samacharsecretary.com

हाई अलर्ट पर हरियाणा का यह जिला, 800+ पुलिस जवानों की ड्यूटी; प्रशासन ने क्यों उठाया बड़ा कदम?

रेवाड़ी होली (धुलंडी) के अवसर पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में सख्त व्यवस्था की जा रही है, ताकि शराब पीकर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके और त्योहार को खुशहाली के साथ मनाया जा सके। जिले में कुल 25 नाके बनाए गए हैं, जिनमें 20 स्थानीय और 5 इंटरस्टेट नाके शामिल हैं। इन सभी नाकों पर 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एल्को-सेंसर (एल्कोमीटर) की मदद से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी। इसके अलावा, जिले के विभिन्न गांवों में लगने वाले 22 मेलों में 350 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 42 राइडर टीमें, 25 ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन) और 8 पीसीआर वाहन फील्ड में सक्रिय रहेंगे। एसपी हेमेंद्र मीणा ने कहा कि होली के पावन पर्व में खलल डालने वाले या हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पर्व भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए सभी नागरिक इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। वहीं, त्योहार के दिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परिवार की कमी महसूस न हो, इसके लिए एक अनोखी पहल भी की गई है। डीएसपी हैडक्वार्टर डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर सभी नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को एसएचओ, डीएसपी और स्वयं एसपी मौके पर पहुंचकर मिठाइयां खिलाएंगे और उनका मनोबल बढ़ाएंगे। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और सुरक्षित व जिम्मेदार तरीके से होली का पर्व मनाएं।

विकास और पर्यटन पर फोकस: पिजौंर, खरखौदा व मानेसर में बनेंगे वेडिंग डेस्टिनेशन, बोले नायब सिंह सैनी

सोनीपत बजट को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कल पेश किए गए बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। बजट में महिलाओं का ध्यान रखा गया है। युवाओं, किसानों और गरीबों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकसित हरियाणा गति से आगे बढ़ेगा। यह पीएम मोदी के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को हरियाणा सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक शब्द कहा था। उन्होंने कहा कि भारत से बड़ी संख्या में लोग शादियों के लिए विदेश जाते हैं। यहां के विवाह स्थलों में ऐसी सुविधाएं होनी चाहिए कि हमारे लोगों को विदेश जाने की जरूरत ही न पड़े, उन्हें ये सुविधाएं यहीं मिल जाएं। उन्होंने कहा कि कल बजट में मैंने प्रावधान किया कि हम पिजौंर, खरखौदा और मानेसर के पास तीन वेडिंग डेस्टिनेशन खड़े करेंगे जिससे विदेश के लोग यहां शादी करने आएं और हमारे लोग बाहर न जाएं वो व्यवस्था हम लोग खड़ी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का 2.23 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इस बार हरियाणा सरकार के बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर फोकस किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट पेश करते हुए सोमवार को 'हरियाणा एग्री डिस्कॉम' नाम की एक तीसरी बिजली डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी बनाने की घोषणा की, जो खासतौर पर किसान समुदाय की जरूरतों को पूरा करने के लिए होगी। वित्त विभाग भी संभाल रहे मुख्यमंत्री सैनी ने अपना दूसरा बजट पेश करते हुए कहा कि राजकोषीय घाटा 40,293.17 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है, जो सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 2.65 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राजस्व घाटा जीडीपी का 0.87 प्रतिशत और प्रभावी राजस्व घाटा 0.41 प्रतिशत रहने का अनुमान है। पूंजीगत व्यय जीडीपी का 1.86 प्रतिशत और प्रभावी पूंजीगत व्यय 2.32 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

हरियाणा में बैजलपुर की देवर-भाभी की ‘कोरड़ा होली’ बनी पहचान

फतेहाबाद. होली के रंग जहां देशभर में मस्ती और उमंग के प्रतीक हैं, वहीं जिले के गांव बैजलपुर में यह पर्व सामाजिक सौहार्द और परंपरा के संरक्षण का अनोखा संदेश देता है। पिछले 22 वर्षों से यहां दुलहंडी पर मनाई जा रही ‘कोरड़ा होली’ अब केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि गांव की पहचान बन चुकी है। 4 से 6 मार्च तक चलने वाले इस तीन दिवसीय फाग उत्सव में 20 साल के युवाओं से लेकर 70 वर्ष तक के बुजुर्ग देवर-भाभी जोश के साथ हिस्सा लेते हैं। गांव के मुख्य चौक में जैसे ही ढोल की थाप और फाग के पारंपरिक गीत गूंजते हैं, पूरा माहौल रंगों से नहीं, बल्कि रिश्तों की गर्माहट से सराबोर हो उठता है। वर्ष 2004 में गांव में बढ़ते होली हुड़दंग और पानी की बर्बादी को देखते हुए हवलदार सतबीर सिंह झाझडिया, मास्टर रोहताश भाखर और धर्मवीर कादियान के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया। उद्देश्य स्पष्ट था होली की मस्ती भी रहे और सामाजिक मर्यादा भी कायम रहे। कमेटी की पहल पर सामूहिक फाग उत्सव की शुरुआत हुई, जिसमें पूरे गांव ने एक स्थान पर एकत्र होकर होली खेलने की परंपरा अपनाई। धीरे-धीरे यह आयोजन ‘कोरड़ा होली’ के नाम से प्रसिद्ध हो गया और आज यह आसपास के गांवों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन चुका है। कढ़ाई का पानी और रस्सी के कोरड़े इस अनोखी होली की सबसे खास बात है इसकी शैली। गांव के चौक में लोहे की बड़ी कढ़ाई पानी से भरकर रखी जाती है। पास में टैंकरों में भी पानी की व्यवस्था रहती है। एक ओर महिलाएं चुन्नी, कपड़ों और मजबूत रस्सियों से बने कोरड़ों के साथ खड़ी रहती हैं, तो दूसरी ओर रिश्ते में देवर लगने वाले युवा तैयार रहते हैं। महिलाएं हंसी-ठिठोली के बीच कोरड़ों से वार करती हैं और युवक कढ़ाई से पानी भरकर उन पर डालते हैं। यह दृश्य देखने लायक होता है। चारों ओर फाग के गीत, तालियां और ठहाके गूंजते हैं। खास बात यह है कि पूरा आयोजन मर्यादा और सम्मान की सीमा में रहता है। ग्रामीण परिवेश में देवर-भाभी का रिश्ता हमेशा हंसी-मजाक और अपनत्व से जुड़ा रहा है। ‘कोरड़ा होली’ इसी रिश्ते की सजीव झलक पेश करती है, जहां कोरड़ों की मार भी स्नेह का प्रतीक बन जाती है और युवा इसे खुशी-खुशी सहते हैं। सम्मान से बढ़ता उत्साह उत्सव के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले देवर-भाभी के जोड़ों को कमेटी की ओर से सम्मानित किया जाता है। विजेताओं को आकर्षक उपहार दिए जाते हैं, जिससे युवाओं में उत्साह दोगुना हो जाता है। ग्राम पंचायत बैजलपुर के सरपंच हेमंत बैजलपुरिया के अनुसार, इस परंपरा का मूल उद्देश्य भाईचारे को मजबूत करना और पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकना है।

होली पर मिलावटी रंग और मिठाइयों की बिक्री पर कड़ी नजर

पंचकूला. होली पर्व को सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने फूड सेफ्टी विभाग, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी दुकानों, मिठाई की दुकानों और रंगों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों का विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बाजारों में किसी भी प्रकार का मिलावटी रंग, नकली या अस्वास्थ्यकर मिठाई और खाद्य सामग्री बिक्री के लिए उपलब्ध न हो। उपायुक्त ने कहा कि होली के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मिठाइयों और रंगों की खरीदारी करते हैं। यदि इन वस्तुओं में मिलावट पाई जाती है तो यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में नियमित रूप से सैंपलिंग की जाए और संदिग्ध वस्तुओं की तुरंत जांच करवाई जाए। किसी भी दुकानदार द्वारा मिलावटी रंग या मिठाई बेचते पाए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने पंचकूला और कालका के एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजारों और अस्थायी स्टॉलों पर नजर रखी जाए, ताकि त्योहार की आड़ में कोई भी व्यक्ति नियमों की अनदेखी न कर सके। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अधिकृत दुकानों से ही खरीदारी करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की सूचना प्रशासन को दें। होलिका दहन की दीं शुभकामनाएं उपायुक्त ने जिलावासियों को होलिका दहन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों, उल्लास और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दिन भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति और सत्य की विजय की कथा स्मरण की जाती है। श्रद्धालु पवित्र अग्नि के समक्ष नकारात्मकता का त्याग कर सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि त्योहार को शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी के लिए होली का पर्व सुरक्षित और आनंदमय बन सके।

हरियाणा में पानी की बर्बादी पर 6079 रुपये फाइन और कनेक्शन होगा कट

पंचकूला. सेक्टर-26, सेक्टर-28 तथा आशियाना फ्लैट्स, पाकेट-ए और पाकेट-बी के प्लाट धारकों के लिए सार्वजनिक चेतावनी जारी की गई है। संबंधित विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन मकानों की पानी की टंकियां लीकेज हैं या किसी कारणवश पानी ओवरफ्लो होकर छत और सड़कों पर बह रहा है, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जारी सार्वजनिक नोटिस के अनुसार यदि किसी भी प्लॉट से पानी की बर्बादी या लीकेज पाया जाता है तो संबंधित मालिक का चालान काटा जाएगा। विभाग ने बताया कि चालान राशि 6,078 रुपये के साथ 2,000 रुपये अतिरिक्त जुर्माना पानी के बिल में जोड़ दिया जाएगा। सड़कों पर जलभराव से भी दिक्कत निर्धारित समय में जुर्माना जमा न कराने की स्थिति में संबंधित मकान का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा है कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। पानी की बर्बादी से न केवल जल संकट गहराता है, बल्कि सड़कों पर जलभराव और फिसलन से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। दंडात्मक कार्रवाई अनिवार्य कार्यकारी अभियंता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (मंडल-2), पंचकूला की ओर से जारी इस नोटिस में सभी निवासियों से अपील की गई है कि वे अपनी पानी की टंकियों, पाइपलाइन और वाल्व की समय-समय पर जांच कराएं तथा किसी भी प्रकार की लीकेज तुरंत ठीक करवाएं, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना किसी पूर्व सूचना के चालान और अन्य कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पंचकूला के जंगल में हजारों पेड़ काटने वाले तस्करों पर जल्द होगा एक्शन

बरवाला. आसरेवाली क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में आज दोपहर 1 बजे चार सदस्यों की टीम मौके पर पहुंची। टीम शाम 4 बजे तक कई घंटों तक जंगल के भीतर सघन छानबीन की और कटे हुए पेड़ों के ठूंठ व अन्य साक्ष्यों को खंगाला। अब पूरी कार्यवाही टीम की इसी जांच रिपोर्ट पर टिकी है। बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यह खैर की कटाई कुछ दिनों में नहीं हुई बल्कि लंबे समय से चल रही थी। ऐसे में सवाल उन अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों पर भी उठ रहा है जिनकी जिम्मेदारी इस वाइल्डलाइफ सेंचुरी की रखवाली करने की थी। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र पहले वन विभाग के अधीन था, लेकिन वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी का दायरा बढ़ने के बाद इसे वाइल्डलाइफ विभाग के अधीन कर दिया गया था। जब यह क्षेत्र वन विभाग के पास था, तब गांव आसरेवाली के बाहर एक नाका लगाया गया था, जहां नियमित चेकिंग होती थी। बताया जा रहा है कि क्षेत्र वाइल्डलाइफ के अधीन आते ही नाका हटा दिया गया, जिसके बाद खैर की तस्करी तेजी से बढ़ने लगी। यह खेल कुछ दिनों का नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा है और इसमें हजारों पेड़ों की कटाई की आशंका जताई जा रही है। हैरानी की बात यह भी है कि क्षेत्र में कथित रूप से खनन गतिविधियां भी जारी रहती हैं, जबकि एरिया में प्रवेश से पहले कोई स्थायी नाका या चेकिंग व्यवस्था नहीं है। संबंधित इलाके में तीन से चार खोल बने हुए बताए जा रहे हैं, जहां सबसे अधिक खैर के पेड़ काटे गए हैं। अक्टूबर 2025 में भी वायरल हुई थी फोटो, पर नहीं हुई कार्रवाई अक्टूबर 2025 में भी इंटरनेट मीडिया पर आसरेवाली में खैर के कटे हुए पेड़ों की करीब 30 फोटो वायरल हुई थी, लेकिन तब इन चीजों की जांच नहीं की गई। इसके बाद से लगातार खैर चोरी के मामले बढ़ते गए। अब जाकर जब मामला मंत्री के संज्ञान में पहुंचा है, तो विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आज टीम की घंटों चली इस छानबीन के बाद अब रिपोर्ट का इंतजार है कि विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है। कल 10 टीमों के पहुंचने की संभावना इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग अब बड़े स्तर पर एक्शन की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, कल सुबह क्षेत्र में 10 अलग-अलग टीमों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जो पूरे प्रभावित इलाके का कोना-कोना खंगालेंगी।

हरियाणा के धार्मिक स्थलों तक चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। सैनी ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत, ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की। अभी CM सैनी बजट भाषण पढ़ रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम और चंडीगढ़ से मुख्य धार्मिक स्थलों जैसे कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर आदि की यात्रा के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा 50 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी, जिससे पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में 12 शहरों में चल रही इलैक्ट्रिक सिटी बसों के समान यह सेवा शेष जिला मुख्यालयों में भी शुरू की जाएगी। विद्यार्थियों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने के लिए 1,000 नई बसों की खरीद की जाएगी, और महिला यात्रियों व छात्राओं के लिए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कनीना, नरवाना, गन्नौर एवं कलायत में नए बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा, और एचएसएससी के परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए एक वेब पोर्टल बनाया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य राज्य में परिवहन सेवाओं को सुगम, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाना है।

लाडो लक्ष्मी योजना में CM ने आय सीमा बढ़ाकर की 1.80 लाख रुपए

चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। सैनी ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत, ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की। अभी CM सैनी बजट भाषण पढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की है। 25 सितंबर 2026 से इस योजना के अंतर्गत पात्रता आय सीमा को बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए कर दिया जाएगा। इस बजट में इस योजना के तहत 6500 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। पिछले साल बजट में इसके लिए 5 हजार करोड़ रुपए रखे गए थे।

31 डिग्री तापमान से बढ़ी गर्मी, लेकिन होली के दिन धूप से मिलेगी राहत

सिरसा. मौसम में बदलाव के कारण दोपहर को अब जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच रहा है। जिससे दोपहर को तपत बन रही है। दिनभर तेज धूप व गर्मी अब फसलों को प्रभावित कर रही है। गर्मी से फसलों को बचाने के लिए किसान अतिरिक्त सिंचाई करने को मजबूर है। मौसम विभाग अनुसार चार मार्च को जिले में बादलवाही होने से कुछ राहत मिलने के आसार है। रविवार अलसुबह ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की धुंध की स्थिति बनी रही। सुबह आठ बजे तेज धूप के चलते तपत बनना शुरू हो गई। दोपहर को अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर को तपत बनने के साथ ही लोगों ने पंखें और एसी का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। वहीं तेज धूप के कारण गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलें भी अब प्रभावित हो रही है। गेहूं की बालियां निकलने के बाद अब दाना बनना शुरू हो गया है। लेकिन धूप के कारण दाना प्रभावित हो रहा है। इसके कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं अगेती सरसों की कई क्षेत्रों में कटाई शुरू हो चुकी है जबकि पिछेती सरसों तैयार होने में अभी कुछ समय लगने का अनुमान है। फसलों को बचाने के लिए किसान सरसों, गेहूं की अतिरिक्त सिंचाई करने को मजबूर हो रहे है। गर्मी बढ़ने पर तेला और चेपा की बनने लगी स्थिति तापमान बढ़ने के बाद सरसों में चेपा और गेहूं में तेला बीमारी आने की स्थिति बनना शुरू हो गई है। किसान फसलों को बचाने के लिए कीटनाशक का छिड़काव भी कर रहे है। वहीं कृषि अधिकारी किसानों को खेतों का जायजा लेने के बाद विशेषज्ञ की सलाह लेकर ही कीटनाशक का छिड़काव किए जाने की सलाह दे रहे है। ताकि फसलों को बीमारी से बचाया जा सके। सुबह व शाम को हल्की ठंडक जिले में अब सुबह व शाम के समय हल्की ठंडक बन रही है। रात को ठंडक होने से ओस की बूंदे फसलों पर चमकते हुए नजर आती है। जिससे फसलों को कुछ लाभ मिल रहा है। लेकिन दोपहर को तेज धूप से फसलों में नमी कम हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ ही अब बिजली की खपत भी पहले से बढ़ना शुरू हो चुकी है। इसके लिए बिजली निगम भी तैयारियों में जुटा है और जल्द से जल्द मरम्मत व योजना के तहत होने वाले कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए है।

सरकार का फैसला: किसानों के लिए अलग बिजली निगम, महिलाओं की सुरक्षा को 7 नए थाने

चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बताैर वित्तमंत्री दूसरी बार आज बजट पेश कर रहे हैं। वित्त वर्ष 2026-27 में हरियाणा का कुल बजट 2.25 लाख करोड़ के पार आने का अनुमान है।   एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड का गठन हरियाणा में आतंकवादी विरोधी गतिविधियों के लिए एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड का गठन किया जा रहा है। इसके लिए बजट में 35 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस एटीएस में महिला कमांडो को भी शामिल करने का प्रस्ताव है।   नए महिला थाने बनाने का प्रस्ताव लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर व पिहोवा में नए महिला थाने बनेंगे। सोनीपत, गोहाना व बहादुरगढ़ में 3 नए साइबर क्राइम थाने बनेंगे।   हरियाणा बजट में 12 प्रमुख प्रस्ताव 1. किसानों के लिए बिजली: किसानों को कृषि के लिए बिजली का जल्दी कनेक्शन और निर्बाध बिजली देने के लिए हरियाणा एग्री डिस्कॉम के नाम से दूसरी बिजली वितरण कंपनी बनेगी, जो सभी 5084 कृषि फीडरों और 7.12 लाख कृषि उपभोक्ताओं को सेवाएं देगी। 2. ग्राम सभाओं का सशक्तिकरण: राज्य की ग्राम सभाओं, पैक्स और श्रम एवं निर्माण समितियों का सशक्तिकरण किया जाएगा। 3. सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा: सभी विभागों के सरकारी भवनों, स्वायत्त शैक्षणिक संस्थानों तथा सभी पंजीकृत गौशालाओं को सौर ऊर्जा आधारित परिसरों में परिवर्तित किया जाएगा। 4. आदर्श परीक्षा केंद्र: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर 'आदर्श परीक्षा केंद्र' स्थापित किए जाएंगे। 5. हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड: हरियाणा को अधिक स्वच्छ, हरित और जलवायु-सक्षम राज्य बनाने की दिशा में ₹100 करोड़ के सीड प्रावधान के साथ "हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड" की स्थापना की जाएगी। 6. इनोवेशन चैलेंज: मई, 2026 में इनोवेशन चैलेंज का आयोजन करके सर्वोत्तम AI टीमों का चयन किया जाएगा। 7. एचपीवी वैक्सीन: वर्ष 2026-27 में 14 वर्ष की लगभग 3 लाख किशोरियों का एच.पी.वी. वैक्सीन से टीकाकरण होगा। 8. मेक इन हरियाणा नीति: निवेशकों को आकर्षित करने हेतु नई 'मेक इन हरियाणा' नीति के तहत सभी ब्लॉक्स में औद्योगिक निवेश तथा कर्मचारियों की भर्ती व आरएंडडी के लिए वित्तीय प्रोत्साहन एवं एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी 48000 से बढ़ाकर 1 लाख रुपये प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष की जाएगी। 9. अकुशल श्रमिकों की मजदूरी: एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिश पर शीघ्र ही निर्णय लेकर वर्ष 2026-27 में अकुशल श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी की जाएगी। 10. यमुना नदी में जल प्रदूषण: प्रदेश में यमुना नदी में जल प्रदूषण को समाप्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक नया मिशन प्रारंभ किया जाएगा। 11. हांसी में सभी सुविधाएं   12. सक्षम फंड: सोनीपत, हिसार, अम्बाला शहर, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, नीलोखेड़ी, बहादुरगढ़, बरवाला एवं पानीपत में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष 'सक्षम' फंड बनेगा।   फिट हरियाणा अभियान होगा शुरू हरियाणा में 'फिट हरियाणा अभियान' शुरू किया जाएगा, जिसका शुभारंभ 30 सितंबर तक किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और एक खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित किया जाएगा। कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा। 'मिशन ओलंपिक 2036' योजना के अंतर्गत वैज्ञानिक तरीकों से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान शुरू होगा।   तीन जिलों में वेडिंग सिटी मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बजट में वेडिंग सिटी बनाने की घोषणा की। यह सिटी सगाई से विदाई तक के कांसेप्ट पर काम करेगी। गुरुग्राम, खरखौदा (सोनीपत) और पिंजौर (पंचकूला) में ये वेडिंग सिटी बनाई जाएंगी। मेक इन हरियाणा नीति निवेशकों को आकर्षित करने हेतु नई 'मेक इन हरियाणा' नीति के तहत सभी ब्लॉक्स में औद्योगिक निवेश तथा कर्मचारियों की भर्ती व आरएंडडी के लिए वित्तीय प्रोत्साहन एवं एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी 48000 से बढ़ाकर 1 लाख रुपये प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष की जाएगी।