samacharsecretary.com

जमीन विवादों पर लगेगा ब्रेक, भूमि बंटवारे के केस जल्द निपटाने की तैयारी में हरियाणा सरकार

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने लंबे समय से रुके हुए भूमि बंटवारे (पार्टिशन) के मामलों को जल्दी निपटाने के लिए नए नियम लागू किए हैं। एफसीआर तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने राज्यभर में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व अधिकारी अब जल्दी और समयबद्ध तरीके से जमीन के विवाद निपटाएं। अब आम लोगों को सालों तक जमीन के मामले का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब प्रत्येक सहायक कलेक्टर को महीने में कम से कम 12 जमीन के बंटवारे के मामले निपटाने होंगे। यह लक्ष्य तीन स्तर पर निगरानी के तहत पूरा होगा। उपायुक्त, मंडलायुक्त और वित्त आयुक्त (राजस्व)। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जो तहसीलदार कम काम वाले क्षेत्रों में हैं, उनके पास ज्यादा मामले भेजे जाएंगे ताकि सभी अधिकारी बराबर जिम्मेदारी निभाएं और लोगों को जल्दी न्याय मिल सके। जमीन के मामलों में अक्सर विवाद लंबित रहते हैं। इसे कम करने के लिए वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) तंत्र लागू किया गया है। सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी गांव स्तर पर एडीआर शिविर लगाएंगे। विवादित पक्षकार आपसी सहमति से समाधान करने के लिए प्रेरित होंगे। सफल समाधान पर 10,000 रुपये का इनाम मिलेगा, जिसे विवादित पक्ष साझा करेगा। सरकार की कोशिश है कि लोग लंबे कोर्ट के झंझट से बचकर सीधे समझौते के जरिए अपनी जमीन का निपटारा कर सकें। अब राजस्व न्यायालयों में लगातार सुनवाई होगी। तहसीलदार और नायब तहसीलदार सप्ताह में कम से कम तीन दिन न्यायालय चलाएंगे। अन्य अधिकारी सप्ताह में पांच दिन जमीन के मामलों की सुनवाई करेंगे। इससे लंबित मामलों का निपटारा तेजी से होगा और लोगों को समय पर न्याय मिलेगा।    राजस्व अधिकारियों का प्रदर्शन त्रैमासिक रूप से देखा जाएगा। डॉ़ सुमिता मिश्रा ने कहा कि जो अधिकारी सबसे अच्छे काम करेंगे, उन्हें अपनी पसंद की तहसील में तैनाती दी जा सकती है। जो लगातार काम पूरा नहीं करेंगे, उन्हें अन्य गैर-राजस्व जिम्मेदारियों में भेजा जाएगा। इससे अधिकारी अपने काम में और जिम्मेदार बनेंगे, और आम लोगों के मामलों में देरी नहीं होगी। नई नियमावली के तहत संयुक्त खातेदारी की जमीनों का बंटवारा अब तेजी से होगा। मंडल आयुक्त तीन दिनों में अधिसूचना जारी करेंगे और मामले जल्द लागू होंगे। इससे लंबित जमीन के मामले जल्दी निपटेंगे। मुकदमेबाजी कम होगी, आपसी समझ से समाधान मिलेगा। अधिकारी जवाबदेह होंगे, इसलिए लोगों को न्याय समय पर मिलेगा। पारदर्शिता बढ़ेगी, कोई भी मामले में अन्याय नहीं कर पाएगा।  

बीच सड़क हंगामा: पुलिसकर्मी की पत्नी ने पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ा, जमकर हुआ बवाल

यमुनानगर  सेक्टर-17 मार्केट में ‘पति-पत्नी और वो’ को लेकर जमकर हंगामा हो गया। दो महिलाओं के बीच जमकर झड़प हुई। दोनों ने एक दूसरे को पीटा। पति को दूसरी महिला के साथ देखने को लेकर यह विवाद हुआ। किसी तरह से भीड़ ने दोनों का बीच बचाव किया। पुलिसकर्मी पति व उसकी महिला साथी वहां से कार में भाग निकले। पुलिसकर्मी पत्नी थाने में पहुंची। वहां उपस्थित लोगों ने इस झगड़े की वीडियो भी बनाई जो वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि सोमवार को पुलिसकर्मी अपनी एक महिला साथी के साथ सेक्टर 17 मार्केट के बाहर खड़ा था, तभी वहां उसकी पुलिसकर्मी पत्नी पहुंच गई। वह महिला को देख आग बबूला हो गई। दोनों के बीच देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।   दोनों महिलाओं ने एक दूसरे को बाल पकड़ कर घसीटा और पीटा। काफी देर तक दोनों मारपीट करते रहे। इतने में किसी ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस व अन्य लोगों ने किसी तरह से बीच बचाव कराया। जिसके बाद पुलिसकर्मी कार में महिला के साथ वहां से भाग निकला। वहीं उसकी पुलिसकर्मी पत्नी सेक्टर 17 थाना पहुंची। उसका कहना है कि पुलिसकर्मी के साथ जो महिला थी। वह उसकी पूर्व पत्नी है। दोनों के बीच तलाक हो चुका है। उसका खर्चा कोर्ट से तय हो चुका है। इसके बावजूद पुलिसकर्मी पति उस महिला के साथ रह रहा है। आरोप यह है कि उसे धोखे में रखकर शादी की गई है। आरोपित पुलिसकर्मी की यह तीसरी शादी है। महिला पुलिसकर्मी थाने में इस संबंध में शिकायत दी है। जांच अधिकारी एसआई लाभ सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

HCS परीक्षा नियमों में अहम संशोधन, 6 पेपर और 600 अंकों की लिखित परीक्षा; उम्मीदवारों के लिए क्या बदला?

चंडीगढ़ हरियाणा सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के नियमों में बदलाव किया है। अब मुख्य लिखित परीक्षा में चार की बजाय कुल 600 अंकों के छह प्रश्नपत्र होंगे। इसमें अंग्रेजी, हिंदी और चार सामान्य अध्ययन के पेपर शामिल हैं। पर्सनालिटी टेस्ट 75 अंकों की होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में इसी महीने हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बदले हुए नियमों पर मुहर लगने के बाद मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। बदले हुए नियमों के अनुसार, मुख्य लिखित परीक्षा में छह प्रश्नपत्र होंगे, जो कि 600 अंकों के रहेंगे। अंग्रेजी और हिंदी का पेपर प्रत्येक 100-100 अंकों का होगा।इसके अलावा चार जनरल स्टडीज के पेपर होंगे और प्रत्येक 100-100 अंकों के रहेंगे। पहले चार पेपर हुआ करते थे, जिनमें बदलाव किया गया है। हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषा में तैयार होंगे प्रश्नपत्र प्रश्न पत्र एक अंग्रेजी (अंग्रेजी निबंध सहित) होगा, जबकि प्रश्न पत्र दो हिंदी (हिंदी निबंध सहित) रहेगा। प्रश्न पत्र तीन सामान्य अध्ययन-वन का होगा, जबकि प्रश्न पत्र चार सामान्य अध्ययन-टू का रहेगा। प्रश्न पत्र पांच सामान्य अध्ययन-तीन और प्रश्न पत्र छह सामान्य अध्ययन-चार का होगा। परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र परंपरागत (निबंध) प्रकार का होगा। भूतपूर्व सैनिकों को सभी पेपरों में बैठना अनिवार्य मुख्य लिखित परीक्षा में सम्मिलित किए जाने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या समान अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार, अगर कोई होगा, सहित विज्ञापित रिक्तियों की संख्या से बारह गुणा होगी। इसी प्रकार पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाए जाने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या समान अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार, यदि कोई होगा, सहित विज्ञापित रिक्तियों का तीन गुणा होगी। भूतपूर्व सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों को सभी पेपरों में बैठना अनिवार्य होगा।   सेलेक्शन के लिए कितना नंबर लाना होगा? किसी भी उम्मीदवार को व्यक्तित्व/मौखिक परीक्षा के लिए तब तक नहीं बुलाया जाएगा, जब तक उसने सभी लिखित पेपरों के कुल योग के कम से कम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त न किए हों और हिंदी व अंग्रेजी भाषा में प्रत्येक में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त न किए हों। जहां बेंचमार्क दिव्यांगता वाले उम्मीदवार पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं होंगे, हरियाणा राज्य लोक सेवा आयोग 45 प्रतिशत अंकों की उक्त सीमा को घटा कर 35 प्रतिशत अंक तक कर सकता है। अंतिम चयन, उम्मीदवारों द्वारा प्रयोग किए गए सेवा के अधिमान को ध्यान में रखते हुए मुख्य लिखित परीक्षा तथा व्यक्तित्व/मौखिक परीक्षा अर्थात 675 अंकों में से उम्मीदवार द्वारा प्राप्त किए गए कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली वरिष्ठता सूची पर आधारित होगा।

फर्जीवाड़े का खेल: अपनी मिल का नाम बदला, रिश्तेदार के नाम करवाई एंट्री, जींद के आढ़ती से 2.25 करोड़ की ठगी

जींद करनाल के एक दम्पति ने जींद के एक अनाज मंडी के आढ़ती के साथ सवा 2 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। अनाज मंडी में आढ़ती का काम करने वाले अरविंद गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि निसिंग स्थित एक राइस मिल में अनिल कुमार व उनकी पत्नी डायरैक्टर हैं। वे मिल के सभी कार्यों में भागीदारी करते हैं। इन दोनों ने उससे संपर्क किया और विश्वास में लेकर आश्वासन दिया कि वह जींद के अन्य आढ़तियों व किसानों से जीरी लेकर उन्हें सप्लाई करे। इसकी अदायगी वे सप्लाई के 15 दिनों के अन्दर कर देंगे जिसमें उसे कुल रकम का एक प्रतिशत की दर से कमीशन मिलेगा। वर्ष 2014-15 व वर्ष 2015-16 के सीजन में अरविंद गोयल ने मंडी के आढ़तियों से संपर्क किया और उनसे उधार में जीरी खरीद ली। इसकी सप्लाई अलग-अलग बिलों द्वारा आरोपियों को की गई परंतु उन्होंने पैसे हड़पने की नीयत से जीरी का कोई भुगतान नहीं किया। आरोपियों ने जीरी से चावल निकालकर बाजार में अधिक मूल्य पर बेच दिया है। इसके बाद जब भुगतान के लिए बातचीत की तो आरोपियों ने उसे जान से मारने, झूठे आत्महत्या करने के लिए उकसाने के मुकद्दमे में फंसाने के लिए धमकी दी। अरविंद गोयल ने शिकायत में कहा है कि 31 मार्च, 2016 को आरोपियों की तरफ 2,20,86,140 रुपए बकाया थे जो कि उन्होंने धोखे से हड़प लिए हैं और भेजी गई जीरी को भी खुर्द-बुर्द कर दिया है। एक रात वह परेशान होकर उनके घर के बाहर बैठ गए जिसके बाद उन्होंने अगले दिन उसे चैक दिया जिस पर 22 जनवरी, 2018 की तारीख डाल दी। इसके बाद आरोपियों ने किसी और से धमकी दिलवाई कि अगर आज के बाद दोबारा पैसों की मांग करने व घर पर आए तो तुम्हें और तुम्हारे बेटे को जान से मरवा देंगे। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपियों ने अपनी राइस मिल का नाम बदलकर अपने रिश्तेदार के नाम पर रख दिया। इसका संचालन उक्त आरोपियों का रिश्तेदार कर रहा है। जींद शहर थाना पुलिस ने आरोपी दम्पति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

किसानों को राहत का तोहफा: योजनाओं का लाभ लेने में ट्रैक्टर की शर्त खत्म

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी के किसानों को खेती में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए एससी किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर अनुदान देने की योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 45 हॉर्स पावर (HP) तक के ट्रैक्टर की खरीद पर अधिकतम 3 लाख रुपये या ट्रैक्टर की कुल कीमत का 50 प्रतिशत (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में दिया जाएगा। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान 15 जनवरी तक विभाग के पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना की एक प्रमुख शर्त यह है कि किसान “मेरी फसल-मेरा ब्योरा” पोर्टल पर पंजीकृत हों। इसके अलावा एससी श्रेणी के किसान के पास कृषि भूमि का स्वामित्व होना जरूरी है, हालांकि परिवार पहचान पत्र (PPP) में दर्ज परिवार के किसी भी सदस्य के नाम भूमि होना भी मान्य होगा। योजना का लाभ वही किसान उठा सकेंगे जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में किसी भी सरकारी योजना के तहत ट्रैक्टर पर अनुदान प्राप्त नहीं किया हो। आवेदन जिलावार मांगे गए हैं और प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर प्रत्येक जिले का लक्ष्य तय किया जाएगा। यदि किसी जिले में आवेदन निर्धारित लक्ष्य से अधिक हो जाते हैं, तो उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिलास्तरीय कार्यकारी समिति (DLEC) द्वारा लॉटरी यानी ड्रॉ के माध्यम से चयन किया जाएगा। चयनित किसानों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सहायक कृषि अभियंता (AAE) कार्यालय बुलाया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र किसानों को ऑनलाइन परमिट जारी किया जाएगा, जिसके बाद 15 दिनों के भीतर ट्रैक्टर खरीदना अनिवार्य होगा।   ट्रैक्टर की खरीद के बाद ओटीपी के जरिए डीलर, निर्माता और किसान का सत्यापन किया जाएगा। बीमा, आरटीओ पंजीकरण, लोकेशन आधारित फोटो समेत सभी दस्तावेज अनिवार्य होंगे। अनुदान पर खरीदा गया ट्रैक्टर अगले पांच वर्षों तक बेचा नहीं जा सकेगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अनुदान की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी।  

सपनों को दी उड़ान: हरियाणा की बेटी भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर, चौथे स्थान पर की शानदार कामयाबी

बराड़ा  बराड़ा के गांव कंबास की बेटी ईशा भारतीय वायूसेना में फ्लाइंग ऑफिसर की पद पर तैनात हुई हैं। उसकी इस उपलब्धि पर उसके माता-पिता समेत परिवार, सरपंच व गांव में खुशी का माहौल है। गांव की सरपंच पूजा और अध्यापक जसबीर सिंह ने परिवार का मुंह मीठा करवाकर उन्हें बधाई दी। इशा के परिजनों ने बताया कि ईशा का ऑल इंडिया में चौथा रैंक आया है। उसके पिता सोमनाथ हरियाणा पुलिस में हैं जबकि मां संगीता गृहणी हैं। ईशा की छोटी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।  तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी और एक साधारण से परिवार की ईशा की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे परिवार का सिर फख्र से उठ गया है। सरपंच पूजा और मास्टर जसबीर सिंह ने ईशा के माता-पिता को बधाई दी और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया। पूजा ने कहा कि बेटियां पढ़-लिखकर देश और अपने माता का नाम रोशन कर रही हैं। ईशा ने भी अपने गांव का नाम देशभर में चमकाया है। उल्लेखनीय है कि पूजा भी पढ़ी लिख सरंपच हैं। वह भी डबल एमए के साथ जेबीटी की पढ़ाई कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी बेटियों को पढ़ाने पर जोर दे रही है। समाज की अन्य बेटियों को भी ऐसी होनहार बेटियों से सीख लेनी चाहिए और अच्छा मुकाम हासिल करना चाहिए। सरपंच ने कहा कि गांव में बेटियों को पढऩे के लिए वह पे्ररित करती रहती हैं और हमेशा मदद के लिए तैयार हैं। वहीं, साथ लगते गांव कंबासी निवासी और बराड़ा मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलराज शर्मा ने भी इशा और उसके परिवार को बधाई दी। ईशा  अपनी ट्रेनिंग के लिए बीते कल हैदराबाद में रवाना हो गई। पिता सोमनाथ ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है, जिसने अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया।  

बीजेपी कनेक्शन को लेकर विनेश फोगाट पर आरोप, सरपंच जिला प्रधान ने साधा निशाना

जुलाना शादीपुर गांव में आयोजित संत रामपाल महाराज के सम्मान समारोह के दौरान सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान सुधीर बुआना ने कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधायक को किसानों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। सुधीर बुआना ने कहा कि पिछले दिनों शादीपुर सहित आसपास के गांवों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हुई थी, जिससे किसानों की फसलें खराब हुईं और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस समस्या के समाधान के लिए विधायक द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।  उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने न तो मौके का दौरा किया और न ही जलभराव से निजात दिलाने के लिए कोई व्यवस्था करवाई। आज भी वो जनता से नदारत रहती हैं। विधायक विनेश फोगाट बीजेपी के साथ सांठगांठ करने में लगी हैं शायद वो बीजेपी में जाने की तैयारी में हैं। पिछले विधायक अमरजीत ढांडा ने कई गांवों के जलभराव की समस्या का समाधान किया लेकिन मौजूदा विधायक विनेश फोगाट काम करना ही नही चाहती।  सरपंच जिला प्रधान ने कहा कि ऐसे समय में संत रामपाल महाराज की टीम ने आगे बढ़कर किसानों की मदद की। टीम द्वारा पाइप लाइन और मोटर उपलब्ध कराकर जलभराव की समस्या से राहत दिलाने का कार्य किया गया। इसी जनहित कार्य के चलते संत रामपाल महाराज को ‘किसान जीवन रक्षक अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जा रहा है।सुधीर बुआना ने विधायक विनेश फोगाट पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि वह किसानों के मुद्दों को उठाने की बजाय भाजपा के साथ सांठगांठ करने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि विधायक का ध्यान क्षेत्र के विकास और किसानों की समस्याओं पर न होकर केवल राजनीति तक सीमित है। यही कारण है कि आज किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। ग्रामीण जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी दिया जाएगा।

राजनीतिक घमासान तेज: इनेलो सुप्रीमो का आरोप, हुड्डा की वजह से बनी भाजपा की तीसरी सरकार

रोहतक इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने एक बार फिर हरियाणा की राजनीति में बड़ा बयान देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभय चौटाला ने लोंगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने में कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का भी हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अंदरखाने भाजपा को फायदा पहुंचाया, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। एक ओर कांग्रेस सत्ता में आने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर उनके नेता ऐसे कदम उठाते हैं, जिससे भाजपा को सीधा फायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब इन राजनीतिक चालों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। इस दौरान अभय चौटाला ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जेजेपी नेताओं ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। चुनाव के समय चौधरी देवीलाल के नाम पर जनता से विश्वास मांगा गया, लेकिन सत्ता में पहुंचते ही भाजपा के साथ मिलकर पांच साल तक “मलाई खाने” का काम किया गया। उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ जनता ने जेजेपी को समर्थन दिया था, उन सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया गया। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी इनेलो सुप्रीमो ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में अपराध चरम पर है और लुटेरों व भूमाफियाओं का राज चल रहा है। आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, लेकिन सरकार अपराध पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।   अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यदि इनेलो पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इनेलो की सरकार बनते ही बदमाशों को प्रदेश से बाहर करने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो का लक्ष्य प्रदेश में ईमानदार और पारदर्शी शासन देना है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। अंत में अभय चौटाला ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे कांग्रेस, भाजपा और जेजेपी जैसे दलों की कथनी और करनी को पहचानें और एक मजबूत विकल्प के रूप में इनेलो को समर्थन दें।  

युवा शक्ति से स्वच्छ ऊर्जा तक: ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को लेकर अनिल विज का बयान

अंबाला हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2025 का अंतिम ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज प्रसारित हुआ, जिसमें उन्होंने हमेशा की तरह समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को जागरूक करने के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक जानकारियाँ साझा करते हैं। अनिल विज आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने एवं देखने के उपरांत मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं पर ध्यान केंद्रित किया और उनकी मेहनत, नवाचार एवं विभिन्न क्षेत्रों में हो रही उपलब्धियों की सराहना की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की एडवाइजरी का उल्लेख करते हुए अनावश्यक एंटीबायोटिक के प्रयोग से बचने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना जांच-परीक्षण और चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक का सेवन भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न कर सकता है, क्योंकि इससे दवाओं का प्रभाव कम हो जाता है। विज ने बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर सरकार द्वारा 1.10 लाख की अनुदान राशि दी जा रही है और लगभग इतनी ही लागत में सोलर सिस्टम स्थापित हो जाता है। एक बार सिस्टम लगने के बाद घर के बिजली बिल से लगभग मुक्ति मिल जाती है। उन्होंने पात्र नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में श्रीनगर में हुई पुरातात्विक खुदाई के ऐतिहासिक साक्ष्यों का भी उल्लेख किया, जिनके अवशेष फ्रांस में संरक्षित हैं और जो लगभग 2000 वर्ष पुरानी सभ्यता की ओर संकेत करते हैं।

हरियाणा में नए साल पर मौसम का यू-टर्न! बारिश के आसार, IMD ने शीतलहर को लेकर किया अलर्ट

हरियाणा  हरियाणा के लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। इन दिनों लोगों को सूखी ठंड का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन मौसम बदलने लगा है। 30 दिसंबर को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से नए साल की शुरुआत बूंदाबांदी के साथ हो सकती है। इससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने हरियाणा में शीतलहर और कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  वातावरण में नमी बढ़ने के कारण सुबह के समय कोहरा देखने को मिल रहा है। इस दौरान रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। फिलहाल एक कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके असर से शुक्रवार को हल्की बादलवाही और कोहरा छाया रहा। इस दौरान नारनौल प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 30 दिसंबर को एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना जताई जा रही है, जिसके प्रभाव से सूबे के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जिससे नए साल में ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी।