samacharsecretary.com

विराट कोहली फिर नंबर वन! ICC ODI रैंकिंग में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा

नई दिल्ली ICC ODI Rankings में एक बार फिर किंग कोहली का जलवा देखने को मिला है। विराट कोहली फिर से आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। हिटमैन रोहित शर्मा से नंबर वन वनडे बैटर का ताज छिन गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भले ही विराट कोहली 54वां वनडे शतक नहीं जड़ पाए, लेकिन फिर भी नंबर वन बल्लेबाज वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में बन गए हैं। 91 गेंदों में 93 रनों की पारी वडोदरा में विराट कोहली ने खेली थी। वे प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे।   इस वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज थे, लेकिन पहले मैच के बाद वे तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। बड़ी पारी रोहित शर्मा वडोदरा में नहीं खेल पाए थे। वहीं, विराट कोहली ने दमदार पारी खेली। इसके अलावा न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल तीसरे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके बल्ले से भी एक दमदार पारी इस मैच में देखने को मिली थी। डेरिल मिचेल ने 71 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 84 रनों की पारी खेली थी। वहीं, रोहित शर्मा 29 गेंदों में 26 रन की पारी ही खेल पाए थे। ऐसे में उनकी नंबर वन की कुर्सी छिन गई है। रोहित शर्मा पहले से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। रेटिंग पॉइंट्स की बात करें तो डेरिल मिचेल 784 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि विराट कोहली के खाते में 785 पॉइंट्स हैं। रोहित शर्मा के खाते में 775 अंक हैं। 10 अंकों का फासला रोहित और विराट के बीच है। चौथे नंबर पर अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और पांचवें नंबर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल हैं। 764 अंक जादरान और 725 पॉइंट्स गिल के खाते में हैं। आईसीसी वनडे रैंकिंग टॉप 10 में श्रेयस अय्यर भी शामिल हैं। कोई बदलाव इस लिस्ट में नहीं हुआ है। विराट कोहली के लिए 785 पॉइंट्स बहुत अच्छे नहीं हैं, क्योंकि 2018 में उनकी वनडे रैंकिंग के रेटिंग पॉइंट्स 909 थे। उस आंकड़े से अभी बहुत दूर हैं, लेकिन अच्छी बात ये है कि क्रिकेट का ये किंग फिर से नंबर वन बल्लेबाज बन गया है। आईसीसी ने दूसरे वनडे मैच के शुरू में ही रैंकिंग जारी की है।  

तीसरा विकेट गिरते ही बढ़ी चिंता, अय्यर रहे नाकाम, कोहली-राहुल ने संभाली पारी

नई दिल्ली आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड और भारत दोनों ने ही एक-एक बदलाव किया है। न्यूजीलैंड की टीम में आदित्य अशोक की जगह जेडन लेनेक्स खेल रहे हैं, जो डेब्यू करेंगे। वॉशिंगटन सुंदर की जगह नितीश कुमार रेड्डी खेल रहे हैं। शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने की फिराक में होगी, क्योंकि भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। कप्तान शुभमन गिल लौटे पवेलियन कप्तान शुभमन गिल फिफ्ट जड़कर पवेलियन गए हैं। उन्हें काइल जैमीसन ने 17वें ओवर में डेरिल मिचेल को कैच कराया। गिल ने 53 गेंदों का सामना करने के बाद 56 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और एक सिक्स है। कोहली 11 गेंदों में 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। शुभमन गिल ने फिर ठोकी फिफ्टी कप्तान शुभमन गिल ने फिर फिफ्टी ठोक दी है। उन्होंने 47 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 17वां अर्धशतक है। रोहित फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए भारत को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा है। वह फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 38 गेंदों में चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए। रोहित ने शुभमन (41)* के साथ 70 रनों की साझेदारी की। शुभमन का साथ देने विराट कोहली आए हैं।

भारत नहीं आने देंगे पाकिस्तानी मूल के चार खिलाड़ी, T20 वर्ल्ड कप 2026 में वीजा को लेकर बहस

मुंबई  टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले अमेरिकी टीम को झटका लगा है. पाकिस्तानी मूल के चार खिलाड़ियों को भारत आने का वीजा नहीं मिला है. ऐसे में अब इन खिलाड़ियों के वर्ल्ड कप में खेलने पर खतरा मंडरा रहा है. मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है. भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जाना है. एक खिलाड़ी ने 'टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट' को बताया कि उसे और तीन अन्य खिलाड़ियों को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने का वीजा नहीं मिला है. पेसर अली खान ने टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट को एक वीडियो मैसेज में बताया, "हां, यह सच है कि तीन पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों को भारतीय वीजा नहीं मिला है, जिसका मतलब है कि हम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे." रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए 20 सदस्यीय यूएस टीम में शामिल अन्य तीन खिलाड़ी शायन जहांगीर, मोहम्मद मोहसिन और एहसान आदिल हैं. तीनों का जन्म पाकिस्तान में हुआ, लेकिन अब वे यूएस के नागरिक हैं. भारत के वीजा नियमों के तहत, पाकिस्तान में जन्मे सभी लोगों को अपने जन्म के देश के पासपोर्ट का इस्तेमाल करके वीजा के लिए आवेदन करना होता है. यह समस्या पहले भी पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों को परेशान कर चुकी है. इससे पहले सिकंदर जुल्फिकार और साकिब जुल्फिकार साल को 2019 में वीजा देने से मना कर दिया गया था. वहीं, सिराज अहमद को वर्ल्ड कप 2023 के लिए देर से वीजा मिला था. ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा (2017) और इंग्लैंड के स्पिनर रेहान अहमद और शोएब बशीर (2024) को भी इन समस्याओं का सामना करना पड़ा है. यूएसए के अलावा यूएई, ओमान, नेपाल, कनाडा, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे और नीदरलैंड्स की टीम में पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी हैं. ऐसे में इन देशों को टी20 विश्व कप 2026 से पहले परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के सूत्रों ने कहा है कि वे टीमों को वीजा दिलाने में मदद कर रहे हैं, लेकिन इस नई समस्या ने उनका काम बढ़ा दिया है.

हरमनप्रीत कौर ने WPL में रचा नया रिकॉर्ड, भारत की पहली खिलाड़ी बनीं

 नई दिल्ली विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को एक यादगार पारी खेली. गुजरात जायंट्स के खिलाफ हुए मुकाबले में हरमनप्रीत कौर ने टूर्नामेंट में 1,000 रन पूरे कर लिए. ऐसा करने वाली वो वाली पहली भारतीय बल्लेबाज़ बन गई हैं. उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने 193 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से शानदार जीत हासिल की. हरमनप्रीत कौर ने किया कमाल इस पारी के साथ हरमनप्रीत WPL इतिहास में 1,000 रन पूरे करने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गईं. उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ नैट स्किवर-ब्रंट ने हासिल की थी. मैच से पहले हरमनप्रीत को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 55 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने मुंबई की पारी के 18वें ओवर में पूरा किया. उन्होंने राजेश्वरी गायकवाड़ की गेंद पर चौका लगाकर 1,000 रन का आंकड़ा पार किया. गुजरात के खिलाफ अजेय रिकॉर्ड पंजाब के मोगा की रहने वाली 36 वर्षीय हरमनप्रीत ने 43 गेंदों पर 71 रनों की शानदार मैच जिताऊ पारी खेली. उनकी इस पारी में ताकत, टाइमिंग और दबाव में संयम साफ नजर आया. इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ अपना अजेय रिकॉर्ड 8-0 कर लिया. हरमनप्रीत अब WPL इतिहास में 1,000 रन बनाने वाली पहली कप्तान भी बन गई हैं. वह 1,018 रनों के साथ ऑल-टाइम रन लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. पहले नंबर पर उनकी ही टीम की नैट स्किवर-ब्रंट हैं, जिनके नाम 1,101 रन हैं. मेग लैनिंग 996 रनों के साथ तीसरे, एलिस पेरी 972 रनों के साथ चौथे और शेफाली वर्मा 887 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं. WPL इतिहास की टॉप 5 रन-स्कोरर खिलाड़ी: नैट स्किवर-ब्रंट – 1101 हरमनप्रीत कौर – 1018 मेग लैनिंग – 996 एलिस पेरी – 972 शेफाली वर्मा – 887 मेग लैनिंग बुधवार को एक्शन में लौटेंगी, जब यूपी वॉरियर्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से नवी मुंबई में होगा. वह WPL में 1,000 रन पूरे करने वाली तीसरी बल्लेबाज़ बन सकती हैं. मुंबई की यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही. यह इस मैदान पर सबसे बड़ा सफल रन चेज था, WPL में मुंबई इंडियंस का सबसे बड़ा रन चेज और टूर्नामेंट की यादगार जीतों में से एक रहा. हरमनप्रीत का इस मैच को फिनिश करना इस जीत को और खास बना गया. WPL 2026 मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत को 2.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. वह इस भरोसे पर पूरी तरह खरी उतरी हैं. दो बार (2023 और 2025) WPL खिताब जीत चुकी कप्तान हरमनप्रीत ने एक बार फिर साबित किया कि वह मुंबई इंडियंस टीम की असली धड़कन हैं.

आयुषी सोनी ने रचा WPL इतिहास, रणनीति के तहत 11 रन पर हुईं रिटायर्ड आउट

 नई दिल्ली आयुषी सोनी ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) के इतिहास में एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह WPL इतिहास की पहली बल्लेबाज बन गई हैं, जिन्हें रिटायर्ड आउट किया गया. यह घटना WPL 2026 में गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई. यह मैच मंगलवार, 13 जनवरी को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला गया. आयुषी सोनी को प्लेइंग इलेवन में अनुष्का शर्मा की जगह शामिल किया गया था, जो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में फील्डिंग के दौरान लगी चोट के कारण बाहर हो गई थीं. हालांकि, आयुषी का WPL डेब्यू आसान नहीं रहा. डेब्यू में नाकाम रहीं आयुषी वह नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने उतरीं, जब हेली मैथ्यूज ने कनिका आहूजा को आउट किया. आयुषी रन बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आईं और 14 गेंदों पर सिर्फ 11 रन ही बना सकीं. 16वें ओवर के अंत में उन्हें रिटायर्ड आउट कर दिया गया और उनकी जगह भारती फुलमाली क्रीज पर आईं. फुलमाली ने की आतिशी बैटिंग गुजरात जायंट्स का यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ. भारती फुलमाली ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और 15 गेंदों पर नाबाद 36 रन ठोक दिए. उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे. फुलमाली की इस तेजतर्रार पारी की बदौलत गुजरात जायंट्स ने 5 विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जानें कैसा रहा है आयुषी का सफर आयुषी सोनी दिल्ली की ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता रखती हैं. वह दाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की मीडियम पेस गेंदबाज हैं. घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई. 30 लाख में गुजरात ने खरीदा गुजरात जायंट्स ने उन्हें WPL ऑक्शन में 30 लाख रुपये में खरीदा था. वह बेथ मूनी और सोफी डिवाइन जैसी अनुभवी खिलाड़ियों से सजी टीम को गहराई देती हैं. हाल के जोनल टी20 टूर्नामेंट्स में शानदार रन बनाने के चलते उन्हें एक उभरती हुई प्रतिभा माना जा रहा है. आयुषी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का भी सीमित अनुभव है. उन्होंने 2021 में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान अपना एकमात्र T20 इंटरनेशनल मैच खेला था. उस मैच में दीप्ति शर्मा ने उन्हें भारत की कैप सौंपी थी. वह तीसरे टी20 मुकाबले में खेलीं, लेकिन बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, क्योंकि शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने भारत को 9 विकेट से जीत दिला दी थी. इसके अलावा आयुषी सोनी दिल्ली प्रीमियर लीग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से भी खेल चुकी हैं.  

15 जनवरी से शुरू होगा अंडर-19 वर्ल्ड कप, कब-कहां खेलेगी टीम इंडिया? देखें पूरा कार्यक्रम

नई दिल्ली अंडर-19 विश्व कप की शुरुआत 15 जनवरी से हो रही है। विश्व कप 15 जनवरी से 6 फरवरी तक संयुक्त रूप से जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। विश्व कप में 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम यूएसए, बांग्लादेश, और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप ए में है। आइए जानते हैं कि भारतीय टीम के मैच कब और कहां खेले जाएंगे। अंडर-19 विश्व कप के पहले दिन ही (15 जनवरी) भारत का मुकाबला यूएसए के साथ है। मैच क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो, जिम्बाब्वे में भारतीय समयानुसार 1 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा। ये मैच भी क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो, जिम्बाब्वे में ही भारतीय समयानुसार 1 बजे से खेला जाएगा। भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है। भारतीय टीम का लीग स्टेज का तीसरा मुकाबला 24 जनवरी को बुलावायो में ही खेला जाएगा। यह मैच भी भारतीय समयानुसार 1 बजे ही शुरू होगा। ग्रुप की शीर्ष दो टीम अगले स्टेज के लिए क्वालिफाई करेगी। अन्य ग्रुप पर नजर डालें तो ग्रुप बी में पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, जिंबाब्वे और इंग्लैंड हैं। ग्रुप सी में ऑस्ट्रेलिया, जापान, आयरलैंड और श्रीलंका हैं। ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज हैं। अंडर-19 विश्व कप 2026, विश्व कप का 16वां संस्करण है। पिछले 15 संस्करणों में भारतीय टीम सबसे सफल टीम बनकर उभरी है। भारतीय टीम 5 बार चैंपियन रही है। ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार ये खिताब जीता है। पाकिस्तान 2 बार चैंपियन रही है। इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश भी एक-एक बार चैंपियन रह चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा विजेता है। 2024 में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर खिताब जीता था। इस विश्व कप में भारतीय टीम के जिस बल्लेबाज के प्रदर्शन पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहने वाली है, वो बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। साल 2025 में आईपीएल, भारत की अंडर-19 और अपनी घरेलू टीम बिहार के लिए खेलते हुए वैभव ने रनों का अंबार लगाया है। देखना होगा विश्व कप जैसे मेगा इवेंट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। अंडर-19 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।

राजकोट ODI: भारत सीरीज जीतने उतरेगा, न्यूजीलैंड की निगाहें बराबरी पर

राजकोट विराट कोहली और रोहित शर्मा की शानदार फॉर्म ने टीम इंडिया की कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों को लेकर बढ़ती चिंताओं को कुछ हद तक कम कर दिया है। टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार 14 जनवरी को राजकोट में होने वाले दूसरे वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में जीत हासिल करके तीन मैच की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी। भारत ने वडोदरा में खेले गए पहले मैच में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था। वॉशिंगटन सुंदर उस मैच में चोटिल हो गए थे और वह वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनसे पहले ऋषभ पंत इंजर्ड होकर सीरीज से बाहर हो गए थे।   चयनकर्ताओं ने दिल्ली के आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया है, लेकिन भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर की ऑलराउंडर को प्राथमिकता देने की रणनीति को देखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी के रूप में एक और ऑलराउंडर को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। ऋषभ पंत पहले वनडे से पूर्व चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए थे। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल करने का फैसला किया, जो टीम प्रबंधन के लिए विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में एक और विकल्प हो सकते हैं। भारतीय टीम के पास कई विकल्प हैं, लेकिन अगले महीने से शुरू होने वाले टीम टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए वह किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगी। टी20 टीम में वनडे टीम से बिल्कुल अलग बल्लेबाजी क्रम होगा, लेकिन कुछ नाम दोनों टीमों में समान हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण नाम ऑलराउंडर तिलक वर्मा का है, जो ग्रोइन की चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 मैचों में नहीं खेल पाएंगे। भारतीय टीम की इन चिंताओं के बीच सभी की निगाह कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी रहेगी जो अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर भी दमदार क्रिकेट खेल रहे हैं। पहले मैच में कोहली वनडे में अपने 54वें शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 91 गेंदों पर खेली गई 93 रन की पारी ने भारत की जीत की नींव रखी। भारत और न्यूजीलैंड की टीमों में काफी अंतर नजर आता है। कीवी टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत नहीं है और भारतीय बल्लेबाज इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। पहले मैच में कप्तान शुभमन गिल ने सधी हुई अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि उप कप्तान श्रेयस अय्यर एक रन से अर्धशतक बनाने से चूक गए। रोहित शर्मा फिर से भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे। कोहली इस समय अलग ही तरह की क्रिकेट खेल रहे हैं और वह आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आते हैं। ऐसा लगता है कि वह अपेक्षाओं और आलोचनाओं के बोझ से पूरी तरह मुक्त हैं। कोहली ने शुरुआत से ही न तो आक्रामक बल्लेबाजी करने से परहेज की है और न ही रन बनाने का कोई मौका छोड़ा है। यही कारण है कि उन्होंने वडोदरा में सभी प्रारूपों में सबसे कम पारियों में 28,000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। भारत को हालांकि अपनी गेंदबाजी विशेषकर स्पिनरों के प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है। पिछले मैच में तेज गेंदबाजों को गेंद की गति कम करने की रणनीति अपनाने से कुछ विकेट मिले थे और स्पिनरों को निरंजन शाह स्टेडियम में बेहतर पिच की उम्मीद होगी। पहले वनडे में हार के बावजूद न्यूजीलैंड को इससे काफी आत्मविश्वास मिला होगा कि कोहली के शानदार प्रदर्शन के बावजूद उसने भारत को कड़ी टक्कर दी। भारत जब सहजता से लक्ष्य हासिल करने की तरफ बढ़ रहा था तब काइल जैमीसन ने अपने गेंदबाजी कौशल का शानदार प्रदर्शन करके मैच को रोमांचक बना दिया था। उसकी टीम को आखिरी क्षणों में कैच छोड़ने का खामियाजा भुगतना पड़ा था। बाएं हाथ के बल्लेबाजों डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई थी लेकिन उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा पाए। उसकी टीम इस विभाग में सुधार करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। टीमें इस प्रकार हैं: भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, नितीश कुमार रेड्डी, आयुष बडोनी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड: माइकल ब्रैसवेल (कप्तान), डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), मिशेल हे (विकेटकीपर), निक केली, हेनरी निकोल्स, विल यंग, ​​जोश क्लार्कसन, जैक फाउल्स, डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, आदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, जेडन लेनोक्स, माइकल रे।  

युवा तीरंदाजों ने बढ़ाया ओडिशा का मान, 4 स्वर्ण सहित 10 पदकों की शानदार उपलब्धि

भुवनेश्वर ओडिशा के युवा तीरंदाजों ने 69वें नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। झारखंड के रांची में 6 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में ओडिशा ने कुल 10 मेडल जीते, जिसमें 4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज शामिल हैं। ओडिशा ओवरऑल रनर-अप रहा, जबकि महाराष्ट्र पहले और झारखंड तीसरे स्थान पर रहा। ओडिशा टीम को स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के तहत ओडिशा राज्य स्कूल खेल संघ द्वारा मैदान में उतारा गया था। राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले 18 खिलाड़ियों में 11 लड़कियां और 7 लड़के शामिल थे। इस सफलता से राज्य में युवा खेल प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिली है और वे राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित हुए हैं। मयूरभंज जिले के बारीपदा स्थित यूजीपी गवर्नमेंट हाई स्कूल के कक्षा 10 के छात्र रोहित कुमार मरांडी टूर्नामेंट के स्टार साबित हुए। उन्होंने 30-मीटर इंडियन राउंड, 30-मीटर ओलंपिक राउंड और मिक्स्ड टीम इवेंट में तीन गोल्ड मेडल जीते, साथ ही ओवरऑल 30 मीटर और 20 मीटर कैटेगरी में एक सिल्वर भी हासिल किया। भुवनेश्वर के केआईएसएस स्कूल की रेशमा मल्लिक ने रोहित के साथ मिलकर 30-मीटर मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड जीता। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर रोहित और रेशमा को बधाई देते हुए कहा कि इनकी सफलता ओडिशा के लिए गर्व की बात है और उन्होंने चार गोल्ड मेडल जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। क्योंझर जिले की सुनीता नाइक ने 60-मीटर रिकर्व राउंड में सिल्वर और 60-मीटर व्यक्तिगत इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसी कैटेगरी में सबित्री पात्रो (क्योंझर), टेनिश मेहर (सुंदरगढ़) और पंखी भात्रा (भुवनेश्वर) ने भी सिल्वर मेडल जीतकर ओडिशा की मेडल तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह प्रदर्शन ओडिशा की खेल नीतियों और युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की सफलता को दर्शाता है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जिससे स्कूली स्तर पर प्रतिभाएं निखर रही हैं। ओडिशा के युवा तीरंदाजों की यह जीत भविष्य में ओलंपिक और एशियाई खेलों में भी राज्य का प्रतिनिधित्व मजबूत करने की उम्मीद जगाती है।

धोखाधड़ी विवाद में नया मोड़: मैरी कॉम के आरोपों पर एक्स-हसबैंड ओनलर का पलटवार

नई दिल्ली अपने दमदार पंच से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम रोशन करने वाली विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मैरी कॉम ने हाल ही में अपने पूर्व पति के ओनलर कोम पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। मैरी कॉम द्वारा अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का के ओनलर कोम ने जवाब दिया है। ओनलर ने मैरी कॉम के आरोपों को गलत बताया है। मिडिया के साथ एक खास बातचीत में, ओनलर ने मैरी कॉम के लगाए आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि वह शादीशुदा होते हुए दूसरे के साथ रिश्ते में थीं। ओनलर ने दावा किया कि उनकी शादी में दिक्कतें एक दशक से भी ज्यादा पुरानी हैं। मैरी कॉम का पहली बार 2013 में एक जूनियर बॉक्सर के साथ अफेयर था। 2017 से, वह मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी से जुड़े एक व्यक्ति के साथ रिलेशनशिप में हैं। मेरे पास सबूत के तौर पर उनके व्हॉट्सएप मैसेज हैं, लेकिन मैं चुप रहा। मुझे उसके आगे बढ़ने पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन सबके सामने दोषी ठहराया जाना मुझे कबूल नहीं है। उन्होंने कहा, "वह अकेली रहना चाहती थी और दूसरा रिलेशनशिप चाहती थी। हमारा तलाक हो चुका है। अगर वह दूसरा पति चाहती है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मुझे कभी दोष मत देना। अगर उसे मुझे दोष देना है, तो सबूत देना पड़ेगा। मुझे पता है कि वह कहां रहती है और किसके साथ रहती है।" पैसों की गड़बड़ी के आरोपों पर ओनलर ने कहा कि उनके अभी के रहन-सहन के हालात उन आरोपों को गलत साबित करते हैं कि उनके पास बहुत सारा पैसा है। उसने कहा कि मैंने 5 करोड़ चुराए हैं। मेरा अकाउंट देख लिया जाए। शादी के बाद 18 साल तक हम साथ रहे। अब वह पागल हो गई है। मेरे पास क्या है? मेरा घर देखो। मैं दिल्ली में किराए के घर में रह रहा हूं। वह एक सेलेब है। वह जो भी कहेगी, लोग सुनेंगे। ऑनलर ने कहा कि मैंने अपनी शादी की अंगूठी हटा दी, क्योंकि वह भरोसे के लायक नहीं है। वह लोक अदालत में जा रही है और कह रही है कि मैंने लोन लिया और प्रॉपर्टी चुराई। अगर प्रॉपर्टी मेरे नाम पर है, तो उसके पास सबूत होंगे, है ना? उसे वे सबूत लाने दो, फिर हम बात करेंगे। उन्होंने कहा, "हमारा तलाक हो गया है। अभी कोर्ट जाना बाकी है। मैं कोर्ट में लड़ना नहीं चाहता, क्योंकि मैं अपने बच्चों से प्यार करती हूं। नेशनल मीडिया से बात करने और यह कहने का क्या मतलब है कि मेरे पति पैसे चुरा रहे हैं? मुझ पर पैसे चुराने के आरोप क्यों लग रहे हैं? वह चुनाव के दौरान लिए गए करोड़ों के लोन के बारे में बात कर रही थी। क्या सबूत है? चुनाव में खर्च के लिए पैसे मैंने अपने दोस्तों से उधार लिए थे।" ऑनलर ने कहा कि उन्होंने मैरी कॉम को उनके करियर और निजी जीवन के अलग-अलग दौर में सहयोग किया, लेकिन उसके लगाए आरोपों से मुझे ठेस पहुंची है, दुख हुआ है। उन्होंने कहा, "मैं उन्हें माफ कर सकता हूं, लेकिन जो मेरे साथ हुआ है, उसे कभी नहीं भूल सकता। मैं उनके लिए इस्तेमाल करने और फेंकने जैसा हूं। उनकी एकेडमी की शुरुआत किसने की, रजिस्ट्रेशन किसने कराया। अब कोई चेयरमैन बन गया है, जिसका नाम मैं नहीं लेना चाहता। हम 2013 से दिल्ली में हैं। मेरे बेटे बोर्डिंग स्कूल में हैं। बेशक, वह कमा रही है और फीस दे रही है, लेकिन उन्हें किसने पाला है?" ऑनलर ने कहा, "मैं अपने बेटों से मिलना चाहता हूं, जो हॉस्टल में रह रहे हैं। वे मेरा खून भी हैं। यह पति-पत्नी के रिश्ते के बारे में है। कोई भी परफेक्ट नहीं होता। उसने कहा कि मैंने शराब पी है। उसने भी पी है। उसने वोडका और रम पी है, और उसने 'गुटखा' भी खाया है। लेकिन मैंने ये बातें मीडिया को कभी नहीं बताईं; मैं पार्टियों में पीता हूं। मैं जो भी कह रहा हूं उसका मेरे पास सबूत है।" ओनलर और मैरी कॉम की शादी 2005 में हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। दोनों का 2023 में तलाक हो गया था।

एम्बाप्पे का जाबी अलोंसो को श्रद्धांजलि संदेश, फुटबॉल समझ पर कही बड़ी बात

नई दिल्ली रियल मैड्रिड के मैनेजर जाबी अलोंसो के क्लब छोड़ने की पुष्टि होने के बाद काइलियन एम्बाप्पे ने उनके लिए एक भावुक विदाई संदेश लिखा है। क्लब की आधिकारिक घोषणा के कुछ ही घंटों बाद एम्बाप्पे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जाबी अलोंसो के लिए लिखा, "यह छोटा समय था, लेकिन आपके लिए खेलना और आपसे सीखना मेरे लिए खुशी की बात रही। पहले दिन से मुझ पर भरोसा दिखाने और मुझे आत्मविश्वास देने के लिए धन्यवाद। मैं आपको एक ऐसे मैनेजर के तौर पर याद रखूंगा जिनके पास साफ आइडियाज थे और जो फुटबॉल को गहराई से समझते थे। जीवन के नए चैप्टर के लिए शुभकामनाएं।" रियल मैड्रिड ने सोमवार को कन्फर्म किया कि जाबी अलोंसो अब क्लब का हिस्सा नहीं हैं। यह फैसला रविवार, 11 जनवरी को बार्सिलोना के खिलाफ स्पेनिश सुपर कप में मिली हार के 24 घंटे के भीतर लिया गया। इस हार ने अलोंसो के भविष्य पर आखिरी मुहर लगा दी और पिछली गर्मियों में शुरू हुआ उनका सात महीने का कार्यकाल समाप्त हो गया। अलोंसो की वापसी को बर्नब्यू में एक नए चक्र की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा था। टैक्टिकल क्लैरिटी, हाई प्रेसिंग और मॉडर्न फुटबॉल पर जोर देने वाले अलोंसो मई में बायर लेवरकुसेन के साथ शानदार सफलता के बाद तीन साल के करार पर रियल मैड्रिड पहुंचे थे। 2023-24 सीजन में उन्होंने लेवरकुसेन को बिना हारे बुंडेसलीगा खिताब जिताया, जर्मन कप जीता और टीम को यूरोपा लीग फाइनल तक पहुंचाया था। हालांकि, स्पेन में हालात उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ा, टीम की परफॉर्मेंस में निरंतरता की कमी दिखने लगी। क्लब वर्ल्ड कप में पेरिस सेंट-जर्मेन, ला लीगा में एटलेटिको मैड्रिड और चैंपियंस लीग में लिवरपूल व मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ मिली भारी हार ने टीम की कमजोरियों को उजागर कर दिया। मैड्रिड, जो कभी टाइटल रेस में आगे था, वह अब बार्सिलोना से चार अंक पीछे खिसक चुका है। अलोंसो के जाने के बाद क्लब ने पूर्व खिलाड़ी और सेकंड-टीम कोच अल्वारो अर्बेलोआ को अंतरिम मैनेजर नियुक्त किया है, जो कोपा डेल रे में अल्बासेटे के खिलाफ टीम की कमान संभालेंगे।