samacharsecretary.com

BMW ने दिया झटका, 1 जुलाई से भारत में महंगी होंगी लग्जरी कारें

 नई दिल्ली कारों की कीमतें लगातार बढ़ रही है. अलग-अलग ब्रांड्स अपनी गाड़ियों की कीमतों को समय-समय पर 2026 में बढ़ा चुके हैं. अब बीएमडब्लू (BMW) ने अपनी कारों की कीमतों में इजाफे का ऐलान किया है. 1 जुलाई से कंपनी की कारें महंगी होने वाली है. इनकी कीमतों में 2 फीसदी इजाफा किया गया है।  ये बीएमडब्लू और मिनी रेंज की सभी कारों पर लागू होंगी. गाड़ियों की कीमतों में इस इजाफे की वजह रुपये की गिरती कीमत और लॉजिस्टिक के बढ़ते दाम हैं. जिसकी वजह से कंपनी 1 जुलाई से अपनी गाड़ियों की कीमत 2 फीसदी बढ़ा रही है. आइए जानते हैं इसकी डिटेल्स।  क्यों महंगी हुई बीएमडब्लू कारें? बीएमडब्लू ग्रुप इंडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ, हरदीप सिंह बरार ने बताया, 'जबरदस्त डिमांड और बेहतरीन प्रोडक्ट रेंज होने की वजह से लग्जरी मोबिलिटी स्पेस में बीएमडब्लू ग्रुप इंडिया नई माइलस्टोन बना रही है. मैक्रोइकॉनॉमिक चुनौतियों के बीच अपने प्रीमियम स्टैंडर्ड को बनाए रखने के लिए हम अपने पोर्टफोलियो की कीमतें 2 फीसदी बढ़ा रहे हैं।  कंपनी कई कारों को भारत में लोकली तैयार करती है. भारत में प्रोड्यूस होने वाली कारों की लिस्ट में बीएमडब्लू 2 सीरीज कूपे, बीएमडब्लू 3 सीरीज लॉन्ग व्हीलबेस, बीएमडब्लू 5 सीरीज लॉन्ग व्हीलबेस, बीएमडब्लू 7 सीरीज, बीएमडब्लू एक्स1, एक्स 3, एक्स 5, एक्स 7, बीएमडब्लू एम340आई और बीएमडब्लू आईएक्स1 लॉन्ग व्हीलबेस शामिल हैं।  इसके अलावा कंपनी की बीएमडब्लू आई5 एम60, बीएमडब्लू आई7, बीएमडब्लू आई7 एम70, बीएमडब्लू आईएक्स, बीएमडब्लू एम440आई कन्वर्टिबल, बीएमडब्लू एम2 कूपे, बीएमडब्लू एम4 कंपटीशन, बीएमडब्लू एम5 और बीएमडब्लू एक्सएम भारत में सीबीयू के तौर पर मिलती हैं।  फ्री सर्विस ऑफर कर रही कंपनी हाल में ही कंपनी ने समर सर्विस कैंपेन 2026 का ऐलान किया था. इसके तहत कंपनी कई सारी सर्विसेस कॉम्प्लिमेंटरी ऑफर कर रही थी. इसमें एयर कंडीशनिंग फिल्टर की जांच, एयर फिल्टर और टायर कंडीशन शामिल हैं. वहीं नॉन-इलेक्ट्रिक मॉडल्स के लिए कंपनी फ्री बैटरी चेकअप भी ऑफर कर रही है।  कंपनी ये इंस्पेक्शन किसी भी फॉल्ट को पहले पकड़ने के लिए कर रही है, जिससे कंज्यूमर्स को परेशानी का सामना ना करना पड़े. बेसिक चेक के साथ कंपनी सर्विस पर डिस्काउंट भी दे रही है. कंज्यूमर्स 10 फीसदी की छूट एसी फुमिगेशन सर्विस पर दे रही है. वहीं एयर कंडीशनिंग रिपेयरिंग पर कंपनी 25 फीसदी तक की छूट लेबर चार्ज पर दे रही है। 

गगनप्रीत कौर को बड़ी राहत! BMW हादसे में अब कोर्ट ने सुनाई जमानत

नई दिल्ली दिल्ली के धौला कुआं के पास हुए बीएमडब्ल्यू हादसे की आरोपी गगनप्रीत कौर को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने गगनप्रीत को जमानत दे दी है। 14 सितंबर को हुए इस हादसे में वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी नवजोत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि उनकी पत्नी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। पत्नी ने आरोप लगाया था कि गाड़ी में मौजूद आरोपी पति-पत्नी उन्हें पास के किसी अस्पताल ना ले जाकर 19 किलोमीटर दूर एक छोटे से अस्पताल ले गए जिससे उनके पति को समय पर इलाज नहीं मिल पाया और उनकी मौत हो गई। उन्होंने दावा किया था कि वह बार-बार उनसे गुहार लगाती रहीं कि मेरे पति को तुरंत इलाज की जरूरत हैं, प्लीज किसी पास के अस्पताल में ले चलिए लेकिन उन दोनों ने एक नहीं मानी। आदेश सुनाने से पहले कोर्ट ने कहा कि कुछ ही सेकंड में एक एम्बुलेंस वहां पहुंच गई थी और 30 सेकंड तक वहीं रही। लेकिन घायलों को अस्पताल नहीं ले जाया गया। जबकि उन्हें कोई इमरजेंसी भी नहीं थी और वे वह पास के आर्मी बेस अस्पताल जा रहे थे। इस एम्बुलेंस का क्या किया जाना चाहिए? अदालत ने पुलिस से पूछा, क्या वे लापरवाही से हुई मौत के आरोपी नहीं हैं? अदालत ने कहा कि पैरामेडिक के साथ एम्बुलेंस घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए बाध्य थी। अदालत ने कहा कि पैरामेडिक ने आसपास खड़े लोगों से पूछा कि क्या किसी को मदद चाहिए। वहां एक एंबुलेंस बिल्कुल तैयार थी जो 30 सेकंड के भीतर वहां से चली गई। क्या यह इलाज में लापरवाही नहीं है? इन शर्तों के साथ दी गई जमानत दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने उन्हें एक लाख रुपए के मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत पर बेल दी है। कोर्ट ने गगनप्रीत कौर को अपना पासपोर्ट जमा करने का भी निर्देश दिया है।  

फ्लाईओवर पर मौत की रफ्तार: वित्त मंत्रालय के अधिकारी नवजोत सिंह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

    नई दिल्ली देश की राजधानी दिल्ली के धौला कुआं इलाके में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई. वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं. यह हादसा मेट्रो पिलर नंबर 57 के पास उस वक्त हुआ जब नवजोत सिंह और उनकी पत्नी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बंगला साहिब गुरुद्वारा से घर लौट रहे थे. चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ हादसा इस घटना को लेकर वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय बीएमडब्ल्यू कार एक महिला चला रही थी और उसके साथ उसका पति भी मौजूद था. बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी जिसके बाद बाइक पहले डिवाइडर से टकराने के बाद बस से जा भिड़ी. हादसे में अधिकारी नवजोत सिंह और उनकी पत्नी घायल हो कर सड़क पर गिर पड़े. हालांकि कहा जा रहा है कि अधिकारी के बाइक को टक्कर मारने वाली महिला और उसके पति ने मौके पर कैब बुलाई और उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन नवजोत सिंह को बचाया नहीं जा सके. वहीं उनकी पत्नी की भी हालत गंभीर है. 17 किलोमीटर दूर अस्पताल क्यों ले गए: परिवार परिवार का आरोप है कि नवजोत को पास के अस्पताल ले जाने के बजाय 17 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यूलाईफ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी पत्नी की हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. वहीं इस दुर्घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि मृतक नवजोत सिंह दिल्ली के हरि नगर के रहने वाले थे और वित्त मंत्रालय, नॉर्थ ब्लॉक में बतौर डिप्टी सेक्रेटरी तैनात थे. हादसे की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने हादसे के बाद बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है. क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपित दंपति गुरुग्राम के निवासी हैं. हादसे में वो भी घायल हुए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है.