samacharsecretary.com

किसानों ने जलाई पराली: पंजाब में एक दिन में सामने आए इतने केस, प्रशासन में हड़कंप

चंडीगढ़  पंजाब में एक दिन में पराली जलाने के सबसे ज्यादा  147 मामले दर्ज किए गए, जिससे 15 सितंबर से अब तक ऐसी घटनाओं की कुल संख्या 890 हो गई है। सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पी.पी.सी.बी.) के आंकड़ों के अनुसार, तरनतारन और अमृतसर जिलों में पराली जलाने की सबसे ज्यादा घटनाएं दर्ज की गईं। पी.पी.सी.बी. के अनुसार, कई किसान पराली जलाने से रोकने की राज्य सरकार की अपील की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। 20 अक्टूबर से राज्य में पराली जलाने की घटनाओं की संख्या बढ़कर 537 हो गई है, जबकि 20 अक्टूबर को यह आंकड़ा 353 था। आंकड़ों के अनुसार, तरनतारन में पराली जलाने की सबसे ज्यादा 249 घटनाएं हुई हैं। इसके बाद अमृतसर (169), फिरोजपुर (87), संगरूर (79), पटियाला (46), गुरदासपुर (41), बठिंडा (38) और कपूरथला (35) में पराली जलाने की घटनाएं हुईं। पठानकोट और रूपनगर जिलों में अब तक पराली जलाने की कोई घटना सामने नहीं आई है। एस.बी.एस. नगर और होशियारपुर में तीन-तीन, मलेरकोटला में चार और लुधियाना में 9 पराली जलाने की घटनाएं सामने आईं। दिल्ली-एन.सी.आर. में बढ़ते वायु प्रदूषण के लिए पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं को हमेशा जिम्मेदार ठहराया जाता है। इसका कारण यह है कि अक्टूबर-नवंबर में धान की कटाई के बाद, रबी की फसल- गेहूं- की बुवाई के लिए बहुत कम समय बचता है। इसलिए, कुछ किसान खेतों में बचे अवशेषों को जल्दी से हटाने के लिए अपने खेतों में आग लगा देते हैं। पी.पी.सी.बी. के आंकड़ों के अनुसार, इस साल पंजाब में धान की खेती का कुल रकबा 31.72 लाख हेक्टेयर है और 26 अक्टूबर तक इसमें से 59.82 प्रतिशत रकबे में कटाई हो चुकी है। पी.पी.सी.बी. के अनुसार, अब तक 386 मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में 19.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 13.40 लाख रुपये वसूल किए जा चुके हैं। आंकड़ों से यह भी पता चला है कि इस अवधि के दौरान, भारतीय दंड संहिता (आई.पी.सी.) की धारा 223 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत खेतों में आग लगाने की घटनाओं के खिलाफ 302 एफ.आई.आर. दर्ज की गईं।

पंजाब सरकार की कैबिनेट मीटिंग में गूंजे बड़े फैसले, CM मान ने दिए राहत के संकेत

पंजाब  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आज कैबिनेट मीटिंग हुई। इस मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए। इसे लेकर पंजाब के सी.एम. भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब यूनिफाइड बिल्डिंग बिल-2025 को मंजूरी दे दी गई है। जिसके बाद अब इमारतों की ऊंचाई 15 मीटर से बढ़ाकर 21 मीटर कर दी गई है। वहीं लोगों की सुविधा के लिए लुधियाना उत्तर में एक नई उप-तहसील बनाने को मंजूरी दी गई है।  सी.एम. मान ने बताया कि बरनाला नगर परिषद को नगर निगम में अपग्रेड किया गया है क्योंकि बरनाला की आबादी और जीएसटी संग्रह इन शर्तों को पूरा करते हैं। बरनाला के लोगों की लंबे समय से मांग थी इसे नगर निगम में अपग्रेड किया जाए क्योंकि यहां बड़ी संख्या में उद्योग हैं। वहीं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पंजाब स्पोर्ट्स मेडिसिन कैडर के 100 से ज्यादा नए पद सृजित किए गए हैं।    कैबिनेट द्वारा डेराबस्सी में 100 बिस्तरों वाला ईएसआई खोलने की मंजूरी दी गई है। इस लिए जमीन मुहैया करवाई जाएगी। नशा मुक्ति केंद्रों के नियमों में भी संशोधन किया गया है। इसके साथ ही केंद्रों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस ली जाएगी और जो दवाइयां दी जाएंगी, सब कुछ सरकार की निगरानी में होगा। 

दहल उठता पंजाब! विस्फोट से पहले ही 3 आतंकी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

लुधियाना  पंजाब को दहलाने की साजिश को पुलिस के नाकाम कर दिया है। लुधियाना शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले पाकिस्तान के ISI एजेंसी के साथ लिंक रखने वाले 3 आतंकीयो को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार करने में थाना जोधेवाल की पुलिस ने सफलता हासिल की गई है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि उनकी पुलिस टीम ने शिवपुरी रोड पर 3 आतंकियों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया गया है उन्होंने बताया कि उक्त आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह, परविंदर सिंह और रमणीक सिंह के रूप में की गई है जबकि उनके 2 साथी शेखर और अजय अभी तक फरार है। उन्होंने बताया कि आरोपी यह हैड ग्रेनेड जेल में बंद कैदी के कहने से लेकर आए हैं, जिसे बाद में लुधियाना से जालंधर नेशनल हाईवे के नजदीक किसी जगह छुपाना था। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस उक्त मामले की जांच कर रही है। 

मान सरकार का मास्टरस्ट्रोक! पंजाब में बड़े बदलाव की तैयारी पूरी

चंडीगढ़  पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की पूरी प्रक्रिया 5 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। पंजाब सरकार ने इन चुनावों में हो रही देरी के खिलाफ दायर एक याचिका की सुनवाई के दौरान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को यह जानकारी दी है। इस मामले में लुधियाना निवासी बेअंत कुमार किंगर ने याचिका दायर कर कहा है कि राज्य में 150 पंचायत समितियों और 21 जिला परिषदों का कार्यकाल समाप्त हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि ऐसी स्थिति संविधान के अनुच्छेद 243-ई (3) का सीधा उल्लंघन है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पंचायतों का चुनाव उनके कार्यकाल समाप्त होने से पहले या उनके भंग होने की स्थिति में 6 महीने के भीतर होना चाहिए। चुनाव न होने से लोकतांत्रिक ढांचा प्रभावित हो रहा है और स्थानीय शासन में बाधा आ रही है। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश शील नागू ने चुनावों में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह संवैधानिक नियमों के विरुद्ध है। सरकार को कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव करा लेने चाहिए थे। इस पर सरकार ने बताया कि राज्य में बाढ़ के कारण चुनाव में देरी हुई है। याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि कई जगहों पर कार्यकाल समाप्त हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। राज्य सरकार द्वारा चुनावों संबंधी अधिसूचना प्रस्तुत करने के बाद, हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई नवंबर के अंतिम सप्ताह तक के लिए स्थगित कर दी। हाईकोर्ट ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सरकार द्वारा दी गई समय-सीमा का ईमानदारी से पालन किया जाए ताकि ग्रामीण स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और विकास कार्यों में कोई बाधा न आए। मामले की अगली सुनवाई के दौरान चुनाव प्रक्रिया की प्रगति का विवरण अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। 

छतबीड़ जू हादसा: इलेक्ट्रिक वाहनों में लगी आग से मचा हड़कंप, 19 ई-कारें जलकर राख

मोहाली  जीरकपुर स्थित महेंद्र चौधरी जूलॉजिकल पार्क (छतबीड़ जू) में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब पर्यटकों को घुमाने के लिए उपयोग में आने वाली इलेक्ट्रॉनिक फेरी गाड़ियों में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने भयावह रूप ले लिया और 19 ई-वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। चिड़ियाघर कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहाली, डेराबस्सी और जीरकपुर से दमकल दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है, और एहतियातन पर्यटकों की एंट्री अस्थायी रूप से रोक दी गई है। चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या चार्जिंग पॉइंट से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

Chess Glory: जालंधर के नमितबीर वालिया की शानदार उपलब्धि, बढ़ाया पंजाब का मान

चंडीगढ़  पंजाब ने शतरंज की दुनिया में एक और बड़ी छलांग लगाई है। जालंधर के नमितबीर सिंह वालिया ने इंटरनेशनल मास्टर (आईएम) का खिताब हासिल कर राज्य के दूसरे खिलाड़ी के रूप में इतिहास रचा है। उन्होंने फ्रांस में आयोजित थर्ड एनेमास इंटरनेशनल मास्टर्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया और अपना अंतिम आईएम नॉर्म पूरा किया। उनके कोच कंवरजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि की जानकारी दी। यह सफलता पंजाब के लिए खास इसलिए भी है क्योंकि यह सम्मान करीब चार साल बाद राज्य को मिला है। इससे पहले, जालंधर के ही दुश्यंत शर्मा ने 1 फरवरी 2022 को रूस के इंटरनेशनल मास्टर आर्तेम सादोव्स्की को हराकर पंजाब के पहले आईएम बनने का गौरव प्राप्त किया था। नमितबीर की यह उपलब्धि न सिर्फ जालंधर बल्कि पूरे पंजाब के लिए गर्व का क्षण है।

दिनदहाड़े पंजाबी बिजनेसमैन की हत्या से दहशत, फिरौती कॉल से खुल रहा है मर्डर कनेक्शन

लुधियाना  लुधियाना जिले के दोराहा के पास राजगढ़ गांव के मूल निवासी और कनाडा में बसे 68 वर्षीय पंजाबी मूल के कारोबारी दर्शन सिंह साहसी की कनाडा के एबॉट्सफोर्ड शहर में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में यह मामला फिरौती कॉल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, साहसी सोमवार सुबह रिजव्यू ड्राइव क्षेत्र स्थित अपने घर से कार में बैठकर मैपल रिज स्थित अपने ऑफिस जा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दर्शन सिंह साहसी कपड़ा रीसाइक्लिंग उद्योग में एक बड़ा नाम थे और उनका कारोबार कनाडा से लेकर भारत तक फैला हुआ था। उनके मैपल रिज स्थित फैक्ट्री में दर्जनों कर्मचारी कार्यरत थे। सामाजिक कार्यों में सक्रिय साहसी धार्मिक संस्थाओं और परोपकारी अभियानों से भी जुड़े थे और स्थानीय समुदाय में उन्हें एक ‘गुड समेरिटन’ के रूप में जाना जाता था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि साहसी को कुछ समय पहले अज्ञात नंबरों से फिरौती कॉल्स आई थीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उनकी हत्या इन्हीं धमकियों से जुड़ी थी। कनाडाई प्रशासन ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

सीएम मान ने राष्ट्रपति से भेंट, 350वें शहीदी पर्व में शामिल होने का न्योता दिया; पीएम मोदी को भी आमंत्रित करेंगे

चंडीगढ़  पंजाब के सीएम भगवंत मान ने आज दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। सीएम ने उन्हें श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी पर्व समागम में शामिल होने का न्योता दिया। सीएम ने कहा कि हमने राष्ट्रपति को कहा कि 18 नवंबर से 25 नवंबर तक कोई भी दिन तय हो सकता है।  वैसे तो वह काफी धार्मिक ख्यालों की हैं। उन्हें इस बारे में पता है। इससे पहले जब वह पंजाब में आई थीं, उस समय उन्होंने लगभग दो घंटे दरबार साहिब में बिताए थे, जिसमें लंगर ग्रहण किया था और कीर्तन सुना था। पूरे देश के राज्यों के सीएम और पूरी दुनिया में बसते पंजाबी को खुला न्योता दिया गया है। सभी देशों के एंबेसडर को बुलाया जा रहा है। 23 नवंबर से 25 नवंबर तक मुख्य समागम होंगे। हमें अपना विरसा और पूर्वजों की शहादत को याद रखना चाहिए। कुर्बानियां देकर हमें ये रुतबे मिले हैं। गुरु तेग बहादुर के परिवार ने सबसे बड़ी शहादत दी। पोते तक शहादत है। इसकी हिस्ट्री में कहीं भी मिसाल नहीं मिलती है। उनके साथ चीफ सेक्रेटरी व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। दिल्ली से हुआ कार्यक्रमों का आगाज इन कार्यक्रमों की शुरुआत 25 अक्टूबर को दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री सीस गंज साहिब में अरदास के साथ की गई। इसके बाद पंजाब के सभी जिलों में गुरु साहिब के जीवन और उपदेशों को दर्शाने वाले “लाइट एंड साउंड शो”, कीर्तन दरबार और धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। गुरु साहिब के चरणों से जुड़े 130 पवित्र स्थलों पर भी कीर्तन दरबार आयोजित किए जाएंगे। जम्मू-कश्मीर से आएगा नगर कीर्तन उन्होंने बताया कि श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर), गुरदासपुर, फरीदकोट और तख्त श्री दमदमा साहिब (पंजाब) से चार नगर कीर्तन प्रारंभ होंगे, जो 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। टेंट सिटी और विधानसभा सत्र 23 से 25 नवंबर तक होने वाले मुख्य समारोहों में श्री अखंड पाठ साहिब, सर्व धर्म सम्मेलन, पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र और भव्य कीर्तन दरबार शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री आनंदपुर साहिब में “चक्क नानकी” नामक विशाल टेंट सिटी भी तैयार की जा रही है।

संगरूर की युवती कनाडा में मारी गई, जल्द मिलने वाली थी PR यानी स्थायी नागरिकता

संगरूर बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर कनाडा गई संगरूर शहर की प्रेम बस्ती की 27 वर्षीय अमनप्रीत कौर सैनी की कनाडा के टोरंटो में हत्या कर दी गई। जैसे ही यह दुखद खबर उसके स्वजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि कुछ ही दिन में अमनप्रीत को कनाडा की स्थायी नागरिकता (पीआर) मिलने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही यह घटना हो हो गई। अमनप्रीत के पिता इंद्रजीत सिंह सैनी ने बताया कि उनकी बेटी वर्ष 2021 में पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी। उसकी बड़ी बेटी पहले से ही वहां रह रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ अमनप्रीत नौकरी भी करने लगी थी व इस समय वह किसी अस्पताल में काम कर रही थी। 20 अक्टूबर को अमनप्रीत का घर पर आखिरी फोन आया था। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अमनप्रीत के कत्ल के बाद उसकी बड़ी बहन को कनाडा पुलिस ने सुरक्षा मुहैया कराई है। सरपंच के पिता पर कुल्हाड़ी से हमला, सांसें चलती देख चाकू से किए वार थाना शंभू इलाके के अंतर्गत गांव राजगढ़ के सरपंच के पिता पर गांव के 26 वर्षीय नशे की हालत में युवक ने कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद सांसें चलती देख आरोपित ने चाकू से वार करने शुरू कर दिए और सात से आठ जगह वार किए। हमला 25 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे हुआ था, जिसके बाद आरोपित फरार हो गया। हमले में घायल व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय भूला राम के रूप में हुई है। घटना के समय भूला राम की बहू संजना भी साथ में थी। पुलिस ने अजय कुमार निवासी राजगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।

ब्लास्ट प्लान फेल: पाकिस्तान से चंडीगढ़ भेजा गया 2.5 किलो RDX, दिवाली पर था धमाका तय

चंडीगढ़ बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकवादी मनप्रीत सिंह उर्फ टिड्डी ने ज्वाइंट इंटेरोगेशन में बताया कि पकड़े गए आरडीक्स को चंडीगढ़ पहुंचाना था और दिवाली पर ब्लास्ट को अंजाम देना था। इसके निर्देश यूके और आर्मेनिया में बैठे आतंकियों से मिलने थे। सुरक्षा एजेंसियों ने दिवाली को देखते हुए सतर्कता काफी बढ़ा दी थी जिस वजह से टिड्डी ने आरडीएक्स को छिपाकर रख दिया था। सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती की वजह से आतंकी इस विस्फोटक को समय पर निकाल नहीं पाए।  इस साजिश को पाकिस्तान की एजेंसी आईएसआई के माध्यम से विदेशी आतंकियों के जरिये अंजाम दिया जाना था जिसे स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने विफल कर दिया। गौरतलब है कि आरडीएक्स, आईईडी और पिस्तौल को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से अजनाला के पास फेंका गया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। टिड्डी ने चंडीगढ़ में पहुंचाना था आरडीएक्स पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आइईडी मनप्रीत सिंह उर्फ टिड्डी ने चंडीगढ़ पहुंचानी थीं। आगे किसे डिलीवरी देनी थी, इसके बारे में अभी पता नहीं चला है। विस्फोटक की डिलीवरी लेने वाले आतंकी का नाम उसे मौके पर ही विदेश में बैठे आतंकियों से पता चलना था। मनप्रीत सिंह के मोबाइल की भी जांच की जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों को पता चका है कि आरोपी आतंकी संगठन बीकेआई के हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के साथ सीधे बात करता था। दोनों आइईडी उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के कहने पर दी गई थीं। डेढ़ साल जेल में रहा टिड्डी  मनप्रीत सिंह ने यह भी खुलासा किया है कि उसके यूएस, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी में मौजूद कई गैंगस्टरों से सीधे संपर्क थे जिनमें अगवान, निशान जोड़ियां, राजा हरूवाल, साजन मसीह प्रमुख हैं। टिड्डी के खिलाफ गुरदासपुर में असलहा एक्ट के आरोप में दो केस दर्ज हैं। डेढ़ साल तक वह जेल में रह चुका है और वहीं से उसके संबंध बीकेआई के आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा से बने। रिंदा ने ही उसे उक्त गैंगस्टरों से मोबाइल के जरिए संपर्क करवाया था।