samacharsecretary.com

शहर में ताबड़तोड़ चोरी का खुलासा, शेट्टी गैंग के 3 आदतन अपराधी दबोचे गए

राजनांदगांव शहर में एक ही रात में तीन जगह चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शेट्टी गैंग के तीन आदतन आरोपितों को पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अब भी फरार हैं। आरोपितों के कब्जे से लगभग पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। वारदात में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने जब्त किया है। थाना बसंतपुर में बीते 14 मार्च को जीवन-ए कालोनी निवासी प्रार्थिया की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। प्रार्थिया ने बताया था कि देर रात तीन बजे अज्ञात बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और डराकर आलमारी में रखे जेवरात पार कर दिए। इसी रात लक्ष्मी नगर से बाइक और बी कालोनी में भी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इनको किया गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपितों में शशी कुमार (23), शेट्टी विजय (45) और शेट्टी सूर्या (31) शामिल हैं। सभी हैदराबाद के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चांदी के दिए, कटोरे, बिछिया, कान के टाप्स, कड़ा, बाजूबंद, सोने के टाप्स और लॉकेट समेत अन्य जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। 100 सीसीटीवी खंगाले, हैदराबाद में मिली लोकेशन मामले की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में आरोपितों के दुर्ग की ओर जाने के संकेत मिले। आरोपितों ने चोरी किया वाहन दुर्ग में ही लावारिस छोड़ दिया था। इसके बाद दुर्ग-भिलाई, रायपुर और बिलासपुर तक तकनीकी विश्लेषण कर उनकी लोकेशन हैदराबाद में ट्रेस की गई। दो दिन की घेराबंदी कर दबोचा पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और दो दिन की घेराबंदी के बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने राजनांदगांव में एक ही रात तीन स्थानों पर चोरी करना कबूल किया। साथ ही बिलासपुर के सरकंडा थाना और मोपका चौकी क्षेत्र में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। एक रात में तीन वारदात, दूसरे शहर में भी की सेंधमारी पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने राजनांदगांव के जीवन आवास कालोनी क्षेत्र में एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाया। चोरी के बाद आरोपी दुर्ग-भिलाई होते हुए ट्रेन से बिलासपुर पहुंचे। वहां भी सरकंडा और मोपका क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ट्रेन से हैदराबाद भाग गए। पुलिस का मानना है कि यह गैंग अलग-अलग शहरों में इसी तरह वारदात को अंजाम देता रहा है।  

नागपुर मंडल में मरम्मत कार्य: 20 दिनों तक नहीं चलेंगी तीन बड़ी ट्रेनें

ग्वालियर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर तीन स्थित लाइन नंबर पांच वाशेबल एप्रन को डिस्मेंटल कर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित करने के लिए कार्य किया जाएगा। इसके चलते स्टेशन पर अगले 20 दिनों तक आवागमन बंद रहेगा। इसके चलते ट्रेन क्रमांक 18237-18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस पांच से 27 अप्रैल तक रद रहेगी। ट्रेन क्रमांक 12409 रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस छह, आठ, नौ, 10, 11, 13, 15 से 18, 20, 22 से 24 अप्रैल तक रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन क्रमांक 12410 हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस छह से नौ अप्रैल, 11, 13 से 16 अप्रैल, 18 व 20 से 22 अप्रैल तक रद रहेगी। वहीं ट्रेन क्रमांक 12807 विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन समता एक्सप्रेस को पांच अप्रैल, सात से नौ, 11, 12, 14 से 16, 18, 19 व 21 से 23 अप्रैल को रद रहेगी। वहीं ट्रेन क्रमांक 12808 हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम समता एक्सप्रेस सात अप्रैल, नौ से 11 अप्रैल, 13, 14, 16 से 18 अप्रैल, 20, 21, 23 से 25 अप्रैल तक रद की गई है।

जांजगीर में ब्लास्ट से हड़कंप: सीएससी सेंटर में विस्फोट, कंप्यूटर-प्रिंटर चकनाचूर

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में स्थित वेदांत सर्विस सीएससी सेंटर में डेटोनेटर फटने से हड़कंप मच गया। इस विस्फोट में दुकान संचालक को चोटें आई हैं, वहीं कंप्यूटर, कुर्सी, टेबल सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। क्या है मामला जानकारी के अनुसार भूपेन्द्र कुमार साहू (37 वर्ष), ग्राम धरदेई, थाना शिवरीनारायण, वर्तमान में ग्राम बनाहिल में रहकर स्टेट बैंक के पास वेदांत सर्विस के नाम से सीएससी सेंटर संचालित करता है। शनिवार की रात करीब 11:45 बजे उन्हें दुकान का शटर खुलने-बंद होने जैसी आवाज सुनाई दी। जब वे कमरे से बाहर निकलकर दुकान पहुंचे, तो अंदर धुआं भरा हुआ था और कोई वस्तु जलती हुई नजर आई। जांच करने पर उन्होंने देखा कि वह एक डेटोनेटर था, जिसमें चार डेटोनेटर जुड़े हुए थे। खतरे को भांपते हुए उन्होंने उसे उठाकर दुकान के बाहर फेंक दिया। इसी दौरान जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे दुकान के अंदर रखे कंप्यूटर, सीपीयू, कुर्सी, रैक और प्रिंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। विस्फोट की चपेट में आने से भूपेन्द्र साहू के बाएं पैर में भी चोट आई है। घटनास्थल का निरीक्षण घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विभाग के वैज्ञानिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है एएसपी उमेश कश्यप का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।  

माल परिवहन की सुविधा बढ़ेगी, राजनांदगांव से नागपुर तक बनाई जा रही चौथी रेल लाइन

राजनांदगांव. रेल्वे ने तीसरी लाइन का विस्तार पूरा किए जाने के बाद अब चौथी लाइन का कार्य युध्द स्तर पर शुरू कर दिया गया है. चौथी रेल लाइन के कार्य का शुरूआत टैक बनने के जगह को समतलीकरण से शुरू कर दिया है. मोतीपुर के पास समतलीकरण और पोल घेराव का कार्य किया जा रहा है. रेल्वे की माने तो आगामी 2028 तक चौथे लाइन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा. जिसके बाद जहां माल ढुलाई के लिए रास्ता साफ होगा, वही ट्रैफिक क्लीयर होने से पैसेंजर ट्रेनो में इजाफा होगा. तीसरी और चौथी लाइन के आलावा दुर्ग से गोंदिया व काचेवानी तक आठ ओव्हरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण पूरा हो गया है. जानकारी अनुसार राजनांदगांव से नागपुर के कलमना तक 35-44 करोड़ की लागत से कुल 228 किमी तीसरी रेल लाइन का काम लगभग पूरा होने को है . दर्रेकसा की पहाड़ी, सुरंग और जंगल के पास कुछ काम बाकी है. वहीं अब चौथी रेल लाइन का काम तेजी से किया जा रहा है. रामनगर से मोतीपुर के पास जमीन को समतल भी शुरू कर दिया गया है. ओएचई केबल मिलाने पोल खड़े किए जा रहे है, वहीं स्लीपर्स पहुंच चुके है. इधर रेल्वे स्टेशन में रिनोवेशन का काम 90 फीसदी पूरा हो चुका है. चौथे प्लेटफार्म में चबूतरा बन्द, टीन शेड बन रहा. जल्द चौथे रेलवे ट्रैक का काम शुरू होगा. चार सौ करोड़ का काम होगा रेल्वे के कंट्रक्शन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार, चौथी रेल्वे लाइन का काम बिलासपुर से नागपुर तक करीब चार सौ करोड़ की लागत से हो रहा है. बहरहाल राजनांदगांव से डोंगरगढ़ के बीच काम शुरू कर दिया गया है. मुसरा व बांकल में ट्रैक पर गिट्टी और रेत डालने का काम किया जा रहा हैं, वहीं इस कार्य को आगामी तीन अप्रैल से जून तक करने का टारगेट रखा गया है. इधर नागपुर रेल मंडल में आठ ओवरब्रिज और अंडरब्रिज से आवाजाही जल्द शुरू होगी. नागपुर मंडल में दुर्ग से गोंदिया और काचेवानी तक 8 ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है. अफसरों ने बताया कि जल्द ही यहां से आवाजाही शुरू की जाएगी.

कलेक्टर का CEO पर अधिकार रद्द, हाईकोर्ट ने बहाली के आदेश दिए

बिलासपुर. हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कलेक्टर की शक्तियों पर स्पष्ट सीमा तय करते हुए कहा है कि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) का प्रभार बदलने का अधिकार कलेक्टर को नहीं है। अदालत ने इस मामले में कलेक्टर के आदेश को निरस्त करते हुए याचिकाकर्ता शुभा दामोदर मिश्रा को पुनः उनके पद पर बहाल करने के निर्देश दिए। इस मामले की सुनवाई न्यायाधीश पार्थ प्रतिम साहू ने की। मामला बिलासपुर के निवासी शुभा दामोदर मिश्रा से जुड़ा है। उन्हें 18 जून 2025 को सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, रायपुर द्वारा जनपद पंचायत गौरेला (जिला जीपीएम) में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के पद पर पदस्थ किया गया था। वे जून 2025 से इस पद पर कार्यरत थीं। इसी दौरान 11 मार्च 2026 को कलेक्टर, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) ने आदेश जारी कर उन्हें CEO के प्रभार से हटाते हुए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, गौरेला के कार्यालय में पदस्थ कर दिया। इस आदेश के खिलाफ शुभा मिश्रा ने अधिवक्ता अभिषेक पांडेय और ऋषभदेव साहू के माध्यम से हाईकोर्ट बिलासपुर में रिट याचिका दायर की। याचिका में तर्क दिया गया कि 11 अप्रैल 2025 को प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, शासन द्वारा नियुक्त किसी भी जनपद पंचायत CEO को हटाने का अधिकार कलेक्टर को नहीं है। ऐसे मामलों में राज्य शासन की अनुमति आवश्यक होती है। मामले में सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने याचिका को स्वीकार करते हुए कलेक्टर द्वारा जारी आदेश को निरस्त कर दिया। साथ ही अदालत ने शुभा दामोदर मिश्रा को पुनः मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत गौरेला के पद पर पदस्थ करने के निर्देश दिए हैं।

‘अपना पैनल’ का क्लीन स्वीप: बस्तर परिवहन संघ चुनाव में मिली बड़ी सफलता

बस्तर. बस्तर परिवहन संघ के चुनाव में इस बार ‘अपना पैनल’ ने पूरी ताकत दिखाते हुए सभी पदों पर जीत दर्ज कर एकतरफा बढ़त हासिल कर ली है, जिससे संघ की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अध्यक्ष पद पर प्रदीप पाठक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को भारी मतों से हराकर स्पष्ट संदेश दिया कि इस बार मतदाताओं ने एकजुट होकर नेतृत्व बदलने का फैसला किया है। देर रात परिणाम घोषित होते ही संघ कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल बन गया, जहां आतिशबाजी और मिठाईयों के साथ जीत का उत्सव देर तक चलता रहा। पूरे दिन चले मतदान के दौरान बीपीएस कार्यालय के बाहर गहमागहमी का माहौल रहा, जहां दोनों पैनलों के समर्थक वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार प्रयास करते नजर आए। सुबह धीमी शुरुआत के बाद दोपहर में मतदान ने रफ्तार पकड़ी और बड़ी संख्या में मतदाताओं, खासकर महिलाओं की भागीदारी ने चुनाव को और रोचक बना दिया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और ट्रैफिक टीम लगातार मुस्तैद रही, जिससे पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान और मतगणना के हर राउंड में मुकाबला रोमांचक बना रहा, लेकिन अंततः ‘अपना पैनल’ ने बाजी मार ली। नई कार्यकारिणी ने साफ किया है कि उनका मुख्य लक्ष्य परिवहन व्यवसाय को नई दिशा देना और सदस्यों के लिए बेहतर अवसर तैयार करना होगा। प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर काम करने और व्यवसाय को मजबूत करने के वादे के साथ अब नई टीम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

अम्बिकापुर हवाई सेवा पर सांसद चिंतामणि का स्वागत, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से भेंट

सरगुजा. सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने आज नई दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट कर दरिमा-अम्बिकापुर से दिल्ली तक हवाई सेवा प्रारंभ करने तथा नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में हो रहे प्रभावी प्रयासों के लिए उनका अंबिकापुर में निर्मित मक्का की धानी से निर्मित पारंपरिक माला पहनाकर स्वागत किया एवं हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए पर्यटन एवं आधारभूत विकास को गति देने, शासकीय संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना, बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था तथा आदिवासी समाज के आश्रमों के विकास के संबंध में आग्रह रखा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को पूज्य पिताजी गहिरा गुरु जी द्वारा स्थापित संत समाज के पावन धाम में भी पधारने हेतु आमंत्रित किया ।प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल रही है।

हाई कोर्ट में नई व्यवस्था: जनहित याचिकाओं की सुनवाई चीफ जस्टिस की बेंच करेगी

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के रोस्टर में 8 अप्रैल से बदलाव हो रहा है। अब तीन डिवीजन बेंच के अलावा तेरह सिंगल बेंचों में नियमित सुनवाई की जाएगी। पहली डीबी में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रविन्द्र कुमार अग्रवाल सभी जनहित याचिकाओं, हेबियस कार्पस पिटीशन, 2020 तक की क्रिमिनल अपील, अवमानना याचिका क्रिमिनल, सेक्शन 482 के तहत आवेदन, 419, 378 पर सुनवाई करेंगे। दूसरी डीबी में जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत सभी सिविल मामले , कंपनी अपील टेक्स मामले , अल्ट्रा वायरस मामले 2022 तक सुनेंगे। यह डिवीजन बेंच मामलों का कमर्शियल अपीलेट भी रहेगा। जस्टिस संजय अग्रवाल और जस्टिस एन के व्यास की तीसरी डीबी उन क्रिमिनल मामलों को देखेगी जो किसी डीबी को नहीं दिए गये हैं। 2016 तक की इक्विटल अपील और 2022 तक के अल्ट्रा वायरस मामलों पर भी यही बेंच सुनवाई करेगी। इसके अलावा चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की स्पेशल सिंगल बेंच समेत कुल 13 सिंगल बेंच निर्धारित की गईं हैं।

गृह निर्माण ऋण गबन केस: तत्कालीन मैनेजर हिरासत में, 7 अप्रैल तक रिमांड मंजूर

रायपुर. 26 साल पुराने गृह निर्माण ऋण घोटाले में सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल के तत्कालीन प्रबंधक को आज एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है. वर्ष 2000 में दर्ज अपराध में पूर्व में 18 मार्च को दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. आज तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा को भी गिरफ्तार किया गया है. उन्हें सात अप्रैल तक के लिए पुलिस रिमांड में लिया गया है. आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर के 186 सदस्यों के नाम पर एक– एक लाख रुपए,कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपए का गृह निर्माण ऋण स्वीकृत करवाया गया है. प्रकरण की जांच में पता चला कि भौतिक सत्यापन में ऋण अभिलेखों में दर्शाए गए स्थलों पर ना तो मकान निर्मित पाया गया और ना ही संबंधित ऋणधारी वहां मिले. जांच में कूटरचित दस्तावेजों,फर्जी प्रमाण पत्रों तथा आपराधिक षड्यंत्र के माध्यम से ऋण राशि के गबन किए जाने के तथ्य सामने आए. जिस पर ब्यूरो में विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज हुआ. क्या है पूरा मामला ? ब्यूरो में दर्ज अपराध क्रमांक 19/2000, धारा 120बी, 406, 409, 420, 467, 468, 471 भादवि तथा धारा 13 (1) (सी), 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रकरण में जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि वर्ष 1995 से 1998 के बीच शासन की सरकारी आवासीय योजना के अंतर्गत जरूरतमंद व्यक्तियों को मकान निर्माण हेतु ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी. जांच में पाया गया कि ‘आधुनिक गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित रायपुर’ के तत्कालीन अध्यक्ष थावरदास माधवानी, ‘सहकारी आवास संघ मर्यादित रायपुर’ के तत्कालीन आवास पर्यवेक्षक बसंत कुमार साहू एवं ‘सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल’ के तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा द्वारा आपराधिक षड्यंत्र कर आपस में मिलकर योजनाबद्ध तरीके से सहकारी आवास संघ के पैसे का बंटरबाट किया और प्रदीप कुमार निखरा द्वारा पद का दुरूपयोग कर कूटरचित दस्तावेजों से फर्जी लोन तैयार कर लाखों रूपये प्राप्त किया गया. आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आवास संघ से गृह निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी से ऋण स्वीकृत कराया. इसके बाद करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि का बंदरबांट कर आपस में बांट लिया. आज चार अप्रैल को प्रकरण में सहकारी आवास संघ मर्यादित भोपाल के तत्कालीन प्रबंधक प्रदीप कुमार निखरा को गिरफ्तार किया गया. कोर्ट ने पेशी के बाद गिरफ्तार आरोपी को सात अप्रैल तक पुलिस रिमाण्ड भेज दिया है.

कोरापुट से बस्तर तक कांपी धरती, भूकंप के झटकों का वीडियो सामने आया

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर/बस्तर संभाग में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। जगदलपुर समेत आसपास के कई इलाकों में जमीन हिलने से लोग घबरा गए और एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। नैशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप रात 11:31 बजे आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र ओडिशा के कोरापुट क्षेत्र में जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे स्थित था। कुछ सेकंड की दहशत, फिर सामान्य हुआ माहौल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए, लेकिन अचानक जमीन हिलने से लोग घबरा गए। कई लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर खड़े हो गए। झटके थमने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। CCTV में कैद हुई घटना शहर के कई इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भूकंप के दौरान की हलचल रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि झटकों के दौरान पंखे और अन्य सामान हिलते नजर आए, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। कम जोखिम वाले क्षेत्र में भूकंप से बढ़ी चिंता बस्तर क्षेत्र को अब तक भूकंपीय दृष्टि से अपेक्षाकृत सुरक्षित और कम संवेदनशील माना जाता रहा है, जहां बड़े या बार-बार भूकंप आने की घटनाएं सामान्यतः दर्ज नहीं होतीं। ऐसे में अचानक झटकों का महसूस होना न केवल आम लोगों के लिए डर और आशंका का कारण बना है, बल्कि विशेषज्ञों और भूविज्ञानियों के लिए भी यह एक गंभीर संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या क्षेत्र की भूगर्भीय संरचना में कोई सूक्ष्म बदलाव हो रहा है, जिसे अब तक नजरअंदाज किया जाता रहा। भूविज्ञानियों का मानना है कि भले ही यह भूकंप तीव्रता में मध्यम था, लेकिन इसका असर और स्थान महत्वपूर्ण है, इसलिए इस तरह की घटनाओं का विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन जरूरी हो जाता है। भविष्य में संभावित जोखिमों का आकलन करने, भूकंपीय गतिविधियों के पैटर्न को समझने और समय रहते आवश्यक सतर्कता बरतने के लिए इस क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग और रिसर्च की जरूरत महसूस की जा रही है। प्रशासन सतर्क, स्थिति पर नजर भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि भूकंप के दौरान घबराएं नहीं, बल्कि सुरक्षित स्थानों पर जाएं। साथ ही भविष्य में इस तरह की किसी भी घटना के लिए जागरूक और तैयार रहने की सलाह दी गई है। भूवैज्ञानिकों के लिए अध्ययन का विषय बस्तर जैसे अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस होना वैज्ञानिकों के लिए अध्ययन का विषय बन गया है। विशेषज्ञ अब इस क्षेत्र की भूगर्भीय गतिविधियों पर और गहन नजर रखेंगे, ताकि भविष्य में संभावित जोखिम का आकलन किया जा सके।