samacharsecretary.com

ईडी की कार्रवाई से पंजाब के प्रशासनिक गलियारों में हलचल, पुलिस अधिकारी भी तलब

चंडीगढ़.

पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पिछले दो महीनों में राज्य के करीब 20 बड़े और छोटे अधिकारियों को अलग-अलग मामलों में तलब किए जाने से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। इनमें मुख्य सचिव केएपी सिन्हा से लेकर प्रमुख सचिव, आइएएस, पीसीएस और पुलिस अधिकारी तक शामिल हैं।

तीन अलग-अलग मामलों में चल रही जांच ने राज्य के प्रशासनिक तंत्र को भी केंद्रीय एजेंसी की पड़ताल के दायरे में ला खड़ा किया है। अधिकारियों को पुराने भूमि सौदों, रियल एस्टेट लेनदेन और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में रिकार्ड और जवाब देने पड़ रहे हैं। ईडी की जांच के केंद्र में तीन मामले हैं। पहला मामला ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) की जमीनों के आवंटन, नीलामी और कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। दूसरा मामला रियल एस्टेट कंपनी रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरपीआइएल), जिसका नाम बाद में हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड कर दिया गया, से जुड़े लेनदेन का है। तीसरी जांच निलंबित डीआइजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ रिश्वत और आय से अधिक संपत्ति के मामले से जुड़ी है।

गमाडा की जमीनों के सौदों की पड़ताल
गमाडा से जुड़े मामले में ईडी की जांच का दायरा काफी व्यापक हो गया है। एजेंसी आवास एवं शहरी विकास विभाग के मौजूदा और पूर्व अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। इनमें गमाडा के मुख्य प्रशासक संदीप ऋषि, विभाग के प्रमुख सचिव विकास गर्ग और पूर्व मुख्य प्रशासक साक्षी साहनी शामिल हैं। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण अधिकारी रोहित जिंदल, संपदा अधिकारी अमन गुप्ता, पूर्व अतिरिक्त मुख्य प्रशासक राकेश कुमार पोपली, अतिरिक्त मुख्य प्रशासक अमरिंदर सिंह माली और अन्य अधिकारियों को भी तलब किया गया है। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक शेखर को भी 26 नवंबर को मनी लांड्रिंग रोकथाम कानून के तहत चल रही जांच में पेश होने के लिए बुलाया गया था। ईडी ने 22 सितंबर को दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना में 26 ठिकानों पर छापे मारे थे। इनमें पुडा भवन स्थित गमाडा मुख्यालय और आवास एवं शहरी विकास विभाग के कार्यालय भी शामिल थे। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि जमीनों की आरक्षित कीमतों, नीलामी प्रक्रिया, भूमि उपयोग की शर्तों और मास्टर प्लान में बदलाव से किसी निजी कंपनी को अनुचित लाभ तो नहीं पहुंचाया गया। एजेंसी को आशंका है कि गमाडा की बिना बिकी जमीनों की आरक्षित कीमतों में कथित हेरफेर से प्राधिकरण और पंजाब सरकार को करीब 10 हजार करोड़ रुपये का संभावित नुकसान हो सकता है।

पुराने फैसलों तक पहुंची जांच
इस मामले से अलग मोहाली की सनटेक सिटी और अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) मामले में पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा से सितंबर में पूछताछ की गई थी। उस समय वह आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख थे। नगर एवं ग्राम योजना विभाग के निदेशक कंवलप्रीत बराड़ से भी पूछताछ हुई।

रियल एस्टेट सौदों में भी अधिकारियों से सवाल
दूसरी जांच में ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (ग्लाडा) के मुख्य प्रशासक विकास हीरा से अगस्त और सितंबर में पूछताछ की गई। यह मामला रियल एस्टेट लेनदेन और कथित मनी लांड्रिंग से संबंधित है। इसमें आरपीआइएल और बाद में हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के नाम से संचालित कंपनी से जुड़े जमीन और संपत्ति के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इस कंपनी का नाम आप मंत्री संजीव अरोड़ा से भी जुड़ा है।

भुल्लर मामले में पुलिस अधिकारी भी तलब
तीसरी जांच निलंबित डीआइजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले से निकली है। इसमें विशेष सचिव राहुल गुप्ता, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राहुल, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव नीरज कुमार गुप्ता और अन्य अधिकारियों को भी समन भेजे गए हैं। लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा, फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह सहित कुछ अन्य अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पूर्व जालंधर पुलिस आयुक्त गुरप्रीत कौर सपरा और पूर्व मंडल आयुक्त अरुण सेखड़ी भी ईडी की सूची में हैं।

आप ने केंद्र पर लगाए राजनीतिक बदले के आरोप
लगातार समन जारी होने के बीच आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। आप सांसद और पार्टी प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पंजाब सरकार को निशाना बना रही है। उनके अनुसार, इन समन का मकसद सरकार के कामकाज को प्रभावित करना है। ईडी की जांच का असर अब विभागीय कामकाज पर भी दिखाई देने लगा है। अधिकारियों को पुराने रिकॉर्ड जुटाने, फाइलें तैयार करने और एजेंसी के सवालों के जवाब देने में काफी समय लगाना पड़ रहा है। ऐसे में जांच का दायरा केवल कथित वित्तीय अनियमितताओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पंजाब के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी इसका असर महसूस किया जा रहा है।

Leave a Comment

हम भारत के लोग
"हम भारत के लोग" यह वाक्यांश भारत के संविधान की प्रस्तावना का पहला वाक्य है, जो यह दर्शाता है कि संविधान भारत के लोगों द्वारा बनाया गया है और उनकी शक्ति का स्रोत है. यह वाक्यांश भारत की संप्रभुता, लोकतंत्र और लोगों की भूमिका को उजागर करता है.
Click Here
जिम्मेदार कौन
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here
Slide 3 Heading
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here