samacharsecretary.com

शतरंज का महाकुंभ लौट आया भारत: 23 साल बाद होगी विश्व कप की मेजबानी

नई दिल्ली  भारत में शतरंज विश्वकप होगा. शीर्ष स्टार खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे. 23 साल बाद फिर से भारत में विश्वकप होगा. शतरंज की सर्वोच्च संस्था फिडे ने घोषणा की.  30 अक्टूबर से 27 नवंबर तक भारत टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा.  आयोजन स्थल की जल्द घोषणा की जाएगी. शीर्ष खिलाड़ी डी.गुकेश, आर प्रग्गनानंदा, अर्जुन एरिगेसी समेत 206 खिलाड़ी शतरंज विश्वकप में हिस्सा लेंगे.  नॉकआउट प्रारूप में सभी मुकाबले खेले जाएंगे. प्रत्येक राउंड तीन दिन तक चलेगा. 2002 में अंतिम बार भारत ने टूर्नामेंट की मेजबानी की थी. विश्वनाथन आनंद ने 2002 में विश्वकप जीता था. शतरंज की वैश्विक संस्था फिडे (FIDE) ने 21 जुलाई को इस बात की पुष्टि की कि 2025 का वर्ल्ड कप भारत में आयोजित होगा। इस टूर्नामेंट में 206 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जो वर्ल्ड कप खिताब के साथ-साथ 2026 फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने के लिए मुकाबला करेंगे। आखिरी बार 2002 में हुआ था आयोजन भारत ने इससे पहले 2002 में हैदराबाद में इस प्रतियोगिता की मेजबानी की थी, जिसमें भारत के दिग्गज ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने खिताब अपने नाम किया था। अब 23 साल बाद यह टूर्नामेंट फिर से भारतीय धरती पर आयोजित हो रहा है। वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन नॉकआउट फॉर्मेट में किया जाएगा, जिसमें हर राउंड में हारने वाला खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। फिडे के मुताबिक, शीर्ष तीन खिलाड़ी सीधे 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह बनाएंगे, जो भविष्य के वर्ल्ड चैंपियन के लिए चयन प्रक्रिया का हिस्सा होता है। स्टार खिलाड़ी होंगे आकर्षण का केंद्र इस मेगा इवेंट में भारत के कई शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी. गुकेश, वर्ल्ड कप 2023 के उपविजेता आर. प्रज्ञानानंद, दुनिया के टॉप-5 खिलाड़ियों में शुमार अर्जुन एरिगैसी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी इस टूर्नामेंट को भारतीय दर्शकों के लिए और भी रोमांचक बना देगी। फिडे के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हम भारत में वर्ल्ड कप 2025 के आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं। भारत वह देश है जहां शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि एक जुनून है।

बिली जीन किंग कप फाइनल्स 16 सितंबर से

नई दिल्ली डिफेंडिंग चैंपियन इटली और मेज़बान चीन के बीच मुकाबले के साथ बिली जीन किंग कप फाइनल्स की शुरुआत 16 सितंबर से शेनझेन में होगी। इस बात की जानकारी टूर्नामेंट आयोजकों ने सोमवार को दी। इटली की टीम में विश्व नंबर 9 जैस्मिन पाओलिनी शामिल हैं, जबकि चीन की अगुवाई ओलंपिक चैंपियन झेंग किनवेन करेंगी। आमतौर पर यह टूर्नामेंट नवंबर में होता है, लेकिन इस बार इसे डब्ल्यूटीए टूर के एशियाई स्विंग के साथ तालमेल बैठाने के लिए सितंबर में आयोजित किया जा रहा है। स्पेन और यूक्रेन के बीच दूसरा क्वार्टरफाइनल 17 सितंबर को खेला जाएगा, जिसमें विश्व नंबर 10 पाउला बडोसा एक्शन में नजर आएंगी। इसके बाद 18 सितंबर को अमेरिका का मुकाबला कज़ाखस्तान से और ब्रिटेन का सामना जापान से होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 19 और 20 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 21 सितंबर को होगा।  

तेज गेंदबाजी का नया सितारा अंशुल कंबोज: अश्विन ने की बुमराह-जहीर से तुलना

नई दिल्ली पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अंशुल कंबोज की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें जहीर खान और जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज करार दिया है। उन्होंने कहा कि वह न केवल अपने क्षेत्र का कुशल खिलाड़ी है बल्कि अपनी रणनीति की भी अच्छी समझ रखता है। ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी के अलावा तेज गेंदबाज आकाश दीप और अर्शदीप सिंह की जोड़ी के चोटिल होने के बाद कंबोज को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट के लिए पिछले सप्ताह भारतीय टीम में शामिल किया गया था। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर कहा, ‘‘अंशुल की सबसे अच्छी बात यह है कि वह अपनी रणनीति को अच्छी तरह से समझता है। मैंने कई तेज गेंदबाजों को देखा है, अगर आप उनसे उनकी रणनीति के बारे में पूछते हैं, तो वे बस यही कहते हैं कि वे खुद को अभिव्यक्त करना चाहते हैं और खेल का आनंद लेना चाहते हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अंशुल अपनी रणनीति को अच्छी तरह से समझता है और यह भी जानता है कि मैदान पर उस पर कैसे अमल करना है। अधिकतर तेज गेंदबाजों में यह गुण नहीं होता है। जहीर खान भी ऐसे तेज गेंदबाज थे जो अपनी रणनीति को समझते थे और उस पर अच्छी तरह से अमल करते थे। वह अद्भुत खिलाड़ी थे।’’ अश्विन ने कहा, ‘‘हाल के दिनों में, जस्सी (बुमराह) एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो रणनीति को अच्छी तरह से समझते हैं और उसे बखूबी अंजाम देते हैं। अंशुल भी इसी तरह का खिलाड़ी है। मैं कौशल की तुलना नहीं कर रहा हूं क्योंकि कौशल एक बहुत ही अलग चीज़ है। मैंने उसे आईपीएल में खेलते हुए देखा है। उसकी लेंथ बहुत अच्छी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बुमराह और सिराज के साथ अगर आप अंशुल कंबोज को अंतिम एकादश में शामिल करते हैं तो यह मजबूत गेंदबाजी आक्रमण होगा।’’ भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की श्रृंखला का चौथा टेस्ट बुधवार से मैनचेस्टर में शुरू होगा। भारतीय टीम सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही है। सीरीज जीत की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए टीम इंडिया मैनचेस्टर में हर हाल में जीत चाहेगी जहां उसने आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीता है।  

क्रिकेट की दुनिया में भारत का दबदबा बरकरार, ICC ने दी 3 मेगा इवेंट्स की मेजबानी; पाक को झटका

नई दिल्ली  अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने साल 2026 से 2031 तक होने वाले टूर्नामेंट्स के मेजबान देशों की घोषणा कर दी है। इसमें 3 टूर्नामेंट्स भारत की झोली में आए हैं तो इंग्लैंड को सबसे ज्यादा 4 टूर्नामेंट्स की मेजबानी मिली है। साल 2026 में टी20 वर्ल्डकप के बाद भारत को दो बड़े आयोजनों की मेजबानी का जिम्मा सौंपा गया है, जिसमें 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप (वनडे वर्ल्डकप )शामिल है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को 2027, 2029 और 2031 में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की मेजबानी का अधिकार मिला है। साथ ही 2030 में आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्डकप के लिए उन्हें आयरलैंड और स्कॉटलैंड के साथ सह मेजबान बनाया गया है। टीम इंडिया 2031 का वनडे वर्ल्डकप बांग्लादेश के साथ मिलकर होस्ट करेगी। इसी तरह अगले साल यानी 2026 में मेंस टी20 विश्वकप की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। यह टूर्नामेंट फरवरी-मार्च में आयोजित होगा, जिसमें 20 टीमों को 4 अलग अलग ग्रुप में बांटा जाएगा। नामिबिया बनेगा पहली बार मेजबान भारत के बड़े स्टेडियम जैसे कोलकाता का ईडन गार्डन्स और श्रीलंका का आर. प्रेमदासा स्टेडियम इस आयोजन के फाइनल को होस्ट कर सकते हैं। इसके बाद 2027 में वनडे विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। पहली बार नामीबिया किसी आईसीसी इवेंट की मेजबानी करेगा। 2028 में टी20 वर्ल्डकप की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मिलकर करेंगे तो 2029 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को दी गई है। 2029 में होने वाले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भारत करेगा तो 2030 टी20 वर्ल्डकप की मेजबानी इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर करेंगे। 1999 के बाद आयरलैंड और स्कॉटलैंड पहली बार किसी बड़े क्रिकेट इवेंट की मेजबानी करेंगे। इसके बाद 2031 में भारत और बांग्लादेश मिलकर आईसीसी मेंस वनडे क्रिकेट वर्ल्डकप की मेजबानी करेंगे। इस दौरान पाकिस्तान को एक भी आईसीसी इवेंट की मेजबानी नहीं दी गई है। वेस्टइंडीज भी खाली हाथ लौटा है, जिसने 2024 में टी20 वर्ल्डकप की मेजबानी की थी। 2003 के बाद साउथ अफ्रीका को 24 साल बाद वनडे क्रिकेट वर्ल्डकप की मेजबानी मिली है।  

संघर्ष और संकल्प की मिसाल: वीनस विलियम्स ने 16 माह बाद रचा इतिहास

वॉशिंगटन सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन वीनस विलियम्स ने 16 महीनों के लंबे अंतराल के बाद अपना पहला पेशेवर टेनिस मैच जीत लिया है। विलियम्स ने हैली बैप्टिस्ट के साथ जोड़ी बनाते हुए ‘डीसी ओपन’ के पहले दौर में डबल्स वाइल्ड कार्ड जोड़ी यूजिनी बूचार्ड और क्लरवी नगुनुए को शिकस्त दी। यह एक बड़ा उलटफेर था। 3-1 से पिछड़ने और ब्रेक प्वाइंट का सामना करने के बाद, वीनस और बैप्टिस्ट ने वापसी करते हुए आखिरी 12 में से 11 गेम जीते। साल 2022 में पहले दौर में हार के बाद, यह डीसी टूर्नामेंट में वीनस की दूसरी उपस्थिति है। 45 वर्षीय पूर्व विश्व नंबर-1 वीनस विलियम्स ने इस टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी। उन्होंने मार्च 2024 के मियामी ओपन के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला था। उनकी पिछली जीत अगस्त 2023 में ‘सिनसिनाटी ओपन’ में आई थी। वीनस ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा, “कोर्ट पर वापसी प्रेरणादायक थी। मुझे अब भी यह खेल बेहद पसंद है। मैं अब भी दमदार शॉट्स लगा रही हूं। मुझे पहले ही प्वाइंट से लग गया था कि हम एक अच्छी टीम हैं। हमें वर्षों पहले ही यह जोड़ी बना लेनी चाहिए थी।” वर्तमान में वीनस की कोई आधिकारिक रैंकिंग नहीं है। उन्होंने अपनी बहन सेरेना विलियम्स के साथ मिलकर महिला डबल्स में 14 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। विलियम्स बहनों ने कई वर्षों तक टेनिस की दुनिया पर दबदबा बनाए रखा है। मंगलवार को वीनस सिंगल्स प्रतियोगिता के पहले दौर में एक और अमेरिकी खिलाड़ी, पेटन स्टर्न्स का सामना करेंगी। इस मुकाबले में वाइल्ड कार्ड एंट्री के साथ कोर्ट पर उतरते ही वीनस डब्ल्यूटीए टूर-स्तरीय मुख्य ड्रॉ में खेलने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगी। इससे पहले 46 वर्ष की उम्र में किमिको डेटे ने सात साल पहले टोक्यो में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, पुरुष एकल में ब्रिटेन के डैन इवांस और कैमरन नॉरी वाशिंगटन में दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। साल 2023 में वाशिंगटन का खिताब जीतने वाले इवांस ने जिजो बर्ग्स के खिलाफ 3-6, 6-4, 6-3 से कड़े मुकाबले में जीत हासिल की। 35 वर्षीय वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी का अगला मुकाबला 13वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी एलेक्स मिशेलसन से होगा। इस बीच, कैमरून नोरी ने ब्रिटिश क्वालीफायर बिली हैरिस को 6-3, 7-6 (7-4) से हराया और दूसरे दौर में उनका सामना फ्रेंच ओपन सेमीफाइनलिस्ट और दूसरी वरीयता प्राप्त इटली के लोरेंजो मुसेट्टी से होगा।  

आकाश चोपड़ा ने मैनचेस्टर टेस्ट के लिए चुनी टीम इंडिया की संभावित XI, इन नामों पर जताया भरोसा

नई दिल्ली पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनर आकाश चोपड़ा ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन का चुनाव किया है। टीम इंडिया इस पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन मैचों के बाद 2-1 से पीछे है। ऐसे में जसप्रीत बुमराह को रेस्ट देना उचित नहीं होगा। इसके अलावा आकाश चोपड़ा ने बताया है कि अन्य कौन-कौन से बदलाव टीम में किए जा सकते हैं। आकाश चोपड़ा ने चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके नितीश कुमार रेड्डी और आकाश दीप के रिप्लेसमेंट के बारे में भी बात की। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर बात की और कहा, “मैं नंबर एक और नंबर दो पर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को रखूंगा। इसमें कोई संदेह नहीं है कि ये बाएं और दाएं हाथ की जोड़ी कमाल की रही है। नंबर तीन पर मैं करुण नायर को ही रखूंगा। भले ही उन्होंने रन नहीं बनाए हैं, लेकिन कम से कम एक और मौका उनको मिलना चाहिए। नंबर चार पर बिना किसी विवाद के कप्तान शुभमन गिल होने चाहिए।” आकाश चोपड़ा ने आगे ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के साथ-साथ गेंदबाजी कॉम्बिनेशन पर बात की। उन्होंने नंबर पांच पर ऋषभ पंत को रखा है। अगर वे विकेटकीपिंग के लिए फिट नहीं हैं तो ध्रुव जुरेल को 6 पर खिलाया जा सकता है। आकाश चोपड़ा ने बताया कि टीम में अन्य कोई खिलाड़ी ऐसा नहीं है, जो मिडिल ऑर्डर में खेलता हो। अभिमन्यु ईश्वरन और साई सुदर्शन हैं, लेकिन वे टॉप ऑर्डर में खेलते हैं। आगे वे रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर को रखते हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ अंशुल कंबोज को रखना चाहते हैं। अगर आकाश दीप फिट नहीं हैं तो कंबोज बेस्ट चॉइस होंगे। आकाश चोपड़ा के मुताबिक टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अंशुल कंबोज  

क्रिकेट को मिला नया हीरा! जानिए किस खिलाड़ी पर फिदा हुए रवि शास्त्री

नई दिल्ली भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार से मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट खेला जाना है। भारतीय टीम कई खिलाड़ियों की चोट की समस्या से जूझ रही है। इंग्लैंड सीरीज के हर मैच की तरह चौथे टेस्ट से पहले भी यह चर्चा छिड़ी है कि स्पिनर कुलदीप यादव को मौका मिलेगा या नहीं। वह अब तक के सभी तीनों मैच में बेंच पर ही बैठे दिखे क्योंकि कोच गौतम गंभीर उनकी जगह पर ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को तरजीह देते आए हैं। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने सुंदर की तारीफ की है। उन्होंने ने यहां तक कहा है कि जब वह उन्हें पहली बार देखे तभी कहा था कि यही है, यही है वो आदमी। भविष्य का स्टार ऑलराउंडर। मैनचेस्टर टेस्ट में कुलदीप यादव खेलते दिखेंगे या वॉशिंगटन सुंदर की वजह से उनका पत्ता कट जाएगा, इसका जवाब तो बुधवार सुबह मैच से पहले ही मिलेगा। लेकिन शास्त्री ने गौतम गंभीर के भरोसेमंद खिलाड़ी पर ही अपना भरोसा जताया है। आईसीसी रिव्यू पर बोलते हुए शास्त्री ने याद किया कि जब वह पहली बार वॉशिंगटन सुंदर को देखे थे तब क्या सोचा था। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा, ‘मैं हमेशा से वॉशिंगटन को प्यार करता हूं। जब मैंने पहले दिन उसे देखा तब कहा कि यही है वो आदमी। और वह भारत के लिए आने वाले कई सालों तक एक असली ऑलराउंडर साबित हो सकता है।’ शास्त्री ने आगे कहा, 'और फिर वह तो अभी सिर्फ 25 वर्ष का है। मुझे लगता है कि उसे और ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए था। वह भारत की घुमावदार पिचों पर घातक साबित हो सकता है, जैसा कि न्यूजीलैंड को महसूस हुआ। उसने कुछ सीनियर स्पिनरों से भी अच्छी गेंदबाजी की। उसने बहुत शानदार गेंदबाजी की और वह बल्लेबाजी भी कर सकता है।' शास्त्री ने वॉशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी में प्रमोट करके छठे नंबर पर उतारने की सलाह दी है। 7वें या उससे नीचे के नंबर पर बल्लेबाजी करने के बावजूद सुंदर ने 38.92 की औसत से रन बनाए हैं। इसमें 4 अर्धशतक हैं जिसमें से पहला तो गाबा टेस्ट में उसकी पहली ही पारी में आया था जहां उन्होंने पहली पारी में दबाव वाली स्थिति में 62 रन बनाए ते। उसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ होम सीरीज में 85 रन की नाबाद और 96 रनों की पारी खेली थी। शास्त्री ने कहा, 'वह एक स्वाभाविक प्रतिभावान बल्लेबाज है। वह 8वें नंबर का नहीं है। वह जल्द ही बैटिंग लाइनअप में छठे नंबर पर जा सकता है।' वॉशिंगटन सुंदर ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट से इंटरनेशनल क्रिकेट के लॉन्ग फॉर्मेट में डेब्यू किया था। उस मैच में भारत ने यादगार जीत हासिल की थी। सुंदर ने उस मैच में पैट कमिंस की गेंद पर शानदार पुल-शॉट के जरिए सिक्स भी जड़ा था। उन्होंने अब तक 11 टेस्ट खेले हैं जिसमें 545 रन बनाए हैं और 30 विकेट भी झटके हैं। मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर उनके बल्ले से अब तक 77 रन आए हैं और गेंद से 5 विकेट लिए हैं।  

पाकिस्तान की लीग पर सवाल: क्या पॉइंट्स की लड़ाई ने WCL की साख गिराई?

नई दिल्ली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 पाकिस्तानी टीम की हरकत से मजाक सा बनकर रह गई है। लीग भी कम जिम्मेदार नहीं दिख रही। वह खुद ही अपनी भद्द पिटवाती दिख रही। कोई मैच है तो उसका परिणाम तो होगा ही- किसी की जीत, किसी की हार या टाई या फिर अनिर्णित। अगर मैच रद्द हो तब भी उसके नियम तो होंगे ही कि उसके पॉइंट्स का क्या होगा। लेकिन यह लीग तो वाकई कमाल की है। मैच रद्द होने के 2-3 दिन बाद तक नहीं पता कि पॉइंट्स का क्या हुआ? एक टीम उछल-उछलकर कहती फिर रही- हमें तो दोनों पॉइंट चाहिए, दोनों पॉइंट चाहिए। हम पॉइंट नहीं बांटेंगे। गली क्रिकेट के बच्चे भी ऐसा नहीं करते होंगे।   पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में इंडिया चैंपियंस बनाम पाकिस्तान चैंपियंस के मैच को लेकर सोशल मीडिया पर आक्रोश दिखा। उसके बाद भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों ने मैच खेलने से इनकार कर दिया। नतीजा ये हुआ कि आयोजकों ने रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में होने वाले मैच को रद्द कर दिया। भारतीय टीम के खिलाड़ी शिखर धवन की माने तो उन्होंने 11 मई को ही आयोजकों से साफ कर दिया था कि वह पाकिस्तान के साथ हरगिज मैच नहीं खेलेंगे। पाकिस्तानी टीम की दलील है कि मैच रद्द होने के लिए भारतीय टीम जिम्मेदार है क्योंकि वही पीछे हटी। लिहाजा दोनों अंक उसे मिलेंगे। अंकों पर लेकर ऊहापोह और अनिश्चितता WCL का ही मजाक उड़ा रही है। एक ऐसी लीग जिसे इंग्लैंड ऐंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मंजूरी प्राप्त है। कुछ तो नियम होंगे? मैच रद्द हुआ तो अंक बंटने के नियम तो होंगे? अगर किसी मैच के रद्द होने के लिए कोई टीम जिम्मेदार है तो उस स्थिति में भी तो नियम होंगे? अगर नियम पाकिस्तान की दलीलों के पक्ष में हैं तो उसे दो अंक मिलने चाहिए। लेकिन अनिश्चिता से तो डब्लूसीएल की भद्द ही पिट रही है। जो जानकारी आ रही है, उसके हिसाब से WCL ने स्पष्ट किया है कि मैच रद्द होने के लिए भारतीय टीम जिम्मेदार नहीं है। तब अंक वितरण में तो कोई पेच ही नहीं रहा। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में WCL के एक सूत्र ने कहा है कि मैच रद्द होने के लिए भारत जिम्मेदार नहीं है। सूत्र ने कहा, 'WCL ने इंग्लैंड ऐंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को बता दिया है कि बतौर आयोजक वे मैच कराने में समर्थ नहीं हैं। इंडिया चैंपियंस टीम की गलती नहीं है। पाकिस्तान चैंपियंस टीम पॉइंट शेयर करने की इच्छुक नहीं है क्योंकि उनका कहना है कि मैच से पीछे भारत हटा, वे नहीं।'  

पाकिस्तान की लीग पर सवाल: क्या पॉइंट्स की लड़ाई ने WCL की साख गिराई?

नई दिल्ली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 पाकिस्तानी टीम की हरकत से मजाक सा बनकर रह गई है। लीग भी कम जिम्मेदार नहीं दिख रही। वह खुद ही अपनी भद्द पिटवाती दिख रही। कोई मैच है तो उसका परिणाम तो होगा ही- किसी की जीत, किसी की हार या टाई या फिर अनिर्णित। अगर मैच रद्द हो तब भी उसके नियम तो होंगे ही कि उसके पॉइंट्स का क्या होगा। लेकिन यह लीग तो वाकई कमाल की है। मैच रद्द होने के 2-3 दिन बाद तक नहीं पता कि पॉइंट्स का क्या हुआ? एक टीम उछल-उछलकर कहती फिर रही- हमें तो दोनों पॉइंट चाहिए, दोनों पॉइंट चाहिए। हम पॉइंट नहीं बांटेंगे। गली क्रिकेट के बच्चे भी ऐसा नहीं करते होंगे।   पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में इंडिया चैंपियंस बनाम पाकिस्तान चैंपियंस के मैच को लेकर सोशल मीडिया पर आक्रोश दिखा। उसके बाद भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों ने मैच खेलने से इनकार कर दिया। नतीजा ये हुआ कि आयोजकों ने रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में होने वाले मैच को रद्द कर दिया। भारतीय टीम के खिलाड़ी शिखर धवन की माने तो उन्होंने 11 मई को ही आयोजकों से साफ कर दिया था कि वह पाकिस्तान के साथ हरगिज मैच नहीं खेलेंगे। पाकिस्तानी टीम की दलील है कि मैच रद्द होने के लिए भारतीय टीम जिम्मेदार है क्योंकि वही पीछे हटी। लिहाजा दोनों अंक उसे मिलेंगे। अंकों पर लेकर ऊहापोह और अनिश्चितता WCL का ही मजाक उड़ा रही है। एक ऐसी लीग जिसे इंग्लैंड ऐंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मंजूरी प्राप्त है। कुछ तो नियम होंगे? मैच रद्द हुआ तो अंक बंटने के नियम तो होंगे? अगर किसी मैच के रद्द होने के लिए कोई टीम जिम्मेदार है तो उस स्थिति में भी तो नियम होंगे? अगर नियम पाकिस्तान की दलीलों के पक्ष में हैं तो उसे दो अंक मिलने चाहिए। लेकिन अनिश्चिता से तो डब्लूसीएल की भद्द ही पिट रही है। जो जानकारी आ रही है, उसके हिसाब से WCL ने स्पष्ट किया है कि मैच रद्द होने के लिए भारतीय टीम जिम्मेदार नहीं है। तब अंक वितरण में तो कोई पेच ही नहीं रहा। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में WCL के एक सूत्र ने कहा है कि मैच रद्द होने के लिए भारत जिम्मेदार नहीं है। सूत्र ने कहा, 'WCL ने इंग्लैंड ऐंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को बता दिया है कि बतौर आयोजक वे मैच कराने में समर्थ नहीं हैं। इंडिया चैंपियंस टीम की गलती नहीं है। पाकिस्तान चैंपियंस टीम पॉइंट शेयर करने की इच्छुक नहीं है क्योंकि उनका कहना है कि मैच से पीछे भारत हटा, वे नहीं।'  

मैनचेस्टर में आज तक नहीं जीता भारत, क्या इस बार दिखेगा नया इरादा?

नई दिल्ली पिछले मैच में हार और कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल हो जाने के बावजूद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से मैनचेस्टर में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट में मजबूत इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम श्रृंखला में वापसी करने और ओल्ड ट्रैफर्ड में पहली बार जीत हासिल करने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगी। भारत को हालांकि अभी तक आजमाए गए अपने फॉर्मूले से हटने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। लीड्स में पहले टेस्ट के बाद भारत ने अंतिम एकादश में तीन ऑलराउंडरों को शामिल किया था। इनमें नीतीश रेड्डी भी शामिल थे, जो घुटने की चोट के कारण अब श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर जैसे दो स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर की मौजूदगी में भारत के पास आठवें नंबर तक बल्लेबाज़ी करने की गुंजाइश थी। मैनचेस्टर में ऐसा शायद न हो, जहां भारतीय टीम अभी तक जीत हासिल नहीं कर पाई है। भारत ने यहां अभी तक नौ मैच खेले हैं जिनमें से चार में उसे पराजय का सामना करना पड़ा जबकि बाकी पांच मैच ड्रॉ रहे। इंग्लैंड वर्तमान श्रृंखला में अभी 2-1 से आगे चल रहा है और अगर भारत को पांच मैच की इस श्रृंखला को जीवंत बनाए रखना है तो उसे यहां हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। श्रृंखला का पहला टेस्ट मैच खेलने वाले शार्दुल ठाकुर को रेड्डी की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है लेकिन उनका बल्लेबाजी में उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है। अगर उन्हें टीम में लिया जाता है तो उन्हें गेंदबाज़ी में भी अपना प्रदर्शन बेहतर करना होगा क्योंकि रेड्डी ने लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट में महत्वपूर्ण अवसरों पर विकेट लिए थे। भारत लीड्स के संयोजन को फिर से आजमा सकता है, जहां उसके पास जडेजा के रूप में केवल एक स्पिनर था और छठे नंबर तक विशेषज्ञ बल्लेबाज थे, जिसमें करुण नायर और साई सुदर्शन दोनों अंतिम एकादश में थे। इसके अलावा नए तेज़ गेंदबाज़ अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा भी अंतिम एकादश में जगह बनाने के दावेदार हैं। अगर आकाश दीप कमर की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाते हैं, तो इनमें से कोई भी उनकी जगह ले सकता है। आकाश दीप की तरह, कंबोज भी अच्छी सीम मूवमेंट पैदा कर सकते हैं। वह भारत ए के इंग्लैंड दौरे का भी हिस्सा थे और इस तरह से यहां की परिस्थितियों से कुछ हद तक वाकिफ हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का अंतिम एकादश में जगह बनाना तय है। लॉर्ड्स में श्रृंखला में पहली बार भारतीय बल्लेबाज नहीं चल पाए थे और और अगर भारत को श्रृंखला में वापसी करनी है तो कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली बल्लेबाजी लाइन-अप को फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा। गिल तीसरे टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन इसके बावजूद श्रृंखला में उनके नाम पर 600 से अधिक रन दर्ज हैं। भारत के लिए उनका बड़ा स्कोर काफी मायने रखता है। जोफ्रा आर्चर ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी सफल वापसी में यशस्वी जायसवाल को दो बार आउट किया और यह बाएं हाथ का बल्लेबाज इंग्लैंड के तेज गेंदबाज की अतिरिक्त गति से निपटने के लिए बेहतर तरीके से तैयार होगा। गिल ने भले ही श्रृंखला में भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाए हैं लेकिन वह के एल राहुल हैं जो अधिक विश्वसनीय बल्लेबाज नजर आए। भारत को फिर से उनसे ठोस प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। मैच से पहले भारत के अभ्यास सत्र को देखकर लगता है कि ऋषभ पंत अपनी उंगली की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं और हमेशा की तरह अपनी दोहरी जिम्मेदारी निभाएंगे। अगर नायर को एक और मौका मिलता है, तो वह अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए बेताब होंगे। लगातार चार अर्धशतक लगाने वाले जडेजा मध्यक्रम को मजबूती दे रहे हैं लेकिन उन्हें गेंदबाजी में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इंग्लैंड के अन्य स्थानों की तुलना में भारत को मैनचेस्टर में कम खेलने का मौका मिला है। उसने यहां अपना आखिरी टेस्ट मैच 2014 में खेला था। इस मैदान पर भारत की तरफ से आखिरी शतक सचिन तेंदुलकर ने 1990 में लगाया था। भारत की निगाह जहां श्रृंखला बराबर करने पर टिकी हैं वहीं इंग्लैंड अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगा। जैसा कि आमतौर पर होता है, बेन स्टोक्स ने मैच से पहले अपनी अंतिम एकादश चुनी और उनकी टीम में एकमात्र बदलाव चोटिल शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को शामिल करना है। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी मैच जुलाई 2017 में खेला था। मैनचेस्टर में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है और मैच के पांचों दिन हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इससे तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है। टीमें इस प्रकार हैं: भारत: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज। इंग्लैंड की टीम: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (उप-कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर।