samacharsecretary.com

गैस की किल्लत में बड़ी राहत: झारखंड में पाइपलाइन गैस से चल रही रसोई और कारोबार

रामगढ़. जिले में पाइप लाइन से गैस आपूर्ति शुरू होने से कई घरों व होटलों में बड़ी परेशानी दूर हुई है। कई होटल संचालकों के लिए शुरू हुई यह सुविधा सहारा बनी है और लगातार पीएनजी कनेक्शन बढ़ रहे हैं, इसके लिए लोग रजिस्ट्रेशन में भी करवा रहे हैं। कई होटल संचालकों ने बेबाक कहा कि जब कॉमर्शियल गैस सिलिंडर मिलना बंद हुआ तो हमलोग अधिक विचलित नहीं हुए, क्योंकि उन्होंने पीएनजी कनेक्शन करीब डेढ़ माह पहले से ले रखा था। अगर यह कनेक्शन उनके होटल में न होता उन्हें होटल बंद करना पड़ता। यही नहीं होटल में काम कर रहे अपने कर्मचारियों को खाना कैसे खिलाते यह भी बड़ी समस्या सामने आती। वर्तमान में इंडियन आयल ने शहरी क्षेत्र में पाइप लाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति कर रही है। करीब तीन सौ घरों व आधे दर्जन होटल में पीएनजी कनेक्शन से खाना तैयार हो रहा है। जानकार बताते हैं कि घरों में 40 प्रतिशत तक गैस का खर्च कम हुआ है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से होटल संचालकों को पीएनजी की 20 प्रतिशत कटौती के आदेश से होटल संचालक सकते में हैं। यही नहीं कई होटलों में डीजे सेट यानी जेनरेटर भी पीएनजी से संचालित किए जा रहे हैं। इससे इनकी काफी समस्या दूर हुई है। वहीं, कई मोबाइल टावरों में जेनरेटर भी पीएनजी से ही चल रहे हैं। इससे डीजल ढोकर टावर तक लाने व जेनरेटर में डालने की परेशानी दूर हुई है। कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी शहर के लगभग सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक इन दिनों कमर्शियल एलपीजी गैस की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। पिछले एक पखवारे से कामर्शियल सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, इससे शहर के रेस्टोरेंट व्यवसाय पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। कई रेस्टोरेंट संचालकों को मजबूरी में कोयला भट्टी का सहारा ले रहे हैं। कई होटल संचालक ब्लैक में सिलिंडर खरीद अपना काम चला रहे हैं। इससे मुनाफाखोरों की चांदी हैं। वे एक सिलिंडर पर पांच से सात सौ रुपये तक की अतिरिक्त वसूली होटल संचालकों से कर रहे हैं। पिछले 15 दिनों से कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे है। इससे पूरे शहर के होटल व्यवसाय पर गंभीर प्रभाव पड़ा है और भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई होटल संचालकों को अपना होटल चलाने के लिए ऊंची कीमतों पर सिलिंडर खरीदना पड़ रहा है। – मुरारी अग्रवाल, चौपाटी होटल संचालक, रामगढ़। कुछ रेस्टोरेंट्स को हाल ही में पीएनजी गैस पाइपलाइन कनेक्शन मिला है, इससे उनपर एलपीजी संकट का सीधा असर नहीं पड़ा। हालांकि, भारत सरकार के गजट नोटिफिकेशन के अनुसार अब कॉमर्शियल उपयोगकर्ताओं के लिए पीएजी गैस की आपूर्ति भी 80 प्रतिशत तक सीमित कर दी गई है। इससे उनकी संचालन क्षमता पर भी असर पड़ेगा। – कमल शर्मा, मारवाड़ी होटल संचालक, रामगढ़। रामगढ़ के रेस्टोरेंट व्यवसायियों की मांग है कि गैस एजेंसियां कम से कम 80 प्रतिशत तक कामर्शियल एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि वे अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से चला सकें और इस आर्थिक संकट से उबर सकें। वर्तमान में पीएनजी कनेक्शन ने उन्हें काफी राहत दी है। – सजल चड्ढ़ा, होटल वेव्स संचालक, रामगढ़। वर्तमान में शहरी क्षेत्र में पौने तीन सौ घरेलु कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा आधा दर्जन रेस्टोरेंट-होटलों में भी कनेक्शन दिए गए हैं। यही नहीं कई होटलों में जेनरेटर आदि भी पीएनजी से ही चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा कई मोबाइल टावरों को भी डीजी सेट चलाने के लिए कनेक्शन दिए गए हैं। – राहुल साव, पीएनजी इंचार्ज रामगढ़।

PNG गैस कनेक्शन के बाद क्या करना होगा LPG सिलिंडर का? जानिए रिटर्न करने का तरीका

नई दिल्ली बीते कुछ दिनों से एलपीजी गैस सिलिंडर को लेकर जो हालात हैं, वो किसी से छुपे नहीं है। जहां एक तरफ लोगों में सिलिंडर को लेकर चिंता है, तो वहीं सरकार इसके लिए कई अलग-अलग रास्ते निकाल रही है। ऐसे में सरकार की तरफ से गैस बुकिंग से लेकर कई अन्य नियमों में बदलाव भी किया गया। वहीं, अब पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर एक फैसला लेते हुए नयी नियम लागू कर दिया है। इस नइ नियम के तहत अब जिन लोगों के घर पर पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी (गैस वाली पाइपलाइन) लगी है और अगर उस घर में एलपीजी सिलिंडर भी है तो उन्हें वो सरेंडर करना होगा। चलिए जानते हैं इसका तरीका क्या है और ये नया नियम क्या कहता है। क्या कहता है नया नियम?     नए नियम के मुताबिक, जिन घरों में पहले से गैस पाइपलाइन लगी है यानी पीएनजी का कनेक्शन लगा है। ऐसे घरों को अलग से एलपीजी सिलिंडर का कनेक्शन नहीं दिया जाएगा     साथ ही जिन लोगों के घरों में गैस पाइपलाइन लगी है और साथ ही अगर उस घर में एलपीजी सिलिंडर का कनेक्शन भी है, तो ऐसे लोगों को अपना एलपीजी सिलिंडर सरेंडर करना होगा क्यों वापस करना होगा गैस सिलिंडर?     सरकार द्वारा ये फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि अमेरिका और इजरायल का ईरान से चल रहे युद्ध के कारण ऊर्जा का संकट खड़ा हो गया है     ऐसे में देश में सभी को गैस सिलिंडर मिल पाए जिसके लिए सरकार की तरफ से ये फैसला लिया गया है कैसे सरेंडर करें एलपीजी सिलिंडर? पहला स्टेप     आपको अपना गैस सिलंडर सरेंडर करने के लिए अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क करना है     आपको एजेंसी जाना है और उनसे गैस सिलिंडर सरेंडर करने वाला फॉर्म लेना है दूसरा स्टेप     फिर आपको ये फॉर्म भरना है और साथ में अपनी गैस पासबुक या कनेक्शन वाउचर जमा करना है     इसके बाद आपको अपना गैस सिलिंडर और उसके साथ रेगुलेटर भी देना है     फिर जब पूरी कागजी कार्रवाई हो जाती है तो आपको आपका सुरक्षा जमा रिफंड कर दिया जाएगा क्या ऑनलाइन भी सरेंडर कर सकते हैं गैस सिलिंडर?     हां, बिलकुल आप ऑनलाइन भी अपना एलपीजी गैस कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं     इसके लिए आपके पास जिस कंपनी का गैस कनेक्शन है उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाना है     फिर आप यहां से ऑनलाइन गैस कनेक्शन सरेंडर का प्रोसेस फॉलो कर सकते हैं