samacharsecretary.com

टीम इंडिया की बादशाहत कायम, लेकिन न्यूजीलैंड सिर्फ 5 अंक पीछे

नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ODI रैकिंग में भारतीय टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम रखी है. वार्षिक अपडेट के बाद भी भारतीय टीम दुनिया की नंबर-1 ODI टीम बनी हुई है, लेकिन इस बार उसकी बढ़त थोड़ी कम हो गई है. दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड अब भारत से सिर्फ 5 रेटिंग अंक पीछे है, जिससे आने वाले महीनों में नंबर-1 की जंग और रोमांचक हो सकती है. ताजा अपडेट के बाद भारतीय टीम के पास 118 रेटिंग अंक हैं. हालांकि टीम इंडिया को एक रेटिंग पॉइंट का नुकसान हुआ है. वहीं दूसरे स्थान पर काबिज न्यूजीलैंड के 113 अंक हैं. जबकि वर्ल्ड चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया 109 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर कायम है. उधर साउथ अफ्रीका ने ओडीआई रैंकिंग में शानदार छलांग लगाते हुए पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया है. साउथ अफ्रीका अब 102 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पाकिस्तान 98 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गया. श्रीलंका 96 अंकों के साथ छठे, अफगानिस्तान (93 अंक) सातवें, इंग्लैड (89 अंक) आठवें, बांग्लादेश (84 अंक) नौवें और वेस्टइंडीज (74 अंक) दसवें नंबर पर है. वर्ल्ड कप के लिहाज से अहम है ये रैंकिंग यह रैंकिंग अपडेट सिर्फ नंबरों का खेल नहीं है, बल्कि आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड 2027 के सीधे क्वालिफिकेशन से भी जुड़ा हुआ है. 31 मार्च 2027 तक ओडीआई रैंकिंग में टॉप-8 में रहने वाली टीमें सीधे आगामी वर्ल्ड कप में जगह बनाएंगी. मेजबानों साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे पहले ही डायरेक्ट एंट्री पा चुके हैं. ऐसे में अगर साउथ अफ्रीका टॉप-8 में बना रहता है, तो नौवें स्थान की टीम को भी सीधा वर्ल्ड कप टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. ताजा रैंकिंग में आयरलैंड ने जिम्बाब्वे को पीछे छोड़ 11वां स्थान हासिल किया. उधर संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) 13वें नंबर पर पहुंच गया, जबकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कनाडा को पीछे छोड़ 19वां स्थान हासिल किया. भले ही टीम इंडिया नंबर-1 बनी हुई है, लेकिन न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया तेजी से अंतर कम कर रहे हैं. ऐसे में आने वाले ODI मुकाबले भारत के लिए बेहद अहम होने वाले हैं, क्योंकि छोटी सी चूक भी टीम इंडिया से नंबर-1 का ताज छीन सकती है.

ICC रैंकिंग अपडेट: Jasprit Bumrah की धमाकेदार एंट्री, पाक-कीवी खिलाड़ियों को मिला जबरदस्त फायदा

नई दिल्ली भारत ने 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से कोई टी20I मैच नहीं खेला है, और जुलाई तक इस फॉर्मेट में कोई मैच नहीं है। लेकिन आईसीसी टी20 रैंकिंग में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को फायदा मिला है और वो बिना कोई मैच खेले टॉप-5 में पहुंच गए हैं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड कप के बाद कुछ टी20 मैच खेले, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने रेटिंग प्वाइंट्स गंवाए और छठे स्थान पर आ गए, जिससे बुमराह को फायदा हुआ और वो आईसीसी टी20आई बॉलर्स रैंकिंग में 1 स्थान के फायदे के साथ पांचवें स्थान पर 702 रेटिंग अंक के साथ पहुंच गए। ICC Rankings में मेहदी हसन मिराज का जलवा बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसका उन्हें अब इनाम मिल गया है। बांग्लादेश ने ये सीरीज 2-1 से अपने नाम की, जिसमें मिराज ने 3 मैचों में 5 विकेट चटकाए। इस प्रदर्शन की बदौलत मिराज आईसीसी मेंस वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में 9 स्थान के फायदे के साथ 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में वह दो स्थान के सुधार के साथ अब दुनिया के दूसरे नंबर के ऑलराउंडर बन गए हैं।केवल मिराज ही नहीं, तंजीद हसन (31 पायदान ऊपर), लिटन दास, तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान की रैंकिंग में भी बड़ा सुधार देखने को मिला है। सलमान अली अगा को भी फायदा पाकिस्तान के सलमान अली आगा आईसीसी मेंस वनडे बैटर्स रैंकिंग में 9वें और ऑलराउंडर की रैंकिंग में 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि कप्तान शाहीन अफरीदी ऑलराउंडर रैंकिंग में 25वें नंबर पर आ गए हैं। कीवी कप्तान सेंटनर और अभिषेक शर्मा का दबदबा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती मुकाबलों में शानदार खेल दिखाने का उन्हें बड़ा फायदा मिला है। सेंटनर टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में 11 पायदान चढ़कर 13वें स्थान पर आ गए हैं। ऑलराउंडर की लिस्ट में भी वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के साथ 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अभिषेक शर्मा नंबर-1 भारतीय फैंस के लिए गर्व की बात ये है कि टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के अभिषेक शर्मा अभी भी शीर्ष पर बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के लॉकी फर्ग्यूसन और डेवोन कॉनवे की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के जॉर्ज लिंडे ऑलराउंडर रैंकिंग में 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं और ओटनील बार्टमैन ने गेंदबाजों की लिस्ट में 23 पायदान की लंबी छलांग लगाई है।  

ICC रैंकिंग में ROKO का दबदबा, बुमराह-अभिषेक की शानदार जगह, नंबर 1 और 2 पर है कब्जा

 दुबई ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंस‍िल) की बुधवार (12 द‍िसंबर) को ताजा रैकिंग सामने आई. जिसमें 38 साल के रोहित शर्मा और 37 साल के विराट कोहली क्रमश: नंबर 1 और नंबर 2 बल्लेबाज बने हुए हैं. वहीं म‍िचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में नंबर 3 गेंदबाज बन गए हैं. एशेज के दो शुरुआती टेस्ट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं.  विराट कोहली अप्रैल 2021 से ODI बल्लेबाजों की नंबर 1 रैंकिंग पर नहीं हैं, तब उनको पाकिस्तान के बाबर आजम ने उन्हें पीछे छोड़ा था. लेकिन अब कोहली फिर से टॉप स्थान के बेहद करीब पहुंच गए हैं, क्योंकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में हुई तीन मैचों की ODI सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया.  37 साल के कोहली को तीनों मैचों में कुल 302 रन बनाने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया था. उनकी इस शानदार प्रदर्शन का असर ICC की ताजा रैंकिंग में भी दिखा, जहां वह दो पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए. उनके आगे सिर्फ रोहित शर्मा हैं.  रोहित ने इस सीरीज में 146 रन बनाए और नंबर 1 की अपनी पोजीशन बरकरार रखी. वहीं विशाखापट्टनम में खेले गए आखिरी मैच में कोहली की नाबाद 65 रनों की पारी की बदौलत वह अब रोहित से सिर्फ 8 रेटिंग पॉइंट पीछे रह गए हैं.  भारत अब अगला वनडे मुकाबला 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू सीरीज में खेलेगा. इस दौरान सभी की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होंगी, क्योंकि दोनों के बीच ODI बल्लेबाजों की नंबर 1 रैंकिंग की दौड़ और तेज है.  कोहली ही नहीं, इस हफ्ते जारी नई रैंकिंग में कई और भारतीय खिलाड़ियों ने भी बड़ी छलांग लगाई है. विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल दो पायदान ऊपर चढ़कर 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं गेंदबाज़ों की रैंकिंग में बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव बड़ा फायदा पाते हुए तीन स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.  कटक टी20 के बाद बदली टी20 रैकिंग  कटक में भारत की 101 रन की धमाकेदार जीत के बाद T20I गेंदबाजों की नई रैंकिंग में तीन भारतीय खिलाड़ियों को फायदा मिला है. अक्षर पटेल दो स्थान चढ़कर 13वें नंबर पर, अर्शदीप सिंह तीन पायदान बढ़कर 20वें नंबर पर और जसप्रीत बुमराह छह स्थान ऊपर उठकर 25वें नंबर पर पहुंच गए हैं.  म‍िचेल स्टार्क बने नंबर 3 टेस्ट गेंदबाज  इधर टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क की बड़ी छलांग कोई हैरानी की बात नहीं है. इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो एशेज टेस्ट में लगातार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने के बाद स्टार्क तीन स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों के खराब प्रदर्शन का असर टेस्ट रैंकिंग पर भी पड़ा है. हैरी ब्रूक दो स्थान गिरकर चौथे नंबर पर आ गए हैं. वहीं केन विलियमसन और स्टीव स्मिथ, दोनों एक-एक स्थान ऊपर बढ़े हैं और अब टॉप पर मौजूद जो रूट के पीछे क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं.  कौन से भारतीय ICC रैकिंग में नंबर 1 पर कायम?  टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा (913)  टॉप पर हैं. टी20 की ही गेंदबाजी रैंकिंग की बात करें तो वरुण चक्रवर्ती (782) टॉप पर हैं. टेस्ट ऑलराउंडर की श्रेणी में रवींद्र जडेजा का जादू चल रहा है. वह 455 अंक के साथ शीर्ष पर हैं.

टीम इंडिया की ICC रैंकिंग अपडेट: कौन से फॉर्मेट में चौथे नंबर पर है टीम?

नई दिल्ली  टीम इंडिया अभी एशिया कप 2025 में दमखम दिखा रही है। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा। भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती बुधवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा जारी खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग में नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए। उन्होंने एशिया कप में यूएई और पाकिस्तान के खिलाफ एक-एक विकेट चटकाया था। चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी पछाड़कर बादशाहत हासिल की। चलिए, आपको टी20, वनडे और टेस्ट में भारत की आईसीसी टीम रैंकिंग बताते हैं। भारत दो फॉर्मेट में शीर्ष पर जबकि एक में चौथे पायदान पर है। आईसीसी पुरुष T20I टीम रैंकिंग में भारत पहले स्थान पर मौजूद है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टी20 टीम के खाते में 271 रेटिंग अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया दूसर नंबर पर है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महज सात अंकों का अंतर है। ऑस्ट्रेलिया के पास 266 रेटिंग है। इंग्लैंड (257) तीसरे, न्यूजीलैंड (253) चौथे और साउथ अफ्रीका पांचवें (243) स्थान पर हैं। आईसीसी वनडे टीम रैकिंग में भी भारत शीर्ष पर काबिज है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय वनडे टीम के खाते में 124 अंक हैं। भारत ने मार्च 2025 में आखिरी वनडे मैच खेला था। भारत को अब अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज खेलनी है। भारत के बाद वनडे रैंकिंग में न्यूजीलैंड है, जिसके 109 अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया (106) तीसरे, श्रीलंका (103) चौथे और पाकिस्तान (100) पांचवें पायदान पर है। वहीं, आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में भारत चौथे स्थान पर मौजूद है। भारत के पास 107 रेटिंग अंक हैं। न्यूजीलैंड (96) पांचवें नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल नंबर-1 टेस्ट टीम है। उसके खाते में 124 अंक हैं। साउथ अफ्रीका (115) दूसरे जबकि इंग्लैंड (112) तीसरे पायदान पर है। इंग्लैंड और भारत के बीच 20 जून से लेकर चार अगस्त तक चली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल हैं। भारत अब 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा।