samacharsecretary.com

टीम इंडिया ने किया सुपर-4 क्वालिफाई, पाकिस्तान की सांसें अटकी एशिया कप में

दुबई  टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. अब ग्रुप से दूसरी टीम कौन सी क्वालिफाई करेगी इसके लिए यूएई और पाकिस्तान के मुकाबले पर सभी की नजर होगी. लेकिन टीम इंडिया का रास्ता साफ हो गया है. दरअसल, सोमवार को ग्रुप ए की दो टीमों यूएई और ओमान के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में यूएई ने ओमान को 42 रनों से हरा दिया. ये ओमान की लगातार दूसरी हार थी. जिससे उसका बाहर होना तय हो गया. वहीं, टीम इंडिया ने अपने दोनों मैच जीत लिए हैं और क्वालिफाई कर लिया है. टीम इंडिया ने पहले यूएई को बड़े अंतर से हराया था. इसके बाद रविवार को टीम इंडिया ने पाकिस्तान को भी 7 विकेट से रौंद दिया था. बता दें कि इस बार एशिया कप में पहली बार 8 टीमों ने हिस्सा लिया है. 4-4 टीमों को दो अलग-अलग ग्रुप मे ंबांटा गया है. हर ग्रुप से 2 टीमें सुपर-4 के लिए क्वालिफाई करेंगी. अब समझें पूरा गणित एशिया कप 2025 के ग्रप-ए में 4 टीमें- भारत-पाकिस्तान, यूएई और ओमान हैं. भारत ने अबतक 2 मैच खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है. वहीं, पाकिस्तान और यूएई को एक-एक मैच में जीत मिली है. जबकि ओमान को अपने दोनों मैच में हार मिली है. उसका रास्ता बंद हो गया है. एशिया कप 2025 अंक तालिका Group A Teams P W L T N/R PTS. NRR IND(Q) 2 2 0 0 0 4 +4.793 PAK 2 1 1 0 0 2 +1.649 UAE 2 1 1 0 0 2 -2.030 OMA 2 0 2 0 0 0 -3.375 Group B Teams P W L T N/R PTS. NRR SL 2 2 0 0 0 4 +1.546 AFG 1 1 0 0 0 2 +4.700 BAN 2 1 1 0 0 2 -0.650 HK 3 0 3 0 0 0 -2.151   पाकिस्तान की क्यों अटकीं हैं सांसें 17 सिंतबर को पाकिस्तान और यूएई के बीच मुकाबला खेला जाना है. इस मैच में तय होगा कि आखिर सुपर-4 के लिए कौन सी टीम क्वालिफाई करेगी. अगर यूएई बड़ा उलटफेर करती है और पाकिस्तान को हरा देती है तो फिर यूएई क्वालिफाई कर जाएगी. हालांकि, नेट रन रेट के लिहाज से पाकिस्तान के पास बढ़त है.  ऐसा रहा ओमान और यूएई का मैच एशिया कप 2025 का 7वां मुकाबला आज मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ओमान के बीच खेला गया. ओमान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. यूएई की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए शराफू और कप्तान वसीम की फिफ्टी के दम पर ओमान के सामने 173 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में उतरी ओमान की टीम महज 130 रनों पर सिमट गई.

हार्दिक पंड्या की लव स्टोरी में नया मोड़—माह‍िका शर्मा की एंट्री और जैस्म‍िन वाल‍िया से ब्रेकअप

मुंबई  भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या की लव स्टोरी किसी बॉलीवुड मसाला फिल्म से कम नहीं है. पहले सर्बियाई मूल की पत्नी नताशा स्टांकोविक से तलाक हुआ. फिर मॉडल जैस्मीन वालिया के साथ रिलेशनशिप में आए, लेकिन ये रिश्ता भी ज्यादा लंबा नहीं चल पाया. अब उनकी जिंदगी में एक और लड़की की एंट्री हो चुकी है. दिलचस्प बात ये है कि इस बार भी हार्दिक का दिल एक मॉडल पर ही आया है. जी हां, क्रिकेट ग्राउंड पर चौके-छक्के उड़ाने वाले हार्दिक अपने दिल के मैदान पर भी नए-नए शॉट्स खेलते नजर आ रहे हैं. तो चलिए, देर किस बात की? मिलिए उस नई मॉडल से जिसने इस बार हार्दिक पंड्या को प्यार की पिच पर क्लीन बोल्ड कर दिया. नई गर्लफ्रेंड का नाम महिका महिका एक उभरती हुई मॉडल और एक्टर हैं. सोशल मीडिया पर फिलहाल उनके 41 हजार फॉलोअर्स हैं, लेकिन अब जब उनका नाम हार्दिक से जुड़ चुका है तो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट का ‘रॉकेट’ बनना भी तय है. हमेशा से मॉडलिंग और एक्टिंग में नाम बनाने का सपना देखने वाली महिका बेहद कॉन्फिडेंट और प्रोफेशनल हैं. उन्हें ब्यूटी विद ब्रेन कहा जा सकता है. 10वीं बोर्ड में परफेक्ट 10 सीजीपीए लाने के बाद उन्होंने इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया. पढ़ाई में तेज होने के चलते उनके माता-पिता को लगता था कि वह डॉक्टर या इंजीनियर बनेंगी. मगर महिका की मंजिल तो मॉडलिंग, एक्टिंग थी. उन्होंने गुजरात और दिल्ली में लोकल कॉम्पिटिशन से शुरुआत की और सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल स्ट्रॉन्ग की. सुपरफिट है महिका मॉडलिंग के साथ-साथ महिका को फिटनेस का भी शौक है. कॉलेज के ठीक बाद उन्होंने योग की प्रोफेशनल कोचिंग ली. उनकी सुपरफिट बॉडी इस बात का सबूत है. उन्होंने कई टॉप डिजाइनर्स के लिए रैम्प वॉक किया है. म्यूजिक वीडियो और शॉर्ट फिल्म में नजर आ चुकी हैं. टॉप ब्रांड्स के साथ काम किया है. इंडियन फैशन अवार्ड्स में मॉडल ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीता है. अफेयर की बात कैसे सामने आई दरअसल, दोनों के डेटिंग की अफवाह रेडिट थ्रेड पर किए गए एक पोस्ट के बाद शुरू हुई. इस पोस्ट में महिका एक सेल्फी लेते नजर आ रहीं हैं. फोटो के बैकग्राउंड में जो शैडो बन रहा है उसे हार्दिक बताया जा रहा है. इसके अलावा उन्होंने हार्दिक पंड्या के जर्सी नंबर 33 से जुड़ा एक पोस्ट भी शेयर किया. दोनों एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर फॉलो भी करते हैं. महिका की इंस्टाग्राम स्टोरिज से पता लगता है कि वह इस वक्त दुबई में ही हैं, जहां एशिया कप चल रहा है. इन्हीं सब बातों के चलते हार्दिक-महिका की डेटिंग की खबरों ने तुल पकड़ा. सोशल मीडिया में आए ऐसे रिएक्शन एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, 'मैं उन्हें फॉलो करता हूं और वह अक्सर क्रिकेट से जुड़ी सामग्री शेयर करती हैं. मैं यह देखकर हैरान रह गया कि उन्होंने हार्दिक के कई पोस्ट लाइक किए हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे किसी रिश्ते में हैं. हो सकता है कि वे सिर्फ परिचित हों." एक अन्य ने आगे कहा, "मेरा घर हार्दिक की कॉलोनी में ही है और मैं कन्फर्म कर सकता हूं कि मैंने उन्हें एक बार जाते हुए देखा है.' इस साल की शुरुआत में, हार्दिक के ब्रिटिश सिंगर जैस्मीन वालिया को डेट करने की अफवाह थी. जब हार्दिक खेल रहे थे तब जैस्मीन वालिया को स्टेडियम में देखा गया था. एक बार उन्हें मुंबई में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आईपीएल मैच के बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) टीम की बस में चढ़ते हुए देखा गया था. उस समय उन्होंने अपने रिश्ते की न तो कन्फर्म की और न ही खंडन किया. बाद में, खबर आई कि वे अलग हो गए हैं और उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है. हार्दिक और नताशा का तलाक कोविड-19 महामारी के दौरान 2020 में शादी करने वाले हार्दिक और नताशा ने महीनों की अटकलों के बाद पिछले साल जुलाई में अपने अलगाव की खबर को कनफर्म किया था. एक बयान में, क्रिकेटर ने कहा, "चार साल साथ रहने के बाद, नताशा और मैंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की और अपना सब कुछ दिया, और हमारा मानना ​​है कि यह हम दोनों के हित में है. परिवार बनाने के दौरान हमने जो खुशी, आपसी सम्मान और साथ साझा किया, उसे देखते हुए यह एक कठिन फैसला था."

3 महीने में दूसरी ट्रॉफी: रजत पाटीदार ने सेंट्रल जोन को बनाया दलीप ट्रॉफी चैंपियन

बेंगलुरु  सेंट्रल जोन ने कुछ उतार-चढ़ाव भरे क्षणों से उबरते हुए सोमवार को साउथ जोन को छह विकेट से हराकर 11 साल के अंतराल के बाद दलीप ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सेंट्रल जोन के सामने 65 रन का मामूनी लक्ष्य था लेकिन साउथ जोन के गेंदबाजों ने उनके बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ली। लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं था और ऐसे में सेंट्रल जोन को उसे हासिल करने में बहुत ज्यादा परेशानी नहीं हुई। अक्षय वाडकर (नाबाद 19 रन, 52 गेंद) और पहली पारी के शतकवीर यश राठौड़ (नाबाद 13 रन, 16 गेंद) तब क्रीज पर थे, जब सेंट्रल जोन ने 20.3 ओवर में चार विकेट पर 66 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया और दलीप ट्रॉफी में अपना सातवां खिताब जीता। बाएं हाथ के स्पिनर अंकित शर्मा ने दानिश मालेवार (05) को आउट किया। उनकी गेंद तेजी से घूमी और बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर मोहम्मद अजहरुद्दीन के पास पहुंची। बाद में उन्होंने सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार का विकेट भी लिया, जो जल्दबाजी में स्लॉग स्वीप खेलने के चक्कर में मिड-ऑन पर एमडी निधिश के हाथों कैच आउट हो गए। रविवार को भारत ए टीम में शामिल किए गए तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने शुभम शर्मा और सारांश जैन (जिन्हें बाद में श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया) के विकेट चटकाए। रजत पाटीदार ने दलीप ट्रॉफी जीतने के बाद क्या कहा? मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राठौड़ और वाडकर ने इसके बाद सेंट्रल जोन को लक्ष्य तक पहुंचाया। पाटीदार का कप्तान के रूप में यह इस वर्ष का दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत दिलाई थी और वह इससे काफी खुश हैं। उन्होंने मैच के बाद, ‘हर कप्तान को ट्रॉफी जीतना पसंद होता है। हमारे खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में ज़बरदस्त जज्बा दिखाया और मैं इससे बहुत खुश हूं।’ साउथ जोन के कप्तान अजहरुद्दीन ने कहा कि दलीप ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचना उनके लिए लंबे घरेलू सत्र में प्रेरणा का काम करेगा, जो अब 15 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी चरण में प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘आगे घरेलू सत्र काफी लंबा है और मुझे पूरा विश्वास है कि हमें यहां मिले अनुभव का फायदा मिलेगा।’ आखिरी दिन हुआ मैच का फैसला दलीप ट्रॉफी 2025 के फाइनल मैच की बात करें, तो सेंट्रल जोन की टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहली पारी में साउथ जोन की टीम 149 रनों पर ही ढेर हो गई थी। वहीं, सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 511 रन बना डाले थे। फिर दूसरी पारी में साउथ जोन 426 रन ही बना सकी। फिर मैच के आखिरी दिन सेंट्रल जोन ने 66 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। रजत पाटीदार ने आरसीबी के बाद अपनी टीम को एक और खिताब जीता दिया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर रजत पाटीदार की कप्तानी की काफी तारीफ हो रही है। आरसीबी फैंस एक बार फिर से अपने कप्तानी की जीत से काफी खुश हैं।  यश राठौड़ ने खेली 194 रनों की पारी दलीप ट्रॉफी 2025 (Duleep Trophy 2025) के फाइनल में खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस के बारे में बात करें, तो साउथ जोन की पहली पारी के खिलाफ सारांश जैन ने 5 विकेट और कुमार कार्तिकेय ने 4 विकेट अपने नाम किए हैं। पहली पारी में साउथ जोन का एक भी बल्लेबाज हाफ सेंचुरी भी नहीं लगा सका। वहीं, सेंट्रल जोन की बल्लेबाजी ने साउथ जोन के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा थी। खासतौर पर यश राठौड़ ने, उन्होंने पहली पारी में सेंट्रल जोन के लिए 194 रन का आंकड़ा बनाया। इस दौरान यश राठौड़ ने 17 चौके और दो छक्के भी लगाए थे। इसी के साथ ही कप्तान रजत पाटीदार ने भी 104 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। वहीं, सारांश जैन ने 69 रन और दानिश मालेवार ने 53 रन बनाए थे। साउथ जोन की ओर से 4-4 विकेट गुरजपनीत सिंह और अंकित शर्मा को मिले थे। इसके बाद दूसरी पारी में साउथ जोन ने 426 रन बनाए। इस तरह महज 65 रनों का लक्ष्य सेंट्र जोन को मिला। साउथ जोन की ओर से कोई शतक तो नहीं लगा, लेकिन 99 रनों की पारी अंकित शर्मा ने खेली। 84 रन आंद्रे सिद्धार्थ ने बनाए और 67 रन स्मरण रविचंद्रन ने बनाए। इसके बाद मैच के आखिरी दिन 65 रनों का लक्ष्य हासिल करके सेंट्रल जोन ने 4 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल की और दलीप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

सिराज की रफ्तार ने फिर मचाया धमाल, अगस्त 2025 के लिए बने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ

मुंबई  भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है. अगस्त 2025 के लिए उन्हें ICC मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है. इस दौड़ में सिराज को न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और वेस्टइंडीज के जायडन सील्स जैसी दिग्गज गेंदबाजों से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन अंत में भारतीय पेसर ने बाजी मार ली. इंग्लैंड दौरे पर उनका दमदार प्रदर्शन इस उपलब्धि की बड़ी वजह रहा. इंग्लैंड सीरीज के नायक बने सिराज भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 5 टेस्ट मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही. इस सीरीज में मोहम्मद सिराज भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने 9 पारियों में कुल 23 विकेट चटकाए. सिराज का प्रदर्शन सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने निर्णायक मौकों पर टीम इंडिया को मैच में वापसी दिलाई. सीरीज में सिराज ने 2 बार पांच-पांच विकेट झटके, जबकि एक बार चार विकेट लिए. 32.43 की औसत और लगातार विकेट लेने की लय ने उन्हें इंग्लैंड की बल्लेबाजी लाइनअप के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना दिया. ओवल टेस्ट का जादुई स्पेल अगस्त 2025 में सिराज ने जो सबसे यादगार प्रदर्शन किया, वह ओवल टेस्ट में देखने को मिला. इस मैच में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 9 विकेट चटकाए. 21.11 की औसत से लिए गए ये विकेट भारत के लिए बेहद अहम साबित हुए. सिराज के इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने ओवल टेस्ट जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त किया. यही मैच उनके लिए ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ जीतने का टर्निंग पॉइंट भी बना. आंकड़ों के मुताबिक, सिराज इस सीरीज में सबसे ज्यादा 1113 गेंदें फेंकने वाले खिलाड़ी भी रहे, जिसने उनकी फिटनेस और निरंतरता को उजागर किया. लगातार भरोसे पर खरे उतरे सिराज सीरीज में इकलौते भारतीय तेज गेंदबाज थे जिन्होंने सभी पांच टेस्ट मैच खेले. यह अपने आप में दर्शाता है कि टीम मैनेजमेंट उनके फिटनेस और कौशल पर कितना भरोसा करता है. उन्होंने जेम्स एंडरसन, जो रूट और बेन स्टोक्स जैसे बड़े नामों को कई बार पवेलियन भेजकर अपनी काबिलियत साबित की. उनका योगदान सिर्फ विकेट लेने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने लंबे-लंबे स्पेल डालकर बाकी गेंदबाजों पर दबाव कम किया और मैच में संतुलन बनाए रखा. सिराज की भावनाएं और बयान अवॉर्ड मिलने के बाद मोहम्मद सिराज ने खुशी जाहिर करते हुए कहा “ये अवॉर्ड मेरे लिए बहुत स्पेशल है. एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज हमेशा यादगार रहेगी, क्योंकि दोनों टीमों के बीच बेहद कांटे का मुकाबला हुआ. ये सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ और मेरे सभी साथियों का है, जिन्होंने मुझ पर भरोसा बनाए रखा. भारत की जर्सी पहनकर मेरा इरादा हमेशा यही रहता है कि मैं टीम के लिए अपना 100% दूं.” सिराज के इस बयान ने साफ कर दिया कि वे व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलता को अहमियत देते हैं. भारत को मिली मजबूत तेज गेंदबाजी की ताकत मोहम्मद सिराज का ये अवॉर्ड भारत की तेज गेंदबाजी यूनिट के लिए भी बड़ी उपलब्धि है. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और उमेश यादव जैसे सीनियर गेंदबाजों के बाद सिराज अब टीम के प्रमुख पेसर के रूप में खुद को स्थापित कर चुके हैं. इंग्लैंड जैसी कठिन परिस्थितियों में उन्होंने जिस अंदाज में गेंदबाजी की, उसने भारतीय तेज आक्रमण को और भी मजबूत बना दिया. उनकी निरंतरता और स्पेल में विकेट लेने की क्षमता भारत के लिए भविष्य में भी गेम-चेंजर साबित हो सकती है.

तिरंगे की शान बनीं देश की 4 बेटियां, वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मीनाक्षी और जैस्मीन का गोल्डन पंच

लिवरपूल  भारतीय मुक्केबाज जैसमीन लंबोरिया ने विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप को जीत इतिहास रच दिया है। जैसमीन ने पेरिस ओलंपिक की सिल्वर मेडल विजेता पोलैंड की जूलिया जेरेमेटा को हराकर फीदरवेट वर्ग में चैंपियन बन गई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली जैसमीन ने 57 किलोवर्ग के फाइनल में शनिवार को देर रात 4-1 (30-27, 29-28, 30-27, 28-29, 29-28) से जीत दर्ज की। नुपूर शेरोन (80 प्लस किलो) और पूजा रानी (80 किलो) को गैर ओलंपिक भारवर्ग में क्रमश: सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ जैसमीन विश्व चैंपियन बनने वाली भारत की नौवीं मुक्केबाज बन गई। इससे पहले छह बार की चैंपियन एम सी मेरीकोम (2002, 2005, 2006, 2008, 2010 और 2018), दो बार की विजेता निकहत जरीन (2022 और 2023), सरिता देवी (2006), जेनी आरएल (2006), लेखा केसी (2006), नीतू गंघास (2023), लवलीना बोरगोहेन (2023) और स्वीटी बूरा (2023) यह खिताब जीत चुकी है। तीसरी बार विश्व चैंपियनशिप में भाग ले रही 24 वर्षीय जैसमीन ने मुकाबले में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। शुरू में दोनों मुक्केबाज एक-दूसरे को परख रही थीं, लेकिन रेफरी के उकसावे पर जेरेमेटा ने पहला वार किया। ओलंपिक फाइनल में लिन यू-टिंग से हारने वाली पोलैंड की यह मुक्केबाज तेज और सटीक थी और रक्षात्मक रणनीति का इस्तेमाल करते हुए तेजी से अंदर-बाहर हो रही थी। उन्होंने पहला राउंड 3-2 से जीत लिया। दूसरे राउंड में भारतीय मुक्केबाज ने की जबरदस्त वापसी दूसरे राउंड में भारतीय खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की। जैसमीन ने मुकाबले पर नियंत्रण बनाया तथा आक्रमण और रक्षण के बीच शानदार समन्वय स्थापित किया जिससे सभी जज उनके पक्ष में हो गए। जब अंतिम फैसला सुनाया गया, तो आमतौर पर शांत रहने वाली जैसमीन ने हल्की सी चीख मारी और फिर हाथ उठाकर अपनी निराश प्रतिद्वंद्वी को शालीनता से गले लगा लिया। पदक समारोह में, जब पूरे स्टेडियम में भारतीय राष्ट्रगान गूंज रहा था, तो उनकी आंखें चमक उठीं। नुपुर को सिल्वर से करना पड़ा संतोष एक अन्य फाइनल में नुपुर को पोलैंड की तकनीकी रूप से कुशल अगाता काज्मार्स्का से 2-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें सिल्वर पदक मिला। नूपुर अपने लंबे कद के बावजूद मुकाबले में खुद को हावी नहीं कर पाईं। उन्होंने शानदार शुरुआत की और मुक्कों की झड़ी लगा दी, लेकिन काज्मार्स्का ने लगातार आक्रामकता से जवाब दिया और ऐसे वार किए कि भारतीय खिलाड़ी निढाल हो गई। जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, नूपुर मुक्के मारने में हिचकिचाने लगीं, जबकि पोलैंड की खिलाड़ी लगातार आक्रमण करती रही। निर्णायक क्षण अंतिम राउंड में आया जब अगाता ने एक जबरदस्त अपरकट लगाया जो मुकाबला 3-2 से उनके पक्ष में करने और उनके पहले विश्व खिताब को सुनिश्चित करने के लिए काफी था।

सूर्या की सेना का जलवा: एशिया कप में पाकिस्तान को एकतरफा मात

दुबई  एशिया कप 2025 का छठा मैच आज भारत-पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. 16वें ओवर में ही भारत ने पाकिस्तान के 128 रनों के लक्ष्य को चेज कर लिया. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्के के साथ भारत को जीत दिलाई.  पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 128 रनों का टारगेट रखा था. कुलदीप यादव को 3 सफलता मिली थी. जबकि बुमराह और अक्षर को 2-2 विकेट मिले थे. टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया शुरू से ही आक्रामक मोड में थी. अभिषेक शर्मा के बाद तिलक ने अच्छी पारी खेली. लेकिन एक छोर पर कप्तान सूर्या टिके रहे और उन्होंने नाबाद 47 रनों की पारी खेली और भारत को जीत दिला दी. ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने शुभमन गिल का विकेट जल्द गंवा दिया. शुभमन गिल 10 रनों के निजी स्कोर स्टम्प आउट हुए. उनका विकेट सैम अयूब ने लिया. इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए लेकिन  चौथे ओवर में अभिषेक शर्मा आउट हो गए. सैम अयूब ने उन्हें आउट किया. अभिषेक ने 13 गेंद में 31 रन बनाए. इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली. दोनों के बीच 56 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन 13वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा जब तिलक वर्मा 31 के अपने निजी स्कोर पर आउट हो गए. तब भारत का स्कोर 97 रन था. लेकन एक छोर पर कप्तान सूर्यकुमार यादव टिके रहे और उन्होंने नाबाद 47 रन बनाए. छक्के साथ सूर्या ने 16वें ओवर में भारत को जीत दिला दी. No Handshake पर PAK बिलबिलाया… भारत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, रेफरी पर निकाली भड़ास! भारत ने रविवार (14 स‍ितंबर) को दुबई में एशिया कप 2025 के मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर जोरदार जीत दर्ज की. इस मैच से को लेकर भारत में ‘बॉयकॉट’ की अपीलें चल रही थीं. वहीं टॉस के दौरान और मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कैप्टन सलमान आगा को नजरंदाज कर द‍िया, और खेल परंपरा के अनुसार एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया. कुल म‍िलाकर मैच में No Handshake मोमेंट ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी.  मैच के बाद हुई पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहलगाम में हुए आतंकी हमला का ज‍िक्र किया, सूर्या ने कहा यह जीत 'देश के लिए एक बेहतरीन तोहफा' है. कैप्टन सूर्या ने कहा- पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं, हम अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं, और आज की इस जीत को आर्म्ड फोर्सेस को समर्पित करना चाहते हैं.  वहीं पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने पाकिस्तान के ख‍िलाड़‍ियों संग हाथ ने म‍िलाने की वजह भी स्पष्ट की. सूर्या बोले-हमारी सरकार और बीसीसीआई पूरी तरह से एकमत थे.  हमने फैसला लिया कि हम सिर्फ खेल खेलने आए हैं और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया. दूसरी ओर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा पोस्ट-मैच सेरेमनी में मौजूद नहीं थे.  आख‍िर पाकिस्तानी कप्तान पोस्ट आगा प्रजेंटेशन सेरेमनी में क्यों नहीं गए?  पाकिस्तान के व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि पाकिस्तान के कप्तान समारोह में इसलिए नहीं गए क्योंकि भारतीय टीम का मैच के अंत में 'निराशाजनक' व्यवहार था. हेसन ने कहा- हम साफ तौर पर मैच के अंत में हाथ मिलाने और दोस्ताना बातचीत करने के लिए एक्साइटेड थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.  PCB ने रेफरी से दर्ज कराया विरोध  वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने Dawn.com को पुष्टि की कि पाकिस्तान टीम मैनेजर नवीद अख्तर चीमा ने भारतीय टीम के अनुचित व्यवहार के खिलाफ आधिकारिक रूप से विरोध दर्ज कराया है. PCB ने कहा- मैनेजर चीमा ने मैच रेफरी के व्यवहार के खिलाफ भी आधिकारिक विरोध दर्ज कराया है, क्योंकि उन्होंने दोनों कप्तानों से टॉस के समय हाथ न मिलाने का अनुरोध किया था  भारत-पाकिस्तान के एश‍िया कप मैच में क्या हुआ  मैच में पहले भारत के स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान की टीम पहले इनिंग्स में संघर्ष करते हुए सिर्फ 127-9 का स्कोर बना पाई. पाकिस्तान की बुरी हालत में शाहीन अफरीदी ने अंत में आकर 16 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए. भारत की ओर से सबसे बेहतरीन गेंदबाज कुलदीप यादव रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए और सिर्फ 19 रन दिए. वहीं अक्षर पटेल ने भी 2 विकेट झटके. जसप्रीत बुमराह की तेज गेंदबाजी ने भी अच्छा साथ दिया. ऐसी रही पाकिस्तान की बल्लेबाजी टॉस जीतकर पहले बैटिंग के लिए उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. पहली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या ने सैम अयूब का विकेट चटकाया. बुमराह ने आसान सा कैच लपका. इसके बाद अगले ही ओवर में बुमराह ने पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया जब मोहम्मद हैरिस को उन्होंने अपना शिकार बनाया. 6 रन के स्कोर पर ही पाकिस्तान को दूसरा झटका भी लग गया. इसके बाद फरहान और फखर जमान पर पारी संभालने की बड़ी जिम्मेदारी थी. लेकिन 8वें ओवर में अक्षर पटेल ने इस साझेदारी को तोड़ दिया और अच्छी लय में दिख रहे फखर जमां 17 रन बनाकर आउट हो गए. तिलक वर्मा ने शानदार कैच लपका. इसके बाद 10वें ओवर में अक्षर ने फिर से पाकिस्तान को झटका दिया और कप्तान सलमान आगा को चलता किया. सलमान केवल 3 रन बना सके. इसके बाद 13वें ओवर में कुलदीप ने कमाल कर दिया और पाकिस्तान को दो झटके दिए. पहले हसन नवाज फिर अगली ही गेंद पर मोहम्मद नवाज अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद 17वें ओवर में फिर कुलदीप ने फरहान का विकेट झटका. फरहान ने 40 रन बनाए. इसके बाद पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी.   

एशिया कप 2025: पाकिस्तान ने जीता टॉस, भारतीय टीम करेगी गेंदबाजी

दुबई  एशिया कप 2025 का छठा मैच आज भारत-पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है. इस मुकाबले को लेकर फैंस का जोश हाई है. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब दोनों देश एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में एक मैच यूएई के खिलाफ खेला है. इसमें टीम इंडिया को जीत मिली थी. वहीं, पाकिस्तान की टीम ने भी ओमान को बड़े अंतर से हराया है. ऐसे में दोनों ही टीमें अपना पिछला मैच जीतकर इस मैच में आ रही हैं. इस मैच के लाइव स्कोरकार्ड के लिए आप इस पेज को लगातार रिफ्रेश करते रहें. पाकिस्तान की भारत के ख‍िलाफ प्लेइंग-11: पाकिस्तान की प्लेइंग-11: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन आफरीदी, सूफियान मुकीम, अबरार अहमद.   भारत की पाकिस्तान के ख‍िलाफ प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.

शमी ने आत्महत्या के विचारों को किया याद, ‘सोचा जरूर पर हुआ नहीं, शुक्र है वरना वर्ल्ड कप मिस हो जाता’

नई दिल्ली  भारत के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने स्वीकार किया कि उनके मन में आत्महत्या करने के विचार आ रहे थे, लेकिन उन्होंने इस विचार को खारिज कर दिया क्योंकि उन्हें एहसास हुआ कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। रजत शर्मा के साथ आप की अदालत के एपिसोड में अपने विचार प्रकट करते हुए भारतीय स्टार तेज गेंदबाज ने कहा, 'सोचा जरूर पर हुआ नहीं, ये शुक्र है वरना वर्ल्ड कप मिस हो जाता मेरे से क्योंकि जब सोचा था कि मेरे दिमाग में ये समय है जिंदगी के अंत का, जिस चीज के लिए मुझे इतना नाम दिया, जिस चीज के लिए मीडिया मेरे पीछे है, उसको छोड़ के इस जंप के चक्कर में…वो सोचा, वो प्यार याद आया। सोचा चलो इसको छोड़ा, चलो गेम में लगते हैं फिर…'  इस साल जुलाई में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शमी को अपनी अलग रह रही पत्नी हसीन जहां और बेटी को भरण-पोषण के रूप में 4 लाख रुपए मासिक गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया था। जहां को 1.50 लाख रुपए प्रति माह देने होंगे जबकि बेटी को 2.50 लाख रुपए प्रति माह मिलेंगे। पूर्व मॉडल हसीन जहां ने 2014 में मोहम्मद शमी से शादी की थी। इस जोड़े को 2015 में एक बेटी हुई। मोहम्मद शमी और हसीन जहां 2018 में अलग हो गए थे जब उन्होंने उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।  घरेलू हिंसा के आरोप के बाद सोशल मीडिया पर उनके बारे में कही गई अपमानजनक बातों के बारे में पूछे जाने पर शमी ने जवाब दिया, 'बुरी बातें कही जाती हैं, लेकिन आजकल उन बातों के बारे में भी बात की जाती है जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं है… मुझे सबसे ज़्यादा इसी से डर लगता है। कल मैं एक तस्वीर देख रही था और मुझे पता ही नहीं चला कि मैंने उसे कब खींच लिया था। पिछले 6-7 सालों में मुझ पर जितने आरोप लगे हैं, शायद किसी आतंकवादी पर भी इतने आरोप न लगे हों। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकती।'  हसीन जहां ने 2018 में क्रिकेटर पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। उन्होंने अलीपुर कोर्ट में एक याचिका दायर कर शमी और उनके परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जहां ने परिवार के भरण-पोषण के लिए तेज गेंदबाज से 7 लाख रुपए प्रति माह की मांग की थी। शमी ने आखिरी बार 2 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। वह मैच इस तेज गेंदबाज के लिए यादगार नहीं रहा था, क्योंकि गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था और उन्होंने तीन ओवरों में 48 रन दिए थे।  चैंपियंस ट्रॉफी अभियान में शमी जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे थे। वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, उन्होंने 5 मैचों में 9 विकेट लिए, उनके साथ मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी थे जिन्होंने सिर्फ तीन मैचों में इतने ही विकेट लिए। शमी के प्रयासों की बदौलत भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टेस्ट क्रिकेट 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड में खेला था। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शमी को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जाता है या नहीं।   

भारत-पाक मैच पर देशभर में विरोध, BCCI और सरकार पर विपक्ष का हमला

मुंबई  आज एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होने वाला है। इस मैच को लेकर देशभर में विरोध हो रहा है। विपक्षी राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम आदमी भी भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर गुस्से में है। सोशल मीडिया पर लोग इसके विरोध में पोस्ट लिख रहे हैं। अब तो भाजपा के सहयोगी दल भी इसको लेकर हमलावर रुख अख्तियार करने लगे हैं। महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी शिंदे शिवसेना के नेता संजय निरूपम ने भी भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध जताया है। क्या बोले शिंदे गुट के संजय निरूपम संजय निरूपम ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ता बेहद कड़वा है। पाकिस्तान ने हमेशा भारत को नुकसान पहुंचाने वाली विदेश नीति पर अमल किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा आतंकियों को पाला-पोसा, उन्हें ट्रेनिंग दी और पनाह दी। इन आतंकियों ने भारत के निर्दोष लोगों और शहरों पर हमले किए। पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह का रिश्ता नहीं होना चाहिए। संजय निरूपम ने आगे कहा कि इनके साथ किसी तरह का खेल, सांस्कृतिक या डिप्लोमैटिक संबंध नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे का भी ऐसा ही मानना था। पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी भी खफा पूर्व क्रिकेटर और पश्विम बंगाल के खेल मंत्री मनोज तिवारी का भी भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बयान सामने आया है। मनोज तिवारी ने कहा कि मैं भारत बनाम पाकिस्तान मैच के साथ-साथ एशिया कप का भी बहिष्कार कर रहा हूं। मैं इसे नहीं देख सकता। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगी कोई खेल नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हालात हैं। यह समस्या कई साल से चली आ रही है। पुलवामा से पहलगाम और पठानकोट तक कई बार आतंकी हमले हो चुके हैं। कोई भी भारतीय इसे भूला नहीं है। मनोज तिवारी ने कहा कि जिन लोगों ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान दी और जो मासूम मारे गए, सिर्फ उनके घर वाले ही इस दर्द को समझ सकते हैं। आतंकी हमले के शिकार शख्स की बेटी भी गुस्सा महाराष्ट्र के पुणे शहर के रहने वाले संतोष जगदाले भी पहलगाम आतंकी हमले के शिकार हुए थे। एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर उनकी बेटी असावरी जगदाले भी गुस्से में हैं। असावरी ने कहा कि यह मैच नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है। पहलगाम हमले को अभी छह महीने भी नहीं हुए हैं। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर भी हुआ। लेकिन अब यह मैच खेला जा रहा है। असावरी जगदाले ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इन लोगों को इस बात की परवाह भी है कि कोई मर गया। उन्होंने कहा कि मैंने कल कहीं पढ़ा था कि पैसा देशभक्ति तय करता है। क्या यह सच है? भावनगर गुजरात के रहने वाले सावन परमार ने पहलगाम हमले में पिता और भाई को खो दिया था। सावन ने कहा कि जब हमें पता चला कि भारत-पाकिस्तान के बीच मैच हो रहा है तो हम बहुत परेशान हो गए। शिवसेना-यूबीटी की महिला कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन महराष्ट्र में शिवसेना-यूबीटी की महिला कार्यकर्ताओं ने भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध किया। इन महिलाओं ने मुंबई में सिंदूर के साथ प्रदर्शन किया। पार्टी मुखिया उद्धव ठाकरे ने शनिवार को इसका ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि हमारी पार्टी की महिला कार्यकर्ता महाराष्ट्र की गलियों में विरोध प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा पीएम मोदी को महाराष्ट्र के हर घर से सिंदूर भेजा जाएगा। PAK से मैच खेलना देश के साथ गद्दारी; एशिया कप के बहाने फिर भड़के केजरीवाल आज दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मैच खेला जाना है। दोनों के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर भारत का एक वर्ग काफी गुस्से में है। उसने पीएम मोदी,अमित शाह से इसे कैंसिल कराने और बीसीसीआई को काफी भला-बुरा कहा। सोशल मीडिया पर तो बायकॉट करने की अपील जोर पकड़ रही है। इस बीच आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल ने फिर इस मैच के बहाने मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी करना है। उन्होंने शनिवार को भी इस मैच के लिए पीएम मोदी पर हमला किया था। अरविंद केजरीवाल ने आज उन्हीं के पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के एक एक्स पोस्ट पर रिपोस्ट करते हुए लिखा कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी है। हर भारतीय इस बात से बेहद गुस्से में है। सौरभ भारद्वाज ने ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा था कि खून और खेल एक साथ नही चल सकते। इसके लिए उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें आईसीसी के चेयरमैन जय शाह, पीएम मोदी और मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधा गया है। केजरीवाल ने शनिवार को अपने एक पोस्ट में कहा था कि प्रधानमंत्री जी को पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की आखिर क्या जरूरत है? सारा देश कह रहा है कि ये मैच नहीं होना चाहिए। फिर ये मैच क्यों करवाया जा रहा है? क्या ये भी ट्रम्प के दबाव में किया जा रहा है? आखिर ट्रम्प के आगे कितना झुकोगे? बता दें कि आम आदमी पार्टी आज भारत-पाक मैच का पुरजोर विरोध कर रही है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकियों ने पहलगाम में हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि खून और पानी व खून और व्यापार एक साथ नहीं चल सकता लेकिन खून और क्रिकेट एक साथ चल रहा है। BJP के लिए देश का सम्मान और स्वाभिमान कोई मायने नहीं रखता क्योंकि इस मैच से इनके बेटों का धंधा जुड़ा हुआ है। देश के नौजवानों को समझना होगा कि बीजेपी के लिए देश नहीं बल्कि सट्टेबाजी और धंधा ज्यादा जरूरी है।

टूट गया सपना, फाइनल में चीनी जोड़ी से हारे सात्विक-चिराग

हांग कांग Hong Kong Open 2025: ली निंग हांग कांग ओपन 2025 फाइनल में सात्विक-चिराग की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। उनका गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया है। फाइनल में उनका सामना चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग से हुआ। पहले ग्राउंड में भारतीय खिलाड़ियों का पलड़ा भारी रहा लेकिन अगले दो गेम में चीजें पलट गई। चीनी जोड़ी ने जीत के साथ टाइटल अपने नाम किया।