samacharsecretary.com

मैप अपडेट से पहले जनता की राय जरूरी: मतलौड़ा सेक्टर प्लान में संशोधन प्रस्ताव जारी

चंडीगढ़ पानीपत जिले के मतलौड़ा कस्बे में प्रस्तावित सेक्टर-1 से सेक्टर-7 की शहरी विकास योजना में अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इस योजना के तहत जो मास्टर रोड पहले तय की गई थी, वह अब जमीन पर संभव नहीं है, इसलिए हरियाणा के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने सेक्टरल प्लान में संशोधन कर दिया है और अब इस बदलाव पर आम जनता की राय मांगी गई है। अंतिम स्वीकृति से पहले स्थानीय निवासी, भूमि मालिक, किसान, डेवलपर और संस्थान इस नए प्रस्ताव को समझ सकेंगे और यदि उन्हें किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव है, तो वह निर्धारित समय में विभाग के संज्ञान में ला सकेंगे। इसके लिए आम लोगों को एक माह का समय दिया है। यह सेक्टोरल प्लान मतलौड़ा क्षेत्र के भविष्य के विकास की नींव माना जा रहा है। इस प्लान के लागू होने के बाद यहां सड़क नेटवर्क, रिहायशी सेक्टर, सुविधाएं और ज़मीन का उपयोग तय होगा। ऐसे में संशोधन का यह चरण बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसका सीधा प्रभाव स्थानीय लोगों की जमीनों, भावी निर्माण, निवेश और क्षेत्रीय विकास मॉडल पर पड़ेगा। पुराना मास्टर रोड संभव नहीं, इसलिए बदली योजना 14 जनवरी, 2025 को तैयार किए गए मूल प्लान में सेक्टर-1 में एक मास्टर रोड प्वाइंट-ए से प्वाइंट-बी तक चलाई गई थी। लेकिन विभाग की साइट जांच में पाया गया कि यह रोड जमीन पर तकनीकी और व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। इसी वजह से इस रोड की दिशा बदलकर नई अलाइनमेंट तैयार की गई है। संशोधित ड्रॉइंग ऑनलाइन, अब नागरिकों की बारी विभाग ने संशोधित प्लान की स्कैन कॉपी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। लोग यहां जाकर यह देख सकते हैं कि योजना में क्या बदलाव किए गए हैं और उसका असर किन हिस्सों पर पड़ेगा। जिस भी व्यक्ति या संस्था को प्रस्तावित संशोधन पर आपत्ति हो या वह कोई सुझाव देना चाहता हो, उसे 30 दिनों के भीतर लिखित रूप में अपनी प्रतिक्रिया भेजनी होगी। आपत्तियों की जांच के बाद होगा अंतिम फैसला सीनियर टाउन प्लानर कार्यालय प्राप्त सुझावों और आपत्तियों की समीक्षा कर 15 दिनों में रिपोर्ट विभाग को भेजेगा, जिसके बाद इस सेक्टर प्लान पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के निदेशक अमित खत्री के अनुसार, जमीन की वास्तविक स्थिति और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह बदलाव आवश्यक था और इससे क्षेत्र का विकास अधिक योजनाबद्ध और व्यवहारिक रहेगा।

अपराध पर कड़ी चोट: हरियाणा में पुलिस अभियान ने 7,500 अपराधियों को पकड़ा

चंडीगढ़  हरियाणा में अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक डाउन’ के तहत मात्र 22 दिनों में हरियाणा पुलिस ने 3066 कुख्यात अपराधियों सहित कुल 7587 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हरियाणा की मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत पुलिस ने 305 कुख्यात अपराधियों की पहचान की और 304 को गिरफ्तार कर लगभग 100 प्रतिशत सफलता दर हासिल की। गुरुग्राम में कुल 865 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई, जिसमें 74 अपराधी संगठित अपराध से जुड़े थे। अपराध पर और मजबूत पकड़ बनाने के लिए पुलिस ने 81 अपराधियों की हिस्ट्री शीट भी खोली, जिससे भविष्य में अपराधों को रोकने में सहायता मिलेगी। फरीदाबाद-सोनीपत ने दिखाई शानदार सतर्कता इस अभियान में फरीदाबाद ने दूसरे स्थान पर रहते हुए 138 कुख्यात अपराधियों को जेल भेजा, जबकि सोनीपत ने 106 गिरफ्तारी कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा झज्जर में 90 और यमुनानगर में 86 अपराधियों को पकड़ा गया। इन आंकड़ों से साफ है कि अभियान पूरे राज्य में समान तीव्रता और दृढ़ता के साथ चलाया गया। हथियारों और नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार पुलिस ने अपराधियों के हथियार और संसाधनों को भी जब्त किया। अभियान में अब तक 161 देसी कट्टे, 146 पिस्तौल और 537 कारतूस बरामद किए। 12 हजार से से अधिक अवैध शराब की बाेतल, 4.5 किलो हेरोइन, 402 किलो चरस, 397 किलो गांजा भी बरामद हुए हैं। एसटीएफ की रणनीतिक सतर्कता के चलते 2 हैंड ग्रेनेड और एक आईईडी भी पकड़ा गया, जिससे बड़ी वारदात टल गई। 168 करोड़ की अवैध संपत्ति चिह्नित अपराधियों की आर्थिक शक्ति को खत्म करने के प्रयास में पुलिस ने अब तक 201 अपराधियों की लगभग 168 करोड़ की अवैध संपत्तियों की पहचान की गई। लगभग 24 लाख की संपत्ति अटैच की गई है और 21 लाख की संपत्ति नष्ट की गई। 32 करोड़ 32 लाख रुपये की संपत्ति पर कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस मामले में सोनीपत, नूंह, फतेहाबाद और पलवल जिले अग्रणी रहे। अलग-अलग जिलों में कार्रवाई के उदाहरण भिवानी में संगठित गिरोह के चौथे सदस्य अक्षय उर्फ राजपूत की गिरफ्तारी ने वहां के अपराध चक्र को बड़ा झटका दिया। गुरुग्राम में चेन स्नैचिंग गिरोह का दूसरा सदस्य पकड़ा गया। फरीदाबाद में हिमांशु हत्याकांड के मुख्य षड्यंत्रकारी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। अंबाला में गुप्त सूचना के आधार पर अवैध हथियार सहित आदित्य उर्फ हैप्पी को पकड़ा गया।

स्थानीय से वैश्विक तक की यात्रा: विकसित भारत 2047 पर बोले नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने का रास्ता वोकल फॉर लोकल से होकर ही गुजरेगा। यह लक्ष्य तभी हासिल होगा जब देश में बनी वस्तुओं का अधिकतम उपयोग होगा और लोकल उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से आत्मनिर्भर भारत रेल यात्री–संपर्क अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद रहे। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए विकसित भारत 2047 और वोकल फॉर लोकल के आह्वान को आमजन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।  इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर जाकर तथा ट्रेन में मौजूद यात्रियों से संपर्क कर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के पत्रक वितरित किए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 2014 में भारत दुनिया की 12वीं–13वीं अर्थव्यवस्था था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केवल 11 वर्षों में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लोकल उत्पादों के उपयोग, उत्पादन को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता को अपनाने से भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में विश्वास रखा उन्होंने रेलवे विकास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेल और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहे हैं। चंडीगढ़, पंचकूला रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कायाकल्प किया जा रहा है। यह अभूतपूर्व विकास का उदाहरण है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में केवल भ्रष्टाचार में विश्वास रखा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी है। हादसे पर जताया गहरा दु:ख, कहा—लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवंगत खिलाड़ी हार्दिक राठी की मृत्यु के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है। खेल विभाग और प्रशासन को लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी प्रदेश का गौरव हैं और सरकार उनके साथ खड़ी है। सरकार ने पूरे प्रदेश के स्टेडियमों में लगे खेल उपकरणों की स्थिति संबंधी रिपोर्ट भी मांगी है। संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति न करें पंजाब सीएम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हरियाणा को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। अरविंद केजरीवाल व आम आदमी पार्टी द्वारा एक महीने में पंजाब से नशा खत्म करने का वायदा कर सरकार तो बना ली, लेकिन हालात कैसे हैं वो सबके सामने हैं। नशे की वजह से पंजाब के युवा बर्बाद हो रहे हैं, अपराध भी बढ़ रहा है। बजाय, उस पर कुछ करने के पंजाब सीएम केवल राजनीति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा सिख परंपरा का सम्मान बढ़ाया एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख परंपरा, गुरुओं की शिक्षाओं और उनके पवित्र स्थलों के सम्मान में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के तीन पवित्र स्वरूपों को सुरक्षित लाने और करतारपुर कॉरिडोर निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य उनके प्रयासों से संभव हो सके हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस केवल भ्रामक प्रचार कर समाज में विभाजन पैदा करने में लगे रहते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मौके पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अभियान से जुड़े पदाधिकारी मौजूद थे।

पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा दे सरकार, कैशलेस सुविधा जल्द शुरू हो: चन्द्रशेखर धरणी

चंडीगढ़  मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन(रजिस्टर्ड) द्वारा आने वाले दिनों में भिवानी में पत्रकारों के हितों के लिए एक सेमीनार किया जाएगा। शुक्रवार को भिवानी में एम डब्ल्यू बी जिला कार्यकारिणी की एक मीटिंग एम डब्ल्यू बी उत्तर भारत के अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।इस मौके पर मनोज मलिक(भिवानी) को एम डब्ल्यू बी हरियाणा प्रांत का संगठन सचिव बनाने की भी घोषणा की गई। एम डब्ल्यू बी उत्तर भारत के अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी ने सी एम नायब सिंह सैनी से मांग की कि हरियाणा में पत्रकारों की पैशन यथा शीघ्र  तीस हजार रुपए प्रति माह की जाए।सरकार बनने के एक वर्ष बाद भी अभी तक मीडिया के लिए कैश लेस हैल्थ सुविधा लागू नहीं हो पाई जो जल्दी लागू हो।उन्होंने कहा कि मीडिया एकराडीशन ऑन लाइन की जाए।जिसकी घोषणा कई वर्षों पहले से की हुई है।धरणी ने कहा कि राईट टू सर्विस के तहत एकराडीशन एप्लाई किए गए फॉर्म्स पर 15 वर्किंग डे में जवाब देही सुनिश्चित होनी चाहिए।क्योंकि एकराडीशन फार्म जब सरल पोर्टल पर उपलब्ध है तो देरी होने पर कार्यवाही भी होनी चाहिए। धरणी ने कहा कि पंचकूला में मुख्यालय बनाने, प्रेस क्लब चंडीगढ़ की तर्ज पर भवन बनाने के लिए सस्ते दाम पर 500 गज (एक कैनाल) जगह उपलब्ध करवाए जाने, पत्रकारों को सस्ते दामों पर आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्रजातन्त्र के तीन स्तम्भों की तरह को चौथे स्तंभ मीडिया को भी टोल फ्री सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मीडिया के लिए मुफ्त मेडिकल सुविधा पूरे हरियाणा में की जाए। हरियाणा सरकार द्वारा डिजिटल मीडिया के लिए बनाए गए नियमों में मान्यता प्रदान करने की व्यवस्था को सरल करने के साथ ही पड़ोसी राज्य पंजाब व अन्य राज्यों की तर्ज पर संशोधन किया जाए। किसी भी वेबमीडिया का मुख्यालय चाहे हरियाणा से बाहर हो, उन्हें भी मान्यता प्रदान की जाए। हरियाणा प्रेस मान्यता कमेटी तथा प्रेस रिलेशन कमेटी का पुर्न गठन किया जाए तथा मीडिया वेलबिंग एसोसिएशन के दो दो सदस्यों को उसमें शामिल किया जाए। मासिक मैगजीन व अखबारों की बन्द की गई एकराडिशन व्यवस्था सुदृढ़ कर पुनः शुरू की जाए। धरणी ने इस मांग पत्र के माध्यम से मीडिया जगत की आर्थिक स्थिति को कमजोर बताते हुए सभी जिलों में 15 साल से अधिक सक्रिय पत्रकारों व उनके परिवारों के सहयोग के लिए 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने पर विचार करने, वेब/डिजिटल की एकराडिशन पॉलिसी को सरल करने तथा मुख्यालय हरियाणा से बाहर जालन्धर, नोएडा, दिल्ली या अन्य कहीं पर है को प्रिंट मीडिया की तरह मान्यता प्रदान करने का प्रावधान करने की मांग की। धरणी ने बताया कि एसोसिएशन समय-समय पर मृत्यु दुर्घटना बीमा और टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी के लाभ पत्रकारों को देती रही है। प्रदेशभर में लगभग 1200 पत्रकारों के इंश्योरेंस यह संस्था करवा चुकी है। मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन केवल प्रदेश भर तक सीमित नहीं है बल्कि कई राज्यों के अंदर संस्था लगातार विस्तार कर रही है और जोकि आज कई हजार सदस्यों वाली मजबूत संस्था है। अब तक जहां सभी संस्थाएं बीमा पॉलिसी के नाम पर कुछ ना कुछ शुल्क पत्रकारों से अवश्य लेती थी। लेकिन एमडब्ल्यूबी पहली ऐसी संस्था है जो किसी भी पत्रकार से किसी भी तरह के इंश्योरेंस की एवज में कोई शुल्क प्राप्त नहीं करती है तथा लगातार पत्रकारों पर किसी भी प्रकार की समस्या दुख संकट आने पर संस्था उनके साथ खड़ी नजर आई है। पत्रकारों को हर स्तर पर रिलीफ देने और दिलवाने का कार्य संस्था कर रही है।  

शिकायत ने खोले राज, महिला सरपंच निलंबित — जांच में चौंकाने वाली बातें

कैथल  कैथल जिला प्रशासन ने संगतपुरा गांव की सरपंच सोनिया को उनके चुनावी दस्तावेजों में दर्ज जानकारी में कथित गड़बड़ी के चलते निलंबित कर दिया है। आरोप है कि सरपंच ने नामांकन के समय दिए शपथ पत्र में यह उल्लेख किया था कि उनके परिवार द्वारा किसी भी पंचायती भूमि पर कब्जा नहीं किया गया। बाद में गांव के निवासी बलजीत सिंह ने शिकायत देकर दावा किया कि सरपंच के परिवार द्वारा पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। सरपंच के प्रतिनिधि संदीप ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि शुरुआती जांच में किसी तरह का कब्जा साबित नहीं हुआ था। उनके अनुसार, शिकायतकर्ता चुनाव के दौरान सरपंच के विरोधियों में शामिल था। निलंबन से पूर्व सरपंच को नोटिस जारी कर सात दिनों में जवाब मांगा गया था। 2 सितंबर को उन्होंने लिखित स्पष्टीकरण दिया, जिसके बाद 9, 16, 29 अक्टूबर और 10 नवंबर को डीसी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि प्रस्तुत तर्क संतोषजनक नहीं पाए गए। उपायुक्त ने आदेश दिया है कि पंचायत की सभी चल-अचल संपत्तियों का प्रभार तुरंत पांच सदस्यीय बहुमत समूह को सौंपा जाए। 

खाद वितरण प्रक्रिया में बड़ा बदलाव: हरियाणा के किसानों के लिए जारी हुई नई गाइडलाइन

चरखी दादरी हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि खाद के दुरुपयोग व बम बलास्ट में यूज होने के बाद खाद वितरण व्यवस्था बदल दी है। फरीदाबाद मॉड्यूल व काला बाजारी के चलते सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही खाद का वितरण किया जाएगा। इसके लिए सभी पैक्स, सहकारी समितियों व एजेंसियों को मशीनें दी गई हैं। जिसके आधार पूरी वेरीफाई के बाद ही खाद दिया जाएगा। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा वीरवार को दादरी में कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचे थे। इस दौरान दादरी विधायक सुनील सांगवान व बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास के साथ मंत्री ने 14 में से 10 परिवारवादों का निपटारा किया और बाकी 4 शिकायतों का समाधान बारे अगली मीटिंग के लिए पेंडिंग में रखा गया है।  वहीं बाद में मंत्री श्याम सिंह राणा से मीडिया से बात करते हुए कहा कि खाद का दुरुपयोग करने व ब्लैक में बेचने वालों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े नियम बनाए हैं। अब आधार कार्ड पर किसी को खाद नहीं मिलेगा। खाद वितरण में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। खाद वितरण के लिए मशीनों को चलाने के लिए ट्रेनिंग भी दी जाएगी। वहीं एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस की हरियाणा में सत्ता नहीं आई तो भूपेंद्र हुड्‌डा को पार्टी में रहने के लिए भाजपा सरकार पर आरोप लगाने पड़ रहे हैं। साथ ही कहा कि पोर्टल पर वैरिफाई होते ही सरकार द्वारा किसानों को बाजरा फसल की भावांतर भरपाई जल्द कर दी जाएगी। किसानों का वर्ष 2023 का बकाया फसल बीमा क्लेम नहीं मिलने बारे कहा कि किसानों संगठनों व कपंनियों के माध्यम से मामला सुलझा लेंगे और किसानों को उनका हक दिलाएंगे।

2 करोड़ की चोरी का आरोप! होडल में भाई-बहन के बीच संपत्ति विवाद से मचा हंगामा

होडल  परिवार में आजकल प्रॉपर्टी के लिए भाई बहन के रिश्ते तार-तार होते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला होडल की आदर्श कॉलोनी में सामने आया है जहां आदर्श कॉलोनी निवासी देशराज ने गांव के दर्जनभर लोगों के साथ रेस्ट हाउस होडल में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि उनकी बहन लक्ष्मी उनकी प्रॉपर्टी को हड़पने के किए उनके ऊपर तरह तरह के आरोप लगा रही है।  देशराज ने बताया कि उसकी बहन ने 6 महीने पहले उनके घर में जमीन खरीदने के लिए 2 करोड़ रुपए रखे  हुए थे जिसके बारे में बहन और उसके दोनों लड़कों को पता था लेकिन जैसे ही वह घर से बाहर किसी काम से बाहर गए हुए थे तो उसको बहन लक्ष्मी ने अपने दोनों बेटों, अपने पति और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर चोरी कर लिया। जब वह घर आए तो घर में कोई नहीं मिला। उनका सीधा शक अपनी बहन के ऊपर गया और उन्होंने इस बारे में अपनी बहन से कहा तो उसने माना कर दिया।  उसके बाद वह परिवार के लोगों को साथ लेकर बहन के पास गए तो उसने पैसों की चोरी को कबूल कर लिया और 4 दिनों में पैसे वापस लौटाने के लिए बोल दिया, लेकिन बार-बार कहने के बाद जब उनकी बहन ने पैसे नहीं दिए तो उन्होंने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी और पुलिस ने मामला दर्ज कर बहन को गिरफ्तार करके उससे 1 करोड़ 35 लाख रुपए बरामद कर लिए। जिसके बाद उसको जेल भेज दिया। जेल से बाहर आने के बाद उनकी बहन ने उनकी प्रॉपर्टी को कब्जाने के लिए हमारी माता को अपने कब्जे में ले लिया और उससे मकान की अपने नाम रजिस्ट्री करा ली, बहन ने मां को एक भी पैसा नहीं दिया। जिस मकान को बहन ने मां से अपने नाम कराया, उसको हम दोनों भाइयों ने और पिता ने अपने पैसों से खरीदा था। रजिस्ट्री में कम पैसा लगे, इसलिए उन्होंने अपनी माता के नाम रजिस्ट्री करा दी, लेकिन 2021 में उनके पिता ने अपनी सारी जमीन की वसीयत हम दोनों भाइयों के नाम कर दी थी। इसके बाद भी उनकी बहन ने मकान को मां से अपने नाम करा लिया और उनकी बहन पुलिस के पास रोजाना अलग शिकायत लेकर जाती है। उनको बेवजह परेशानी कर रही है जबकि उनकी बहन ने जो मां से मकान अपने नाम कराया है, उसका मामला अदालत में चल रहा है।  उन्होंने बताया कि जो उनकी  मां और बहन ने उनके ऊपर आरोप लगाए हैं कि उनके भाइयों ने उनको घर से बाहर निकाल दिया है। यह सरासर गलत है क्योंकि वह अपनी मां को आज भी कह रहे हैं कि वह उनके पास रहे। मां-बहन और उसके बेटे को अपने पास रखना चाहती है और वह अपनी बहन और उसके बेटों को जिन्होंने उनके घर में इतनी बड़ी चोरी की है उनको नहीं रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह मां का सम्मान करते हैं और वह उसको अपने पास रखने के लिए तैयार है। देशराज ने आज अपने गांव और आसपास के लगभग दो दर्जन से अधिक लोगों को अपने रिश्तेदारों के साथ उपस्थित होकर अपने जमीन के सारे दस्तावेज दिखाते हुए सारी जानकारी दी और कहा कि उस मकान में मैं और मेरा परिवार और मेरे बुजुर्ग ताऊजी रहते हैं। उसमें किसी दबंग लोगों ने कोई कब्जा नहीं किया है।

NH-44 हादसा: मछलियों से भरा कैंटर पलटते ही लोग जमा हुए, सोनीपत में लगा लंबा जाम

सोनीपत  सोनीपत में नेशनल हाइवे-44 पर शुक्रवार को सुबह उस समय लंबा जाम लग गया, जब एक मछलियों से भरा ट्रक पलट गया। कैंटर में भरी मछलियां रोड़ पर फैल गई। यह नज़ारा देखते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई, जिसकी वजह से हाईवे पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को किनारे हटाकर मछलियों को एकत्रित करवाना शुरू किया। साथ ही कैंटर को सड़क से हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो पाया।   कैंटर चालक अजय ने बताया कि वह पानीपत से दिल्ली के सुल्तानपुरी मंडी में मछलियां पहुंचाने जा रहा था। जब पानीपत से दिल्ली की ओर मछलियों की खेप लेकर जा रहा एक कैंटर अचानक मुरथल फ्लाईओवर के पास पलट गया। कैंटर बीच हाईवे पर उलटने से बड़ी मात्रा में मछलियां सड़क पर फैल गईं। अजय ने बताया कि इससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पदोन्नति पर सम्मान: दीपक धामी इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत, SP ने किया स्टार लगाकर सम्मानित

चंडीगढ  हरियाणा पुलिस में कार्यरत सब इंस्पेक्टर दीपक धामी (पानीपत) ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह पुलिस इंस्पेक्टर बन गए है। पुलिस इंस्पेक्टर पदोन्नत होने पर   पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह ने स्टार लगाया।

ओह माय गॉड: ठिठुरन बढ़ी, हरियाणा के इस जिले में पारा लुढ़का 5.5 डिग्री

हिसार प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। खासकर रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वीरवार को कैथल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके साथ ही रात के वक्त कैथल प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभके असर से दक्षिणी जिलों में हल्के बादल छाने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तर पर्वतीय क्षेत्रों पर लगातार बर्फबारी हो रही है जिसका असर मैदानी राज्यों खासकर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर पड़ रहा है। पहाड़ों से बर्फीली हवाएं मैदानों की तरफ रुख कर रही हैं। इसके असर से तापमान में गिरावट आ रही है। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है लेकिन रात के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।   आगे ऐसा रहेगा मौसम डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को दक्षिणी जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं। इसके अलावा रात व दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी। शनिवार को यह विक्षोभ आगे निकल जाएगा और फिर से बर्फीली हवाएं मैदानों की तरफ रुख करेंगी। इससे तापमान में दोबारा गिरावट आएगी। आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना है। चूंकि अभी वातावरण में नमी नहीं है तो पाला जमने की स्थिति भी आ सकती है।