samacharsecretary.com

दिल्ली से उड़ान भरेगा क्लाउड सीडिंग विमान, अनुकूल बादल और नमी मिलने पर होगी बारिश

नई दिल्ली  प्रदूषण के बीच एक बार फिर कृत्रिम बारिश कराने के लिए क्लाउड सीडिंग की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि क्लाउड सीडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला विमान मेरठ के बजाय दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा। इस बार अधिक ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। मौसम में पर्याप्त नमी और बादल मिलने पर ही प्रयोग किया जाएगा। मामले में क्या बोले दिल्ली के पर्यावरण मंत्री पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आईआईटी कानपुर लगातार क्लाउड सीडिंग के ट्रायल करता रहा है। यह संस्थान का शोध कार्य है। अध्ययन पूरा होने और सकारात्मक नतीजे आने के बाद ही इसकी पूरी जानकारी साझा की जाएगी। दिल्ली इंटरनैशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल), दिल्ली सरकार और आईआईटी कानपुर मिलकर यह प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए बेंगलुरु की कंपनी क्याथी क्लाइमेट का विशेष बीचक्राफ्ट-200 विमान इस्तेमाल किया जाएगा। नमी मिलने पर ही होगी उड़ान जानकारी के अनुसार, विमान दिल्ली पहुंच चुका है। यह 25 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भरने में सक्षम है, जबकि पिछले साल इस्तेमाल किया गया विमान अधिकतम 10 हजार फीट तक ही उड़ सकता था। अधिक ऊंचाई तक पहुंचने की क्षमता से अनुकूल बादलों में क्लाउड सीडिंग का प्रयोग करने में मदद मिल सकती है। इस बार भी प्रयोग के लिए मौसम की अनुकूलता सबसे अहम होगी। आईआईटी कानपुर की टीम बादलों और वातावरण में मौजूद नमी का अध्ययन कर रही है। कोहरे से आई थी परेशानी पिछले साल क्लाउड सीडिंग के लिए विमान को मेरठ से उड़ान भरनी थी, लेकिन वहां घना कोहरा होने के कारण उड़ान में परेशानी आई थी। उस समय दिल्ली में बादल मौजूद थे। इस बार विमान दिल्ली से ही उड़ान भरेगा, जिससे अनुकूल मौसमी परिस्थितियों का फायदा उठाने में आसानी हो सकती है। 15 नवंबर तक रहेंगे बादल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 से 15 नवंबर तक दिल्ली में आशिक रूप से बादल छाए रह सकते है। स्काईमेट ने इस दौरान बूंदाबादी की संभावना भी जताई है। हालांकि, 16 नवंबर से आसमान साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में क्लाउड सीडिंग के लिए मौसम की अनुकूलता पर नजर रखी जा रही है। आंशिक रूप से बादल छाए रहने से बारिश के चांस बढ़ सकते हैं।

दिल्ली में बादल तो बने, बारिश गायब! क्लाउड सीडिंग पर AAP का तंज– ‘सरकार की सीडिंग फुस्स’

नई दिल्ली  दिल्ली में आज दोपहर क्लाउड सीडिंग के कई ट्रायल किए गए. लेकिन रेखा सरकार का यह ट्रायल फिलहाल सवालों के घेरे में है. दो घंटे बीत जाने के बाद भी बारिश नहीं हुई है, जिस पर आप (AAP) ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है. AAP ने इसे आर्टिफिशियल रेन के नाम पर फर्जीवाड़ा बताया है. क्लाउड सीडिंग के बाद अधिकारियों ने दावा किया था कि 15 मिनट से 4 घंटे के भीतर बारिश शुरू हो सकती है, लेकिन तीन घंटे बाद भी आसमान साफ नजर आ रहा है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने वीडियो बनाकर दिल्ली सरकार के इस ट्रायल पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने लिखा, 'बारिश में भी फर्ज़ीवाड़ा, कृत्रिम वर्षा का कोई नामुनिशान नहीं दिख रहा है. इन्होंने सोचा होगा देवता इंद्र करेंगे वर्षा. सरकार दिखाएगी खर्चा.'   'देवता इंद्र करेंगे वर्षा, सरकार दिखाएगी खर्चा' सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'इंद्र देवता भी सरकार का साथ नहीं दे रहे. कल शाम को थोड़ी बहुत बारिश हो भी रही थी लेकिन अब तो जो थोड़े बहुत बादल दिख रहे थे, वो भी चले गए.' दिल्ली में हुआ ट्रायल बता दें कि राजधानी दिल्ली में आज क्लाउड सीडिंग का सफल ट्रायल किया गया. अब इसके तीन ट्रायल हो चुके हैं. इसके लिए IIT कानपुर के Cessna एयरक्राफ्ट ने मेरठ से उड़ान भरी और खेकरा, बुराड़ी, नार्थ करोल बाग, मयूर विहार, सड़कपुर और भोजपुर जैसे इलाकों में क्लाउड सीडिंग का ट्रायल किया. इस दौरान पायरो तकनीक का उपयोग करते हुए 8 क्लाउड सीडिंग फ्लेयर्स छोड़े गए.  मंत्री सिरसा ने दी क्लाउड सीडिंग की जानकारी दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिरसा ने इस बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 8 फ्लेयर्स को यूज किया गया. एक फ्लेयर 2.5 kg की है और लगभग दो से ढाई मिनट तक चलती है. इस पूरे प्रोसेस में आधा घंटा लगा था. इस ट्रायल के बाद बाहरी दिल्ली के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई थी. लेकिन यह बादलों में नमी पर निर्भर करता है. फिलहाल नमी कम है, क्योंकि दिल्ली में मौसम विभाग द्वारा अनुमानित तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम है.