samacharsecretary.com

पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा शिविर में बना वरदान

जयपुर राज्य सरकार द्वारा आयोजित पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा- 2025  के अन्तर्गत ग्राम पंचायत पँवालिया के ग्राम जयसिंहपुरा उर्फ रूपवास में मंगलवार दिनांक 08.07.2025 को आयोजित शिविर में 73 बीघा कृषि भूमि को लेकर ग्रामवासी गोपाल, दयाल व हरजीराम वगैरह में लगभग 55-60 वर्षो से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसे लेकर उक्त सभी कृषक अभियान में उपखण्ड अधिकारी सांगानेर हिम्मतसिंह के समक्ष प्रस्तुत हुए। मौके पर उपखण्ड अधिकारी तथा सरपंच पँवालिया रामराज चौधरी, भू.अ.निरीक्षक विशाल सिंहल तथा पटवारी हल्का राहुल गंगावत के प्रयास स्वरूप उक्त भूमि के विभाजन के लिए सहमति बनी। सभी खातेदार सहमत हुए, जिसमे मौके पर ही सहमति विभाजन स्वीकृत कर राजस्व रिवार्ड में अमलदरामद किया गया। इस अवसर पर समस्त खातेदारों द्वारा वर्षों पुराने विवाद के निस्तारण पर प्रशासन व पंचायत को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा- 2025 आयोजित करने पर सभी परिवादियों ने हृदय से आभार व्यक्त किया।

महिला के साथ घर में घुसकर अशोभनीय हरकत करने वाले आरोपी गिरफ्तार

जैसलमेर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर अशोभनीय हरकत करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। यह मामला क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 जून को उस समय हुई जब रामगढ़ क्षेत्र के पारेवर गांव की एक महिला अपने घर में मौजूद थी। नशे की हालत में गांव का ही निवासी शिवलाल पुत्र दानाराम मेघवाल महिला के घर में जबरन घुस गया। आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और महिला के साथ बदसलूकी करने लगा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने न सिर्फ उसके साथ छेड़छाड़ की, बल्कि उसके कपड़े और हाथ-पांव खींचने की भी कोशिश की। घटना के बाद पीड़िता ने रामगढ़ थाने में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और महिला की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी को जल्द ही तलाश कर हिरासत में ले लिया गया और जांच के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है  

राजस्थान : चुरू में वायुसेना का प्लेन क्रैश, हादसे में पायलट की मौत, शव बरामद

 चूरू राजस्थान के चुरू में आज बुधवार को वायुसेना का एक प्लेन क्रैश हो गया है. यह हादसा रतनगढ़ में हुआ है. मलबे से एक शव बरामद हुआ है. माना जा रहा है कि यह शव पायलट का है.राजस्थान के चूरू के रतनगढ़ क्षेत्र के भानुदा गांव में बुधवार एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है. घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं. ग्रामीणों की सूचना के अनुसार, आसमान में तेज आवाज के बाद खेतों में आग की लपटें और धुआं उठता देखा गया. मलबे के पास से एक शव बरामद हुआ है. जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला है. शव के पहचान की प्रक्रिया स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही है. जैसे ही हादसे की खबर फैली, रतनगढ़ में हड़कंप मच गया. कलेक्टर अभिषेक सुराना और स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं. गांववालों ने बताया कि विमान क्रैश के तुरंत बाद खेतों में आग लग गई थी, जिसे ग्रामीणों ने अपनी ओर से बुझाने का प्रयास किया. घटना के विस्तृत कारणों की जांच जारी है. 

रोडवेज बस की चाचा-भतीजे को मारी टक्कर, 14 वर्षीय बालक की मौत, चाचा गंभीर

अलवर अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के माधोगढ़ स्टैंड पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने साइड में खड़े बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय बालक प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा बलराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बलराम को तुरंत अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक प्रिंस अपने चाचा बलराम के साथ बाइक में पंचर लगवाने के लिए माधोगढ़ स्टैंड आया था। दोनों स्टैंड पर सड़क किनारे बाइक के पास खड़े थे, तभी अलवर की ओर से जयपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रिंस ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रिंस के पिता विश्राम ने बताया कि प्रिंस परिवार का इकलौता बेटा था और फिलहाल चौथी कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसकी दो बहनें भी हैं। पिता खेती-बाड़ी से परिवार चलाते हैं, जबकि घायल बलराम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ कर दी और बस को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गुरुवार सुबह अलवर में पोस्टमार्टम किया गया।  

आरएएस अधिकारी के सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी, लाखो की ज्वैलरी पार

जोधपुर जोधपुर में आम ही नहीं अब खास भी चोरों की जद से नहीं बचे हैं पुलिस कमिश्नरेट में चोरो के हौसले इतने बुलंद है कि आम लोगो की बात ही छोड़िए प्रशासनिक अधिकारियों के मकान भी सुरक्षित नहीं रहे। भगत की कोठी थाना क्षेत्र के विजय नगर इलाके में स्थित आरएएस अधिकारी परमजीत सिंह के सूने मकान में दिनदहाड़े एक शातिर चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया देते हुए लाखो की ज्वैलरी पार कर ली। इस शातिर चोर ने सिर्फ सात मिनट तक रैकी की और महज पांच मिनट में करीब आठ लाख रुपये से अधिक मूल्य की सोने की ज्वैलरी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस के अनुसार, आरएएस अधिकारी परमजीत सिंह वर्तमान में सलूम्बर में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय वे ड्यूटी पर थे, उनकी पत्नी कामाश्री भी मथुरादास माथुर अस्पताल स्थित नर्सिंग कॉलेज में कार्यरत है और घटना के समय वह ड्यूटी पर थीं। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे एक युवक उनके मकान के मुख्य गेट खोलकर मकान में घर मे दाखिल हुआ और भूतल के ताले तोड़कर अंदर घुसा। अलमारी से उसने सोने का नेकलेस व तीन छोटी कान की जोड़ियां चुरा लीं। घटना का खुलासा तब हुआ जब पहली मंजिल पर रहने वाले उनके भाई भरतसिंह को इस चोरी का पता चला। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मुकदमा दर्ज करवाया। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की पूरी हरकत कैद हुई है। वीडियो में युवक पहले सीढ़ियां चढ़कर ऊपर की मंजिल का दरवाजा चेक करता है और फिर नीचे लौट आता है। कुछ देर बाद दोबारा मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।  

हमारी सरकार गरीब को गणेश मानकर कर रही सेवा – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण को समर्पित है और इसी भावना के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है जिसके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीब, किसान, युवा एवं महिला इन चारों जातियों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है तथा हम संकल्प पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करेंगे जिससे उत्कृष्ट और विकसित राजस्थान की परिकल्पना को गति मिलेगी। श्री शर्मा मंगलवार को चूरू में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडे के तहत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चूरू अपनी अनूठी स्थापत्य कला और प्राकृतिक सुंदरता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। साथ ही, तालछापर अभयारण्य के काले हिरण और प्रवासी पक्षियों का कलरव प्रकृति प्रेमियों को एक अद्भुत अनुभव प्रदान करता है। यहां की कलात्‍मक हवेलियां, भित्तिचित्र और अन्‍य ऐतिहासिक धरोहर चूरू के समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास से रूबरू कराती हैं। आमजन को एक ही स्थान पर मिल रहा विभिन्न योजनाओं का लाभ- श्री शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में रास्‍तों से अतिक्रमण हटाने, भूमि के स्‍वामित्‍व मिलने जैसे बरसों से लंबित काम पूरे हो रहे हैं। साथ ही, शिविरों के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत 10 हजार गांवों में बीपीएल परिवारों का सर्वे कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को पौध वितरण, मृदा नमूनों के संग्रहण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, पशुपालकों को मंगला पशु बीमा, पशुओं की जांच, इलाज और टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी इन शिविरों में किए जा रहे हैं। गरीब कल्याण की योजनाओं से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का हो रहा उत्थान- मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व परिवर्तन आए हैं। उनके द्वारा शुरू की गई गरीब कल्याण की योजनाओं से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का उत्थान हो रहा है। साथ ही, उनके कुशल मार्गदर्शन में देश में अभूतपूर्व विकास कार्य के साथ-साथ आतंकवाद-नक्सलवाद का खात्मा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशानुसार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास की अवधारणा पर राज्य सरकार कृतसंकल्पित होकर कार्य कर रही है। महिला, युवा, किसान एवं गरीब के उत्थान के लिए हो रहा काम- श्री शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार को गरीब के हित से कोई सरोकार नहीं था जबकि हम गरीब को गणेश मानकर योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहे हैं। किसानों को हमारी सरकार गोपाल क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। वहीं, महिलाओं को लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरण, कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना, मा वाउचर सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सशक्त किया जा रहा है। युवाओं को हम पांच साल में चार लाख सरकारी नौकरियां देंगे। उन्होंने कहा कि हमने शेखावाटी में यमुना जल लाने के लिए यमुना जल समझौते के लिए हरियाणा सरकार के साथ मिलकर टास्‍क फोर्स गठित की है। हमारे डेढ साल के कार्य पूर्ववर्ती सरकार के पूरे कार्यकाल से ज्यादा- मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने केवल डेढ़ साल में ही प्रदेश के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं जोकि पूर्ववर्ती सरकार के पूरे 5 साल से भी ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने डेढ़ साल में ही विद्युत उत्पादन क्षमता में 4 हजार 270 मेगावाट की बढ़ोतरी की जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने पूरे पांच साल में केवल 3 हजार 948 मेगावाट की बढ़ोतरी दर्ज की। इसी तरह, हमने डेढ़ साल में किसानों को 253 लाख मीटर से अधिक तारबंदी के लिए अनुदान दिया तथा 32 हजार से अधिक फार्म पौंड बनवाए हैं जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में केवल 113 लाख मीटर तारंबदी के लिए अनुदान दिया तथा केवल 29 हजार पौंड बनवाए। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में 55 पशु चिकित्सालयों का प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नयन हुआ , इसके मुकाबले पूर्ववर्ती सरकार ने पूरे कार्यकाल में केवल 49 का ही क्रमोन्नयन किया। चूरू जिले का हो रहा समग्र विकास- श्री शर्मा ने कहा कि चूरू जिले के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए हमारी सरकार ने बजट में 834 करोड़ रुपये का प्रावधान किया तथा चूरू विधानसभा में 300 करोड़ रुपये के काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपये से रिंग रोड वाया तारानगर वाया बालेरी से सरदारशहर वाया रतनगढ़ वाया देपलसर से एनएच-52 बाइपास सड़क निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही, 20 करोड़ रुपये से चूरू-जयपुर रोड ओवरब्रिज की मरम्मत की जा रही है। सिरसला रेलवे लाइन पर अंडरब्रिज, रामनगर तिराहा और ओम कॉलोनी में आरयूबी, चूरू शहर में एलीवेटेड रोड बनाने का काम भी किया जा रहा है। लोकार्पण और शिलान्‍यास- इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चूरू में 3 करोड़ 62 लाख रुपये से बने मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह तथा 11 करोड़ 76 लाख रुपये से निर्मित 200 बेड क्षमता वाले अल्पसंख्यक बालक आवासीय विद्यालय का लोकार्पण किया। साथ ही, श्री शर्मा ने 7 करोड़ 50 लाख रुपये से निर्मित चूरू में कृषि महाविद्यालय खांसोली का शिलान्यास भी किया।  

कृषक उत्पादकों के संगठनों को मंडी यार्ड में उपलब्ध करवाये जायेंगे प्लेटफॉर्म

जयपुर राज्य में संचालित समस्त पंजीकृत कृषक उत्पादक संगठन, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, क्रय-विक्रय सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समुहों और ग्राम सेवा सहकारी समितियोंं को उनके कृषि जिन्सों का उचित मूल्य दिलवाने और उत्पादक संगठनों को प्रोत्सहित करने के लिए राज्य की मंडी समितियों में कृषि जिन्सों में क्रय-विक्रय के लिए प्लेटफॉर्म पर स्थान उपलब्ध करवाए जायेंगे।  शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्री राजन विशाल के निर्देशानुसार कृषि विपणन विभाग द्वारा कृषक उत्पादक संगठनों को कृषि जिन्सों के क्रय-विक्रय हेतु राज्य के सभी मंडी यार्डों में प्लेटफॉर्म चिन्हित करने हेतु सभी मंडी सचिवों को निर्देशित किया गया है। जिससे कृषक उत्पादक संगठनों को अपने उत्पाद बेचने के लिए मंडी प्रांगण में एक निश्चित जगह मिल सकेगी और इससे संगठनों को प्रोत्साहित किया जा सकेगा।  किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) एक प्रकार का उत्पादक संगठन होता है जिसके सदस्य किसान ही होते हैं। एफपीओ कई सेवाएं प्रदान कर छोटे किसानों को सहायता प्रदान करते हैं इनका लक्ष्य संशाधनों, ज्ञान और बाजारों तक बेहतर पहुंच प्रदान कर के छोटे किसानों की दक्षता और लाभप्रदता को बढ़ाना है।

विधानसभा अध्यक्ष ने नगरीय विकास मंत्री को जन्मदिवस पर दी शुभकामनाएं

जयपुर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा के जन्मदिवस के अवसर पर उनके निवास स्थान पर पहुंचकर शुभकामनाएं दी। श्री देवनानी ने श्री खर्रा को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी एवं उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सतत सफलता हेतु ईश्वर से मंगलकामना की। इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि श्री खर्रा की जनसेवा, कार्यकुशलता और संवेदनशील नेतृत्व क्षमता से राजस्थान को नगरीय विकास के क्षेत्र में नए आयाम मिल रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री खर्रा राज्य के नागरिकों के कल्याण हेतु ऐसे ही समर्पण भाव से कार्य करते रहेंगे।

6 परिवारों के 30 व्यक्तियों में चल रहा वर्षो का भूमि विवाद मिनिटों में हल, मुकदमा वापस, चेहरों पर छाई खुशी

जयपुर  मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गरीबों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा 2025 के तहत मंगलवार को तहसील स्तर पर आयोजित फॉलोअप शिविर में सुन्दरा पुत्र जुवारा जाति मीणा व जगदीश, नाहरा, बजरंग तथा सुरा पुत्र रामजीवण निवासी रतनपुरा द्वारा उपखण्ड अधिकारी फागी राकेश कुमार व तहसीलदार फागी रवि शेखर चौधरी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत करवाया की उनके मध्य खेतों व कुंए पर जाने वाले रास्ता संबंधी विवाद है। भूमि विभाजन नहीं होने के कारण प्रार्थीगण अपने हिस्से की भूमि का सदुपयोग नहीं कर पा रहे हैं। आपसी विवाद के कारण प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है एवं पुलिस थाना में भी मुकदमा दर्ज है। उपखण्ड अधिकारी द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए परिवादियों के बीच आपसी समझाईश की गई। परिवादियों द्वारा उपखण्ड अधिकारी की समझाईश पर न्यायालय में दर्ज प्रकरण जिसमें कुल 19 बीघा जमीन 10 खसरे एवं 06 परिवारों के 30 व्यक्तियों के बीच चल रहा विवाद आपसी सहमति से खत्म होने पर आपसी सहमति से विभाजन के कुर्रेजात मौके पर ही तैयार किये गये। वर्षों से चल रहे विवाद मिनिटों में खत्म होने एवं कुर्रेजात तैयार होने तथा पुलिस थानें में दर्ज मुकदमा वापस होने पर परिवादियों के चेहरे पर खुशी की लहर छा गई। परिवादियों ने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन का पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा के तहत शिविर आयोजित करवाने पर उनके परिजनों की ओर से कोटि-कोटि धन्यवाद दिया है। पेंशन का सत्यापन होने से अमरचन्द रैगर व गीता देवी बलाई को मिली राहत पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाडा के अन्तर्गत मंगलवार को पंचायत समिति सांभरलेक में आयोजित ब्लॉक स्तरीय फोलोअप शिविर के अन्तर्गत प्राप्त सूचना के द्वारा ग्राम पंचायत नौरंगपुरा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी को भेजकर  विशेष योग्यजन एवं वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना का सत्यापन करवाया गया जिससे प्रार्थी गीता देवी बलाई व अमरचन्द रैगर ने राहत की सांस ली और राज्य सरकार का पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाडा फोलोअप शिविर आयोजित करने पर आभार व्यक्त किया।

चातुर्मास आध्यात्मिक जागृति और सामाजिक समरसता का पर्व है: राज्यपाल

जयपुर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, संयम और सामाजिक सद्भाव का विशेष काल है, जिसमें साधु-संत एक स्थान पर ठहरकर साधना, ध्यान और तपस्या करते हैं तथा समाज को नैतिक मूल्यों की शिक्षा देते हैं। राज्यपाल श्री बागडे मंगलवार को आध्यात्मिक चातुर्मास महोत्सव समिति भीलवाड़ा के तत्वावधान में सुभाष नगर स्थित जैन स्थानक में चातुर्मासिक मंगल प्रवेश के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आमजन को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि जैन धर्म जीवदया, अहिंसा और आत्मशुद्धि का प्रतीक है तथा चातुर्मास के माध्यम से इन मूल्यों को जनमानस तक पहुँचाया जाता है। उन्होंने कहा कि सच्चा साधु वही है जो समाज के कल्याण के लिए कार्य करता है और दूसरों के हित में किया गया कार्य ही सच्ची सिद्धि है। यह परंपरा भगवान महावीर के काल से चली आ रही है, जिसका उद्देश्य समाज में नैतिक जागरूकता और आध्यात्मिक चेतना जागृत करना है। राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि चातुर्मास के दौरान दिए जाने वाले प्रवचन व्यक्ति के अंतर्मन को जागृत करते हैं और समाज में सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति को मिटाने के अनेक प्रयास इतिहास में हुए, लेकिन इसकी गहराई और मूल्यों के कारण यह संस्कृति आज भी अक्षुण्ण बनी हुई है। राज्यपाल ने नवीन शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति बच्चों के बौद्धिक और शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन पर बल देती है। उन्होंने कहा कि नवीन शिक्षा नीति के माध्यम से ऐसे शिक्षाविद तैयार होंगे, जो आधुनिक ज्ञान के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को भी आत्मसात करेंगे। राज्यपाल श्री बागड़े ने मंच पर विराजित जैन साध्वियों से आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके द्वारा समाज को दिए जा रहे आध्यात्मिक मार्गदर्शन की सराहना की।