samacharsecretary.com

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप: नीरज चोपड़ा ने पहले थ्रो में ही किया क्वालिफाई, फाइनल में पहुंचे

तोक्यो भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने 84.85 मीटर की दूरी का भाला फेंककर वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पुरुष भाला फेंक के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है. बुधवार को क्वालिफाइंग राउंड में नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही थ्रो में ये कमाल किया. दरअसल, 84.50 मीटर क्वालीफिकेशन मार्क था. लेकिन नीरज चोपड़ा ने 84.85 मीटर की दूरी का भाला फेंका. गुरुवार यानी की कल फाइनल खेला जाएगा. जहां नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम का आमना-सामना हो सकता है. दिलचस्प बात यह रही कि नीरज चोपड़ा के अलावा किसी भी एथलीट ने पहले राउंड में सीधे क्वालीफिकेशन हासिल नहीं किया. बता दें कि नीरज चोपड़ा के ग्रुप में कुल 6 एथलीट हैं. भारतीय भाला फेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा अब फाइनल मुकाबले में गुरुवार को उतरेंगे. उनके सामने अपनी बादशाहत बचाने की चुनौती होगी. वहीं, पाकिस्तान के अरशद नदीम से भी उनका मुकाबला होगा. पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद यह पहली बार होगा जब दोनों एक ही मंच पर उतरेंगे. पेरिस में अरशद ने 92.97 मीटर थ्रो कर स्वर्ण जीता था, जबकि नीरज का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.45 मीटर रहा और उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा. अरशद और नीरज अलग-अलग ग्रुप में बता दें कि क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज को 19 सदस्यीय ग्रुप ए में रखा गया था, जिसमें वेबर, वाल्कोट, वाडलेज और सचिन यादव शामिल थे. वहीं, ग्रुप बी में अरशद नदीम, पीटर्स, येगो, दा सिल्वा, रोहित यादव, यशवीर सिंह और श्रीलंका के उभरते खिलाड़ी रमेश थरंगा पथिरगे हैं. 84.50 मीटर का निशान पार करने वाले या टॉप-12 थ्रोअर फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे. डिफेंडिंग चैंपियन हैं नीरज चोपड़ा नीरज चोपड़ा को इस इवेंट के फाइनल में पहुंचने के लिए 84.50 मीटर भाला फेंकना था और उन्होंने पहले ही राउंड में इस बाधा को पार करते हुए ये उपलब्धि अपने नाम कर ली। नीरज चोपड़ा मौजूदा समय में भारतीय एथलीट विश्व चैंपियनशिप में जैवलीन थ्रो इवेंट के विजेता हैं और साल 2023 में उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। नीरज चोपड़ा इस इवेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं और वे जान जेलेज़नी (1993, 1995) और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (2019, 2022) के बाद इतिहास में वर्ल्ड जैवलिन टाइटल को लगातार दो बार जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी बनने की कोशिश करेंगे। नीरज ने साल 2023 में 88.17 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था, जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम 87.82 मीटर थ्रो के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे जबकि और याकुब वडलेच (86.67 मीटर थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।

वरुण चक्रवर्ती टी20 रैंकिंग में टॉप पर, दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज बने – भारत को मिली बड़ी खुशी

नई दिल्ली  भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की रैंकिंग में पहली बार नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। आईसीसी की आधिकारिक घोषणा आईसीसी ने एक बयान में कहा, 'भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को 2025 में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है और वे आईसीसी पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय प्लेयर रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं।' चक्रवर्ती ने एशिया कप में यूएई के खिलाफ चार रन देकर एक और पाकिस्तान के खिलाफ 24 रन देकर एक विकेट लिया। बुमराह और बिश्नोई के बाद तीसरे चक्रवर्ती से पहले सिर्फ दो भारतीय गेंदबाज ही टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे हैं। इनमें बुमराह और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई शामिल हैं। अब वरुण चक्रवर्ती भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव 16 पायदान की छलांग लगाकर 23वें स्थान पर हैं, जबकि अक्षर पटेल एक पायदान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों में 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बुमराह चार पायदान चढ़कर 40वें स्थान पर हैं। अभिषेक को ऑलराउंडर्स में भी फायदा ऑलराउंडर्स में हार्दिक पांड्या शीर्ष पर हैं, जबकि अभिषेक शर्मा चार स्थान चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गए। बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शीर्ष पर बने हुए हैं जिन्होंने करियर के सर्वोच्च 884 रेटिंग अंक हासिल कर लिए। शुभमन गिल 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं। तिलक वर्मा दो स्थान खिसककर चौथे और सूर्यकुमार यादव एक स्थान खिसककर सातवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे और जोस बटलर तीसरे स्थान पर हैं। बीते 12 महीनों में शानदार प्रदर्शन 34 वर्षीय चक्रवर्ती पिछले एक साल से भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में नियमित रूप से खेल रहे हैं। उन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई है। यही कारण है कि उन्होंने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वरुण का अंतरराष्ट्रीय करियर वरुण ने अब तक भारत के लिए 20 टी20 में 35 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 6.83 का रहा है। 17 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वरुण चार वनडे भी खेल चुके हैं और 10 विकेट ले चुके हैं। आईसीसी रैंकिंग में भारतीयों का दबदबा अब टेस्ट और टी20 में भारतीय गेंदबाज नंबर-1 हैं। टी20 में वरुण के अलावा  टेस्ट में जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर हैं। वहीं, वनडे में दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज शीर्ष पर हैं। वहीं, बल्लेबाजों में भी भारतीयों का दबदबा है। वनडे और टी20 में भारतीय शीर्ष पर हैं। वनडे में शुभमन गिल और टी20 में अभिषेक शर्मा नंबर एक बल्लेबाज हैं। टेस्ट में इंग्लैंड के जो रूट शीर्ष पर हैं। वहीं, टीम रैंकिंग में भारत वनडे और टी20 में शीर्ष पर है। टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है।  ऑलराउंडर्स में टेस्ट में रवींद्र जडेजा और टी20 में हार्दिक पांड्या शीर्ष पर हैं। वहीं, वनडे में जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा नंबर एक ऑलराउंडर हैं।  

अपशब्दों के बाद बदली भाषा: मोहम्मद यूसुफ ने सूर्यकुमार यादव से मांगी माफी

नई दिल्ली भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया, न ही सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय सलमान अली आगा से हाथ मिलाया. इसके बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है, शोएब अख्तर से लेकर शाहिद अफरीदी तक इस पर बोल रहे हैं. लेकिन मोहम्मद यूसुफ़ ने तो सारी हदें पार कर दी थी, उन्होंने एक टीवी कार्यक्रम में सूर्यकुमार यादव को अपशब्द कहे थे. लेकिन 24 घंटे के अंदर उन्होंने इसको लेकर सफाई दी. यूसुफ़ ने ट्वीट करते हुए लिखा, "मेरा इरादा किसी भी ऐसे प्लेयर का अपमान करना नहीं था, जो अपने देश के लिए पूरे जोश और लगन से खेलता है. लेकिन जब इरफ़ान पठान ने कहा कि शाहिद अफरीदी कुत्ते की तरह भौंक रहे हैं, तो इंडियन मीडिया और लोग उनकी तारीफ़ क्यों कर रहे थे? क्या गरिमा और सम्मान की बात करने वाले सभी लोगों को उनकी इस बात को खारिज नहीं करना चाहिए था?" क्यों बौखलाए हुए हैं पाकिस्तानी दरअसल पहलगाम हमले के बाद पहली बार था, जब भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेल रही थी. सोशल मीडिया पर विरोध के बीच टीम इंडिया ने निर्णय लिया कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे और ऐसा ही किया. इसके बाद पीसीबी ने मैच रेफरी को हटाने की मांग की, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया. आज पाकिस्तान का मुकाबला यूएई के साथ है. ग्रुप ए से भारतीय क्रिकेट टीम सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है, जबकि आज पाकिस्तान बनाम यूएई मैच की विजेता सुपर-4 में जाने वाली दूसरी टीम होगी और हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी.  

वेस्टइंडीज ने टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा की, 2 अक्टूबर से भारत में मुकाबला

नई दिल्ली क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने भारत दौरे के लिए अपनी 15 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है. यह सीरीज 2 से 14 अक्टूबर तक अहमदाबाद और दिल्ली में खेली जाएगी. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का हिस्सा है और मौजूदा चक्र में वेस्टइंडीज का पहला विदेशी टेस्ट दौरा होगा. साथ ही, यह 2018 के बाद भारत का उनका पहला टेस्ट दौरा है. इन खिलाड़ियों को मिला मौका टीम में तीन बदलाव किए गए हैं. तजेनरीन चंद्रपॉल और एलिक अथनाजे को टीम में शामिल किया गया है, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर खैरी पियरे को पहली बार टेस्ट कॉल-अप मिला है. चंद्रपॉल और अथनाज़े को टॉप ऑर्डर को मज़बूत करने के लिए लाया गया है, वहीं पियरे को दूसरे स्पिन विकल्प के रूप में जगह दी गई है. उन्होंने वेस्टइंडीज चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 13.56 की औसत से 41 विकेट झटके थे. गुडाकेश मोटी को इस सीरीज से आराम दिया गया है ताकि वे अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप और सीमित ओवरों की व्यस्त सीरीज़ के लिए फिट रह सकें. टीम के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा कि भारत में खेलना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है. टीम 22 सितंबर को भारत के लिए रवाना होगी और 24 सितंबर को अहमदाबाद पहुंचेगी. वेस्टइंडीज टेस्ट टीम (भारत दौरे के लिए): रोस्टन चेज़ (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), केवलॉन एंडरसन, अलीक अथनाज़े, जॉन कैंपबेल, तगेनराइन चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खैरी पियरे, जेडन सील्स. पूरा कार्यक्रम: पहला टेस्ट: 2-6 अक्टूबर, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद दूसरा टेस्ट: 10-14 अक्टूबर, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली

टेस्ट के पहले दिन सैम कोंस्टास का धमाल, अय्यर ब्रिगेड की पकड़ ढीली

लखनऊ  सैम कोंस्टास की शतकीय पारी और पहले विकेट के लिए कैंपबेल केलावे के साथ 198 रन की साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट के शुरुआती दिन भारत ए के खिलाफ मंगलवार को लखनऊ में पांच विकेट पर 337 रन बना लिए। हर्ष दुबे ने तीन विकेट लेकर मैच में भारत ए की कुछ हद तक वापसी कराई। दुबे ने 21 ओवर में 88 रन देकर तीन विकेट झटके। कोंस्टास ने भारतीय टीम के पिछले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पदार्पण मैच में आक्रामक पारी से प्रभावित किया था। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के रिकार्डधारी दुबे की गेंद पर आउट होने से पहले परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए 144 गेंद की पारी में 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 109 रन बनाए।   प्रसिद्ध कृष्णाके खिलाफ आक्रामक तेवर इस 19 साल के खिलाड़ी को केलावे का शानदार साथ मिला, जिन्होंने 97 गेंद में 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 88 रन बनाए। कोंस्टास और केलावे की जोड़ी ने भारतीय टेस्ट गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा सहित अन्य गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखा कर टीम को 38वें ओवर में 200 रन के करीब पहुंचा दिया। इस साझेदारी को गुरनूर बरार (47 रन पर एक विकेट) ने केलावे तनुष कोटियान के हाथों कैच कराकर तोड़ा। इस साझेदारी के टूटने के बाद क्रीज पर आए कप्तान नाथन मैकस्वीनी (एक) कुछ खास नहीं कर सके और दुबे का पहला शिकार बने। दुबे ने दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को एलबीडब्ल्यू करने के बाद कोंस्टास को भी बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। भारत ने पकड़ बनाने का मौका गंवाया बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद (46 रन पर एक विकेट) ने ज्यादा समय गंवाए बिना ऑलिवर पिक (दो) को एलबीडब्ल्यू किया तब लगा कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारत ए की टीम अब मैच पर पकड़ बना लेगी। कूपर कॉनली (70) और लियन स्कॉट (नाबाद 47) ने पांचवें विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी कर एक बार फिर से मैच पर ऑस्ट्रेलिया ए का दबदबा कायम कर दिया। इस साझेदारी को दुबे ने कॉनली को देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराकर तोड़ा। कॉनली ने 84 गेंद की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। स्टंप्स के समय स्कॉट के साथ जॉश फिलिप (नाबाद तीन) क्रीज पर मौजूद थे। प्रसिद्ध कृष्णा और तनुष कोटियान को कोई सफलता नहीं मिली। कृष्णा ने 11 ओवर में 47 जबकि कोटियान ने 19 ओवर में 92 रन दिए।  

एशिया कप 2025: बांग्लादेश की पारी हुई शुरू, फारूकी ने संभाली अफगान अटैक की कमान

दुबई  आज अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीज एशिया कप 2025 का नौवां मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमों की अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में टक्कर हो रही है। बांग्लादेश ने 'करो या मरो' मैच में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी है। बांग्लादेश ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं जबकि अफगानिस्तान ने कोई फेरबदल नहीं किया। ग्रुप बी का हिस्सा राशिद खान की अगुवाई वाली अफगानिस्तान टीम टूर्नामेंट में दूसरी बार मैदान पर उतरी है और सुपर-4 का टिकट कटाने पर नजर है। उसने पहले मैच में हॉन्ग कॉन्ग को 94 रनों से रौंदा था। वहीं, लिटन दास की कप्तानी वाली बांग्लादेश टीम ग्रुप चरण का अपना तीसरा और आखिरी मैच खेल रही है। बांग्लादेश को अगर आज हार मिली तो टूर्नामेंट से पत्ता कट जाएगा। उसके खाते में दो मैचों में सिर्फ दो अंक हैं। बांग्लादेश को अपने पिछले मैच में श्रीलंका के हाथों 6 विकेट से हार मिली थी। बांग्लादेश की पारी हुई शुरू बांग्लादेश की पारी शुरू हो गई है। तंजीद हसन तमीम और सैफ हसन बैटिंग करने उतरे हैं। अफगानिस्तान के बॉलिंग अटैक की कमान फजलहक फारूक ने संभाली। उन्होंने पहले ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। 

TMC सांसद यूसुफ पठान की राहत नहीं, हाईकोर्ट ने अतिक्रमण मामले में आवेदन ठुकराया

अहमदाबाद  गुजरात हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए यूसुफ पठान को अतिक्रमणकारी करार दिया है. पूर्व क्रिकेटर व वर्तमान टीएमसी सांसद यूसुफ पठान पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप है. हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि जल्द ही जमीन को खाली किया जाए. अतिक्रमण के संबंध में यूसुफ पठान की तरफ से याचिका कोर्ट में दायर की गई थी. हाईकोर्ट ने पठान की याचिका खारिज करते हुए उसे अतिक्रमणकारी करार दिया है. वडोदरा के भूखंड को खाली करने का आदेश गुजरात हाईकोर्ट ने पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान को वडोदरा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का दोषी पाया है. कोर्ट ने उन्हें विवादित भूखंड को खाली करने का आदेश दिया है. इस फैसले में कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि सेलिब्रिटी कानून से ऊपर नहीं हो सकते और उन्हें विशेष छूट देना समाज के लिए गलत संदेश देता है. सिंगल बेंच ने की सुनवाई न्यायमूर्ति मोना भट्ट की सिंगल बेंच ने यह फैसला सुनाया, जिसमें यूसुफ पठान की याचिका खारिज कर दी गई जिसमें उन्होंने अपने बंगले से सटे सरकारी भूखंड पर कब्जा बनाए रखने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने क्या कहा? हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा सेलिब्रिटीज का समाज पर गहरा प्रभाव होता है. यदि उन्हें कानून तोड़ने के बावजूद छूट दी जाती है तो इससे न्यायिक व्यवस्था पर से जनता का भरोसा कमजोर होता है. ऐसे व्यक्तियों की जिम्मेदारी आम नागरिकों से ज्यादा होती है. क्या है मामला यह विवाद वर्ष 2012 में शुरू हुआ था. वडोदरा नगर निगम ने यूसुफ पठान को सरकारी जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया था. पठान ने इस नोटिस को चुनौती दी और गुजरात हाईकोर्ट का रुख किया. उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि उनके और उनके भाई इरफान पठान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वह जमीन खरीदने की अनुमति दी जाए. उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री को भी इस संबंध में आवेदन दिया था. सरकार का क्या रुख रहा यूसुफ पठान की अर्जी को नगर निगम ने राज्य सरकार को भेजा था, लेकिन वर्ष 2014 में सरकार ने भूमि आवंटन के प्रस्ताव को खारिज कर दिया. इसके बावजूद पठान ने जमीन पर कब्जा बनाए रखा, जससे मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंचा।

Asia Cup 2025 :सुपर फोर में होगी भारत-पाक भिड़ंत? 21 तारीख की टक्कर पर टिकी हैं निगाहें

दुबई  अपनी कमजोरियों और बाहरी विवादों से जूझ रही पाकिस्तानी टीम को अगर सुपर-फोर में पहुंचना है तो हर हाल में यूएई के खिलाफ 17 सितंबर को होने वाला मैच जीतना ही होगा. मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा.पाकिस्तान ने दो मैचों में एक जीत और एक हार दर्ज की है और फिलहाल वह दो अंकों के साथ ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर है. नेट रन रेट के आधार पर वह यूएई (दो अंक) से आगे है, लेकिन यहां एक भी चूक उसे बाहर का रास्ता दिखा देगी. पाकिस्तान का पीछा नहीं छोड़ रहा हैंडशेक विवाद हैंडशेक विवाद के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की डिमांड रद्द कर दी गई है. पाइक्रॉफ्ट को टूर्नामेंट के पाकिस्तान के आखिरी लीग मैच के दौरान मैच रेफरी की भूमिका निभानी है. भले ही यह फैसला प्रशासनिक स्तर का है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाड़ी इससे अपना ध्यान हटा पाएंगे ऐसा मुश्किल लगता है. भारत से हारते ही पाकिस्तान की कमियां उजागर भारत के खिलाफ सात विकेट की करारी हार ने इस पाकिस्तानी टीम की कमजोरी उजागर कर दी है. ओमान जैसी कमजोर टीम को बड़े अंतर से हराने के बाद पाकिस्तान को अपने बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण टी-20 में विश्व चैंपियन भारत के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा. एक जीत और सुपर-फोर में पाकिस्तान यूएई के खिलाफ जीत हासिल करने पर पाकिस्तान सुपर 4 में जगह बना लेगा. भारत पहले ही इस ग्रुप से अगले चरण के लिए क्वालीफाई कर चुका है. पाकिस्तान के क्वालीफाई करने पर दोनों टीम की टक्कर 21 सितंबर यानी रविवार को दुबई में होगी. पाकिस्तानी बल्लेबाज स्पिन खेलने में विफल रहे थे तो गेंदबाजों को भारतीय बैटर्स ने जमकर कूटा था. क्या पाकिस्तान को हरा सकता है UAE? यूएई की टीम भले ही भारत की तरह मजबूत नहीं है लेकिन वह उलटफेर करने में सक्षम है. ओमान के खिलाफ जीत से उसका मनोबल बढ़ा होगा, उसने भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद अच्छी वापसी की है और उसकी टीम अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी. कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू जैसे बल्लेबाज टी-20 प्रारूप में काफी अनुभवी हैं. गेंदबाजी में यूएई के पास अनुभवी जुनैद सिद्दीकी और बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली हैं, लेकिन उन्हें साथी स्पिनर ध्रुव पाराशर और हर्षित कौशिक से अधिक सहयोग की आवश्यकता होगी. पाकिस्तान का स्क्वॉड: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफयान मोकिम. संयुक्त अरब अमीरात का स्क्वॉड: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, अर्यांश शर्मा, आसिफ खान, ध्रुव पराशर, एथन डिसूजा, हैदर अली, हर्षित कौशिक, जुनैद सिद्दीकी, मतीउल्लाह खान, मुहम्मद फारूक, मुहम्मद जवादुल्लाह, मुहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा, रोहिद खान, सिमरनजीत सिंह, सगीर खान.

ICC का बड़ा फैसला: PCB की मांग खारिज, क्या अब एशिया कप 2025 से हटेगा पाकिस्तान?

नई दिल्ली एशिया कप 2025 मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था और ड्रेसिंग रूम का दरवाजा भी बंद कर लिया था। इसको लेकर बवाल मचा हुआ है। इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने आईसीसी से भी शिकायत की, लेकिन आईसीसी ने पीसीबी की उस अर्जी को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने डिमांड की थी कि मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को एशिया कप से हटाया जाए, अन्यथा वे एशिया कप का बॉयकॉट कर देंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो इसकी जानकारी कल रात पीसीबी को दे दी गई है। यह पीसीबी की मांग पर आईसीसी का औपचारिक जवाब है। कहा जा रहा है कि पीसीबी, पाइक्रॉफ्ट की उस भूमिका से नाराज है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को टॉस के दौरान भारतीय कप्तान से हाथ न मिलाने के लिए कहा था। हालांकि, आईसीसी ने इसका कारण बताते हुए कहा है कि ऐसा समझा जाता है कि मैदान पर मौजूद एसीसी (एशियन क्रिकेट काउंसिल) अधिकारियों ने पाइक्रॉफ्ट को बताया था कि टॉस के दौरान कोई कप्तान हाथ नहीं मिलाएगा। आईसीसी के पत्र ने इस बात को स्पष्ट कर दिया और पाकिस्तान के इस विश्वास का खंडन किया कि मैच रेफरी भारतीय टीम की ओर से काम कर रहे थे। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर ने मैच के बाद बताया भी था कि उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ क्यों नहीं मिलाया? दोनों ने एक सुर में कहा था कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए नागरिकों के दर्द को समझते हुए और ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं के सम्मान में उन्होंने ऐसा किया था। अब देखना ये है कि क्या पाकिस्तान अपनी उस धमकी पर टिका रहेगा? जिसमें उसने कहा था कि अगर मैच रेफरी नहीं हटाए गए तो वे एशिया कप से बॉयकॉट कर देंगे?  

ED का शिकंजा कसा, सट्टेबाजी मामले में रॉबिन उथप्पा-युवराज सिंह से अगले हफ्ते पूछताछ

नई दिल्ली  प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह को तलब किया है। 22 सितंबर को रॉबिन उथप्पा को पूछताछ के लिए बुलाया है, जबकि युवराज सिंह को अगले दिन यानी 23 सितंबर को पेश होने के लिए कहा है। खबर के मुताबिक, सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 39 वर्षीय उथप्पा को 1xBet नामक एक प्लेटफॉर्म से जुड़े एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें 22 सितंबर को गवाही देने के लिए कहा गया है। रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह अब तक दिल्ली में इस मामले में तलब किए जाने वाले तीसरे और चौथे पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं। संघीय जांच एजेंसी पिछले कुछ हफ्तों में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पूछताछ कर चुकी है। इस मामले में सोमवार को पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का भी बयान दर्ज किया गया। सूत्रों ने बताया कि बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा इस मामले में अपने निर्धारित समन पर मंगलवार को ईडी के समक्ष पेश हुए, जबकि 1xBet की भारत ब्रांड एंबेसडर और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला मंगलवार को अपनी निर्धारित तिथि पर अभी तक पेश नहीं हुई हैं। यह जांच कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से संबंधित है, जिन पर कई लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने या भारी मात्रा में कर चोरी करने का आरोप है। कंपनी के अनुसार, 1xBet एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सट्टेबाज है, जो सट्टेबाजी उद्योग में 18 वर्षों से कार्यरत है। कंपनी के अनुसार, इस ब्रांड के ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं और कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध है। हालांकि, अब भारत में ऑनलाइन रीयल मनी बेस्ड गेम्स को बैन कर दिया गया है। इसके बाद इस तरह के मामलों पर और भी ज्यादा सख्ती बरती जा रही है। हालांकि, इन भारतीय क्रिकेटरों पर लगे ये आरोप थोड़े पुराने हैं, जब तक यह नियम लागू नहीं हुआ था।