samacharsecretary.com

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: महिला हॉकी में हुआ एकतरफा मुकाबला

रायपुर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आज तीसरे दिन महिला हॉकी प्रतियोगिता के मुकाबले खेले गए। पूल ‘ए’ में खेले गए मैच में मध्य प्रदेश ने बिहार को 9-0 से पराजित किया। वहीं, पूल ‘बी’ के मुकाबलों में झारखंड ने गुजरात को 16-0 से और ओडिशा ने तमिलनाडु को 14-0 से हराया। आज खेले गए सभी मैच एकतरफा रहे, जिनमें विजेता टीमों ने पूरे समय खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा। गौरतलब है कि 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स' के इस प्रथम संस्करण में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में लगभग 3,800 खिलाड़ी नौ विभिन्न खेलों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे खेलों में कुल 106 स्वर्ण पदक दांव पर हैं। वहीं, मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है।

एशिया कप में धमाका, भारत ने महिला टीम ने थाईलैंड को हराया 11-0 से

हांगझोउ   उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग के दो-दो गोल की मदद से भारत ने महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में शुक्रवार को थाईलैंड को 11-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। उदिता ने 30वें और 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर जबकि डुंग डुंग ने 45वें और 54वें मिनट में गोल किए।  इन दोनों के अलावा भारत की तरफ से मुमताज खान (सातवें मिनट), संगीता कुमारी (10वें), नवनीत कौर (16वें), लालरेम्सियामी (18वें), थौदाम सुमन देवी (49वें), शर्मिला देवी (57वें) और रुताजा दादासो पिसल (60वें) ने गोल दागे। वर्तमान में विश्व में नौवें स्थान पर काबिज भारत ने 30वें स्थान पर काबिज थाई टीम के खिलाफ पूल बी के मैच में हाफ टाइम तक 5-0 की बढ़त बना ली थी।  इस टूर्नामेंट में 8 टीमें भाग ले रही हैं जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। दोनों पूल से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें सुपर 4 चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर 4 की शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को होने वाले फाइनल में खेलेंगी। भारत इस टूर्नामेंट में अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और शीर्ष ड्रैग फ्लिकर दीपिका के बिना उतरा है।  यह दोनों चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रही है। एशिया कप विजेता टीम बेल्जियम और नीदरलैंड में अगले साल होने वाले महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी। थाईलैंड के बाद भारत अब शनिवार को जापान से भिड़ेगा। इसके बाद वह पूल चरण के अपने अंतिम मैच में आठ सितंबर को सिंगापुर का सामना करेगा।