samacharsecretary.com

जबलपुर में कुपोषण की चुनौती बरकरार, चार में से एक बच्चा उम्र के अनुसार कम वजन का

जबलपुर  बच्चों को उचित पोषण आहार नहीं मिलने की समस्या अब सिर्फ गरीबी का सवाल नहीं रही, यह जिले के भविष्य से जुड़ा गंभीर स्वास्थ्य संकट बनती जा रही है। हालिया आंकड़े बताते हैं कि जिले में कम वजन और ठिगनेपन के मामले बढ़े हैं। हर पांच में से एक बच्चा उम्र के हिसाब से नाटा रह जा रहा है और चार में से एक बच्चा उम्र के हिसाब से कम वजन का है। यह स्थिति तब है, जब पोषण पर हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिले की तस्वीर बताती है कि पोषण प्रोफाइल के अनुसार जिले में करीब 2.51 लाख पांच साल से कम उम्र के बच्चे हैं, जिनमें हजारों बच्चे ठिगनेपन, कम वजन और एनीमिया से जूझ रहे हैं। शहरी झुग्गियों, रांझी, अधारताल, गढ़ा, पनागर और ग्रामीण ब्लॉकों में यह समस्या ज्यादा दिख रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पोषण अभियान, सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, टेक होम राशन, गर्म पका भोजन, आयरन-फोलिक एसिड और नियमित ग्रोथ मानिटरिंग के जरिए कुपोषण पर काम किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर माह बच्चों की लंबाई-वजन मापकर पोषण ट्रैकर पर दर्ज करती हैं। विशेषज्ञ क्या कहते हैं स्वास्थ्य विभाग में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ विनोद गुप्ता का कहना है कि पहले 1000 दिन यानी गर्भधारण से लेकर दो साल तक का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान मां का स्तनपान भी बेहद जरूरी है। एनएससीबी मेडिकल कालेज में पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ मोनिका लॉजरस के अनुसार ठिगनेपन का असर सिर्फ कद पर नहीं पड़ता। ऐसे बच्चों में सीखने-समझने की क्षमता कम हो जाती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है। एल्गिन में डा. पल्लवी लोंदे के अनुसार बच्चे को सिर्फ पेट भरने वाला नहीं, बल्कि प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन-ए और कैल्शियम वाला आहार दिया जाए। कारण क्या है     मां का कुपोषणः जिले में 15 से 49 वर्ष की महिलाओं में कम वजन की समस्या बढ़ रही है। कमजोर मो से कम वजन का बच्चा पैदा होता है और वही चक्र आगे चलता है।     स्तनपान में कमीः स्वास्थ्य सर्वेक्षण में पहले छह माह तक सिर्फ स्तनपान की दर 74 प्रतिशत से घटकर 56.4 प्रतिशत रह गई है।     पूरक आहार की कमीः सिर्फ 12 प्रतिशत बच्चों को ही छह से 23 माह की उम्र में न्यूनतम स्वीकार्य आहार मिल पा रहा है। यानी 88 प्रतिशत बच्चों को उम्र के हिसाब से पर्याप्त और संतुलित भोजन नहीं मिल रहा।     बार-बार संक्रमणः निमोनिया, कृमि संक्रमण और साफ पानी-शौचालय की कमी से बच्चे का भोजन नहीं लग पाता। आंकड़े क्या कहते हैं राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार सबसे चिंताजनक बात कम वजन और दुबलेपन में हुई बढ़ोतरी है। जिले में कम वजन (अंडरवेट) वाले बच्चों की दर साल 2024 में 20 प्रतिशत थी जो साल 2015 में बढ़कर 25 प्रतिशत हो गई है और वेस्टिंग यानी दुबलापन 18.9 से बढ़कर 23.8 प्रतिशत हो गया है। पोषण ट्रैकर के अक्टूबर 2026 के आंकड़े तो और भी डरावने हैं। इसके अनुसार प्रदेश में मापे गए 51 लाख से ज्यादा बच्चों में 40.72 प्रतिशत बच्चे ठिगनेपन, 23.30 प्रतिशत कम वजन और 6.96 प्रतिशत दुबलेपन से प्रभावित है। एक साल पहले अक्टूबर 2025 में ठिगनेपन की दर 36.64 प्रतिशत थी, यानी एक साल में 4.08 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई।

पोषण माह 2026 में बच्चों की सेहत पर फोकस, विकास की निगरानी के साथ विशेषज्ञ सलाह

सेवा की कहानी: हर बच्चे के विकास पर नजर, समय पर मिल रही सही सलाह और विशेषज्ञ सेवाएं पोषण माह 2026 में बच्चों के विकास की निगरानी और देखभाल पर विशेष जोर रायपुर छत्तीसगढ़ में पोषण माह 2026 के तहत बच्चों के समुचित विकास, पोषण और स्वास्थ्य को लेकर परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भी बच्चों के विकास की समय पर पहचान, उचित परामर्श और जरूरतमंद बच्चों को विशेषज्ञ सेवाओं से जोड़ने की दिशा में सेवाभाव के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से अभिभावकों को बताया जा रहा है कि वे बच्चे की उम्र के अनुसार उसके सीखने, खेलने, प्रतिक्रिया देने और व्यवहार पर ध्यान दें। विकास में किसी प्रकार की देरी या चिंता दिखाई देने पर इंतजार न करें, बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बात करें और स्वास्थ्यकर्मी से आवश्यक सलाह लें। जरूरत पड़ने पर बच्चे को विशेषज्ञ सेवा के लिए रेफर कराया जा सकता है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के विकास और पोषण की नियमित निगरानी की जा रही है। ‘हर बच्चे के विकास में ध्यान देना जरूरी’ संदेश के साथ परिवारों को यह समझाया जा रहा है कि समय पर पहचान और उचित मार्गदर्शन बच्चों के बेहतर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ पोषण माह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी और परिवार मिलकर बच्चों के स्वस्थ विकास की दिशा में काम कर रहे हैं। यही निरंतर देखभाल और समय पर सहयोग ‘सेवा की कहानी’ को मजबूत करते हुए बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार कर रहा है।

चिरायु टीम ने दिया एक परिवार को नया जीवन, जन्मजात विकृति से जूझ रहे बच्चे को मिली राहत चिरायु टीम की मदद से एक बच्चे को मिला नया जीवन, जन्मजात विकृति से जूझते परिवार की उम्मीद जगी

जब चिरायु टीम बनी एक परिवार की उम्मीद, जन्मजात विकृति से जूझ रहे बच्चे को मिला नया जीवन बिलासपुर छह महीने पहले जन्मे एक नन्हे बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना उसके माता-पिता के लिए किसी सपने से कम नहीं था। जन्म से ही कटा-फटा होंठ और तालू (क्लैफ्ट लिप एवं पैलेट) की समस्या के कारण वह अपनी माँ का दूध भी ठीक से नहीं पी पा रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह चिंता और बेबसी का समय था। ऐसे में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की चिरायु टीम उनके लिए उम्मीद बनकर सामने आई और आज उसी बच्चे के चेहरे पर सामान्य मुस्कान लौट आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैय्या कराई जा रही है।     लगभग छह माह पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीपत में जन्मे इस बच्चे को जन्मजात विकृति के कारण स्तनपान करने में कठिनाई हो रही थी। आरबीएसके टीम ने बच्चे और उसके माता-पिता से लगातार संपर्क बनाए रखा और उन्हें इस बीमारी के उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। करीब छह महीनों तक टीम द्वारा बच्चे का नियमित फॉलो-अप लिया गया। इस दौरान उसके वजन, ऊँचाई और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की जाती रही तथा आवश्यक दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं। टीम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे का उपचार संभव है। बाद में आरबीएसके टीम के सहयोग से स्माइल ट्रेन संस्था के माध्यम से बिलासपुर के लाडिगर अस्पताल में बच्चे का ऑपरेशन कराया गया, जो सफल रहा। ऑपरेशन के बाद बच्चा स्वस्थ है और परिवार अपने बच्चे को सामान्य रूप से देखकर बेहद खुश है।     राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आरबीएसके मोबाइल हेल्थ टीम द्वारा स्कूलों, आंगनबाड़ियों, मदरसों और छात्रावासों में जाकर 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। प्रत्येक बच्चे का हेल्थ कार्ड बनाया जाता है, जिसमें उसकी पूरी स्वास्थ्य जानकारी दर्ज रहती है। कार्यक्रम के अंतर्गत सामान्य बीमारियों के लिए दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाती हैं, जबकि जटिल बीमारियों वाले बच्चों को उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर कर उपचार कराया जाता है। इसके लिए चिरायु वाहन की सुविधा भी उपलब्ध है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2014 से संचालित यह कार्यक्रम “चिरायु” नाम से भी जाना जाता है। यह योजना बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अपने बच्चे को स्वस्थ देखकर परिवार ने राहत की सांस ली है। माता-पिता का कहना है कि यदि समय पर चिरायु टीम का सहयोग नहीं मिलता तो उनके लिए इलाज कराना संभव नहीं था। आज उनके बच्चे के चेहरे पर लौटी मुस्कान ही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।  

स्कूल में क्रूर सजा का मामला, सूरजपुर में बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो आया सामने

 अंबिकापुर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां के एक स्कूल में एक मासूम बच्चे को अमानवीय तरीके से दंडित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्चा केवल टी-शर्ट के सहारे पेड़ से लटका हुआ नज़र आता है, जबकि नीचे उसने सिर्फ अंडरवीयर पहना हुआ है. वह पूरी तरह से असहाय है और उसका हल्का शरीर हवा में इधर-उधर झूलता दिखाई देता है, जिसे देख हर कोई स्तब्ध है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे को ऐसी क्रूर सजा किस कारण दी गई, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और आम लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में बच्चे के साथ इस प्रकार का व्यवहार अस्वीकार्य है और यह बाल अधिकारों का घोर उल्लंघन है. कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और अनुशासन के नाम पर गलत मानसिकता ऐसी घटनाओं को जन्म देती है. इधर जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि वीडियो की सत्यता, घटना का समय और इसमें शामिल जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम तैनात कर दी गई है. जांच में दोषी पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन या संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर बच्चों के प्रति स्कूलों में होने वाली अनुचित सजाओं के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है.