samacharsecretary.com

IPL ऑक्शन में ग्रीन का तूफान, ₹25.20 करोड़ की बोली ने उड़ाए सबके होश

अबू धाबी इंडियन प्रीमियर लीग (2026) के लिए 16 दिसंबर (मंगलवार) को अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर पैसों की बारिश हुई. ग्रीन को तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. ग्रीन ने अपने हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क को आईपीएल 2024 की नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये) आईपीएल के सबसे महंगे प्लेयर हैं.  कैमरन ग्रीन के लिए पहली बिड मुंबई इंडियंस (MI) ने 2 करोड़ रुपये की लगाई, जो ग्रीन का बेस प्राइस था. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) ने एंट्री की. फिर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2.8 करोड़ की बोली लगाई. देखते ही देखते बोली 8 करोड़ के पार पहुंच गई, जहां केकेआर और रॉयल्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. राजस्थान रॉयल्स ने बोली बढ़ाकर 11.8 करोड़ कर दी, जो उनके कुल पर्स का 80 प्रतिशत से ज्यादा था. वहीं, सबसे ज्यादा पर्स वाली केकेआर ने बोली को 12 करोड़ तक पहुंचा दिया. राजस्थान की टीम ने एक आखिरी कोशिश करते हुए बोली 13.6 करोड़ कर दी, शायद यह जानते हुए कि केकेआर यहां रुकने वाली नहीं है. इसके बाद राजस्थान की टीम बाहर होती नजर आई. इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 13.8 करोड़ की बोली लगाकर एंट्री मारी. अब मुकाबला केकेआर और सीएसके के बीच था. बोली तेजी से बढ़ते हुए 16.2 करोड़ तक पहुंच गई, जिसमें सीएसके आगे थी. देखते ही देखते केकेआर ने बोली को 18.4 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन सीएसके ने बिना देर किए बोली को 18.6 करोड़ रुपये कर दिया. पैडल इतनी तेजी से उठ रहे थे कि टेबल पर रखी कैलकुलेटर भी पीछे छूट गई. अब बोली 24 करोड़ के पार जा चुकी थी, लेकिन सीएसके फिर भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी. आखिरकार केकेआर ने 25.2 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक बोली लगाई. सीएसके ने यहां हार मान ली और कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरन ग्रीन को अपने नाम कर लिया. अपने पहले ही सीजन में छा गए थे कैमरन ग्रीन ने आईपीएल में अपना डेब्यू साल 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए किया था, अपने पहले ही सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 452 रन बनाए और साथ ही 6 विकेट भी झटके. उनके ऑलराउंड खेल ने उन्हें लीग के सबसे प्रभावशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया. इसके बाद आईपीएल 2024 से पहले उन्हें एमआई ने 17.5 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों ट्रेड कर दिया गया. आरसीबी के लिए खेलते हुए कैमरन ग्रीन ने 255 रन बनाए और गेंदबाजी में भी अहम योगदान देते हुए 10 विकेट अपने नाम किए, हालांकि, पीठ की चोट के चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी, जिस वजह से कैमरन ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में हिस्सा नहीं लिया.अब वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और आईपीएल में केकेआर के लिए धमाल मचाने के लिए उत्सुक हैं.

6 फीट 6 इंच के ऑलराउंडर की गैरमौजूदगी से कमजोर पड़ा ऑस्ट्रेलिया, भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे

पर्थ  भारत के खिलाफ 19 अक्टूबर से शुरू होने जा रही वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को एक और बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन हल्की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. इस चोट का आगामी एशेज पर गहरा असर पड़ सकता है. 26 साल के ग्रीन की जगह मार्नस लाबुशेन को टीम में शामिल किया गया है. लाबुशेन शनिवार रात शेफील्ड शील्ड मैच खत्म होने के बाद एडिलेड से उड़ान भरेंगे और रविवार को होने वाले पहले वनडे से पहले पर्थ में ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ेंगे. ग्रीन न्यूजीलैंड के टी-20 अंतरराष्ट्रीय दौरे से चूकने के बाद हाल ही में प्रतिस्पर्धी गेंदबाजी में लौटे थे और पिछले हफ्ते पर्थ में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए शुरुआती शील्ड राउंड में खेले थे. उन्हें मैच में आठ ओवर फेंकने थे, लेकिन उन्होंने केवल चार ओवर फेंके और एक विकेट लिया. भारत के खिलाफ पहले दो वनडे मैच में उनके गेंदबाजी करने की संभावना कम ही थी, लेकिन 28 अक्टूबर से शुरू होने वाले शील्ड के तीसरे दौर में ज्यादा ओवर गेंदबाजी करने के लिए वह अपनी क्षमता बढ़ा रहे थे. उन्हें सिडनी में होने वाले तीसरे और अंतिम वनडे से आराम दिया जा रहा था और एशेज की तैयारी के लिए शील्ड के तीसरे और चौथे दौर में खेलने के लिए वह इसके बाद होने वाली टी-20 सीरीज से भी चूकने वाले थे. खबर है कि कैमरन ग्रीन थोड़े समय के लिए पुनर्वास अवधि से गुजरेंगे और उम्मीद की जा रही है कि वह 11 दिन में WACA में दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के तीसरे शील्ड मैच में खेल और गेंदबाजी कर सकेंगे. भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत 19 अक्टूबर को पर्थ वनडे से होगी. इसके बाद 23 तारीख को एडिलेड में दूसरा मैच तो सिडनी में 25 अक्टूबर को तीसरा और आखिरी वनडे इंटरनेशनल खेला जाएगा, इसके बाद 29 अक्टूबर से पांच मैच की टी-20 सीरीज खेली जाएगी.