samacharsecretary.com

दिसंबर में इंदौर से धार के बीच दौड़ सकती है मेमू ट्रेन, तैयारियां तेज

इंदौर इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत अब इंदौर से धार के बीच यात्री ट्रेन दौड़ने का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। सीआरएस की निरीक्षण रिपोर्ट में रेल परिचालन को हरी झंडी मिलने के बाद रेलवे ने सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी है। दिसंबर तक इंदौर-धार के बीच मेमू ट्रेन के संचालन के प्रयास किए जा रहे है। शुभारंभ में आ सकते है पीएम नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री वैष्णव केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सांसद सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रेन संचालन शुरू होने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं समयसीमा में पूरी कर ली जाएं। मंत्री ने बताया कि ट्रेन के शुभारंभ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी के लिए भी संवाद और प्रयास किए जा रहे हैं। सीआरएस की मंजूरी के बाद अब यात्री ट्रेन का इंतजार परियोजना के तहत इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन की राह में महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हो चुका है। सीआरएस निरीक्षण रिपोर्ट में संचालन को ओके किए जाने के बाद अब यात्री सेवा शुरू करने की तैयारियां की जा रही है। इसी को देखते हुए धार स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ठाकुर ने रेलवे अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति जानी और कहा कि परिचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होना चाहिए। स्टेशन के प्रवेश मार्ग को भी मिलेगी सांस्कृतिक पहचान निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्टेशन परिसर के साथ उसके प्रवेश मार्ग को भी आकर्षक चित्रों से सजाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को पहली नजर में ही धार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का अनुभव होना चाहिए। उन्होंने शेष यात्री सुविधाओं को समय पर पूरा करने पर जोर देते हुए व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। बुद्ध, भोज और धार के इतिहास से सजा स्टेशन निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्टेशन परिसर में उकेरे चित्रों को भी देखा। राजा भोज, धार किले और गौतम बुद्ध के चित्रों पर उन्होंने प्रसन्नता जताई। कहा कि अपने इतिहास, संस्कृति और नायकों को चित्रों के माध्यम से संजोना सराहनीय है। स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों को उन्होंने धार जिले के जनजातीय अंचल सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया। निरीक्षण के दौरान टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था, आवागमन के रास्ते, प्रकाश व्यवस्था और मालगाडियों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। रेल कनेक्टिविटी से खुलेंगे विकास और रोजगार के रास्ते मंत्री ने कहा कि धार में रेल सेवा शुरू होना महज आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का नया अध्याय होगा। रेल नेटवर्क से जुड़ने पर विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि धार स्टेशन तक अधिक से अधिक रेल सेवाओं का विस्तार हो और क्षेत्र को प्रदेश तथा देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क मिले। धार से तिरला तक 8 किमी आगे बढ़ेगी परियोजना के आगे के विस्तार को लेकर भी रेलवे की कार्ययोजना महत्वपूर्ण है। धार से करीब 8 किलोमीटर आगे तिरला तक रेल लाइन ले जाने का प्रस्ताव है। भविष्य में तिरला को बड़े रेल जंक्शन के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां इंदौर-दाहोद रेल परियोजना और छोटा उदयपुर-चार रेल लाइन का मिलन प्रस्तावित है। दोनों रेल मार्गों के जुडने से मालवा-निमाड़ का यह क्षेत्र सीधे गुजरात के रेल नेटवर्क से जुड़ सकेगा। यात्रियों की आवाजाही के साथ दोनों राज्यों के बीच व्यापार और माल ढुलाई को गति मिलने की उम्मीद है।

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! छत्तीसगढ़ में चलेंगी 3 नई मेमू ट्रेनें

रायपुर  भारतीय रेलवे ने छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नई मेमू (MEMU) ट्रेनों के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस फैसले की आधिकारिक जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र भेजकर दी।  इन नई सेवाओं में रायपुर-रावघाट मेमू (68768/68769) के साथ-साथ रायपुर और कुरुद के मध्य दो अलग-अलग मेमू ट्रेनें (68772/68771 एवं 68774/68773) शामिल हैं।  रायपुर से कुरुद और रावघाट के मुख्य मार्गों पर मेमू ट्रेनों के शुरू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा वर्ग, विद्यार्थियों, व्यापारियों और किसानों को आवागमन में सीधी और तीव्र सुविधा प्राप्त होगी. इसके अतिरिक्त, दूर-दराज के इलाकों से इलाज के लिए राजधानी रायपुर आने वाले मरीजों का सफर भी बेहद आसान और किफायती हो जाएगा।  इन ट्रेनों के चलने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक और सामाजिक ताने-बाने को भी मजबूती मिलेगी।  रेलवे द्वारा दी गई इस बड़ी राहत पर खुशी व्यक्त करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर, सुरक्षित और किफायती परिवहन सेवाओं के विस्तार हेतु प्रयासरत थे।  उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया. सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में बुनियादी ढांचे और रेल तंत्र के आधुनिक विस्तार को अभूतपूर्व गति मिल रही है।   

रेलवे मेंटेनेंस के चलते चार दिन नहीं चलेगी बिलासपुर-गेवरारोड मेमू ट्रेन

बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के चांपा-गेवरारोड सेक्शन के मध्य स्थित मड़वारानी स्टेशन में अधोसंरचना विकास के अंतर्गत अतिरिक्त लूप लाइन की कमीशनिंग हेतु प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा. इसके वजह से बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 21 मई से 24 मई तक नहीं चलेगी. भविष्य में इस सेक्शन की परिचालन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी. इस दौरान 21 से 24 मई तक गाड़ी संख्या 68734/68733 बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी. 21 से 24 मई तक गाड़ी संख्या 68732/68731 बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद रहेगी. देवरी अंडरब्रिज पर 5 दिन बंद रहेगा सड़क यातायात बिलासपुर. बिलासपुर मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत रेलवे अंडरब्रिज में लोगों को बेहतर सड़क आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु रेल प्रशासन प्रतिबद्ध है. रेलवे प्रशासन द्वारा सारागांव-बाराद्वार स्टेशनों के मध्य किमी 655.862 से 655.867 में स्थित देवरी रेल अंडरब्रिज को 20 मई (बुधवार) से 24 मई (रविवार) तक पूर्णतः बंद कर रोड मरम्मत एवं अन्य आवश्यक कार्य करने का निर्णय लिया गया है. इसके फलस्वरूप यह रेल अंडरब्रिज 20 मई (बुधवार) से 24 मई (रविवार) तक सड़क आवागमन हेतु पूर्णतः बंद रहेगी. इस अवधि में सड़क यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में पास में ही स्थित रेल अंडरब्रिज संख्या 54 (सोननदी ब्रिज) तथा भारत माला अंडरब्रिज का उपयोग किया जा सकता है.