samacharsecretary.com

रिटायर नहीं हुए अरिजीत’, प्रीतम ने बताया क्यों लिया प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक

अरिजीत सिंह ने जब प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का ऐलान किया, तो उनके फैंस हैरान रह गए. अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अरिजीत ने साफ कहा कि लगातार काम और दबाव के बीच अब उन्हें एक ब्रेक की जरूरत महसूस हो रही है. हालांकि, म्यूजिक कंपोजर प्रीतम चक्रवर्ती का मानना है कि ये रिटायरमेंट नहीं है बल्कि कुछ और है. उन्होंने इसकी असली वजह जाहिर की है. प्रीतम ने कहा है कि अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से दूर होने का फैसला रिटायरमेंट नहीं, बल्कि एक ब्रेक की तरह देखा जाना चाहिए. स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में प्रीतम ने बताया कि अरिजीत लगातार बहुत ज्यादा गाने गा रहे थे और कमर्शियल म्यूजिक की भागदौड़ से थक चुके थे. प्रीतम ने ये भी कहा कि अरिजीत के इस फैसले ने उन्हें खुद भी अपने काम से ब्रेक लेने के बारे में दोबारा सोचने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने कहा कि वो काफी समय से हिम्मत जुटा रहे थे, लेकिन अरिजीत ने बिना ज्यादा सोचे वही कर दिया जो उनका मन था. क्यों प्रीतम को लगता है कि अरिजीत को ब्रेक चाहिए प्रीतम ने कहा कि फैंस को अरिजीत के फैसले को हमेशा के लिए अलविदा नहीं समझना चाहिए. उनके मुताबिक, लंबे समय से लगातार काम और प्रोफेशनल दबाव की वजह से अरिजीत को थोड़ा वक्त और सुकून चाहिए. उन्होंने कहा- अरिजीत पर इतने ज्यादा गाने गाने का दबाव था कि उसने कह दिया, ‘अब मेरा गाने का मन ही नहीं करता.’ कई बार डायरेक्टर्स भी हम लोगों पर काफी दबाव डालते हैं. मुझे भी कई बार किसी को मना करते हुए बुरा लगता है. अब वो अपनी फिल्म बनाना चाहता है. उसे थोड़ा वक्त दीजिए, सब ठीक हो जाएगा. प्रीतम और अरिजीत ने बॉलीवुड में साथ मिलकर कई हिट गाने दिए हैं और दोनों की जोड़ी काफी पसंद की जाती है. अरिजीत के फैसले पर आगे बात करते हुए प्रीतम ने कहा कि लोग रिटायरमेंट शब्द को जरूरत से ज्यादा गंभीरता से ले रहे हैं. उन्होंने कहा- लोग उसके रिटायरमेंट को लेकर बहुत ज्यादा सोच रहे हैं. उस पर इतना दबाव क्यों डाल रहे हो? उसे जो करना है, करने दो. जब उसका मन करेगा, वो फिर गाएगा. कोई कहता है अगर वो रिटायर हो गया तो उसके गाने अभी भी क्यों आ रहे हैं? अरे, आपको इससे क्या परेशानी है? उसकी भी अपनी जिंदगी है. हर कलाकार कभी न कभी ब्रेक चाहता है. कई चीजें हमें अंदर से परेशान करती हैं. अरिजीत के फैसले का प्रीतम पर असर प्रीतम ने बताया कि अरिजीत के इस फैसले ने उन्हें भी अपने काम से दूरी बनाने के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया. उनके मुताबिक, जो बात वो लंबे समय से सोच रहे थे, अरिजीत ने उसे तुरंत कर दिखाया. उन्होंने एक मजेदार किस्सा भी सुनाया. प्रीतम ने बताया कि अरिजीत ने एक दिन पहले उनसे कहा था कि वो उनके साथ ही रिटायर होंगे, लेकिन अगले ही दिन खुद ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. प्रीतम ने कहा- मैं कई बार अरिजीत से रिटायरमेंट की बात कर चुका हूं. उसके होमटाउन जियागंज में सब लोग जा चुके हैं, बस मैं नहीं गया. वो मजाक में कहता था, ‘आप नहीं आओगे.’ मैंने उससे कहा था, ‘मैं रिटायर होने के बाद तुम्हारे पास आऊंगा और हम दोनों तारापीठ जाएंगे.’ पिछले एक साल से वो मुझसे ये बातें सुन रहा था. एक रात उसने कहा, ‘जिस दिन आप रिटायर होंगे, उसी दिन मैं भी रिटायर हो जाऊंगा.’ अगले ही दिन उसने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. बाद में उसने मुझे फोन करके कहा, ‘आपसे नहीं होगा.' इस साल जनवरी में अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर साफ कहा था कि वह अब कोई नया प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे. हालांकि उनके कुछ पुराने प्रोजेक्ट्स अभी बाकी हैं, इसलिए अगले दो साल तक उनके नए गाने सुनने को मिल सकते हैं.

अरिजीत सिंह के सुरों से सजा ‘इश्क का फीवर’, ‘ओ रोमियो’ का नया गाना रिलीज

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने तीखे और रोमांटिक अंदाज के साथ लौटने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म 'ओ रोमियो' 13 फरवरी को वैलेंटाइन वीक के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने किया है और इसे साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फिल्म में पहली बार शाहिद कपूर की जोड़ी अभिनेत्री तृप्ति डिमरी के साथ बनी है। फिल्म का नया गाना 'इश्क का फीवर' अब रिलीज कर दिया गया है, जिसमें शाहिद का स्टाइलिश और दीवाना-ए-इश्क अंदाज़ देखने को मिल रहा है। यह गाना टी-सीरीज़ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी हुआ है और रिलीज होते ही फैंस के बीच चर्चा में आ गया है। गाने में शाहिद और तृप्ति की फ्रेश केमिस्ट्री स्क्रीन पर खूब जच रही है। रोमांस के साथ हल्की जलन और जुनून का मिश्रण इस गाने को और दिलचस्प बना देता है। मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने 'इश्क का फीवर' को अपनी आवाज दी है। गाने के बोल दिग्गज गीतकार गुलज़ार ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत विशाल भारद्वाज ने तैयार किया है। मेलोडी और इमोशन का संतुलन इस ट्रैक को खास बनाता है। बताया जा रहा है कि 'ओ रोमियो' की कहानी चर्चित किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' से प्रेरित है। फिल्म में रोमांस, ड्रामा और अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। शाहिद और तृप्ति के अलावा फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, विक्रांत मैसी भी विशेष उपस्थिति दिखेगी।  

प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की खबरों पर सस्पेंस, अरिजीत सिंह को लेकर सेलेब्स और फैंस में हलचल

मुंबई  फेमस सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान करके सभी को होश उड़ा दिए हैं. अपनी मधुर आवाज और सादगी भरे व्यक्तित्व के लिए जाने जाने वाले अरिजीत ने म्यूजिक वर्ल्ड में सबसे वफादार फैन बेस में से एक बनाया है. टीवी रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' से अपनी यात्रा शुरू करने से लेकर बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद सिंगर बनने तक, उनका सफर कमाल का रहा है. कितनी है अरिजीत सिंह की नेटवर्थ? लगभग एक दशक के करियर में अरिजीत सिंह ने हिंदी, बंगाली, मराठी और तेलुगू सहित कई भाषाओं में तकरीबन 300 से ज्यादा गाने गाए हैं. 'गहरा हुआ' (धुरंधर), 'तैनु खबर नहीं' (मुंज्या), 'सतरंगा' (एनिमल) और अनगिनत रोमांटिक चार्टबस्टर गानों ने उन्हें इंडस्ट्री में अपना दबदबा कायम करने में मदद की है. अपने सिंगिंग करियर में अरिजीत ने फेम के साथ-साथ शोहरत भी पाई. द इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अरिजीत सिंह की अनुमानित नेट वर्थ लगभग 414 करोड़ रुपये है. यह आंकड़ा उन्हें भारत के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सिंगर्स में शामिल करता है. उनकी कमाई प्लेबैक सिंगिंग, लाइव कॉन्सर्ट्स, ब्रांड एंडोर्समेंट्स और म्यूजिक रॉयल्टी से आती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरिजीत सालाना करीब 70 करोड़ रुपये कमाते हैं, जो सोल्ड-आउट शो और ग्लोबल फैन फॉलोइंग से संभव होता है. फिल्मों में गाना गाने के लिए लेते हैं इतनी फीस सिंगर ने रियल एस्टेट और लग्जरी एसेट्स में भी भारी निवेश किया है. अरिजीत के पास मुंबई के वर्सोवा इलाके में एक बिल्डिंग में चार अपार्टमेंट्स हैं, इसमें हर एक अपार्टमेंट की वैल्यू करीब 9 करोड़ रुपये है. उनके कार कलेक्शन में रेंज रोवर वोग (1.8 से 4 करोड़ रुपये के बीच), हमर H3 और मर्सिडीज-बेंज (57 लाख से 1.5 करोड़ रुपये के बीच) शामिल हैं. अपनी बेमिसाल पॉपुलैरिटी के कारण अरिजीत अपने काम के लिए प्रीमियम भी फीस लेते हैं. कई रिपोर्ट्स के अनुसार, वे फिल्म प्रोजेक्ट्स में एक गाना गाने के लिए लगभग 8 से 10 लाख रुपये चार्ज करते हैं. जबकि कुछ चुनिंदा प्रोडक्शन्स के लिए इससे भी ज्यादा फीस सिंगर लेते हैं. लाइव परफॉरमेंस के लिए लेते हैं करोड़ों? अरिजीत की लाइव परफॉरमेंस की फीस इससे कहीं ज्यादा है. पिछले साल म्यूजिक कंपोजर मॉन्टी शर्मा ने एचटी म्यूजिक को दिए इंटरव्यू में बताया था कि अरिजीत एक परफॉरमेंस के 2 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. अन्य रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वे दो घंटे के लाइव कॉन्सर्ट के लिए करीब 14 करोड़ रुपये कमाते हैं, जिससे वे न सिर्फ भारत बल्कि ग्लोबली सबसे ज्यादा कमाई करने वाले म्यूजिशियंस में शुमार हैं. दो बार नेशनल अवॉर्ड विनर रह चुके अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग का ऐलान कर फैंस को चौंका दिया. अपनी पोस्ट में अरिजीत ने लिखा, 'हैलो, सभी को हैप्पी न्यू ईयर. मैं आप सभी को इतने सालों से मिले प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, आप सबने मुझे सुनने वाले के रूप में इतना प्यार दिया. मैं खुशी से ऐलान करता हूं कि अब मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के रूप में कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा. मैं इसे खत्म कर रहा हूं. ये एक शानदार सफर रहा.' इस खबर ने फैंस का दिल तोड़ दिया है.