जालंधर.
सीजन का मंगलवार का दिन सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया। तापमान अब तक का सर्वाधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने वीरवार और शुक्रवार को लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं इस बीच तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 27 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ-साथ वर्षा होने की संभावना जताई है। गर्मी के साथ ही शहर में पानी की किल्लत बढ़ने लगी है। कई इलाकों में लोग पानी न आने से परेशान रहे। बिजली के कटों ने दिक्कत और बढ़ा दी है। पावरकाम ने अगले पांच दिन लंबे बिजली कट लगाने की घोषणा की है। इससे दोपहर को पानी की सप्लाई प्रभावित, होगी क्योंकि ट्यूबवेल नहीं चल पाएंगे। नगर निगम ने इस कारण सुबह-शाम एक-एक घंटा पानी की सप्लाई का समय बढ़ा दिया है। सोमवार को गुरु अमरदास नगर में पानी की किल्लत दूर हुई तो न्यू इंदिरा कालोनी में पानी की सप्लाई को लेकर नाराजगी सामने आई है। अब मंगलवार को वार्ड नंबर दो के तहत आते बचिंत नगर और परशुराम नगर में पानी की कमी के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया।
वहीं नगर निगम की लेटलतीफी से भी लोग पानी की कमी झेल रहे हैं। करीब 35 ट्यूबवेल लगाए जा चुके हैं, लेकिन बिजली के कनेक्शन न होने की वजह से यह शुरू नहीं किए जा सके। इनमें न्यू इंदिरा कालोनी में 11 महीने पहले लगा ट्यूबवेल भी शामिल है। वहीं अगले पांच दिन बिजली के कट सुबह 10 बजे दोपहर तीन बजे के बीच लगाए जाने हैं। अप्रैल में तेजी से बढ़ रहा तापमान बीते वर्षों में अप्रैल के 21 दिनों की बात करें तो 2022 में सर्वाधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, जबकि 2023 में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
गर्मी को लेकर सेहत विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत गर्मी से बचाव के लिए लोगों को सेहत के प्रति अधिक सतर्क रहने का आह्वान किया गया है। सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग ने कहा कि लोग लू से बचाव करें। बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग व बीमार लोग दिन में घरों से बाहर न निकलें। खान-पान पर भी विशेष ध्यान देना होगा, जिसमें हरी सब्जियों और मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर का सेवन करना चाहिए। इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है। उन्होंने कहा कि गर्मी से तेज सिरदर्द, बेचैनी, चक्कर आना, मांसपेशियों की कमजोरी, जी मिचलाना और उल्टी आना व दिल की धड़कन तेज हो जाती है।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जांच करवानी चाहिए। धूप में बाहर जाना बहुत जरूरी हो तो पानी साथ लेकर जरूर जाएं व थोड़े-थोड़े समय के अंतराल पर पानी पीते रहें। जरूरत पड़ने पर मुफ्त एंबुलेंस सेवा के लिए टोल फ्री नंबर 108 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्हाेंने कहा कि धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती जाएगी, इसलिए जितना हो सके, दिन में घर से बाहर निकलने से परहेज करें। ऐसा करके आप कई बीमारियों से बच सकते हैं।





