गॉल और कोलंबो की पिचें परंपरागत रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं. ऐसे में श्रीलंका के स्पिन आक्रमण का सामना करना भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में स्पिन के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी उजागर हुई थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि शुभमन गिल की टीम इस चुनौती से कैसे पार पाती है।  भारत ने आखिरी बार 2017 में श्रीलंका का टेस्ट दौरा किया था. तब विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. करीब नौ साल बाद भारतीय टीम फिर श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. ऐसे में फैन्स की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इतिहास दोहरा पाएगी।     

टीम इंडिया का पाकिस्तान पर फिर दबदबा, हॉकी प्रो लीग में हरमनप्रीत की टीम ने जीता दिल

लंदन एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को एक ब्लॉकबस्टर मुकाबले में 4-3 से हरा दिया. यह मुकाबला 23 जून (मंगलवार) को लंदन के ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेला गया, जहां भारतीय टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया. भारत रॉटरडैम लेग में ओलंपिक चैम्पियन नीदरलैंड्स पर जीत हासिल करने के बाद इस मैच में उतरा था।  भारत की ओर से अभिषेक (22 वें मिनट), नीलकांत शर्मा (24वें मिनट), सुखजीत सिंह (40वें मिनट) और राजिंदर सिंह (52वें मिनट) ने गोल दागे. वहीं पाकिस्तान की ओर से नदीम अहमद (8वें मिनट), कप्तान अबू महमूद (53वें मिनट) और मोइन शकील (60वें मिनट) ने गोल स्कोर किए।  ऐसा रहा दोनों टीमों के बीच मुकाबला मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने अप्रत्याशित रूप से बढ़त ले ली थी. पहले क्वार्टर के 8वें मिनट में नदीम अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा. हालांकि भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर ने पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और उसके पास गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन वो उन्हें भुना नहीं सकी।  दूसरा क्वार्टर पूरी तरह भारतीय टीम के नाम रहा. इस क्वार्टर के 7वें मिनट में दिलप्रीत सिंह के शॉट पर पाकिस्तानी गोलकीपर ने जोरदार सेव किया, लेकिन रिबाउंड पर अभिषेक ने गेंद को गोलपोस्ट में डालकर भारतीय टीम को 1-1 की बराबरी दिला दी. दो मिनट बाद ही नीलकांत शर्मा ने पाकिस्तानी डिफेंस को भेदते हुए शानदार फील्ड गोल दागा. हाफटाइम तक भारतीय टीम 2-1 से आगे थी।  तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन वो एक ही गोल कर सकी. सुखजीत सिंह ने तीसरे क्वार्टर के 10वें मिनट में गोलपोस्ट की ओर पीठ कर गेंद को रिसीव किया, फिर अपनी स्टिक से उसे हवा में उछाला और जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया।  चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का नजार पेश किया. इस क्वार्टर के सातवें मिनट में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर बेहतरीन गोल किया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गेंद को राजिंदर की तरफ पास दिया, जिन्होंने शानदार शॉट लगाकर टीम की लीड 4-1 कर दी. इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने दो गोल कर मुकाबले को जरूर रोमांचक बनाया।  पिछले 10 सालों में भारत का दबदबा मेन्स हॉकी में भारत और पाकिस्तान के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है. पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं जबकि भारत ने 68 मैचों में जीत दर्ज की. हालांकि पिछले 10 वर्षों में भारत का दबदबा रहा है. पिछले 10 वर्षों में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में भारत का पलड़ा भारी है. भारतीय टीम 18 मैचों में पाकिस्तान के खिलाफ अपराजित रही है. इसमें 16 जीत और दो ड्रॉ शामिल हैं।  भारत अब एफआईएच प्रो लीग के मौजूदा सीजन में 13 मैचों में तीन जीत के साथ 7वें स्थान पर आ चुका है. दूसरी ओर पाकिस्तान अंक तालिका में सबसे नीचे है क्योंकि वह अपने सभी 13 मैच हार चुका है. लंदन लेग में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एक और मुकाबला खेलना है. साथ ही उसके दो मैच इंग्लैंड के खिलाफ होने हैं। 

यशस्वी जायसवाल बाहर, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी से बदली भारत की ODI टीम

नई दिल्ली इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गजों की वापसी हो गई है। ऐसे में कई खिलाड़ी इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें मजबूरी में ड्रॉप करना पड़ा है। यहां तक कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में दमदार शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल को भी बाहर रखना पड़ गया है। इसके अलावा कौन अंदर है और कौन बाहर है और पूरा स्क्वॉड कैसा है? ये आप नीचे जान सकते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज का हिस्सा रहे और लखनऊ में डेब्यू करने वाले प्रिंस यादव को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में नहीं रखा गया है। इसके अलावा ऑलराउंडर हर्ष दुबे भी इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, अच्छी खबर ये है कि विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह के अलावा अक्षर पटेल की वापसी हो गई है, जबकि हार्दिक पांड्या भी अभी तक चोट से नहीं उबर सके हैं। ऐसे में नीतीश कुमार रेड्डी ही भारत के इस समय टॉप ऑलराउंडर पेसर के रूप में होंगे। विराट कोहली अभी भी फिटनेस के अधीन हैं। उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना होगा, तभी उन्हें स्क्वॉड में एंट्री मिलेगी। संभावना है कि वे इंग्लैंड में ही फिटनेस टेस्ट देंगे। भारत की ODI टीम इस प्रकार है शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार। हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच से ठीक पहले टीम में जोड़ा गया था और वह भी इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा होंगे। इसके पीछे का कारण यह है कि चोटिल होने से पहले वह दमदार गेंदबाजी कर रहे थे। वनडे क्रिकेट में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। इस तरह इंग्लैंड में पेस अटैक के रूप में जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, गुरनूर बरार और नीतीश कुमार रेड्डी होंगे। इंडिया वर्सेस इंग्लैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी। पहला मैच एजबेस्टन में खेला जाएगा। इसके अलावा दूसरा मुकाबला सीरीज का 16 जुलाई को कार्डिफ में खेला जाएगा, जबकि सीरीज का अंतिम मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स में 19 जुलाई को आयोजित होना है T20 टीम में भी एक बदलाव सिलेक्टर्स को आयरलैंड के खिलाफ इसी महीने के आखिर में खेले जाने वाले दो टी20 मैचों के लिए टीम में बदलाव करना पड़ा है। वरुण चक्रवर्ती अभी फिट नहीं हैं। ऐसे में उनकी जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है। आयरलैंड T20Is के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।

एक दिन, तीन बड़े मैच! अफगानिस्तान से भिड़ेगी टीम इंडिया, महिला विश्व कप का भी होगा रोमांच

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए 17 जून बेहद व्यस्त और रोमांच से भरपूर रहने वाला है। खास बात यह है कि टीम इंडिया की तीन अलग-अलग टीमें एक ही दिन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलती नजर आएंगी। सुबह श्रीलंका में भारत A की चुनौती होगी, दोपहर में सीनियर पुरुष टीम अफगानिस्तान से भिड़ेगी और शाम होते-होते महिला टीम टी20 विश्व कप में जीत का सिलसिला आगे बढ़ाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को पूरे दिन टीवी स्क्रीन से नजरें हटाने का मौका शायद ही मिले। भारत A के लिए ‘करो या मरो’ का मुकाबला सबसे पहले एक्शन की शुरुआत श्रीलंका से होगी, जहां तिलक वर्मा की कप्तानी में भारत A टीम त्रिकोणीय सीरीज (Team India) खेल रही है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद अफगानिस्तान A से हार और श्रीलंका A के खिलाफ सुपर ओवर में मिली शिकस्त ने फाइनल की राह मुश्किल बना दी है। अब भारत A के सामने अफगानिस्तान A के खिलाफ जीत दर्ज करना बेहद जरूरी हो गया है। यह मुकाबला दांबुला के रंगीरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा और भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इस मैच का परिणाम तय करेगा कि भारत A फाइनल की दौड़ में बना रहेगा या नहीं। शुभमन गिल की अगुआई में सीरीज जीतने का मौका इसके बाद नजरें लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर टिकेंगी, जहां भारत और अफगानिस्तान की सीनियर टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में आमने-सामने होंगी। पहले वनडे में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल की थी और अब शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की कोशिश होगी कि दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली जाए। यह मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। चूंकि यह 50 ओवर का मैच है, इसलिए क्रिकेट प्रेमियों को देर शाम तक रोमांच देखने को मिलेगा। महिला विश्व कप में नीदरलैंड्स से होगी भिड़ंत दिन का तीसरा मुकाबला आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर शानदार शुरुआत की थी। अब अगली चुनौती नीदरलैंड्स की है। इंग्लैंड के हेडिंग्ले मैदान पर होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। भारत की कोशिश लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाने की होगी। दिलचस्प बात यह है कि शाम के समय कुछ घंटों के लिए भारतीय पुरुष और महिला टीमों (Team India) के मुकाबले एक साथ चलते दिखाई देंगे। जहां एक ओर सीनियर पुरुष टीम वनडे मैच के अंतिम चरण में होगी, वहीं दूसरी ओर महिला टीम टी20 विश्व कप में अपनी चुनौती पेश कर रही होगी। ऐसे में क्रिकेट फैंस को चैनल बदलने की कड़ी परीक्षा भी देनी पड़ सकती है। 17 जून का पूरा मैच शेड्यूल मुकाबला                                                       टूर्नामेंट                             स्थान                    भारतीय समय भारत A बनाम अफगानिस्तान A           श्रीलंका त्रिकोणीय सीरीज                दांबुला, श्रीलंका           सुबह 10:00 बजे भारत बनाम अफगानिस्तान (दूसरा वनडे)     अफगानिस्तान का भारत दौरा     लखनऊ                      दोपहर 1:30 बजे भारत महिला बनाम नीदरलैंड्स महिला     ICC महिला टी20 विश्व कप 2026     हेडिंग्ले, इंग्लैंड            शाम 7:00 बजे सुबह की शुरुआत युवा खिलाड़ियों के संघर्ष से होगी, दोपहर में सीनियर टीम सीरीज जीतने उतरेगी और रात में महिला टीम विश्व कप अभियान को मजबूती देने की कोशिश करेगी। एक ही दिन तीन भारतीय टीमों का मैदान पर उतरना बेहद दुर्लभ अवसर होता है। ऐसे में 17 जून भारतीय क्रिकेट कैलेंडर के सबसे व्यस्त और रोमांचक दिनों में से एक साबित हो सकता है।  

अय्यर को कप्तानी, तिलक बने उपकप्तान; एशियन गेम्स और सीरीज के लिए टीम घोषित

नई दिल्ली आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का सेलेक्शन 6 जून (शनिवार) को हुआ. चयनकर्ताओं ने जो टीम चुनी है, उससे बड़े मैसेज निकलकर सामने आए हैं. आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैम्पियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को ना सिर्फ कप्तानी से हटाया गया, बल्कि टी20 टीम से भी बाहर कर दिया गया. उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है. सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को लेकर है, जिन्हें पहली बार भारतीय सीनियर टीम में मौका मिला है. आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में अपने तूफानी प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव अब टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएंगे. पिछले कुछ दिनों से श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने की खबरें सामने आ रही थीं और अब भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने इस पर आधिकारिक मुहर लगा दी. श्रेयस ने आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2023 में खेला था, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें फिर से टीम में जगह दिला दी. आईपीएल 2026 में श्रेयस अय्यर ने 14 मैचों में 498 रन बनाए थे. कप्तान के रूप में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने 2024 के सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को खिताब जिताया, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स (PBKS) को फाइनल तक पहुंचाया. इससे पहले 2020 के सीजन में उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स (DC) फाइनल तक पहुंची थी. चयनकर्ताओं ने इसी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें टी20 टीम की कमान सौंपी है. सिर्फ कप्तानी ही नहीं बदली है, बल्कि उप-कप्तान भी नया चुना गया है. अक्षर पटेल की जगह युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है. यह फैसला साफ संकेत देता है कि भारतीय टीम प्रबंधन लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 और अगले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा नेतृत्व तैयार करना चाहता है. आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा चर्चा जिस खिलाड़ी की हुई, वो थे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी. राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस युवा बल्लेबाज ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीता था. उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के जड़े और क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. वैभव ने सिर्फ आईपीएल में ही नहीं, बल्कि अंडर-19 विश्व कप में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था. फाइनल में शतक लगाकर उन्होंने भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. अब उन्हें शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है. हार्दिक-रिंकू भी टीम का हिस्सा नहीं टीम चयन में एक और बड़ा फैसला हार्दिक पंड्या को लेकर सामने आया है. इस स्टार ऑलराउंडर को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स तीनों स्क्वॉड से बाहर रखा गया है. माना जा रहा है कि चयनकर्ता अब उन्हें वनडे क्रिकेट और 2027 विश्व कप की तैयारियों पर फोकस करने देना चाहते हैं. आईपीएल 2026 के दौरान हार्दिक को पीठ में चोट भी लगी थी, जिसके बाद वह कुछ मुकाबलों से बाहर रहे थे. हालांकि अब उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल चुका है. वहीं मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रिंकू सिंह को भी टीम में जगह नहीं मिली है, जिनकी हालिया फॉर्म उतनी संतोषजनक नहीं रही थी. प्रिंस यादव की भी एंट्री जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज से आराम दिया गया है. हालांकि वह एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे. चयनकर्ताओं ने यह फैसला उनके वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए लिया है. वहीं आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलते हुए उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट लिए थे | आईपीएलस 2026 में 28 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया है. शानदार सीजन के बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में जगह नहीं दी, जिससे साफ हो गया है कि फिलहाल उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी की संभावना कम है. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी. एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी.

BCCI ने जारी किया न्यूजीलैंड टूर शेड्यूल, इस तारीख से शुरू होगा टीम इंडिया का दौरा

 नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर में अब एक और बड़ा दौरा जुड़ गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अक्टूबर-नवंबर 2026 में होने वाले टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इस दौरे पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 5 टी20 इंटरनेशनल, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं।  दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर 2026 को क्राइस्टचर्च में पहले टी20 मुकाबले से होगी. टी20 सीरीज के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे. इसके बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी, जिसका पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।  वनडे सीरीज के सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे शुरू होंगे. ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई इस सीरीज की मेजबानी करेंगे।  BCCI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यह ऐतिहासिक दौरा अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल होंगे. टेस्ट सीरीज के दो मैच 19 और 27 नवंबर से होंगे।  भारतीय टीम के लिए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि न्यूजीलैंड की परिस्थितियां हमेशा से विदेशी टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रही हैं. ऐसे में यह सीरीज खिलाड़ियों की तैयारी और टीम संयोजन को परखने का बड़ा अवसर होगी।  भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026: टी20 सीरीज का शेड्यूल पहला टी20 – 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च (हेगले ओवल), दोपहर 1:30 बजे दूसरा टी20 – 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च (हेगले ओवल), दोपहर 1:30 बजे  तीसरा टी20 – 27 अक्टूबर, वेलिंगटन (एचएनआरवाई स्टेडियम), दोपहर 1:30  चौथा टी20 – 30 अक्टूबर, ऑकलैंड (ईडन पार्क), दोपहर 1:30 बजे  पांचवां टी20 – 1 नवंबर, हैमिल्टन (सेडन पार्क), दोपहर 1:30 बजे  भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026: वनडे सीरीज का शेड्यूल पहला वनडे – 4 नवंबर, ऑकलैंड (ईडन पार्क), सुबह 8:30 बजे  दूसरा वनडे – 7 नवंबर, वेलिंगटन (एचएनआरवाई स्टेडियम), सुबह 8:30 बजे  तीसरा वनडे – 10 नवंबर, हैमिल्टन (सेडन पार्क), सुबह 8:30 बजे  चौथा वनडे – 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई (बे ओवल), सुबह 8:30 बजे  पांचवां वनडे – 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई (बे ओवल), सुबह 8:30 बजे  भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026: टेस्ट सीरीज का शेड्यूल पहला टेस्ट: 19 से 23 नवंबर, वेल‍िंगटन (बेस‍िन र‍िजर्व), सुबह 4:30 बजे  दूसरा टेस्ट: 27 से 1 द‍िसंबर, क्राइस्टचर्च (हेगले ओवल), सुबह 4:30 बजे 

क्रिकेट में होने जा रहे बड़े फेरबदल, कोलकाता टेस्ट से पहले बदल सकते हैं कई अहम नियम

नईदिल्ली  क्रिकेट की दुनिया में जल्द ही बहुत कुछ बदलता हुआ नजर आ सकता है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) प्लेइंग कंडीशन्स में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है और इन प्रस्तावों ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. सबसे चौंकाने वाला प्रस्ताव टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा है, जहां अब एक ही मैच में लाल गेंद और गुलाबी गेंद दोनों का इस्तेमाल देखने को मिल सकता है. इसके अलावा T20 मैचों के ब्रेक टाइम, कोच की मैदान पर एंट्री और संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन पर भी नए नियम लागू होंगे।  क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक ICC इन सभी बदलावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है. 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली आईसीसी बोर्ड मीटिंग में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है. अगर सब कुछ तय रहा तो नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू किए जा सकते हैं।  ♦ आईसीसी का सबसे बड़ा और सबसे चर्चित प्रस्ताव टेस्ट क्रिकेट को लेकर है, चर्चा है कि अगर किसी टेस्ट मैच में खराब मौसम या रोशनी की समस्या आती है और खेल को फ्लडलाइट्स में जारी रखना पड़े, तो दोनों टीमों की सहमति से लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद इस्तेमाल की जा सकेगी।  यानी पहली बार ऐसा हो सकता है कि एक ही टेस्ट मैच में रेड बॉल और पिंक बॉल दोनों देखने को मिलें. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि मैच के बीच गेंद बदलने की प्रक्रिया कैसी होगी और इसका बल्लेबाजों और गेंदबाजों पर क्या असर पड़ेगा. लेकिन आईसीसी इस बदलाव को लेकर गंभीर दिखाई दे रही है।  ♦ आईसीसी ओडीआई क्रिकेट में भी बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है. नए प्रस्ताव के तहत अब ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान हेड कोच को मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बात करने की अनुमति मिल सकती है. मौजूदा नियमों के मुताबिक सिर्फ सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी ही ड्रिंक्स लेकर मैदान पर जा सकते हैं. हालांकि T20 इंटरनेशनल में कोच को पहले से यह अनुमति है. अगर यह नियम लागू होता है, तो वनडे मैचों में भी रणनीतिक चर्चाएं सीधे मैदान पर देखने को मिल सकती हैं।  ♦ आईसीसी T20 इंटरनेशनल क्रिकेट को और तेज बनाने की तैयारी में है. प्रस्ताव के मुताबिक अब दोनों पारियों के बीच मिलने वाला 20 मिनट का ब्रेक घटाकर सिर्फ 15 मिनट किया जा सकता है. इसका मतलब खिलाड़ियों को आराम, प्लानिंग और रणनीति बनाने के लिए 5 मिनट कम मिलेंगे।  ♦ आईसीसी अब संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के खिलाफ भी कड़ा कदम उठाने की तैयारी में है. प्रस्ताव है कि ऑन फील्ड अंपायरों को Hawk-Eye डेटा इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाए, ताकि मैच के दौरान ही गेंदबाज के एक्शन की जांच की जा सके. अगर यह नियम लागू हुआ, तो चकिंग को लेकर विवादों पर काफी हद तक लगाम लग सकती है।  बताया जा रहा है कि इन सभी प्रस्तावों पर आईसीसी चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमेटी (CEC) की वर्चुअल मीटिंग में चर्चा हुई, जिसमें आईसीसी क्रिकेट कमेटी के चेयरमैन सौरव गांगुली भी शामिल हुए। 

अफगानिस्तान सीरीज के लिए Team India का ऐलान, युवा खिलाड़ियों के साथ विराट-रोहित की वापसी

नई दिल्ली भारत में इस समय इंडियन प्रीमियर लीग की धूम मची हुई है। IPL 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया मैदान में होगी। भारतीय टीम जून में टेस्ट और ODI सीरीज खेलती नजर आएगी, जिसके लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान हो गया है। दरअसल, टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान की टीम की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच और 3 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। ऐसे में 19 मई को गुवाहाटी में मेन्स सिलेक्शन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें टेस्ट और ODI दोनों के लिए भारतीय टीम चुन ली गई। एकमात्र टेस्ट का 6 जून से मुल्लांपुर में आगाज होगा, जिसके लिए 14 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। गौरतलब है कि 2018 के बाद भारत के खिलाफ अफगानिस्तान का पहला टेस्ट मैच होगा। 2018 में ही अफगानिस्तान ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहली बार आधिकारिक तौर पर टेस्ट मैच में हिस्सा लिया था। भारत ने वह मैच एक पारी और 262 रनों से जीता था। आखिरी टेस्ट और वनडे सीरीज हारी है टीम इंडिया टीम इंडिया को अपने आखिरी टेस्ट और वनडे सीरीज में हार झेलनी पड़ी थी। पिछले साल के अंत में साउथ अफ्रीका ने दो मैचों के टेस्ट सीरीज को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में टीम वनडे सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद 2-1 से हार गई थी। अफगानिस्तान के खिलाफ अभी तक भारत ने एक ही टेस्ट खेला है और उसमें टीम को जीत मिली है। वहीं चार वनडे में भारत ने 3 जीते हैं जबकि एक टाई रहा है। यह पहला मौका होगा जब भारत और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय वनडे सीरीज होगी। विराट और रोहित की जगह बरकरार अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना गया है, जिसमें विराट और रोहित शर्मा शामिल हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए भारत की ODI टीम से ऋषभ पंत को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वहीं, टेस्ट टीम की उप-कप्तानी केएल राहुल को सौंप दी गई है। इससे पहले टेस्ट टीम की उप-कप्तानी पंत के पास थी। हालांकि, पंत टेस्ट में अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे। एक बार फिर स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी को नजरअंदाज किया गया। अजीत अगरकर ने साफ तौर पर कहा है कि सिलेक्शन कमेटी ने मोहम्मद शमी के नाम पर चर्चा तक नहीं की। बुमराह को दिया गया रेस्ट भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज से आराम दिया गया है, ताकि इंग्लैंड दौरे से पहले उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा सके। दोनों ही टीमों में कई नए चेहरों को शामिल किया गया हैं, जिनमें मानव सुथार, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव शामिल हैं। मानव सुथार को टेस्ट टीम में पहली बार शामिल किया गया है। वहीं, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे दोनों टीमों में जगह पाने में सफल रहे। वहीं, प्रिंस यादव ODI टीम में पहली बार शामिल हुए हैं।  अफगानिस्तान के भारत दौरे का फुल शेड्यूल      6 जून: पहला टेस्ट, न्यू चंडीगढ़ (9:30 AM)     14 जून: पहला ODI, धर्मशाला (1:30 PM)     17 जून: दूसरा ODI, लखनऊ (1:30 PM)     20 जून: तीसरा ODI, चेन्नई (1:30 PM) अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल। अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।

क्या लौटेंगे रोहित और विराट? अफगानिस्तान सीरीज की टीम चयन तारीख सामने आई

 नई दिल्ली   BCCI जल्द ही अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान करने जा रहा है। इस सीरीज में एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि चयन समिति 19 मई को बैठक कर टेस्ट और वनडे टीमों को अंतिम रूप देगी। जून से शुरू होगी अफगानिस्तान सीरीज भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज की शुरुआत 6 जून से होगी। सबसे पहले दोनों टीमें एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगी, जिसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित की जाएगी। यह सीरीज IPL 2026 खत्म होने के तुरंत बाद खेली जाएगी और भारतीय टीम के लिए अगले बड़े असाइनमेंट के रूप में देखी जा रही है। टेस्ट क्रिकेट में सुधार की चुनौती हेड कोच Gautam Gambhir के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने सीमित ओवर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। पिछले दो वर्षों में भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में करारी हार झेलनी पड़ी। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबला टीम के लिए नई शुरुआत का मौका माना जा रहा है। BCCI सचिव ने क्या कहा? देवाजीत सैकिया ने कहा, 'चयन समिति 19 मई को अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन करेगी।' 6 जून से होगा एकमात्र टेस्ट मैच भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 से 10 जून तक न्यू मुल्लांपुर, चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि यह मैच भारत के लिए ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा नहीं होगा। वनडे सीरीज से शुरू होगी 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी टेस्ट मैच के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज भारत की 2027 वनडे वर्ल्ड कप तैयारियों की शुरुआत मानी जा रही है। वनडे मुकाबलों का कार्यक्रम इस प्रकार है: 14 जून – धर्मशाला 17 जून – लखनऊ 20 जून – चेन्नई रोहित-विराट की वापसी पर नजर वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों की वापसी देखने को मिल सकती है। हालांकि इंग्लैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ता कुछ नए खिलाड़ियों को भी मौका दे सकते हैं। IPL स्टार्स को मिल सकता है मौका IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ी भारतीय टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं। इनमें प्रमुख नाम हैं: देवदत्त पडीक्कल, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार , अंगकृश रघुवंशी। गेंदबाजी विभाग में कड़ी प्रतिस्पर्धा तेज गेंदबाजी विभाग में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। Mohammed Shami की वापसी के अलावा अंशुल कंबोज, कार्तिक त्यागी और प्रिंस यादव जैसे युवा गेंदबाजों ने भी चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।