samacharsecretary.com

राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे झारखंड CM हेमंत सोरेन, कल करेंगे बिहार की जनता से संवाद

रांची 17 अगस्त से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार में वोट अधिकार यात्रा की शुरूआत की थी। कल राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा का आखिरी दिन है, जिसका समापन पटना के गांधी मैदान में किया जायेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कल राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। इसके लिए कल सीएम हेमंत बिहार जाएंगे। इस दौरान वह जनता को संबोधित करेंगे। जनसभा में झारखंड सरकार के कई मंत्री, महागठबंधन के नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हेमंत सोरेन की भागीदारी से बिहार में विपक्षी एकता को और मजबूती मिलेगी। सूत्रों के अनुसार, पटना की इस रैली में झारखंड ही नहीं बल्कि देशभर से कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। इनमें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, डीएमके नेता एम.के. स्टालिन, कनिमोझी सहित विपक्षी दलों के कई दिग्गज चेहरे मौजूद रहेंगे। यह रैली महागठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है। बता दें कि ये वोट अधिकार यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाये जाने के विरोध में इंडिया महागठबंधन के द्वारा चलायी जा रही है, जिसमें राजद नेता तेजस्वी यादव लगातार साथ नजर आ रहे हैं। इस यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त को सासाराम से हुई थी जिसे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस दौरान इंडिया महागठबंधन के कई नेता मौजूद रहे थे।  

आर्यमन ने कसा सबका पसीना, पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया का रिकॉर्ड टूटने के कगार पर

ग्वालियर  मध्य प्रदेश के क्रिकेट की राजनीति में सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी की आमद अब तय हो चुकी है। महानआर्यमन सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) के आगामी चुनाव में अध्यक्ष पद के अकेले दावेदार हैं, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। इसके साथ ही मात्र 29 साल की उम्र में वे एमपीसीए के 68 साल के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। इस मामले में वे अपने ही पिता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का कीर्तिमान तोड़ने जा रहे हैं। अब तक एमपीसीए के सबसे युवा अध्यक्ष का रिकॉर्ड ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम था, जो 35 वर्ष की आयु में अध्यक्ष बने थे। एमपीसीए की चुनावी वार्षिक साधारण सभा की बैठक दो सितंबर को होना है। नामांकन शनिवार को जमा हुए। महानआर्यमन के खिलाफ किसी ने भी नामांकन नहीं भरा है। वे वर्ष 2022 से ग्वालियर संभागीय क्रिकेट संगठन के उपाध्यक्ष भी हैं। बीते दो साल से मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग के माध्यम से महानआर्यमन ने अपनी प्रशासनिक क्षमताओं को साबित करने का प्रयास किया। ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्ष 2006 में पहली बार अध्यक्ष बने थे, तब उनकी उम्र 35 वर्ष थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया से पहले उनके पिता स्व. माधवराव सिंधिया ने 37 वर्ष की उम्र में पहली बार एमपीसीए के अध्यक्ष की कुर्सी संभाली थी। एमपीसीए के पहले अध्यक्ष मनोहर सिंह मेहता थे, जिन्होंने 1957 में पद संभाला था। कनमड़ीकर परिवार की भी तीसरी पीढ़ी सिंधिया परिवार की तरह कनमड़ीकर परिवार की भी तीसरी पीढ़ी क्रिकेट की राजनीति में आ रही है। कानूनविद प्रसून कनमड़ीकर के खिलाफ भी प्रबंधकारिणी में कोई विरोधी नहीं है। उनके पिता स्व. मिलिंद कनमड़ीकर एमपीसीए के सचिव रहे हैं जबकि दादा स्व. अनंतवागेश कनमड़ीकर बीसीसीआई के सचिव के साथ एमपीसीए के वरिष्ठ पदों पर रहे हैं। जो अब तक सदस्य नहीं वे भी बनेंगे पदाधिकारी कोषाध्यक्ष पद के लिए संजीव दुआ का चयन भी तय है क्योंकि वे अकेले दावेदार हैं। उनके पिता नरेंद्र दुआ और भाई राजीव दुआ दोनों सदस्य हैं, लेकिन संजीव अब तक संगठन के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने सीसीआई के प्रतिनिधि के रूप में नामांकन दाखिल किया है।  

2200 बेड का किडनी सुपर हॉस्पिटल झारखंड में, अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ मरीजों के लिए वरदान

रांची झारखंड के रांची में 2200 बेड का विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनेगा। स्वास्थ्य, आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने यह घोषणा की। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रांची में 2200 बेड का विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा। इस अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण सहित सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यह हॉस्पिटल ऑस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज ऑस्ट्रेलिया और झारखंड सरकार की साझेदारी से बनेगा। कंपनी के सीईओ और डॉ. अंसारी के पुराने मित्र आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने झारखंड में बड़े पैमाने पर निवेश का निर्णय लिया है। इस अवसर पर कोल्मोगोरोव ने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर का हब बनाना है। हम बड़ा निवेश करेंगे, लेकिन इस परियोजना को राजनीति से दूर रखना होगा। स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा डालना जनता के साथ अन्याय है। डॉक्टर अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज में 15 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी राज्य में शुरू होने जा रही है। यह विश्व-स्तरीय अस्पताल न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। डॉ.अंसारी ने कहा कि यह मेरे निरंतर प्रयासों और झारखंडवासियों के आशीर्वाद का परिणाम है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य एक नई क्रांति की ओर बढ़ रहा है।  

मोहन भागवत की सराहना करते हुए अफजाल ने कहा- उनसे सबको सीख लेनी चाहिए

गाजीपुर  समाजवादी पार्टी से सांसद अफजाल अंसारी बदले मूड में नजर आ रहे हैं। जहां अक्सर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हैं। वहीं शनिवार को उन्होंने खुलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोगों को उनसे सीख लेनी चाहिए। सपा सांसद अफजाल अंसारी शनिवार को रायफल क्लब में विद्युत समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। अंसारी ने कहा कि आरएसएस के तीन दिवसीय शिविर के बाद मोहन भागवत ने महसूस किया है कि देश में एकता और भाईचारे की जरूरत है और नफरत का कारोबार बंद होना चाहिए। सपा सांसद ने तारीफ करते हुए कहा, "हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए संसार में आरएसएस से बढ़कर कोई प्लेटफार्म नहीं है। भागवत ने कहा है कि अगर हर मस्जिद और मजार में शिवलिंग तलाश करोगे तो ये देश को कमजोर करेगा। संघ प्रमुख से कुछ लोगों को नसीहत लेनी चाहिए।" सांसद ने आगे कहा, "मैं भागवत की बातों का स्वागत करता हूं। अन्य धर्मों के धर्मगुरुओं से भी अपील है कि वे संघ प्रमुख के वक्तव्य का स्वागत करें। सपा सांसद ने बिना नाम लिए भाजपा के बड़े नेताओं पर भी टिप्पणी की। कहा कि जिसके पास अपना परिवार नहीं होता, वह दूसरों के परिवार का दर्द क्या ही समझेगा।" टेक्सटाइल इंडस्ट्री में 30 लाख लोग होंगे बेरोजगार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने पर शनिवार को सांसद अफजाल अंसारी ने बयान दिया। कहा कि ट्रम्प के टैरिफ से टेक्सटाइल मिलें बंद हो रही हैं। इससे टेक्सटाइल इंडस्ट्री में 30 लाख लोग बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़ा किया। पहलगाम हमले का भी किया जिक्र अफजाल अंसारी ने पहलगाम घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत अच्छी थी, लेकिन अंत शर्मनाक रहा। ट्रम्प ने अमेरिका में बैठकर सीजफायर का ऐलान कर दिया और भारत-पाकिस्तान ने इसे स्वीकार कर लिया। विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी देश खुलकर भारत के पक्ष में नहीं बोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को बचाने के लिए सरकार चुप है।  

IAS अफसरों का तबादला: जानें किसे मिला नया जिम्मा और किसे मिली नई पोस्ट

पटना बिहार सरकार ने शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है जबकि तीन अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। हरजीत कौर बनीं राजस्व पर्षद की अध्यक्ष सामान्य प्रशासन विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच के आईएएस अधिकारी और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ को विकास आयुक्त बनाया गया है। वहीं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजीत कौर को राजस्व पर्षद का अध्यक्ष बनाया गया है। अधिसूचना के अनुसार गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग का अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंद्र को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण ,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।  

AAP नेता के घर पर हमले से हड़कंप, सोशल मीडिया पर तेज़ प्रतिक्रिया

फतेहपुर मलोट उपमंडल के गांव फतेहपुर मन्निया में गांव के ही एक युवक ने आम आदमी पार्टी के सरपंच के घर पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। सरपंच उस समय घर पर नहीं था लेकिन हमला करने वाले युवक ने ही पेट्रोल बम का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट कर धमकी दी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वीडियो सोशल मीडिया पर आया है, लेकिन किसी ने इस संबंध में उनके पास लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।  गौरतलब है कि गांव फतेहपुर मन्निया के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बोतलों से पेट्रोल बम फेंके जा रहे हैं। उसका कहना है कि देखो, मैंने अपने गांव के सरपंच कुलविंदर सिंह के घर पर पेट्रोल बम फेंके हैं। मैंने होली फेंकी थी, इसलिए यह ठीक से नहीं चला, लेकिन मैंने अभी डेमो के लिए दिखाया है। अगर मेरे पैसे वापस नहीं किए गए, तो मैं कल उनके घर पर गोली चला दूंगा। इस वीडियो से सोशल मीडिया पर दहशत का माहौल बन गया।  उधर, सरपंच कुलविंदर सिंह ने इस घटना की पुष्टि की है। उनका कहना है कि वह घर पर नहीं थे। उनका यह भी कहना है कि उसका इस लड़के से कोई लेना-देना नहीं है। उसके पिता उनके परिचित हैं। कुलविंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया है। उधर, लंबी के पुलिस प्रमुख गुरविंदर सिंह का कहना है कि उन्होंने भी सोशल मीडिया पर वीडियो देखा है। लेकिन अभी तक उन्हें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के सरपंच के घर पर हमले की इतनी बड़ी घटना के बाद पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है। 

UP पुलिस में फेरबदल: आठ आईपीएस अफसरों का तबादला, कई जिलों के SP हुए बदल

लखनऊ  यूपी में एक बार फिर आईपीएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इस बार आठ अफसरों को इधर से उधर किया गया है। श्रावस्ती, कानपुर देहात और शामली के पुलिस कप्तानों (एसपी) को बदल दिया गया है। जिन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं उनमें शामली के एसपी रामसेवक गौतम, कानपुर देहात के एसपी अरविंद मिश्र और श्रावस्ती के एसपी घनश्याम के भी नाम हैं।शामली के एसपी रामसेवक गौतम को एसपी पीटीएस बनाया गया है। कानपुर देहात के एसपी अरविंद मिश्र को ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक के तौर पर नई तैनाती मिली है। वहीं एसपी श्रावस्ती रहे घनश्याम को , श्रावस्ती के एसपी घनश्याम को सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ का एसपी, 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ के सेनानायक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय को कानपुर देहात का एसपी बनाया गया है। एसएसएफ के एसपी राहुल भाटी को श्रावस्ती का एसपी, नोएडा के डीसीपी लाखन सिंह यादव को अलीगढ़ 38 वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक,बागपत के एएसपी/एपी नरेन्द्र प्रताप सिंह को शामली का एसपी,नोएडा के एडीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह को प्रोन्नत होने पर वहीं का डीसीपी बनाया गया है। जल्द ही आएगी एक और लिस्ट बताया जा रहा है कि यूपी में आईपीएस अधिकारियों के तबादले का सिलसिला अभी और जारी रह सकता है। अभी हाल ही में कुछ अन्य आईपीएस अफसरों के तबादले हुए थे। कहा जा रहा है कि जल्द ही आईपीएस तबादले की एक और लिस्ट आने वाली है। इसमें भी कई जिलों के एसपी को हटाए जाने की चर्चा है। तबादलों की इस चर्चा के बीच लोग आने वाली लिस्टों का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।  

सीएम का टकराव: हरियाणा-पंजाब में लेटर विवाद ने बढ़ाई सियासी गर्मी

चंडीगढ़  पंजाब और हरियाणा के बीच भाखड़ा के पानी को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। हरियाणा ने भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) और पंजाब सरकार को पत्र लिखकर पंजाब की तरफ से छोड़े जा रहे पानी को कम करने को कहा है। इस लेटर के बाद दोनों राज्यों में विवाद हो सकता है। हरियाणा ने अप्रैल में पंजाब से ज्यादा पानी देने की मांग की थी। कृषि, पेयजल जरूरतों का हवाला देकर राज्य सरकार अतिरिक्त सप्लाई चाहती थी। हरियाणा सरकार ने तर्क दिया है कि बारिश के चलते पानी की डिमांड घटी है इसलिए उसकी नहरों की ओर छोड़े जाने वाले 2,500 क्यूसेक पानी को कम किया जाए। शुक्रवार को हरियाणा कॉन्टैक्ट पॉइंट पर पानी का डिस्चार्ज 8 हजार 894 क्यूसेक पाया गया, जबकि हरियाणा ने 7 हजार 900 क्यूसेक की मांग की थी। नए पत्र में 6 हजार 250 क्यूसेक पानी की जरूरत बताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में बहुत बारिश हुई है, इसे देखते हुए ओझा ने इंजीनियरिंग विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ सुखना चो, किशनगढ़, मनीमाजरा, बापू धाम, रायपुर कलां और सुखना झील का दौरा किया। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और सुखना झील के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी निकालने के बावजूद, जिन इलाकों का दौरा किया गया, उनमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मॉनसून से पहले ही तैयारी कर ली गई थी। अफसरों ने सुखना झील में बने कंट्रोल रूम का भी दौरा किया। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला है। यहां से पानी के स्तर पर नजर रखी जा रही है। इस कंट्रोल रूम के जरिए पंजाब और हरियाणा राज्यों के साथ तालमेल भी बनाए रखा जा रहा है।

फुरकान अंसारी ने DVC पर साधा निशाना, आंदोलन को तेज करने की दी धमकी

रांची झारखंड में डीवीसी द्वारा आयोजित जन-जनित रोग डायरिया जागरूकता अभियान में भाग लेते हुए पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने केलाही पहुंचकर डीवीसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिला डीवीसी से सबसे अधिक प्रभावित है, खासकर बारिश में यहां के गांव पानी में डूब जाते हैं। बावजूद इसके, डीवीसी अपना लगभग पूरा सीएसआर फंड पश्चिम बंगाल में खर्च करती है, जबकि बंगाल से भी ज्यादा प्रभावित जामताड़ा को नजरअंदाज कर रही है। पूर्व सांसद ने कहा कि जामताड़ा से डीवीसी ने 39 मौजा की 10,500 हेक्टेयर जमीन ली, जबकि पश्चिम बंगाल से केवल 12 मौजा की जमीन ली गयी। इसके बावजूद विकास का पैसा बंगाल चला गया और जामताड़ा को खाली हाथ छोड़ दिया गया। उन्होंने मांग की कि डीवीसी विस्थापित गांवों में मुफ्त बिजली उपलब्ध कराए। 10 किलोमीटर दायरे में माइक्रो लिफ्ट सिंचाई की व्यवस्था की जाए – चलना, वीरग्राम, लधना, चंद्रढीपा, केलाही जैसे गांवों के लिए। विस्थापितों को उचित मुआवजा, नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं तत्काल दी जाएं। झारखंड और पश्चिम बंगाल के विकास की तुलना जनता के सामने रखी जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जामताड़ा के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। अंसारी ने कहा कि विस्थापित सालों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन डीवीसी केवल आश्वासन देकर टालती रही है। अब समय आ गया है कि विस्थापित गांवों को उनका हक मिले, वरना आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर एस आई पी मैनेजर कौशलेंद्र सिंह, डीसीएम ओ डॉ. संघमित्रा नंदी, डीवीसी राजभाषा अधिकारी सह पी आर ओ अरविंद सिंह, पियारसोला पंचायत की मुखिया माखूनी हेंब्रम और सिद्धू कान्हु अल्पसंख्यक समिति के अध्यक्ष कुद्दुश अंसारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव और जागरूकता संबंधी संदेश दिए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।  

कुरुक्षेत्र में साइक्लोथॉन का शुभारंभ, CM नायब ने लगाया झाड़ू और किया पौधरोपण

कुरुक्षेत्र हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज कुरुक्षेत्र के दौरे पर है। इस दौरान सबसे पहले सीएम नायब सैनी ने ब्रह्मसरोवर पर स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान अभियान के तहत सड़क पर झाड़ू लगाई। इस मौके पर सीएम के साथ पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, नगर परिषद की चेयरपर्सन और भाजपा के जिलाध्यक्ष तेजिंद्र सिंह गोल्डी ने भी श्रमदान किया। सीएम ने ब्रह्मसरोवर पर पौधरोपण करके हरियाली का संदेश भी दिया। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट है। कई दिनों से अधिकारी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां कर रहे थे। अभियान की शुरूआत करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि इसी गीता की धरती से श्रीकृष्ण ने हजारों साल पहले पूरी मानवता को अमर संदेश दिया था। यहां दुनिया के कोने-कोने से लोग आते हैं और ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी इस धार्मिक नगरी को पूरी तरह साफ-सुथरा रखें। ताकि यहां आने वाला हर व्यक्ति गीता के साथ-साथ स्वच्छता का भी संदेश लेकर जाए। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम इस धरती पर रहने वाले हैं। सीएम राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित भव्य साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाई। साथ ही स्वच्छ कुरुक्षेत्र की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। सीएम ने नागरिकों से स्वच्छता वेबसाइट पर स्वच्छता की फोटो अपलोड करने का आह्वान किया। सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक पुरस्कार देने वाला देश का पहला राज्य है। सरकार ने खिलाड़ियों को 593 करोड़ रुपए के पुरस्कार दिए हैं। इसके अलावा 2014 से अब तक 29 हजार से अधिक छात्रों को करीब 53 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति भी उनकी सरकार ने प्रदान की है। सरकार ने खेल उपकरण प्रावधान योजना बनाई गई है। इसके तहत 15634 खिलाड़ियों को उपकरण भी दिए जा रहे हैं।