samacharsecretary.com

मानसून अपडेट: प्रदेश में दर्ज हुई 874 मि.मी. औसत वर्षा

रायपुर छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 874.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1265.6 मि. मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 430.6 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 752.2 मि.मी. बलौदाबाजार में 616.2 मि.मी. गरियाबंद में 733.6 मि.मी. महासमुंद में 646.5 मि.मी. और धमतरी में 782.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 833.1 मि.मी. मुंगेली में 817.0 मि.मी. रायगढ़ में 1040. 3 मि.मी. सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 7138 मि.मी. जांजगीर-चांपा में 1020.0 मि.मी. सक्ती में 905. 9 मि.मी. कोरबा में 8440 मि.मी. और गोरेला-पेण्ड्रा-मरवाडी 847.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। I दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 713.8 मि.मी. कबीरधाम में 613.5 मि.मी. राजनांदगांव में 784.6 मि. मी. मोडला मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1091.0 मि.मी. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 654.6 मि. मी. और बालोद में 940.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 6226 मि.मी. सूरजपुर में 959.9 मि.मी. जशपुर में 863.8 मि.मी. कोरिया में 982.6 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 878.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1248.2 मि.मी. कोंडागांव में 8042 मि.मी. कांकेर में 1018.4 मि.मी. नारायणपुर में 1110.3 मि.मी. दतेवाड़ा में 1195.2 मि.मी. सुकमा में 941.1 मि.मी. और बीजापुर में 1170.2 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।

पीड़ितों के लिए पेरेंट्स एसोसिएशन की पहल, 16 टन राहत सामग्री पहुंचाई

पठानकोट  आम आदमी पार्टी की ट्रेड विंग के जिला अध्यक्ष और ऑल स्कूल पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह धमौली के नेतृत्व में, पेरेंट्स बुक डिपो के सहयोग से पठानकोट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 200 सूखे राशन पैकेट से भरा एक ट्रक रवाना किया गया। इन पैकेटों में रोज़मर्रा के इस्तेमाल की आवश्यक सामग्री शामिल थी, जैसे आटा, चावल, 1 किलो सूखा दूध, दालें, सरसों का तेल, मसाले, साबुन और अन्य ज़रूरी सामान। इसके साथ ही, 1-1 लीटर वाली पानी की 100 पेटियां भी भेजी गईं। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 16 टन राशन की मदद भेजी गई है। यह राहत सामग्री ऑल स्कूल पेरेंट्स एसोसिएशन के सलामपुर रोड स्थित वृद्धाश्रम कार्यालय से रवाना की गई। इस मौके पर गुरप्रीत सिंह धमौली ने पेरेंट्स बुक डिपो के मालिक इंदरमीत सिंह मनी का विशेष तौर पर धन्यवाद किया, जिन्होंने इस नेक काम के लिए 3,50,000 का राशन भेजा। उन्होंने कहा कि मुश्किल की घड़ी में हम सभी को अपने पंजाब वासियों के साथ खड़ा होना चाहिए और अपनी क्षमता के अनुसार ज़रूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। इस दौरान संस्था के कई सदस्य जिनमें रणजीत सिंह आर्किटेक्ट, सुरिंदर सिंह बंटी खानपुर, दिनेश मेहता, कीरत सिंह सेहरा, बिक्रमजीत सिंह नलास, बिक्रम सिंह खानपुर, धर्मा खानपुर, इंदु डाहरा, रविंदरपाल सिंह बिंद्रा, दविंदर सिंह अमनदीप कॉलोनी, हरमिंदर सिंह, सुक्खी भद्दा और पेरेंट्स बुक डिपो के मालिक इंदरमीत सिंह मनी भी शामिल थे।

पूर्व मंत्री एनोस एक्का को 15 साल पुराने केस में 7 साल कैद, CNT एक्ट मामला

रांची झारखंड में सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर बड़े पैमाने पर आदिवासी जमीन खरीदने के 15 साल पुराने मामले में राज्य के पूर्व मंत्री एनोस एक्का, उनकी पत्नी मेनन एक्का और रांची के तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात सहित 9 दोषियों को अदालत ने बीते शनिवार को सजा सुनायी है। सीबीआई के विशेष जज एसएन तिवारी की कोर्ट में बीते शनिवार को वीडियों कांफ्रेंसिग के जरिये सजा की बिंदु पर सुनवाई हुई। सभी आरोपित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े थे। सीबीआई के लोक अभियोजक दविन्द्र पाल सूद ने सीबीआई की ओर से पक्ष रखा। अदालत ने पूर्व मंत्री एनोस एक्का को सात साल की सजा और दो लाख रुपये का जुर्माना, उनकी पत्नी मेनन एक्का को सात की सजा और दो लाख रुपये का जुर्माना, रांची के तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात को पांच साल की सजा और एक लाख का जुर्माना, तत्कालीन तीन सीआई राज किशोर सिंह चार साल की सजा और एक लाख जुर्माना, फिरोज अख्तर को चार साल की सजा और एक लाख का जुर्माना, अनिल कुमार को चार साल की सजा और एक लाख का जुर्माना, राजस्व कर्मचारी ब्रजेश मिश्रा को चार साल की सजा और एक लाख का जुर्माना, मनीलाल महतो को पांच साल की सजा और एक लाख का जुर्माना एवं ब्रजेश्वर महतो को पांच साल की सजा और एक लाख का जुर्माना लगाया है। उल्लेखनीय है कि पिछले शुक्रवार को अदालत ने 9 आरोपितों को दोषी पाए जाने के बाद सभी को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) भेज दिया था। कोर्ट ने 22 अगस्त को दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद 29 अगस्त को फैसले की तारीख निर्धारित की थी। एनोस एक्का पर सीएनटी की धारा 46 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए 16 साल पहले 1.18 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति खरीदने का आरोप है। बचाव पक्ष के वकील अनिल कुमार कंठ ने बताया कि कुल 11 आरोपित ट्रायल फेस कर रहे थे। इनमें से एक आरोपी तत्कालीन राजस्व कर्मचारी गोवर्धन बैठा को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया था जबकि एक आरोपित परशुराम केरकेट्टा आईसीयू में भर्ती है। उसके रिकॉर्ड को अलग कर दिया गया है। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर सीबीआई ने 4 अगस्त 2010 को एनोस एक्का सहित अन्य पर एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई ने जांच पूरी करते हुए दिसंबर 2012 में चार्जशीट दाखिल की थी जिस पर कोर्ट ने संज्ञान लिया था। मामले में एनोस एक्का सहित अन्य पर 5 नवंबर 2019 को आरोप तय किया गया था। इसके बाद सीबीआई ने सबूत पेश किया था।  

योगी आदित्यनाथ बोले, भारत के घुमंतू समाज में छिपे हैं असली योद्धा

लखनऊ  सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को 'विमुक्त जाति दिवस' के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि वास्तव में ये वे जातियां हैं जिन्होंने देश के अंदर विदेशी हमलों को रोकने के लिए एक योद्धा के रूप में काम किया था। अपने पराक्रम का लोहा जिन्होंने अलग-अलग कालखंड में मनवाया था। कभी मुगलों तो कभी अंग्रेजों के खिलाफ लड़े थे। कभी-कभी परिस्थितिवश उन्हें पलायन करना पड़ता था। जब पलायन करना पड़ता था तो उनका घरबार सब कुछ उनका जब्त हो जाता था या नष्ट हो जाता था। इसी तरह वे घुमंतू बन गए।  

STF बनाम बदमाश: गुरुग्राम में हुई फायरिंग, गैंग के शूटर घायल

गुरुग्राम कुख्यात शूटर और इनामी बदमाश रोहित को रविवार सुबह गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। बदमाश को गोली लगी है। पहले उसे इलाज के लिए गुरुग्राम अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे रोहतक के पीजीआई में रैफर किया गया है। इस बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बदमाश और एसटीएफ के बीच हुई ठाएं ठाएं एसटीएफ में तैनात निरीक्षक नरेंद्र चौहान को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से इनामी बदमाश रोहित निकलेगा। इसको लेकर एसटीएफ ने गांव बालियावास के पास नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी में रोहित को देखकर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो, उसने गोली चला दी। जवाबी गोलीबारी में रोहित को गोली लगी है। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। इस बदमाश पर चार मामले दर्ज हैं। रोहित गोदारा गैंग का है आदमी यह इनामी बदमाश गैंगस्टर रोहित गोदारा के लिए काम करता है। गोदारा विदेश में बैठकर गैंग को ऑपरेट कर रहा है। गुरुग्राम के एक पूर्व जिला पार्षद को रोहित गोदारा धमकी दे चुका है। गोदारा और लॉरेंस बिश्नोई मिलकर काम करते हैं। गिरफ्तार बदमाश की आपराधिक हिस्ट्री 1. एफआईआर संख्या 273 दिनांक 17.06.2025, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत, थाना कोतवाली, जिला श्रीगंगानगर, राजस्थान (वांछित) 2. एफआईआर संख्या 162 वर्ष 2023, धारा 148, 149, 323, 341, 506 आईपीसी के अंतर्गत, थाना कनीना, जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा (थाना) 3. एफआईआर संख्या 209 वर्ष 2025, धारा 111(3), 111(4), 111(5), 111(6) बीएनएस, थाना डीएलएफ फेज-1, जीजीएम, हरियाणा (वांछित) 4. एफआईआर – वर्ष —धारा 307 आईपीसी, 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत, थाना पचेरी राजस्थान  

अनंत की नीतीश से बैठक, ललन सिंह संग रोड शो के बाद अशोक चौधरी के घर हुई बातचीत

पटना   बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर सियासी गतिविधियों का दौर काफी तेज हो गया है। कुछ दिनों पहले जेल से निकले पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से रविवार की सुबह मुलाकात हुई। इस दौरान भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद थे। इससे पहले शनिवार को मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ अनंत सिंह का रोड शो हुआ। अगले दिन रविवार को नीतीश कुमार से अनंत सिंह की मुलाकात को सियासी नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले 10 अगस्त को भी अनंत सिंह नीतीश कुमार से मिले थे। जेल से निकलते ही अनंत सिंह ने मोकामा से खुद चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने तेजस्वी यादव की जमानत जब्त करा देने का भी दावा किया था। मोकामा से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी वर्तमान विधायक हैं। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद खाली हुई सीट पर नीलम देवी को राजद ने टिकट दिया था। लेकिन, बीजेपी संग सरकार के फ्लोर टेस्ट में नीलम देवी जदयू के खेमे में आ गईं। अनंत सिंह भी नीतीश कुमार की खुलकर प्रशंसा करते हैं। कहा जाता है कि सरकार की मदद से ही अनंत सिंह को एके 47 केस में बेल मिली। जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह अनंत सिंह अशोक चौधरी के आवास पर मिलने गए थे। सीएम भी वहीं पहुंच गए। अशोक चौधरी की मौजूदगी में अनंत सिंह और नीतीश कुमार आमने सामने आए। अनंत सिंह ने आगे बढ़कर नीतीश कुमार का अभिवादन किया। नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर जवाब दिया। दोनों एक दूसरे के आमने सामने मुस्काते हुए नजर आए। इस मुलाकात को मोकामा सीट पर अनंत सिंह की दावेदारी को पुख्ता करता माना जा रहा है। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इसे लेकर कोई जानकारी बाहर नहीं आई है। जेडीयू के नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह अनंत सिंह के आवास पर पहुंचे थे। वहीं से दोनों मोकामा गए और कई घंटों का रोड शो किया। दोनों नेता काफी देरतक साथ रहे। कहा जा रहा है कि अनंत सिंह और सोनू-मोनू के बीच अदावत को खत्म कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।  

राजद नेता के बेटे की रहस्यमयी मौत, परिजनों ने कहा—हत्या हुई है

समस्तीपुर बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के नगर अध्यक्ष के बेटे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। समस्तीपुर जिले में सरायरंजन थाना क्षेत्र के सरैया पुल के निकट एनएच 322 सड़क किनारे रविवार को एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान सरायरंजन नगर पंचायत के राजद के नगर अध्यक्ष एवं नगर पंचायत के चिंतामनपुर निवासी राजू सिंह के पुत्र संजीव कुमार सिंह (35) के रूप में कि गई। लाश मिलने को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ स्थानीय लोग एवं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक युवक के परिजनों का कहना है की युवक सरायरंजन बाजार में मौसी के यहां से बाइक लेकर कहीं गया था। देर रात तक वापस नहीं आने पर मोबाइल से उससे संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। रविवार की सुबह उक्त जगह पर एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली तो वहां जाकर देखा गया तो यह लाश संजीव की ही निकली। लाश मिलने की जगह पर बाइक लगा हुआ था। बाइक में चाभी भी लगी हुई थी। परिजनों ने आशंका जताई है की कही पर संजीव की हत्या कर लाश को इस जगह पर रख गया है ताकि कोई साक्ष्य ना मिले। युवक की लाश मिलने के बाद एनएच-322 सड़क पर दो घंटे तक अफरातफरी सी मची रही। भारी संख्या में लोगों के जुट जाने से सड़क पर कुछ देर के लिए आवाजाही बंद हो गई। युवक के लाश हटने के बाद सड़क पर आवागमन चालू हुआ। युवक की लाश मिलने के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद वहां पहुंचे समाजसेवी रंजीत निर्गुणी, पूर्व मुखिया सुनील कुमार ईश्वर, पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष विशुनुदेव पासवान एवं सरायरंजन थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। युवक की लाश मिलने की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया की लाश मिलने की सूचना मिली है। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल मृतक युवक के परिजनों द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  

एयर इंडिया की फ्लाइट में इंजन की समस्या, इंदौर जाने से पहले दिल्ली लौटनी पड़ी

इंदौर एअर इंडिया की एक फ्लाइट में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पायलट को विमान के दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। इंदौर जाने वाला एअर इंडिया इंडिया का विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दिल्ली लौटा। उड़ान भरने के कुछ देर बाद यानी जब विमान हवा में था तब पायलट को विमान के दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। जिसके बाद विमान को दिल्ली लाने का फैसला लिया गया। एअर इंडिया ने इस मामले को लेकर कहा कि विमान को निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है और यात्रियों को एक वैकल्पिक विमान में भेजा जा रहा है। जो जल्द ही इंदौर के लिए उड़ान भरेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विमान 30 मिनट से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद आपात स्थिति में उतरा। विमान की सुबह करीब 6:15 बजे आपातकालीन लैंडिंग हुई और विमान में 90 से अधिक लोग सवार थे। एअर लाइन ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि 31 अगस्त को दिल्ली से इंदौर के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI 2913 उड़ान भरने के तुरंत बाद दिल्ली लौट आई, क्योंकि कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला था। उन्होंने बताया कि मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए कॉकपिट क्रू ने इंजन बंद करने का निर्णय लिया और विमान को दिल्ली वापस लाया गया, जहां विमान सुरक्षित उतरा। एअर लाइन ने कहा कि हवाई सुरक्षा नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को घटना की सूचना दे दी गई है। बता दें कि लैंडिंग होते ही प्लेन में सवार यात्रियों को इमरजेंसी गेट से रेस्क्यू किया गया और प्लेन में आई तकनीकी खामी की जांच की गई। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही एअरलाइंस के अधिकारी, एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। इससे पहले भी एअर इंडिया के विमान की पहले भी कई बार सेफ लैंडिंग हो चुकी है। बीते 10 अगस्त को चेन्नई में एअर इंडिया के एक विमान की सेफ लैंडिंग हुई थी। यह विमान तिरुवनंतपुरम जा रहा था, जिसमें कई सांसद भी सफर कर रहे थे। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल भी इसमें सवार थे, जिन्होंने घटनाक्रम के बारे में मीडिया को ब्रीफ किया था।  

यूपी का दर्दनाक हादसा: लखनऊ में भीषण पटाखा फैक्टरी ब्लास्ट, जानमाल का नुकसान

लखनऊ राजधानी लखनऊ में रविवार को पटाखा फैक्टरी में अचानक विस्फोट हो गया। जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। आवाज सुनकर लोग घरों से निकलकर मौके की तरफ भागे। स्थानीय लोगों ने अंदर फंसे लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया। घटना गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा इलाके की है। उधर, पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल लोगों को अस्पताल भेजा। घटना में करीब सात लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राहत बचाव कार्य जारी है। 

‘अबकी बार तेजस्वी सरकार’ सुनते ही तेज प्रताप यादव ने खोला मोर्चा, जानिए क्या कहा

पटना राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार कारण है उनका भड़कना। वह भी अपने भाई का नाम सुनते ही। दरअसल, जहानाबाद के लखनार गांव में तेज प्रताप यादव जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अचानक कुछ लोग तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। समर्थक 'अपकी बार तेजस्वी सरकार' का नारा लगा रहे थे। इतना सुनते ही तेज प्रताप यादव भड़क गए और कहा कि  फालतू बात मत करो। तुम आरएसएस (राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ) के हो क्या? अभी पुलिस पकड़ेगी लेकर चल देगी। सरकार किसी व्यक्ति विशेष की नहीं होती है पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव यहीं नहीं रूके। उन्होंने कहा कि सरकार किसी व्यक्ति विशेष की नहीं जनता की होती है। जो घमंड में रहेगा वह जल्दी गिरेगा। उन्होंने कहा कि नारा लगाने वाले को कहा कि नौटंकी करोगे तो रोजगार भी नहीं मिलेगा। बताया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव घोसी विधानसभा में अपने भावी प्रत्याशी के प्रचार सह जनता संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। जो मेरा भला नहीं कर पाया वो लोगों का क्या करेगा जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने जयचंदों से सावधान रहने की अपील की। कहा कि जो लोग मेरा भला नहीं कर सकता वो सूबे के आम लोगों का क्या भला करेगा? उन्होंने दावा कि अगर उनकी सरकार बनी तो युवाओं के रोजगार के लिए बेहतर इंतजाम किया जाएगा ताकि छोटे-छोटे बच्चे राजनीति छोड़ कर अपने काम-धंधे पर ध्यान दें। वहीं राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि वह अभी यात्रा निकाले हैं हम पहले से यात्रा निकाले हैं।