samacharsecretary.com

पंजाब-चंडीगढ़ में बढ़ी गर्मी, आज हीट वेव का यलो अलर्ट, कल से आंधी और बारिश का अनुमान

 कपूरथला
शहरवासियों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने झुलसा दिया पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही तपिश ने आम जनजीवन को अस्तव्यस्त कर दिया है। दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

हालात ऐसे बन गए हैं कि बाजारों में सन्नाटा छाने लगा है। सुबह और शाम के समय जहां कुछ चहल-पहल नजर आती है, वहीं दोपहर के समय मुख्य बाजार, सड़कें और सार्वजनिक स्थान लगभग खाली दिखाई देते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और यह 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। बठिंडा और फरीदकोट में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री, जबकि चंडीगढ़ में 41.0 डिग्री दर्ज किया गया है। शुक्रवार की तुलना में तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ में इस दौरान वार्म नाइट रहने की संभावना है। वहीं कल यानी 26 से 30 अप्रैल तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

आज मुख्य रूप से 10 जिलों मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर और पटियाला में कुछ स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बन सकती है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला और लुधियाना में कुछ जगहों पर वार्म नाइट रहने की संभावना है। इसके अलावा फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। भीषण गर्मी का असर सिर्फ आम जनजीवन पर ही नहीं, बल्कि बाजारों और छोटे व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि दोपहर के समय ग्राहक न के बराबर आते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। विभाग के अनुसार इस मौसम में लापरवाही बरतना खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग लू की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि इन दिनों हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

डिहाइड्रेशन से बचाव जरूरी
एसएमओ डॉ. परमिंदर कौर का कहना है कि शरीर में पानी की कमी से कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए लोगों को दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए।

नींबू पानी, छाछ, लस्सी, नारियल पानी और अन्य तरल पदार्थ शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा अत्यधिक मीठे और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों से दूरी बनाकर रखना चाहिए।

लू के लक्षण और सावधानियां
लू लगने पर सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी और शरीर में ऐंठन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

डॉक्टरों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा सिर को ढककर रखें। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यदि इसी तरह तापमान बढ़ता रहा, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

सात जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक
पंजाब में गर्मी का असर साफ दिख रहा है। आंकड़ों के अनुसार 7 जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें चंडीगढ़ (सिटी) 41.0 डिग्री, अमृतसर 40.3 डिग्री, लुधियाना 42.4 डिग्री, पटियाला 42.4 डिग्री, बठिंडा 42.5 डिग्री (एयरपोर्ट पर 44.3 डिग्री), फरीदकोट 44.3 डिग्री और रूपनगर (भाखड़ा डैम) 41.3 डिग्री शामिल हैं। वहीं 6 जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहा।

जिनमें फाजिल्का 39.9 डिग्री, फिरोजपुर 39.2 डिग्री, होशियारपुर 38.4 डिग्री, एसबीएस नगर 39.6 डिग्री, मोगा 39.4 डिग्री और पठानकोट 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी जिलों में तापमान 35 डिग्री के आसपास या उससे कम दर्ज किया गया। इनमें गुरदासपुर 38.0 डिग्री, रोपड़ (रूपनगर मुख्यालय) 39.0 डिग्री, पटियाला (AWS) 39.9 डिग्री, चंडीगढ़ (एयरपोर्ट) 40.0 के करीब और कुछ अन्य स्थानों पर तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहा, जबकि किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई।

रात को 26 डिग्री तक तापमान
पूरे हफ्ते राज्य में बारिश की खास उम्मीद नहीं है। दिन का तापमान 38 से 42 डिग्री के बीच रहेगा और आम से ज्यादा गर्मी महसूस होगी। रात का तापमान 22 से 26 डिग्री के बीच रहेगा, यानी रातें भी सामान्य से थोड़ी ज्यादा गर्म रहेंगी। इस समय पश्चिमी विक्षोभ ऊपर की हवाओं में सक्रिय है और उत्तर दिशा की तरफ बना हुआ है। वहीं उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में करीब 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर हवा का हल्का सा चक्रवाती सिस्टम भी बना हुआ है, जिसका असर आसपास के मौसम पर पड़ सकता है।

कल से आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल बताते हैं कि राज्य में 26 से 30 तारीख के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

25 तारीख को कुछ जगहों पर लू चलने और वार्म नाइट रहने की संभावना है। वहीं 26 से 30 तारीख के दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

अगले तीन दिन के मौसम का अनुमान
26 अप्रैल – फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

27 अप्रैल – पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं इन सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

28 अप्रैल -पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है,

जबकि अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

 

Leave a Comment

हम भारत के लोग
"हम भारत के लोग" यह वाक्यांश भारत के संविधान की प्रस्तावना का पहला वाक्य है, जो यह दर्शाता है कि संविधान भारत के लोगों द्वारा बनाया गया है और उनकी शक्ति का स्रोत है. यह वाक्यांश भारत की संप्रभुता, लोकतंत्र और लोगों की भूमिका को उजागर करता है.
Click Here
जिम्मेदार कौन
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here
Slide 3 Heading
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here