samacharsecretary.com

किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग? तमिलनाडु सरकार की पूरी लिस्ट जारी

चेन्नई तमिलनाडु में ऐतिहासिक जीत हासिल करके सत्ता में आए थलापति विजय ने अब मंत्रालयों का बंटवारा कर दिया है। सीएम विजय की सिफारिश पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शनिवार को इसका ऐलान किया। जारी आदेश के मुताबिक कुल नौ मंत्रियों में विभागों का बंटवारा किया गया है। मुख्यमंत्री विजय थलापति ने भी कई मंत्रालय अपने पास रखे हैं। राज्यपाल के आदेश के मुताबिक, मुख्यमंत्री विजय ने अपने पास गृह विभाग, लोक प्रशासन, सामान्य प्रशासन, विशेष कार्यक्रम कार्यान्वयन, महिला एवं युवा कल्याण, नगर प्रशासन और शहरी एवं जल आपूर्ति विभाग रखे हैं। गृह विभाग समेत अन्य प्रमुख विभागों को अपने पास रखकर विजय ने शपथ ग्रहण के दिन वाली अपनी बात को पूरा करने संकेत दिया है। शपथ के बाद विजय ने कहा था कि इस सरकार में सत्ता का केंद्र केवल वह स्वयं होंगे। हालांकि विजय ने कई अन्य मंत्रालयों का बंटवारा अपने मंत्रियों में भी किया है। विजय ने वरिष्ठ राजनेता और गोबीचेट्टिपालयम से विधायक के. ए. सेनगोत्तियान को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी है। वह वित्त और पेंशन भत्तों का कार्यभार संभालेंगे। किस मंत्री को किस मंत्रालय की जिम्मेदारी? मायलापुर से विधायक और पार्टी के कोषाध्यक्ष पी.वेंकटरामन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। वह उपभोक्ता संरक्षण और मूल्य नियंत्रण विभाग को संभालेंगे। एक मात्र महिला मंत्री एस. कीर्तना को उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। वह उद्योग और निवेश प्रोत्साहन विभाग को संभालेंगी। इसके अलावा करैकुडी जिले के विधायक डॉ. टीके प्रभु को प्राकृतिक संसाधन मंत्री बनाया गया है। कानून मंत्रालय, उर्जा संसाधन मंत्रालय की जिम्मेदारी विजय ने अपने खास साथी और टीवीके के संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार को सौंपी है। उनके पास बिजली, गैर-पारंपरिक ऊर्जा विकास, कानून, न्यायालय, जेल, भ्रष्टाचार निरोधक, विधानसभा, चुनाव और पासपोर्ट विभाग भी रहेंगे। वहीं, एग्मोर सीट से विधायक राजमोहन को स्कूल शिक्षा, तमिल विकास, सूचना एवं प्रचार मंत्री बनाया गया है। वे पुरातत्व, तमिल आधिकारिक भाषा एवं संस्कृति, सूचना एवं प्रचार, फिल्म प्रौद्योगिकी, सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, न्यूजप्रिंट नियंत्रण, स्टेशनरी तथा सरकारी प्रेस विभाग संभालेंगे। इसके अलावा पूर्व आईआरएस अधिकारी डॉक्टर के जी अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि लोक निर्माण, खेल विकास, भवन,राजमार्ग और लघु बंदरगाह मंत्रालय का प्रभार आधव अर्जुन को दिया गया है। इसके बाद ग्रामीण विकास, पंचायती राज और सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी टीवीके महासचिव एन आनंद को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री बनते ही एक्शन, विजय ने एक विधानसभा सीट छोड़ी

चेन्नई तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय ने रविवार को तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में दो सीटों, पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट से जीत दर्ज करने वाले विजय ने पेरम्बूर सीट को अपने पास रखने का फैसला किया है। रविवार को ही विजय ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक फोर्ट सेंट जॉर्ज स्थित सचिवालय में पदभार संभाला। वास्तविक धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय का दौर शुरू होगा- विजय शपथ ग्रहण समारोह के बाद बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों को संबोधित करते हुए विजय ने कहा कि उनकी सरकार तमिलनाडु में वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के नए युग की शुरुआत करेगी। उन्होंने खुद को आम जनता का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं आते, बल्कि एक साधारण परिवार से निकले व्यक्ति हैं। राजनीति में आने का उनका उद्देश्य जनता का ऋण चुकाना- विजय विजय ने कहा, "मैं आम लोगों की जिंदगी और उनकी भावनाओं को अच्छी तरह समझता हूं। मेरा जन्म एक साधारण असिस्टेंट डायरेक्टर के घर हुआ। मैं किसी शाही परिवार से नहीं आता। मैं खुद को आपका बेटा, बेटी, बड़ा भाई या छोटा भाई मानता हूं। आपने भी मुझे उसी तरह अपनाया और सिनेमा में इतना बड़ा स्थान दिया। उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य जनता का ऋण चुकाना है।" उन्होंने कहा कि जब मैंने राजनीति में आने का फैसला किया, तब आपने मुझे भरपूर प्यार और समर्थन दिया। इस सफर में मुझे कई कठिनाइयों और अपमानों का सामना करना पड़ा, लेकिन मेरे समर्थकों ने भी मेरे लिए सब कुछ सहा। आज जब मैं ‘आई, जोसेफ विजय…’ कहता हूं, तो यह आपके भरोसे और समर्थन की वजह से संभव हुआ है। झूठे वादे नहीं करूंगा- विजय मुख्यमंत्री विजय ने अपने भाषण में कहा कि वह लोगों से अवास्तविक या झूठे वादे नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं कोई दिव्य दूत या पैगंबर नहीं हूं। मैं एक सामान्य इंसान हूं जो सामान्य जीवन जीता है। मैं केवल वही वादा करूंगा जो संभव है। लेकिन जब करोड़ों लोग मेरे साथ खड़े हों, तो मुझे विश्वास है कि हम मिलकर किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं। 2024 में बनी पार्टी, 2026 में सत्ता तक पहुंची तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की औपचारिक शुरुआत 2024 में हुई थी। हालांकि विजय लंबे समय से अपनी फिल्मों और सामाजिक गतिविधियों के जरिए एक सामाजिक रूप से जागरूक सार्वजनिक व्यक्तित्व के तौर पर देखे जाते रहे हैं। उनकी फिल्मों में भ्रष्टाचार, नशे की समस्या और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया, जिसके कारण 2009 से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई जाती रही थीं। राजनीति में औपचारिक प्रवेश से पहले भी विजय कई सामाजिक अभियानों और जनकल्याण गतिविधियों से जुड़े रहे। दो सीटों से लड़े, दोनों पर मिली जीत 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय ने पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। उन्होंने दोनों सीटों पर जीत हासिल की। अब संवैधानिक प्रावधानों के तहत एक सीट छोड़ते हुए उन्होंने त्रिची ईस्ट सीट से इस्तीफा दे दिया है, जबकि पेरम्बूर सीट को बरकरार रखा है।  

तमिलनाडु में नए दौर की शुरुआत: विजय का पहला आदेश बना चर्चा का केंद्र

तमिलनाडु  तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में रविवार को शपथ लेने के बाद विजय ने अपने पहले आदेश पर हस्ताक्षर किए। इस आदेश में 200 यूनिट मुफ्त बिजली, नशीली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे अहम फैसले शामिल हैं। मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले आधिकारिक आदेश में (टीवीके) के प्रमुख विजय ने राज्य में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की। इसके साथ ही, नशीली दवाओं के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक हेल्पलाइन के साथ विशेष बल के गठन का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका पूरा ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य और पानी जैसे बुनियादी मुद्दों पर रहेगा। विजय ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों और मछुआरों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सब कुछ अच्छा होगा। भाषण से जीता जनता का दिल विजय ने अपने जोशीले और भावुक भाषण की शुरुआत अपने चिर-परिचित तमिल वाक्यांश एन नेंजिल कुदियिरुक्कुम से की। वह अपने अभिनय करियर के दौरान भी अक्सर प्रशंसकों को संबोधित करने के लिए इस वाक्य का इस्तेमाल करते रहे हैं। यह वीडियो भी देखें अपने संघर्ष को याद करते हुए उन्होंने कहा कि एक सहायक निर्देशक का बेटा अब मुख्यमंत्री बन गया है। मैं गरीबी और भूख को करीब से जानता हूं, मैं किसी शाही परिवार से नहीं आता। मैंने जीवन में कई कठिनाइयों का सामना किया है और कई लोगों ने मुझे अपमानित भी किया। मैं आपके बेटे, आपके भाई जैसा हूं। आपने मुझे अपने दिल में जगह दी है और मुझे स्वीकार किया है। विपक्ष पर साधा निशाना जनता से झूठे वादे न करने का आश्वासन देते हुए विजय ने पिछली सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि DMK सरकार ने राज्य का खजाना पूरी तरह खाली कर दिया है और हमने 10 लाख करोड़ रुपये के भारी कर्ज के साथ सत्ता संभाली है। हम जनता के पैसे से एक फूटी कौड़ी भी नहीं लेंगे और न ही किसी को राज्य को लूटने की इजाजत देंगे। राज्य में वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के एक नए युग की शुरुआत का वादा करते हुए, मुख्यमंत्री विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रवीण चक्रवर्ती, वामपंथी नेता एम.ए. बेबी सहित अपने सभी राजनीतिक सहयोगियों का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।