samacharsecretary.com

होम ग्राउंड पर इंडिया फेल, साउथ अफ्रीका बना 25 साल बाद फिर टेस्ट चैंपियन

गुवाहटी  साउथ अफ्रीका ने गुवाहटी टेस्ट मैच में टीम इंडिया को 408 रनों के विशाल अंतर से हराया। इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम इंडिया का सूपड़ा साफ कर दिया, क्योंकि कोलकाता टेस्ट मैच में भी टीम इंडिया को करारी हार मिली थी। इस तरह 25 साल बाद फिर से भारतीय सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतकर साउथ अफ्रीका ने करिश्मा कर दिया है। 2000 में भी साउथ अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को क्लीन स्वीप किया था। इस तरह टीम इंडिया को घर में ही दूसरी बार साउथ अफ्रीका की टीम ने बुरी तरह खदेड़ा है।   टीम इंडिया ने घर पर पिछली तीन सीरीज खेली हैं, जिनमें से दो सीरीजों में टीम इंडिया को क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी है, जबकि एक सीरीज में भारत ने वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ किया था। भारतीय टीम अपनी ही परिस्थितियों में लाचार नजर आ रही है। कोच गौतम गंभीर की अगुवाई में भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों में बुरी तरह से विफल रही है। इसका असर भारतीय टीम के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी 2027 के फाइनल में पहुंचने पर दिखेगा। भारतीय टीम को यहां से लगभग हर मैच में जीत दर्ज करनी होगी, जो बहुत ज्यादा मुश्किल भरी बात होगी। इस मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका की टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। भारतीय गेंदबाजों ने 151.1 ओवर गेंदबाजी की। साउथ अफ्रीका की टीम जैसे-तैसे 489 रन पर ऑलआउट भारतीय गेंदबाजों से हुई। साउथ अफ्रीका के लिए पहली पारी में सेनुरन मुथुसामी ने 109 रन बनाए। 93 रन मार्को यानसेन के बल्ले से निकले और 49 रनों की पारी ट्रिस्टन स्टब्स ने खेली। 45 रन काइल वैरेनी, 41 रन कप्तान टेम्बा बावुमा और 38 रन एडेन मार्करम ने बनाए। भारत के लिए 4 विकेट कुलदीप यादव ने चटकाए। 2-2 विकेट जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को मिले। वहीं, भारत की टीम पहली पारी में 83.5 ओवर बल्लेबाजी कर पाई और 201 रनों पर ढेर हो गई। 58 रन यशस्वी जायसवाल और 48 रन वॉशिंगटन सुंदर ने बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए 6 विकेट मार्को यानसेन और 3 विकेट साइमन हार्मर ने निकाले। भारत पहली पारी में 288 रनों से पिछड़ गया। हालांकि, साउथ अफ्रीका ने फिर से बल्लेबाजी की ठानी और भारतीय गेंदबाजों से फिर से 78.3 ओवर गेंदबाजी कराई। साउथ अफ्रीका 260 रन 5 विकेट खोकर बनाए और पारी घोषित की। इस तरह भारत के सामने जीत के लिए 549 रनों का लक्ष्य था, लेकिन भारत सिर्फ 140 रन बना पाया और मैच 408 रनों के अंतर से हार गया। चौथी पारी में साइमन हार्मर ने 6 विकेट निकाले।  

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत को मिला आसान ग्रुप, शेड्यूल का हुआ ऐलान

नई दिल्ली  इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया। टूर्नामेंट के 10वें संस्करण के मेजबान भारत और श्रीलंका हैं। 20 टीमों वाला टूर्नामेंट 7 फरवरी को शुरू होगा। आठ वेन्यू पर कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल 8 मार्च को आयोजित होगा। ग्रुप स्टेज के दौरान हर दिन तीन मैच होंगे। सभी टीमों को चार-चार के पांच ग्रुप में बांटा गया है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत को शुरुआत में आसान ग्रुप मिला है। भारत ग्रुप ए में है, जिसमें चिर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के अलावा नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए हैं।   भारत सात फरवरी को यूएसए से मुंबई, नामीबिया से 12 फरवीर को दिल्ली में टकराएगा। भारत और पाकिस्तान की बीच हाई वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होगा। पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। भारत अपना आखिरी ग्रुप मैच 18 फरवरी को नीदरलैंड से भिड़ेगा। भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था। तब टी20 वर्ल्ड कप वेस्टइंडीज और यूएएस में आयोजित हुआ था। आगामी टूर्नामेंट का फॉर्मेट पिछली बार जैसा ही है। अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष दो में रहने वाली टीमें सुपर-8 राउंड में जाएंगी। सुपर-8 में फिर ग्रुपिंग होगी। यहां से टीमें सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी। फिर खिताबी मुकाबला होगा। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इसकी घोषणा की। भारत ने 2016 में आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप की मेजबान की थी। भारत ने सबसे छोटे फॉर्मेट का वर्ल्ड कप दो बार जीता है। भारत 2007 में पहली बार एमएस धोनी के नेतृत्व में चैंपियन बना था। श्रीलंका टीम 2021 के विजेता ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान के साथ ग्रुप बी में है। ग्रुप सी में दो बार की चैंपियन इंग्लैंड टीम और वेस्टइंडीज के साथ बांग्लादेश, नेपाल और इटली हैं। इटली पहली बार टूर्नामेंट में खेलेगा। ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई हैं। शेड्यूल की घोषणा के दौरान आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि एक शानदार महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के बाद इतनी जल्दी उपमहाद्वीप में आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप का स्वागत करना बहुत अच्छा है। यहां क्रिकेट का जुनून बेमिसाल है और फैंस इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे। शेड्यूल की घोषणा हमें एक कदम और करीब ले आई है। मुझे कोई शक नहीं है कि भारत में पांच और श्रीलंका में तीन वेन्यू पूरे टूर्नामेंट के दौरान एनर्जी से भरी रहेंगे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ग्रुप ग्रुप ए- भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, नामीबिया, यूएसए ग्रुप बी- ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, ओमान, जिम्बाब्वे, ग्रुप सी- इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल, इटली ग्रुप डी- दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उतरेंगी ये टीमें मेजबान भारत और श्रीलंका के अलावा टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली अन्य टीमें- ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, यूएसए, वेस्टइंडीज, आयरलैंड, कनाडा, इटली, जिम्बाब्वे, नेपाल, ओमान, यूएई, नीदरलैंड्स और नामीबिया हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वेन्यू टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत में मुंबई (वानखेड़े स्टेडियम), कोलकाता (ईडन गार्डन्स), चेन्नई (एमए चिदंबरम स्टेडियम), दिल्ली (अरुण जेटली स्टेडियम) और अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम) में आयोजित होंगे। वहीं, श्रीलंका में कोलंबो (आर प्रेमदासा स्टेडियम), कोलंबो (सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब) और कैंडी (पल्लिकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम) में मैचों का आयोजन होगा।

रोमांच तय! टी20 वर्ल्ड कप का कैलेंडर आउट, भारत-पाक मैच बना सबसे बड़ा सेंटर ऑफ अट्रैक्शन

नई दिल्ली  टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अगले वर्ष भारत और श्रीलंका में संयुक्त रूप से देखने को मिलेगा। टीम इंडिया बतौर मौजूदा चैंपियन मैदान पर उतरेगी और अपने खिताब को बचाने की चुनौती का सामना करेगी। इस टूर्नामेंट के शेड्यूल का आधिकारिक एलान आज किया है। खास बात यह है कि इस बार भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर भी मीडिया रिपोर्ट्स में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेले जाने की संभावना है। पाकिस्तान टीम इस पूरे टूर्नामेंट में भारत नहीं आएगी और अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो यह मुकाबला भी श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा। यह स्थिति कुछ वैसी ही होगी जैसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान देखने को मिली थी, जब भारत ने पाकिस्तान में आयोजित टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दुबई में खेले थे।   भारत और श्रीलंका के सात स्टेडियमों को मेजबानी वर्ल्ड कप के लिए भारत और श्रीलंका के सात स्टेडियमों को मेजबानी दी गई है। भारत में अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम, चेन्नई का चेपॉक, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, कोलकाता और मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम मैचों की मेजबानी करेंगे। वहीं श्रीलंका में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम और सिंहली स्पोर्ट्स क्लब के साथ कैंडी का पल्लेकेले स्टेडियम शामिल है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की आधिकारिक शुरुआत 7 फरवरी से होगी और खिताबी मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। शेड्यूल घोषित होने के बाद यह भी साफ होगा कि भारत का पहला मैच किस टीम के खिलाफ होगा, हालांकि यह अनुमान लगाया जा रहा है कि टीम इंडिया का पहला मुकाबला 8 फरवरी को अमेरिका से और दूसरा मैच 12 फरवरी को नामीबिया से हो सकता है। इस टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें इटली भी शामिल है जिसने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया है। फुटबॉल में विश्व चैंपियन रह चुका इटली पहली बार किसी क्रिकेट वर्ल्ड कप में भाग लेगा। रोहित शर्मा ब्रांड एंबेसडर नियुक्त इवेंट का औपचारिक कार्यक्रम कुछ ही देर में शुरू होने वाला है जिसमें भारत को टी20 विश्व चैम्पियन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा, सूर्या कुमार यादव और हरमनप्रीत कौर भी मौजूद हैं। रोहित शर्मा को टूर्नामेंट का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या टीम इंडिया अपने घरेलू मैदान पर इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली मेजबान टीम और खिताब बचाने वाली पहली टीम बन पाएगी।

सुल्तान अजलान शाह कप में बेल्जियम ने भारत को 2-3 से हराया

इपोह  मलेशिया के इपोह में मंगलवार को सुल्तान अजलान शाह कप में बेल्जियम के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम को अच्छे प्रदर्शन के बावजूद 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत मजबूती से करते हुए बेल्जियम पर दबाव बनाया था। बेल्जियम को मैच शुरू होने के दस मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर से पहला मौका मिला, और जल्द ही उन्हें दूसरा मौका भी मिला। भारतीय टीम की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने बेल्जियम पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सका। दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने बढ़त बनाई। रोमन डुवेकोट (17’) ने मैच का पहला गोल किया। भारतीय टीम ने इसके बाद गोल की लगातार कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। बेल्जियम ने हाफटाइम तक अपनी 1-0 की बढ़त बनाए रखी। दूसरे हाफ की शुरुआत में अभिषेक (33’) के गोल से भारतीय टीम ने वापसी की और मैच को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। भारतीयों ने दूसरे गोल की तलाश में बेल्जियम पर दबाव बनाया, लेकिन बेल्जियम ने निकोलस डी केर्पेल (45’) के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गोल से वापस बढ़त बना ली। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में रोमन डुवेकोट (46’) ने गोल करके बेल्जियम की बढ़त 1-3 कर दी। भारत के लिए शिलानंद लाकड़ा (57’) ने रबीचंद्र सिंह के शानदार क्रॉस पर गोल करके बढ़त को कम किया। भारत को उम्मीद की एक किरण दिखाई। लेकिन अंत तक भारत बेल्जियम की बराबरी नहीं कर सका। भारतीय टीम को 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने टूर्नामेंट के पहले मैच में कोरिया को 1-0 से हराया था। बेल्जियम के साथ दूसरा मैच बारिश की वजह से मंगलवार को पुनर्निर्धारित किया गया था। भारत का अगला मैच 26 नवंबर को 17:30 (आईएसटी) पर मलेशिया से होगा। सुल्तान अजलान शाह कप 2025 के मैच फैनकोड पर लाइव दिखाए जा रहे हैं।

गुवाहाटी टेस्ट में संकट! शुरुआती झटकों के बाद टीम इंडिया को जीत के लिए 522 रन चाहिए

गुवाहाटी  साउथ अफ्रीका के खिलाफ बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन तक भारतीय टीम दबाव की स्थिति में है। टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में 15.5 ओवरों के खेल तक 2 विकेट खोकर 27 रन बना लिए हैं। यहां से भारत को जीत के लिए 522 रन की दरकार है। साउथ अफ्रीकी टीम ने अपनी दूसरी पारी 260/5 के स्कोर पर घोषित की। इसी के साथ भारत को जीत के लिए 549 रन का टारगेट मिला। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए। इस पारी में सेनुरन मुथुसामी ने 206 गेंदों में 109 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। उनके अलावा, मार्को जानसेन ने 93 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। ट्रिस्टन स्टब्स ने 49 रन, जबकि कप्तान टेंबा बावुमा ने 41 रन टीम के खाते में जोड़े। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट निकाले। इसके जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में महज 201 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 58 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 48 रन जुटाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन ने 6 विकेट निकाले। साइमन हार्मर ने 3 विकेट प्राप्त किए। टीम इंडिया को सस्ते में समेटने के बाद साउथ अफ्रीकी टीम ने अपनी दूसरी पारी 260/5 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में ट्रिस्टन स्टब्स ने 94 रन बनाए, जबकि टोनी डी जोरजी ने 49 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से इस पारी में रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। वॉशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट निकाला। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम चौथे दिन की समाप्ति तक 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 27 रन ही बना सकी। इस पारी में यशस्वी जायसवाल 13, जबकि केएल राहुल 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दिन की समाप्ति तक साईं सुदर्शन 2 और कुलदीप यादव 4 रन बनाकर नाबाद रहे। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को जानसेन और साइमन हार्मर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। साउथ अफ्रीकी टीम कोलकाता में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 30 रन से अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में टीम इंडिया गुवाहाटी टेस्ट को जीतकर सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म करना चाहेगी।

टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा टारगेट! पंत की टीम के सामने रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती

नई दिल्ली  इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका 2 मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला गुवाहाटी में खेला जा रहा है। सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही टीम इंडिया पर इस मैच में भी हार का खतरा मंडरा रहा है। IND vs SA टेस्ट मैच के चौथे दिन साउथ अफ्रीका की लीड 400 के करीब पहुंच गई है। भारत को अगर यह टेस्ट मैच जीतना है तो इतिहास रचना होगा। बता दें, भारत में आज तक कोई टीम 400 से अधिक रनों का टारगेट चेज नहीं कर पाई है। ऐसे में ऋषभ पंत की टीम के लिए गुवाहाटी टेस्ट में हार को टाल पाना आसान नहीं होगा। भारत में चौथे-पांचवें दिन तक बल्लेबाजों के लिए पिच इतनी कठिन हो जाती है कि यहां ज्यादा देर पिच पर टिक पाना उनके लिए आसान नहीं होता। यही वजह है कि चौथी पारी में भारत में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आज तक सिर्फ एक ही बार 300 से अधिक रन का टारगेट चेज हुआ है। जी हां, यह कारनामा टीम इंडिया ने ही 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में करके दिखाया था। उस दौरान भारत ने 387 रनों का पीछा किया था। सचिन तेंदुलकर ने शानदार शतक जड़ते हुए नाबाद 103 रन बनाए थे, वहीं उनका साथ अंत तक युवराज सिंह ने 85 रन बनाकर दिया था। भारत में टेस्ट क्रिकेट में चेज हुए टॉप-5 सबसे बड़े टारगेट     387/4 – इंडिया बनाम इंग्लैंड, चेन्नई, 2008     276/5 – वेस्टइंडीज बनाम इंडिया, दिल्ली, 1987     276/5 – इंडिया बनाम वेस्टइंडीज, दिल्ली, 2011     262/5 – इंडिया बनाम न्यूजीलैंड, बेंगलुरु, 2012     256/8 – इंडिया बनाम ऑस्ट्रेलिया, ब्रेबोर्न, 2010 कैसा रहा अभी तक IND vs SA दूसरा टेस्ट? टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने सेनुरन मुथुसामी के शतक और मार्को यान्सन की 93 रनों की पारी के दम पर 489 रन बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में टीम इंडिया 201 रनों पर ढेर हो गई। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी के बाद 288 रनों की बढ़त हासिल की। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए 26 रन बनाए। भारत पर अब मेहमान टीम 314 रनों की बढ़त हासिल कर चुकी है।  

ऐसे कौन करता है बेइज्जती! आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड ने गंभीर को किया ट्रोल

नई दिल्ली कभी चुटीले तो कभी चुभने वाले और कभी गुदगुदाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से अक्सर चर्चा में रहने वाले आइसलैंड क्रिकेट ने भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर का मजाक उड़ाया है। खुद को क्रिकेट की जननी बताने वाले देश की संस्था ने क्रिकेट की दुनिया के मौजूदा वक्त की सुपर पावर भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट मैचों में बुरे प्रदर्शन को लेकर कोच गौतम गंभीर को ट्रोल किया है। उसने अपने पोस्ट में लिखा है कि उनकी राष्ट्रीय टीम के कोच के लिए गंभीर के नाम पर विचार नहीं होगा और उन्होंने 2025 में अपने 75 प्रतिशत मैच जीते हैं। व्यंग्य के लिए मशहूर आइसलैंड क्रिकेट ने अपने ऑफिशल हैंडल से एक्स पर पोस्ट किया, 'हमारे सभी फैंस के लिए, नहीं, हम गौतम गंभीर को अपनी राष्ट्रीय टीम के नए कोच के लिए न्योता नहीं भेजेंगे। यह पद पहले ही भरा जा चुका है और हमने 2025 में अपने 75 प्रतिशत मैच जीते हैं।' गौतम गंभीर के भारत के मुख्य कोच बनने के बाद टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया एक औसत से भी खराब दर्जे की टीम नजर आ रही है। गंभीर ने जब भारतीय टीम के कोच की जिम्मेदारी संभाली, उस वक्त टीम घर में अजेय मानी जाती थी। लेकिन उनके कोच बनने के बाद न्यूजीलैंड ने भारत को उसी की धरती पर 3-0 से करारी शिकस्त दी। 12 सालों में वो भारत की घर में पहली सीरीज हार थी। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। उसी सीरीज के दौरान ही दिग्गज स्पिनर आर अश्विन को टेस्ट से संन्यास का ऐलान करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी अचानक टेस्ट से संन्यास का ऐलान कर दिया। उसके बाद शुभमन गिल नए टेस्ट कप्तान चुने गए और इंग्लैंड दौरे पर टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। सीरीज 2-2 से बराबर रही। गौतम गंभीर के कार्यकाल में अपने घर में पिछले 6 टेस्ट में भारत को 4 में हार का सामना करना पड़ा है। गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे टेस्ट मैच में भी भारत हार की कगार पर खड़ा है। अगर ऐसा हुआ तो घर में खेले गए पिछले 7 टेस्ट मैच में भारत की हार का आंकड़ा 5 पर पहुंच जाएगा। गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारत ने घर में जिन दो टेस्ट सीरीज में जीत हासिल की है, वो दोनों ही कमजोर मानी जाने वाली टीमों के खिलाफ मिली हैं। पिछले साल भारत ने होम सीरीज में बांग्लादेश को 2-0 से हराया था और इस साल वेस्टइंडीज को भी होम सीरीज में 2-0 से हराया है। इन दोनों टीमों के अलावा उनके कार्यकाल में भारत ने जिन भी दूसरी टीमों से घर में कोई टेस्ट मैच खेला है, जीतना तो दूर, ड्रॉ तक नहीं करा पाया है।  

WPL में पैसों की बारिश! दीप्ति, वोलवार्ट और हीली होंगी टीमों की पहली पसंद?

नई दिल्ली  लॉरा वोलवार्ट और भारत की विश्व कप में जीत की नायिका दीप्ति शर्मा सहित कई शीर्ष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गुरुवार को दिल्ली में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी में आकर्षण का केंद्र होंगी। दीप्ति के अलावा क्रांति गौड़ और श्री चरणी को भी मोटी धनराशि मिलने की उम्मीद है। कुल 277 खिलाड़ी (194 भारतीय और 83 विदेशी) पहली बार होने वाली इस मेगा नीलामी का हिस्सा होंगी। पांंच टीमें अधिकतम 73 स्थानों को भरने की कोशिश करेंगी, जिनमें 50 भारतीय और 23 विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे। कम से कम 15 और अधिकतम 18 खिलाड़ी टीम में शामिल किए जा सकते हैं। वनडे विश्व कप जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों की भारी मांग होगी। टूर्नामेंट की प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा पर अच्छी बोली लगने की संभावना है। उन्हें विश्व कप फाइनल के तुरंत बाद यूपी वॉरियर्स ने रिलीज़ कर दिया था। अगर क्रांति और चरणी जैसी युवा खिलाड़ी धनराशि के मामले में दीप्ति की बराबरी कर ले तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। इन दोनों ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करके प्रभावित किया था। हरलीन देओल, रेणुका सिंह, प्रतीका रावल, राधा यादव और स्नेह राणा भी नीलामी का हिस्सा हैं। जिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों पर दांव लगने के संभावना है उनमें ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग, वर्तमान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली, इंग्लैंड की प्रमुख स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन, न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन, उनकी हमवतन अमेलिया केर और दक्षिण अफ्रीकी कप्तान वोलवार्ट शामिल हैं। सिर्फ एक खिलाड़ी को रिटेन करने के बाद यूपी वॉरियर्स के पास नीलामी में सबसे अधिक राशि (14.5 करोड़ रुपए) है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के पास सबसे कम राशि (5.70 करोड़) है।

द. अफ्रीका की बढ़त ने छुआ 500 का आंकड़ा, कप्तान बावुमा का आक्रामक रुख—घोषणा दूर की बात

नई दिल्ली  इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका दो मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में जारी है। चौथे दिन टी-ब्रेक तक साउथ अफ्रीका की बढ़त 395 रनों की हो गई है। दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 107 रन है। भारत को अब यह मैच जीतने के लिए इतिहास रचना होगा। दरअसल, भारत में आज तक 387 रनों से ज्यादा का टारगेट चेज नहीं हुआ है।  साउथ अफ्रीका को इस पारी में तीन झटके रायन रिकल्टन, ऐडन मार्करम और टेंबा बावुमा के रूप में लगे। रिकल्टन और मार्करम को जडेजा ने तो बावुमा को सुंदर ने आउट किया। साउथ अफ्रीका की नजरें टी-ब्रेक के बाद लीड को तेजी से 500 के करीब पहुंचाकर पारी घोषित करने पर होगी। बता दें, साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 489 रन बनाए थे, जिसके सामने टीम इंडिया 201 रनों पर सिमट गई थी। पहली पारी के बाद साउथ अफ्रीका ने 288 रनों की बढ़त हासिल की थी। लंच ब्रेक तक साउथ अफ्रीका की लीड 500 के पार लंच ब्रेक तक साउथ अफ्रीका की लीड 508 रनों की हो गई है, मगर टेंबा बावुमा ने अभी भी पारी घोषित नहीं की है। पहले हर किसी को लग रहा था कि साउथ अफ्रीका की नजरें 500 की लीड पर होगी, मगर यह मुकाम हासिल करने के बाद भी साउथ अफ्रीका बैटिंग कर रहा है। साउथ अफ्रीका की लीड 500 के पार पारी का 69वां ओवर लेकर आए यशस्वी जायसवाल की चौथी गेंद पर मुल्डर ने चौका लगाकर साउथ अफ्रीका की लीड को 500 के पार पहुंचा दिया है, मगर अभी भी टेंबा बावुमा ने पारी घोषित नहीं की है। साउथ अफ्रीका के 200 रन पूरे साउथ अफ्रीका के दूसरी पारी में 200 रन पूरे हो गए हैं। 288 रनों की लीड के साथ उनकी कुल बढ़त 488 रनों की हो गई है। निश्चित रूप से अब टेंबा बावुमा की नजरें 500 के आंकड़े पर है।

रायपुर में क्रिकेट क्रेज: India-Africa ODI टिकट के लिए हुई धक्का मुक्की, Rohit और Kohli के दीवाने

रायपुर  जल्दी ही भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज खेली जानी है। वनडे सीरीज का दूसरा मैच छत्तीसगढ़ की राजधानी में खेला जाएगा। ऐसे में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit SHarma) को लाइव देखने के लिए दर्शक बड़ी संख्या में टिकट लेने के लिए स्टेडियम और इंडोर कॉम्प्लेक्स पहुंच रहे हैं। इंडोर स्टेडियम में टिकट कलेक्शन और छात्रों के लिए बिक्री शुरू सोमवार से इंडोर स्टेडियम में पहले चरण में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले लोग अपने फिजिकल टिकट ले रहे हैं। इसी के साथ छात्रों के लिए आरक्षित सीटों की टिकट बिक्री भी शुरू की गई, जिसके चलते सुबह 4 बजे से ही काउंटर पर भीड़ जुटना शुरू हो गया। टिकट बिक्री 10 बजे शुरू हुई, लेकिन उससे पहले ही लंबी कतारों में छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। कई छात्राओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद उनकी पुलिस के साथ बहस भी हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। छात्रों के लिए 1500 सीटें, टिकट 800 रुपये इस बार छात्रों के लिए 1,500 सीटें रिजर्व की गई हैं, जिनकी कीमत 800 रुपये तय की गई है। एक छात्र केवल एक ही टिकट खरीद सकेगा और स्कूल/कॉलेज का आईडी कार्ड अनिवार्य है। छात्र 24 नवंबर से 2 दिसंबर तक इंडोर स्टेडियम में जाकर फिजिकल टिकट खरीद सकेंगे। पहले चरण में 17–18 हजार टिकट 15 मिनट में सोल्ड आउट शनिवार को पहले चरण में शाम 5 बजे टिकट बिक्री शुरू होते ही 17 से 18 हजार टिकट मात्र 15 मिनट में ही सोल्ड आउट हो गए। वेबसाइट पर ‘Sold Out’ दिखने से लोग भ्रमित हुए कि सभी टिकट खत्म हो चुके हैं, जबकि आयोजकों के अनुसार दूसरे चरण में बाकी टिकट जल्द जारी किए जाएंगे। इन्हें ऑनलाइन बुक करने वालों को बाद में फिजिकल टिकट में बदलने की सुविधा मिलेगी। टीमें 1 दिसंबर को रायपुर आएंगी     पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा।     दोनों टीमें 1 दिसंबर को रायपुर पहुंचेगी।     2 दिसंबर को प्रैक्टिस सेशन होगा।     3 दिसंबर को रायपुर में दूसरा वनडे खेला जाएगा। स्टेडियम में सुविधाएं: पानी मुफ्त, फूड रेट तय दर्शकों के लिए स्टेडियम में 22 बड़े वाटर फिल्टर लगाए गए हैं, जिससे पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हर फूड वेंडर को अपनी रेट-लिस्ट डिस्प्ले करना अनिवार्य होगा। ओवर चार्जिंग रोकने के लिए स्टेडियम के भीतर कई जगह रेट-चार्ट भी लगाए जाएंगे। दिव्यांग खिलाड़ियों को मुफ्त एंट्री 3 दिसंबर वर्ल्ड डिसेबिलिटी डे के अवसर पर राज्य के सभी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए मैच देखना पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। उनके आने-जाने की व्यवस्था भी क्रिकेट संघ द्वारा की जाएगी। रायपुर में होने वाला India – South Africa का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि फैंस के जुनून, खिलाड़ियों की जुझारू चुनौती और क्रिकेट के रोमांच का संगम बनने जा रहा है। अब नज़रें टिकी हैं 3 दिसंबर पर, जब विराट-रोहित की धाक और अफ्रीकी तेज़ तर्रार खेल आमने-सामने होंगे। बस इंतज़ार है उस पहली गेंद का… जो रायपुर के मैदान में इतिहास लिखने जा रही है। आपको बता दें कि फिलहाल India और South Africa के बीच Test Series जारी है, जिसमें भारत पहला मैच हार चुका है।