samacharsecretary.com

हेलीकॉप्टर उड़ानें परेशान, इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर रूट पर यात्रियों की संख्या कम, ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं मिल रही

इंदौर  इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के तहत शुरू की गई हेलीकॉप्टर सेवा को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं पोर्टल पर नवंबर और दिसंबर की बुकिंग तारीख नहीं दिख रही है। धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए शुरू की गई विशेष हेलीकॉप्टर सुविधा को पीएमश्री वायु सेवा की तरह ही यात्रियों का टोटा है। ऐसे में रोजाना उड़ानों का संचालन नहीं हो पा रहा है। इंदौर-उज्जैन के बीच शुरू की गई हेलीकॉप्टर सेवा के शुभारंभ के बाद यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। 29 नवंबर की तारीख की बुकिंग तो हो रही है, लेकिन अन्य तारीख की बुकिंग नहीं दिख रही है। इंदौर से उज्जैन के बीच 50 प्रतिशत छूट के बाद 5000 हजार रुपये किराया देना पड़ रहा है, लेकिन इसमें भी यात्री नहीं मिल रहे हैं। इसलिए बुकिंग आने पर ही उड़ान संचालित की जा रही है। ट्रांसपोर्टेशन भारत एविएशन हेलीकॉप्टर के अंशु कुमार का कहना है कि बुकिंग आने पर ही उड़ान संचालित की जा रही है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले इंदौर के बिचौली मर्दाना मैदान से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया गया था। इसमें इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर दोनों शहरों की यात्रा एक दिन में पूरी की जा सकती है। उज्जैन से ओंकारेश्वर के लिए 6500 रुपये किराया देना होगा। वहीं इंदौर से उज्जैन होते हुए ओंकारेश्वर के लिए किराया 11500 रुपये है।  

हेलिकॉप्टर सेवा के नए नियम: 80 किलो से ऊपर वजन वालों को देना होगा अतिरिक्त शुल्क

उज्जैन मध्यप्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई है। सेवा शुरू होते ही यह चर्चा में आ गई है क्योंकि इसे संचालित करने वाली एविएशन कंपनी ने यात्रियों के वजन के अनुसार अतिरिक्त शुल्क देने का नियम लागू किया है। कंपनी के अनुसार 80 किलो तक के यात्रियों को टिकट शुल्क के अलावा कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा, जबकि 80 से 100 किलो तक वजन वाले यात्रियों को प्रति किलो 150 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। वहीं 100 किलो से अधिक वजन वाले यात्रियों को दो सीटों का किराया देना होगा। गुरुवार को पर्यटन विभाग द्वारा इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। पहली उड़ान को मंत्री तुलसी सिलावट और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंत्री सिलावट और विधायकगण इंदौर से हेलिकॉप्टर द्वारा उज्जैन पहुंचे, जहां साधु-संतों को भी हवाई सैर कराई गई। अब यह सेवा आम यात्रियों के लिए भी शुरू हो चुकी है। इंदौर से उज्जैन तक किराया 5,000 और इंदौर से ओंकारेश्वर तक 6,500 रुपये किराया देय होगा। हेलिपैड पर हर यात्री का वजन अनिवार्य होगा। कंपनी की वेबसाइटों www.flyola.in, https://air.irctc.co.in/flyola और https://transbharat.in/ पर यात्रियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। कंपनी ने यात्रियों के साथ ले जाने वाले सामान पर भी सीमा तय की है। प्रत्येक यात्री को अधिकतम 4 किलो सामान ले जाने की अनुमति होगी। अतिरिक्त सामान के लिए कंपनी ने कोई स्पष्ट नीति नहीं बताई है। हालांकि यह सेवा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है लेकिन इसका किराया सामान्य यात्रियों की पहुंच से बाहर है। इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर रूट की एक दिन की यात्रा का अनुमानित खर्च प्रति व्यक्ति 17,000 तक होगा। दो या अधिक सदस्यों वाले परिवार के लिए यह राशि और भी अधिक हो जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि यह सेवा मुख्य रूप से अमीर तबके के यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।  

मध्यप्रदेश में 3 रूटों पर उड़ी हेली सेवा, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान!

भोपाल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 70वें स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को राज्य की पहली ‘पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ की शुरुआत की। इसका मकसद बड़े शहरों और धार्मिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा देना है। अधिकारियों के मुताबिक, यह देश में किसी राज्य द्वारा शुरू की गई अपनी तरह की पहली सेवा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ‘पीएम श्री टूरिज्म हेलीकॉप्टर सर्विस’ को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि सरकार का मकसद हवाई यात्रा को सिर्फ परिवहन का एक जरिया नहीं बल्कि एक मजेदार अनुभव बनाना है। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ जगहों को ही नहीं, बल्कि दिलों और अनुभवों को भी जोड़ रहे हैं। यह परियोजना राज्य के 70वें स्थापना दिवस समारोह के साथ शुरू की गई। नई ‘पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ की 3 रूटों पर शुरुआत मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ‘पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ शुरुआती चरण में तीन क्षेत्रों – भोपाल-पचमढ़ी-मढ़ई, इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर-कान्हा-बांधवगढ़ – सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। यह सेवा पर्यटकों का समय बचाएगी और उन्हें एक दिन में कई जगहों को घूमने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण रोजगार, ‘होम-स्टे’ कारोबार और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही एयर एम्बुलेंस सेवा और राज्य के अंदर हवाई संपर्क शुरू कर दिया है, जिसमें उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद तीन हवाई अड्डे – रीवा, सतना और दतिया – चालू हो गए हैं। 2030 तक पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने में मिलेगी मदद यादव ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा देगी और 2030 तक पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने में मदद करेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महाकालेश्वर मंदिर के लिए मशहूर शहर उज्जैन में एक नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। हफ्ते में पांच दिन मिलेगी हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का टूरिज्म सेक्टर नई ऊंचाइयां छू रहा है। यह हेलीकॉप्टर सेवा ट्रांस भारत एविएशन और जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के जरिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत हफ्ते में पांच दिन चलेगी। चॉपर सर्विस के तहत रेगुलर ऑपरेशन 20 नवंबर से शुरू होंगे और इसमें ट्रांसपोर्ट, रहने की जगह और गाइडेड विजिट सहित एंड-टू-एंड यात्रा का अनुभव मिलेगा।  

खाटूश्यामजी दर्शन के लिए शुरू हुई हेलिकॉप्टर सेवा, दिल्ली से मिनटों में पहुंचेंगे भक्त

नई दिल्ली  दिल्ली-एनसीआर के श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! बाबा श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन अब पहले से कहीं अधिक आसान और शानदार हो गए हैं। 23 अगस्त 2025 को दिल्ली के रोहिणी हेलीपोर्ट से खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ हुआ। इस सेवा का उद्घाटन प्रसिद्ध कवि और लेखक डॉ कुमार विश्वास ने अपने परिवार के साथ पहली यात्रा करके किया। यह सेवा श्रद्धालुओं को एक ही दिन में दोनों प्रमुख धामों के दर्शन का अवसर प्रदान करती है, जिसमें लग्जरी यात्रा और VIP सुविधाएं शामिल हैं। बता दें, पहली उड़ान शनिवार सुबह 9:30 बजे रोहिणी हेलीपोर्ट से रवाना हुई और खाटूश्यामजी से 9 किलोमीटर दूर जालूण्ड हेलीपैड पर उतरी। वहां से श्रद्धालुओं को कारों के जरिए खाटूश्यामजी मंदिर ले जाया गया, जहां उन्हें बिना कतार के गर्भगृह में VIP दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। दर्शन के बाद यात्री हेलिकॉप्टर से सालासर बालाजी रवाना हुए और शाम तक दिल्ली वापस लौट आए।   किराया और सुविधाएं इस हेलिकॉप्टर सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 95,000 रुपये निर्धारित किया गया है। यह किराया केवल हेलिकॉप्टर की लग्जरी यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई विशेष सुविधाएं भी शामिल हैं। यात्रियों को दोनों मंदिरों में VIP दर्शन की सुविधा मिलती है, जिससे लंबी कतारों से बचा जा सकता है। हेलिकॉप्टर में आरामदायक सीटिंग, हवाई नजारे का आनंद और अनुभवी पायलटों की देखरेख में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जाती है। इसके अलावा, खाटूश्यामजी में होटल में ट्विन-शेयरिंग आधार पर फ्रेश-अप के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। अलग कमरे के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। यात्रा के दौरान शाकाहारी भोजन की व्यवस्था भी की जाती है। साथ ही, यात्रियों को दोनों मंदिरों के इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी जाती है। कुमार विश्वास का अनुभव पहली यात्रा के यात्री डॉ. कुमार विश्वास ने इस सेवा को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुझे प्रथम यात्री के रूप में बाबा श्याम के दर्शन का सौभाग्य मिला। यह दैवीय विधान है कि जब बाबा बुलाते हैं, तभी दर्शन संभव होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में आध्यात्मिकता के प्रति लोगों, खासकर युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। इस साल ताजमहल की तुलना में राम मंदिर, वृंदावन और खाटूश्यामजी जैसे तीर्थस्थलों पर अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। कुमार विश्वास ने कहा कि यह सेवा भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परिदृश्य के उदय का प्रतीक है। खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी जैसे तीर्थस्थल भक्तों के लिए विशेष महत्व रखते हैं। यह हेलिकॉप्टर सेवा न केवल समय बचाती है, बल्कि श्रद्धालुओं को एक अनूठा और आरामदायक अनुभव भी प्रदान करती है। सेवा का संचालन और महत्व गौरतलब है कि यह हेलिकॉप्टर सेवा स्पंदन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही है, जो देशभर में निजी चार्टर सेवाओं, सरकारी सर्वेक्षण और लग्जरी ट्रैवल में पहचान रखती है। फिलहाल, प्रतिदिन एक उड़ान संचालित होगी, जो सुबह शुरू होकर शाम तक पूरी हो जाएगी। खाटूश्यामजी में 52 बीघा पार्किंग क्षेत्र में हेलीपैड बनाया गया है। यह सेवा दिल्ली-एनसीआर के उन श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी।