samacharsecretary.com

महिला क्रिकेट टीम का सम्मान: आज पीएम से मुलाकात, कल राष्ट्रपति से सम्मान समारोह

नई दिल्ली  वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज (बुधवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेगी. टीम का रवाना होने का समय शाम 4:10 बजे तय किया गया है, जबकि प्रधानमंत्री का आगमन और बैठक का आरंभ शाम 6 बजे होगा.  सूत्रों के अनुसार, महिला टीम कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात कर सकती है. हालांकि इस मुलाकात का समय अभी पुष्टि किया जाना बाकी है.  /ध्यान रहे भारतीय टीम ने रविवार (2 नवंबर) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में हुए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था; भारतीय महिला टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप खिताब जीता था.  माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस दौरान महिला टीम की खिलाड़ियों से बातचीत करेंगे और उनके अनुभव सुनेंगे. प्रधानमंत्री के साथ यह मुलाकात महिला खिलाड़ियों के लिए एक यादगार पल होगा. वहीं पीएम मोदी ने महिला टीम की जीत पर एक पोस्ट भी क‍िया था.  पीएम मोदी ने महिला टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद अपने X अकाउंट पर  पोस्ट क‍िया था. पीएम मोदी ने लिखा था, 'आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत हुई. खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन स्किल, आत्मविश्वास और टीमवर्क दिखाया. यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की चैम्पियंस को इस खेल को अपनाने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी. टीम इंडिया को ढेरों बधाइयां.' भारतीय महिला टीम को खिताब जीतने के बाद आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) से प्राइज मनी के तौर पर 4.48 मिलियन डॉलर (लगभग 40 करोड़ रुपये) मिले. यह राशि साल 2022 के वर्ल्ड कप में चैम्पियन बनने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को मिली राशि (1.32 मिलियन डॉलर) से 239 प्रतिशत ज्यादा थी.

ICC ने दिया फैसला: रऊफ सस्पेंड, सूर्या पर जुर्माना, एशिया कप विवाद का अंत

मुंबई  इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की बैठक से दुबई में शुरू हुई है. इस मीटिंग में एशिया कप विवाद का मुद्दा उठा. जिसके बाद आईसीसी ने पाकिस्तानी खिलाड़ी हारिस रऊफ को दो मुकाबले के लिए सस्पेंड कर दिया जबकि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर 30 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगा है. बता दें कि एशिया कप 2025 में भारत-पाक के बीच फाइनल समेत 3 मैच खेले गए थे. इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच तनातनी का माहौल था, जिसे आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन माना है.   दुबई में चल रही इस मीटिंग में आईसीसी ने भारत-पाक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों द्वारा आचार संहिता उल्लंघन (Code of Conduct Breach) के मामलों पर अपना फैसला सुनाया. आईसीसी ने अपने फैसले में बताया कि कुल 5 खिलाड़ियों के खिलाफ अलग-अलग मैचों में कार्रवाई की गई है, जिनमें सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हरीस रऊफ और साहिबजादा फरहान शामिल हैं. ये सभी मामले सितंबर 2025 में खेले गए एशिया कप के तीन मैचों यानी 14 सितंबर, 21 सितंबर और 28 सितंबर से जुड़े हैं. इन मामलों की सुनवाई एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरीज के सदस्यों द्वारा की गई. 14 सितंबर 2025 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप की पहली भिड़ंत हुई थी. इस मैच में हुए विवाद को लेकर सुनवाई मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने की. इसमें सूर्यकुमार यादव को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो खेल की साख को ठेस पहुंचाने वाले व्यवहार से संबंधित है. उन्हें मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना और दो डिमेरिट पॉइंट दिए गए. वहीं साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) को इसी अनुच्छेद के उल्लंघन पर आधिकारिक चेतावनी और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया. जबकि हारिस रऊफ (पाकिस्तान) को भी इसी उल्लंघन का दोषी पाया गया. उन्हें मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना और दो डिमेरिट पॉइंट्स मिले. 21 सितंबर 2025 – भारत बनाम पाकिस्तान इस मैच की सुनवाई मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने की. इसके लिए अर्शदीप सिंह (भारत) पर अनुच्छेद 2.6 के तहत आरोप लगाया गया था, जो अशोभनीय या आपत्तिजनक इशारों से संबंधित है. लेकिन जांच के बाद उन्हें निर्दोष पाया गया और कोई सजा नहीं दी गई. लेकिन टूर्नामेंट के फाइनल में दो खिलाड़ियों पर कार्रवाई हुई. जसप्रीत बुमराह (भारत) पर अनुच्छेद 2.21 के तहत आरोप लगाया गया और आधिकारिक चेतावनी और एक डिमेरिट पॉइंट की सजा मिली. उन्होंने सजा स्वीकार की, इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. वहीं हारिस रऊफ (पाकिस्तान) को एक बार फिर इसी अनुच्छेद का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया. रिची रिचर्डसन की अध्यक्षता में हुई सुनवाई में उन्हें मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना और दो अतिरिक्त डिमेरिट पॉइंट्स मिले. इसलिए 2 मैच से बैन हुए रऊफ रऊफ को दो बार दोषी पाया गया. इसके साथ ही रऊफ के कुल चार डिमेरिट पॉइंट्स पूरे हो गए हैं, जिससे उन्हें दो सस्पेंशन पॉइंट्स मिले हैं. आईसीसी के अनुशासनात्मक ढांचे के अनुसार, यह सजा उन्हें 4 और 6 नवंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दो वनडे मैचों से निलंबित कर देती है. दरअसल, आईसीसी नियमों के अनुसार, 24 महीनों में यदि खिलाड़ी के 4 या अधिक डिमेरिट पॉइंट्स हो जाते हैं, तो उन्हें सस्पेंशन पॉइंट्स में बदला जाता है. दो सस्पेंशन पॉइंट्स का मतलब होता है एक टेस्ट या दो वनडे/टी20 मैचों से प्रतिबंध. डिमेरिट पॉइंट्स 24 महीने बाद समाप्त  हो जाते हैं.

मैट कुहनेमन बोले: अभिषेक शर्मा को रोकना हमारी पहली प्राथमिकता, जानें क्यों मानी चुनौती

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर मैट कुहनेमन ने भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को बेहद कुशल बल्लेबाज करार दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी टीम पांच मैच की टी20 श्रृंखला के बाकी बचे दो मैच में उन्हें जल्दी आउट करने में सफल रहेगी। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला के मेलबर्न में खेले गए दूसरे मैच में एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद 37 गेंद पर 68 रन की शानदार पारी खेली थी। पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 की बराबरी पर है और शेष दो मैचों में अभिषेक पर काफी कुछ निर्भर है। बाएं हाथ के स्पिनर कुहनेमन ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, ‘उम्मीद है कि जेवियर बार्टलेट या कोई तेज गेंदबाज, बेनी (बेंजामिन) ड्वारशुइस शुरुआती ओवरों में उन्हें आउट करने में सफल रहेगा। अभिषेक बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज है और पहली गेंद से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करता है। गुरुवार का मैच काफी रोमांचक होगा लेकिन हमें उम्मीद है कि हम उन्हें सस्ते में आउट कर देंगे।’ कुहनेमन ने कहा कि भारत भी अब ऑस्ट्रेलिया की शैली में ही क्रिकेट खेल रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि जिस तरह से वे खेल रहे हैं, वह कुछ-कुछ वैसा ही है जैसा हम खेल रहे हैं। भारत भी शुरू से ही आक्रामक रवैया अपना रहा है। मुझे लगता है कि बीच के ओवर में विकेट लेना दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा।’

हरमनप्रीत कौर का बड़ा संदेश: सपने देखना कभी मत छोड़ो, किस्मत कब पलट जाए कोई नहीं जानता

नई दिल्ली बचपन में अपने पिता का बड़ा बल्ला थामकर क्रिकेट का ककहरा सीखने वाली हरमनप्रीत कौर ने सपने देखना कभी नहीं छोड़ा और भारत को पहला महिला विश्व कप खिताब दिलाने के बाद वह खुद को आभारी मानती हैं। नवी मुंबई में रविवार को खेले गए महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में भारत को 52 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने युवाओं को सलाह दी, ‘‘सपने देखना कभी बंद मत करो। आप कभी नहीं जानते कि आपका भाग्य आपको कहां ले जाएगा।’’ हरमनप्रीत ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा जारी किए गए वीडियो में कहा, ‘‘जब से मैंने बचपन में अपनी पसंद-नापसंद का अंदाज़ा लगाना शुरू किया है, तब से मेरे हाथ में हमेशा बल्ला रहता है। मुझे आज भी याद है कि हम अपने पिताजी के किट बैग से एक बल्ला लेकर खेला करते थे। वह बल्ला बहुत बड़ा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक दिन मेरे पिताजी ने मेरे लिए अपना एक पुराना बल्ला काटकर छोटा कर दिया। हम उससे खेला करते थे। जब भी हम टीवी पर मैच देखते थे, भारत को खेलते हुए देखते थे या विश्व कप देखते थे, तो मैं सोचती थी कि मुझे भी ऐसे ही मौके की ज़रूरत है। उस समय मुझे महिला क्रिकेट के बारे में पता भी नहीं था।’’ बचपन से शुरू हुआ यह सफर विश्व कप ट्रॉफी उठाने तक पहुंचा, लेकिन इस बीच उन्हें कठिन संघर्ष और दिल तोड़ने वाली हार का सामना भी करना पड़ा। हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘मैं सपना देख रही थी कि मैं यह नीली जर्सी कब पहनूंगी। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। एक युवा लड़की जो महिला क्रिकेट के बारे में नहीं जानती थी, लेकिन फिर भी एक दिन अपने देश में बदलाव लाने का सपना देख रही थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इससे हमें सीख मिलती है कि आपको सपने देखना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। आप कभी नहीं जानते कि आपका भाग्य आपको कहां ले जाएगा। आप कभी नहीं सोचते, यह कब होगा, यह कैसे होगा। आप केवल यही सोचते हैं, यह होगा। मुझे विश्वास था कि ऐसा हो सकता है और आखिर में वैसा ही हुआ।’’ इस 36 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि बचपन का सपना पूरा होने के बाद वह राहत और खुशी महसूस कर रही हैं। हरमनप्रीत ने कहा,‘‘व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए यह बहुत भावुक क्षण है क्योंकि बचपन से ही यह मेरा सपना था। जब से मैंने खेलना शुरू किया तो एक दिन विश्व कप जीतना मेरा सपना था। अगर मुझे अपनी टीम का नेतृत्व करने का मौका मिलता है तो मैं यह मौका नहीं गंवाना चाहती।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने ये सारी बातें अपने दिल की गहराइयों से कहीं। और भगवान ने एक-एक करके सब कुछ सुन लिया। यह जादू जैसा है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि अचानक सब कुछ कैसे ठीक हो गया। अब हम विश्व चैंपियन हैं। मैं बहुत निश्चिंत महसूस कर रही हूं। मैं ईश्वर की आभारी हूं जिन्होंने हमें यह पल दिया जिसका हम वर्षों से सपना देख रहे थे।’’ हरमनप्रीत ने उस भव्य स्वागत को याद किया जब 2017 महिला विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड से हारने के बाद भारतीय टीम लंदन से स्वदेश लौटी थी। मिताली राज की अगुवाई वाली उस टीम में हरमनप्रीत, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा जैसी मौजूदा टीम की सीनियर खिलाड़ी शामिल थीं। उन्होंने कहा, ‘‘ हम 2017 के फाइनल में करीबी अंतर से हार गए थे। हमारा दिल टूट गया था लेकिन जब हम स्वदेश लौटे तो भारत में प्रशंसकों ने जिस तरह से हमारा स्वागत किया उससे पता चलता है कि न केवल हम, बल्कि पूरा देश महिला क्रिकेट में कुछ खास करने का इंतजार कर रहा था। विश्व चैंपियन बनना अकेले संभव नहीं था। यह सभी के आशीर्वाद और प्रार्थनाओं से संभव हुआ।’’   

भारतीय चमक आईसीसी महिला विश्व कप में! मंधाना, जेमिमा और दीप्ति ने दिलाया देश को गर्व

दुबई महिला वनडे विश्व कप में भारत को चैंपियन बनने में अहम भूमिका निभाने वाली स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की मंगलवार को घोषित की गई टूर्नामेंट की टीम में शामिल किया गया है। भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराया था। दक्षिण अफ्रीका की भी तीन खिलाड़ियों को टूर्नामेंट की टीम में जगह मिली है। इनमें उसकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट भी शामिल हैं जिन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम का कप्तान चुना गया है। उन्होंने 71.37 की औसत से 571 रन बनाकर किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। आईसीसी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम की तीन खिलाड़ियों एनाबेल सदरलैंड, ऐश गार्डनर और लेग स्पिनर अलाना किंग को भी टीम में शामिल किया गया है। पाकिस्तान की विकेटकीपर सिदरा नवाज टीम में शामिल एकमात्र ऐसी खिलाड़ी है जिनकी टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंची। ⁠ इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन को भी टीम में शामिल किया गया है, जिनके अच्छे प्रदर्शन से उनकी टीम सेमीफाइनल तक पहुंची। उनकी हमवतन नैट स्किवर-ब्रंट को 12वें खिलाड़ी के रूप में नामित किया गया है। सलामी बल्लेबाज मंधाना ने 54.25 की औसत से एक शतक और दो अर्द्धशतक की मदद से 434 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रही। रोड्रिग्स ने एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 58.40 की औसत से 292 रन बनाए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 127 रन बनाकर भारत को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दीप्ति ने अपने ऑलराउंड खेल से प्रभावित किया। उन्होंने 30.71 की औसत से 215 रन बनाने के अलावा 20.40 की औसत से 22 विकेट भी लिए। उन्होंने टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट हासिल किये। दीप्ति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में 58 रन बनाने के अलावा 39 रन देकर पांच विकेट भी लिए। उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। आईसीसी महिला विश्व कप टूर्नामेंट की टीम: 1. स्मृति मंधाना (भारत) 2. लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान) (दक्षिण अफ्रीका) 3. जेमिमा रोड्रिग्स (भारत) 4. मारिज़ेन काप (दक्षिण अफ्रीका) 5. ऐश गार्डनर (ऑस्ट्रेलिया) 6. दीप्ति शर्मा (भारत) 7. एनाबेल सदरलैंड (ऑस्ट्रेलिया) 8. नादिन डी क्लार्क (दक्षिण अफ्रीका) 9. सिदरा नवाज़ (विकेटकीपर) (पाकिस्तान) 10. अलाना किंग (ऑस्ट्रेलिया) 11. सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड) 12वीं खिलाड़ी: नैट स्किवर-ब्रंट (इंग्लैंड)।  

ICC महिला वनडे रैंकिंग: मंधाना की बादशाहत खत्म, लॉरा वोल्वार्ड्ट ने छीनी नंबर-1 पोजिशन

दुबई भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला एक दिवसीय रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसक गई है लेकिन जेमिमा रोड्रिग्स नौ स्थान की छलांग लगाकर 10वें स्थान पर पहुंच गईं। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट नवीनतम सूची में दो स्थान ऊपर चढ़कर पहले स्थान पर पहुंच गई हैं। सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में शतक जड़ने के अपने अविश्वसनीय प्रदर्शन के बाद वोल्वार्ड्ट ने मंधाना को पीछे छोड़ दिया। वोल्वार्ड्ट ने टूर्नामेंट में 571 रन बनाए, जो किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन का नया रिकॉर्ड है। इससे वह अपने करियर की सर्वोच्च रेटिंग 814 हासिल करने में सफल रही। भारत ने रविवार को खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। ⁠ नवी मुंबई में सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद शतक जड़कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली रोड्रिग्स ने अपने इस शानदार प्रदर्शन के दम पर शीर्ष 10 में प्रवेश किया, जबकि फोबे लिचफील्ड ने उसी मैच में शतक की बदौलत 13 स्थान की छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 13वीं रैंकिंग (637) हासिल की। आस्ट्रेलिया की एलिस पेरी सातवें स्थान पर पहुंच गईं। उन्होंने न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन के साथ संयुक्त सातवां स्थान हासिल किया। डिवाइन पहले ही वनडे से संन्यास लेने की घोषणा कर चुकी है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी चार स्थान ऊपर चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गयीं। गेंदबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका की मारिजाने काप अब सोफी एक्लेस्टोन को शीर्ष स्थान से हटाने के करीब पहुंच गई हैं। उनके अब 712 रेटिंग अंक हो गए हैं। भारत की दीप्ति शर्मा विश्व कप फाइनल में 58 रन बनाने के अलावा पांच विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑलराउंडर की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।  

उच्च न्यायालय ने बधिर खिलाड़ियों के पुरस्कार के लिए मानदंड तैयार करने को कहा

नई दिल्ली दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र को निर्देश दिया है कि वह बधिर खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, 2025 प्रदान करने के लिए जल्द से जल्द उचित मानदंड तैयार करे। अदालत ने कहा कि मौजूदा मानदंड पैरा खिलाड़ियों की तुलना में उनके साथ भेदभाव करते हैं। उच्च न्यायालय ने कहा कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 बधिर व्यक्तियों तथा शारीरिक या चलने-फिरने में अक्षम व्यक्तियों के बीच भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ता है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार की योजना में बधिर खिलाड़ियों के लिए अवसर की कमी से भेदभावपूर्ण व्यवस्था तैयार होती है। ⁠ न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने सोमवार को पारित आदेश में कहा कि बधिर खिलाड़ियों को पुरस्कार के लिए आवेदन प्रस्तुत करने में सक्षम बनाने के लिए शीघ्रता से मानदंड तैयार किए जाएं। उन्होंने इसके साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाने का निर्देश भी दिया। पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर थी।  

टीम इंडिया का एशिया कप शेड्यूल जारी, पाकिस्तान से हाई-वोल्टेज मैच 16 नवंबर को

नई दिल्ली  एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने अभी तक टीम इंडिया को एशिया कप 2025 की विनर ट्रॉफी नहीं दी है, लेकिन नए टूर्नामेंट की तैयारी शुरू कर दी है. दोहा कतर में एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 का आयोजन कर रहा है. इस टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी. वहीं फाइनल मुकाबला 23 नवंबर को खेला जाएगा. इसके लिए बीसीसीआई ने इंडिया ए टीम का ऐलान कर दिया है. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम लीग स्टेज में 3 मैच खेलने वाली है. वैभव सूर्यवंशी और जितेश शर्मा आएंगे नजर  टीम इंडिया पाकिस्तान ए के खिलाफ मुकाबला 16 नवंबर को खेलने वाली है. उससे पहले 14 नवंबर को टीम इंडिया यूएई के खिलाफ खेलेगी. लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला भारत 18 नवंबर को ओमान के खिलाफ खेलेगा. बीसीसीआई ने अपनी जूनियर टीम की कप्तानी जितेश शर्मा को सौंपी है. जितेश मौजूदा समय में टीम इंडिया के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में खेल रहे हैं. हालांकि सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं. पाकिस्तान के खिलाफ वैभव बड़ा स्कोर करके खुद का साबित करना चाहेंगे.    राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया A की टीम प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, नेहाल वढेरा, नमन धीर (उपकप्तान), सूर्यांश शेडगे, जितेश शर्मा (कप्तान) (विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, विजय कुमार वैशाख, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुयश शर्मा.    स्टैंड-बाय खिलाड़ी: गुरनूर सिंह बरार, कुमार कुशाग्र, तनुश कोटियन, समीर रिजवी, शेख रशीद. 

क्रिकेट के बड़े मुकाबले में 16 नवंबर को भारत-पाक आमने-सामने, भारतीय टीम का ऐलान

नई दिल्ली  सीनियर मेंस सिलेक्शन कमिटी ने कतर में होने वाले एशियन क्रिकेट काउंसिल के राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ‘ए’ टीम का चयन किया है. यह टूर्नामेंट 14 से 23 नवंबर 2025 तक दोहा के वेस्ट एंड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत ए की टीम: प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहल वढेरा, नमन धीर (उपकप्तान), सूर्यांश शेडगे, जितेश शर्मा (कप्तान और विकेटकीपर) रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजापनीत सिंह, विजय कुमार वैश्य, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर) और सुयश शर्मा स्टैंड-बाय खिलाड़ी: गुरनूर सिंह बराड़, कुमार कुशाग्र, तनुश कोटियन, समीर रिजवी और शेख रशीद. 16 नवंबर को भारत-पाक टक्कर, 23 को फाइनल ग्रुप ए में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, हांगकांग और श्रीलंका हैं, जबकि ग्रुप बी में भारत, ओमान, पाकिस्तान और यूएई को रखा गया है. भारत-पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला 16 नवंबर को होगा. दोनों सेमीफाइनल एक ही दिन यानी 21 नवंबर को निपटा दिए जाएंगे. फाइनल मैच 23 नवंबर, रविवार को होगा. सिर्फ एक ही बार जीत पाया है भारत इस टूर्नामेंट को पहले एसीसी इमर्जिंग एशिया कप के नाम से जाना जाता था. इस टूर्नामेंट की शुरुआत साल 2013 में हुई थी. अब तक इसके छह एडिशन खेले जा चुके हैं. टूर्नामेंट की शुरुआत अंडर-23 के रूप में हुई थी और बाद में इसे ‘ए’ टीमों की प्रतियोगिता में बदल दिया गया. पाकिस्तान और श्रीलंका ने इसे दो-दो बार जीता है, जबकि भारत और अफगानिस्तान ने इसे एक-एक बार जीता है. 2024 में श्रीलंका को हराकर अफगानिस्तान डिफेंडिंग चैंपियन है. अपनी मेन टीम के साथ उतरेगी तीन एसोसिएट टी-20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इमर्जिंग एशिया कप में भारत-पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान की ‘ए’ टीम के अलावा तीन एसोसिएट टीम यानी हांगकांग, ओमान और यूएई अपनी मुख्य टीम लेकर उतरेगी.

प्रधानमंत्री मोदी जल्द मिलेंगे महिला क्रिकेट टीम से, हरमन ब्रिगेड के साथ खास मुलाकात संभव

नई दिल्ली भारतीय टीम ने रविवार (2 नवंबर) को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में हुए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया. भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया. भारतीय महिला टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप खिताब जीता है. वहीं साउथ अफ्रीका का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया. अब इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया की खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का मौका मिलेगा. आजतक को सूत्रों ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी बुधवार (5 नवंबर) को दिल्ली में महिला टीम से मुलाकात कर सकते हैं. यह मुलाकात ना केवल टीम की शानदार उपलब्धि का जश्न होगी, साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक भी मानी जा रही है. माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस दौरान महिला टीम की खिलाड़ियों से बातचीत करेंगे और उनके अनुभव सुनेंगे. प्रधानमंत्री के साथ यह मुलाकात महिला खिलाड़ियों के लिए एक यादगार पल साबित होगी, जिनके शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है. भारतीय महिला टीम पर इनामों की भी बारिश हो रही है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) पहले ही महिला टीम के लिए 51 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार घोषित कर चुका है. पीएम मोदी ने महिला टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद अपने X अकाउंट पर खास ट्वीट किया था. पीएम मोदी ने लिखा था, 'आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत हुई. खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन स्किल, आत्मविश्वास और टीमवर्क दिखाया. यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की चैम्पियंस को इस खेल को अपनाने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी. टीम इंडिया को ढेरों बधाइयां.' भारतीय महिला टीम को खिताब जीतने के बाद आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) से प्राइज मनी के तौर पर 4.48 मिलियन डॉलर (लगभग 40 करोड़ रुपये) मिले हैं. यह राशि साल 2022 के वर्ल्ड कप में चैम्पियन बनने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को मिली राशि (1.32 मिलियन डॉलर) से 239 प्रतिशत ज्यादा है.