samacharsecretary.com

सिंहस्थ 2028 के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तेज, समयसीमा पर कमिश्नर सख्त

उज्जैन उज्जैन में “सिंहस्थ महापर्व 2028” को लेकर शहर के विकास कार्यों को तेज कर दिया गया है। नगर निगम के मास्टर प्लान के तहत सड़कों के निर्माण का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में मास्टर प्लान के अंतर्गत कुल 27 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से वर्तमान में करीब 22 सड़कों पर निर्माण कार्य जारी है। उज्जैन में मास्टर प्लान की 27 सड़कों पर काम किया जाएगा। निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने बताया कि सभी सड़कों का निर्माण मास्टर प्लान में निर्धारित चौड़ाई के अनुसार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 530 करोड़ रुपए है। ठेकेदारों-इंजीनियरों को सख्त टाइमलाइन कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने बताया कि होली पर्व के कारण एक-दो दिन निर्माण कार्य की गति थोड़ी प्रभावित हुई थी, लेकिन अब सभी साइटों पर फिर से पूरी टीम के साथ काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही पहले जैसी रफ्तार देखने को मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम ने इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए ठेकेदारों और इंजीनियरों को स्पष्ट चुनौती देते हुए सख्त टाइमलाइन तय की है। ये है नगर निगम का लक्ष्य साथ ही कौन-सी सड़क कितने समय में पूरी होगी, इसका डेटा भी सार्वजनिक किया गया है, ताकि काम तय समय सीमा में पूरा हो सके। नगर निगम का लक्ष्य है कि “सिंहस्थ 2028” से पहले शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण पूरा कर यात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

सफाई पर सवाल उठे तो कमिश्नर उतरे मैदान में, फुटपाथ पर बैठकर खाया खाना

बेंगलुरु सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद ग्रेटर बेंगलुरु में फुटपाथ सुधार अभियान ने अनोखा मोड़ ले लिया. जिस जगह पर कुछ दिन पहले कनाडाई नागरिक ने फुटपाथ की बदहाल हालत पर शिकायत की थी, वहीं अब बेंगलुरु सेंट्रल बीबीएमपी कमिश्नर राजेंद्र चोलन बैठकर नाश्ता करते दिखे. क्या है पूरा मामला? दरअसल, कनाडा में रहने वाले एक शख्स ने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि बेंगलुरु की सड़कों पर 1.5 किलोमीटर पैदल चलना भी मुश्किल है. यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा में आ गया. वॉलंटियर्स के साथ मिलकर साफ किया फुटपाथ वायरल वीडियो के बाद बीबीएमपी हरकत में आया. कमिश्नर राजेंद्र चोलन ने प्राइवेट वॉलंटियर्स के साथ मिलकर मैजेस्टिक इलाके में फुटपाथ साफ कराने का अभियान शुरू किया. सफाई के बाद उन्होंने खुद उसी जगह पर बैठकर स्नैक्स खाए, मानो यह संदेश देने के लिए कि अब यहां न केवल पैदल चला जा सकता है बल्कि बैठकर आराम से नाश्ता भी किया जा सकता है. यही नहीं, जिस कनाडाई नागरिक ने शुरुआत में वीडियो बनाया था, उसे भी वापस उसी जगह लाया गया. इस बार उसने एक और वीडियो रिकॉर्ड किया और फुटपाथ की सुधरी हुई हालत की तारीफ की.