samacharsecretary.com

छत्तीसगढ़ में पटवारियों पर गिरी गाज, बस्तर में 99 की सेवा अवधि प्रभावित; 17 सस्पेंड

जगदलपुर  राज्य शासन के निर्देशानुसार बस्तर जिला प्रशासन द्वारा प्रान्तीय आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे पटवारियों के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। 13 अक्टूबर से हड़ताल पर गए जिले के 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित कर दिया गया है, जबकि 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। 136 पटवारी हैं हड़ताल पर अपर कलेक्टर श्री डीआर डाहिरे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले की सभी 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें 30 प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जबकि 44 पटवारी वर्तमान में अपने कर्तव्यों पर कार्यरत हैं। हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को प्रशासन द्वारा पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन काम पर वापस न लौटने पर यह सख्त कदम उठाया गया है। जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे अधिक असर     तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो इस कार्रवाई का सबसे अधिक असर जगदलपुर और बस्तर तहसील में देखने को मिला है। जगदलपुर तहसील में पदस्थ 26 में से 25 पटवारी हड़ताल पर हैं, जिनमें से 23 पर ब्रेक इन सर्विस और 2 पर निलंबन की गाज गिरी है, जबकि यहां केवल एक पटवारी कार्यरत है।     इसी तरह बस्तर तहसील में पदस्थ सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं और प्रशासन ने सभी 16 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस करते हुए 2 को निलंबित कर दिया है। भानपुरी में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस तथा 2 पर निलंबन की कार्रवाई हुई है, जबकि 7 कार्यरत हैं। बकावण्ड में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताल पर हैं, जिनमें से 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है। अन्य तहसीलों में भी सख्त कार्रवाई     अन्य तहसीलों में भी प्रशासन का रुख सख्त रहा है। लोहण्डीगुड़ा में पदस्थ 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं और सभी 11 पर ब्रेक इन सर्विस के साथ 2 को निलंबित किया गया है। करपावण्ड में पदस्थ 12 में से हड़ताल पर गए सभी 10 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस और एक को निलंबित किया गया है।     नानगुर के 10 में से 8 हड़ताली पटवारियों में से 7 पर ब्रेक इन सर्विस और 2 पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त तोकापाल में 18 में से 16 हड़ताली पटवारियों में से 2 पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन, बास्तानार में 16 में से 9 हड़ताली पटवारियों में से 2 पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन तथा दरभा तहसील में पदस्थ 18 में से 13 हड़ताली पटवारियों में से एक पर ब्रेक इन सर्विस व एक पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।  

स्वामित्व योजना में उज्जैन ने रचा इतिहास, 575 पटवारियों ने महज 15 दिन में किया कमाल

उज्जैन MP स्वामित्व पंजीयन: मध्यप्रदेश के उज्जैन में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) में अब तक 74 हज़ार 791 पात्र हितग्राहियों के मकानों एवं प्लॉट की निःशुल्क रजिस्ट्री की गयी है। संख्या के हिसाब से उज्जैन जिला योजना में मध्यप्रदेश में दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण पट्टाधारकों के मकानों एवं प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री कर उन्हें वास्तविक भूस्वामी बनाने की योजना है। इस योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश में बहनों को भी आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। पहले यह योजना केवल शहर वालों के पास ही रजिस्ट्री हुआ करती थी, गांव में मकान की कोई कीमत नहीं होती थी। अब मोहन सरकार ने अपनी ओर से 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखकर गांव के पट्टेदारों एवं मकान मालिकों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की योजना चलाई है। अब गांव के मकान और प्लॉट की भी कीमत होगी। ग्राम पंचायत भवन एवं मैरिज गार्डन का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम ढेंडिया में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्व सुविधायुक्त पंचायत भवन का लोकार्पण किया। पंचायत भवन में सरपंच, सचिव, पटवारी कक्ष के अलावा एक सर्वसुविधायुक्त मीटिंग हॉल बनाया गया है। इसी के साथ प्रदेश में पहली बार किसी ग्राम पंचायत में 1 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत का 5 बीघा क्षेत्र में शानदार मैरिज गार्डन बनाया गया है। यह ग्राम पंचायत ढेंडिया के स्वामित्व में बना प्रदेश का ऐसा पहला मैरिज गार्डन है, जिसमें 26 सर्व सुविधायुक्त कमरे, 12,880 वर्गफीट का विशाल डोम तथा 3,600 वर्ग फीट का बड़ा किचन शेड बनाया गया है। गार्डन सौंदर्यीकरण के लिए आकर्षक ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल एवं भव्य स्टेज की व्यवस्था की गई है। श्रेष्ठ कार्य करने वाले तहसीलदार-पटवारी सम्मानित मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस योजना के तहत अब तक श्रेष्ठ कार्य करने वाले तहसीलदार एवं पटवारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले तहसीलदारों में अनिरुद्ध मिश्रा तथा पटवारी कृष्णचंद्र शर्मा, कार्तिकेय सेंगर, कमलेन्द्र मिश्रा, कमलदीप शर्मा, हरीश पारिया, देवेंद्र पालिवाल, अंजली ढोले, रामेश्वर वारसी, श्यामसुंदर शर्मा, सुनील चौहान, राहुल भाटी, राधेश्याम शर्मा एवं दर्शना राठौर शामिल हैं। उज्जैन के पटवारियों ने कमाल कर दिखाया स्वामित्व योजना के तहत फ्री रजिस्ट्री करने में उज्जैन के पटवारियों ने कमाल कर दिखाया है। जिले के 575 पटवारियों ने 15 दिन में ही 76 हजार से ज्यादा रजिस्ट्री कर दी। सबसे ज्यादा रजिस्ट्री करने वाले जिलों की सूची में उज्जैन दूसरे नंबर पर आ गया। योजना के तहत जिले के कुल 1 लाख 93 हजार 535 प्लॉट्स है। इनमें से गैर विवादित प्लॉट्स की रजिस्ट्री होना है। प्रतिशत के हिसाब से उज्जैन में अब तक जो 76 हजार रजिस्ट्री हुई है। यह ​39.27 प्रतिशत ही है। यहां के पटवारियों को अभी 1.20 लाख प्लॉट्स की रजिस्ट्री करना बाकी है, जो लक्ष्य का 60% से ज्यादा है। बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उज्जैन प्रशासन ने प्लान बनाया और पटवारी का लक्ष्य तय कर दिया गया। लक्ष्य की पूर्ति हुई या नहीं, इसकी मॉनिटरिंग के लिए हर शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंस की व्यवस्था बनाई। यही वजह है कि जिले में 15 दिनों में रजिस्ट्रियों का आंकड़ा इतना ज्यादा हो गया। 81 हजार रजिस्ट्री करते हुए ​छिंदवाड़ा अभी पहले स्थान पर है। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने बताया कि 76 हजार से ज्यादा रजिस्ट्री हो चुकी है। यह आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। ग्राउंड स्तर पर पटवारियों को आ रही तकनीकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए भी अलग से कंट्रोल रूम बना है।

पटवारियों की बेमियादी हड़ताल से बीजापुर में बढ़ी परेशानी, राजस्व कार्यों पर संकट

बीजापुर. भोपालपट्टनम में राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाने वाले पटवारी अब अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतर आए हैं. छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर तहसील के पटवारी चार सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं. इस आंदोलन का असर सीधे उन लोगों पर पड़ सकता है, जिन्हें जमीन संबंधी कामकाज के लिए पटवारी की रिपोर्ट की जरूरत होती है. नामांतरण, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों में सुधार जैसे काम प्रभावित होने की आशंका है. पटवारियों ने पीवी ऐप में किए जा रहे कार्यों के बहिष्कार का फैसला लिया है. इसके अलावा निलंबन और स्थानांतरण की कार्रवाई बिना शर्त वापस लेने की मांग उठाई गई है. वेतन विसंगति दूर करने और राजस्व निरीक्षक के पद पर विभागीय पदोन्नति भी आंदोलन के प्रमुख मुद्दे हैं. संघ का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ है. पटवारियों ने साफ कर दिया है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा. ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कामों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. अब निगाहें शासन-प्रशासन पर हैं कि पटवारियों की मांगों का समाधान निकालकर व्यवस्था को कब तक पटरी पर लाया जाता है.

पटवारियों की हड़ताल से राजनांदगांव में कामकाज प्रभावित, राजस्व सेवाओं पर असर

राजनांदगांव. पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्य प्रभावित हो रहे हैं। दो दिनों से यही स्थिति देखने को मिल रही है। तहसील कार्यालयों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। हड़ताल के कारण फसलों का भौतिक सत्यापन का काम भी नहीं हो पा रहा है, जिससे किसनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आय और जाति प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर किसान पंजीयन तथा जमीन संबंधी कार्यों तक पर इसका असर देखने को मिल रहा है। इसके साथ-साथ अन्य कार्यों पर भी असर पड़ने लगा है। राजनांदगांव जिले में भी छत्तीसगढ़ राजस्व संघ के आह्वान पर पटवारी हड़ताल पर चले गए हैं। पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जमीन के रिकॉर्ड, सीमांकन से जुड़ी प्रक्रिया, भूमि संबंधी रिपोर्ट और विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आवश्यक सत्यापन में उनकी भूमिका रहती है। ऐसे में उनके हड़ताल पर रहने से संबंधित प्रक्रियाओं में देरी हो रही है। इसका असर विद्यार्थियों, किसानों और जमीन संबंधी काम कराने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है। दो दिनों से शहर तथा जिले में यही स्थिति देखने को मिल रही है। पीवी ऐप की समस्याओं को लेकर आंदोलन छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 13 अक्टूबर से शुरू हुई है। पटवारी संघ का कहना है कि फसल के भौतिक सत्यापन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पीवी ऐप में तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। हड़ताल का असर आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर भी पड़ने की आशंका है। किसान पंजीयन और फसल सत्यापन में देरी होने से किसानों को परेशानी हो सकती है। वहीं आय और जाति प्रमाण पत्र की जरूरत वाले विद्यार्थियों तथा अन्य आवेदकों को भी इंतजार करना पड़ सकता है। 

मध्यप्रदेश में पटवारियों की हड़ताल पर सख्ती, काम पर नहीं लौटे तो खत्म होगी सेवा

भोपाल  स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन के विरोध में सामूहिक अवकाश पर गए पटवारियों को प्रशासन ने अब 24 घंटे में काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया है। खासकर परिवीक्षाधीन पटवारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपने पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। ऐसा नहीं करने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत उनकी सेवाएं बिना किसी अतिरिक्त सूचना के समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश में 50 लाख संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री की तैयारी के बीच स्वामित्व योजना में पटवारियों की भूमिका को लेकर विवाद बढ़ गया है। पटवारियों के निष्पादक (एग्जीक्यूटर) की भूमिका में साइन नहीं करने के फैसले के बाद प्रदेश में 102 पटवारियों पर बर्खास्त। सबसे बड़ी कार्रवाई रीवा में हुई, जहां गुरुवार को 15 पटवारियों को एक साथ निलंबित किया गया। इसके बाद ग्वालियर में 19, जबलपुर में 17 और सागर में 13 पटवारियों को निलंबित किया गया। कार्रवाई के विरोध में प्रभावित जिलों में पटवारियों ने राजस्व काम का शटडाउन रखा है। देवास में पटवारी बुधवार देर रात तक कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते रहे। इधर, नर्मदापुरम में 133, सागर में 137, छिंदवाड़ा में 32, गुना में 52 और भोपाल में 3 पटवारियों को नोटिस दिए गए हैं। रतलाम में 12 पटवारियों को शासकीय कार्यों में लापरवाही पर आरोप-पत्र दिए गए हैं। सीएम तक पहुंचा मामला, PRC की बैठक बेनतीजा पटवारियों का विरोध और जिलों में कार्रवाई का मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंच गया है। विरोध के बीच गुरुवार को प्रमुख राजस्व आयुक्त (PRC) कार्यालय में पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई, लेकिन इसमें कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। संबंधित पटवारियों का वेतन काटने के आदेश प्रशासन ने सामूहिक अवकाश को अनधिकृत अनुपस्थिति मानते हुए संबंधित पटवारियों का वेतन काटने के आदेश भी दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि अवकाश के लिए प्रत्येक कर्मचारी को व्यक्तिगत रूप से विधिवत आवेदन प्रस्तुत करना जरूरी है। संघ के माध्यम से सामूहिक अवकाश की सूचना देकर लगातार शासकीय कार्य से अनुपस्थित रहना सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है। अनधिकृत अनुपस्थिति की अवधि का नहीं मिलेगा वेतन, 'ब्रेक इन सर्विस' की चेतावनी सामान्य प्रशासन विभाग के नियमों का हवाला देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति सामूहिक अवकाश या हड़ताल में शामिल होने की अवधि का वेतन देय नहीं होगा। इस अवधि को अवकाश भी स्वीकृत नहीं किया जाएगा। संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को अनधिकृत अनुपस्थिति की अवधि का वेतन काटने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पटवारी आगे भी अनधिकृत रूप से शासकीय कार्य से अनुपस्थित रहते हैं तो संबंधित अवधि को 'सेवा में व्यवधान' (ब्रेक इन सर्विस) मानने संबंधी प्रस्ताव विभागाध्यक्ष को भेजे जाएंगे। पहले तीन परिवीक्षाधीन पटवारियों पर हो चुकी कार्रवाई बता दें कि प्रशासन की सख्ती के बीच तीन परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं पहले ही समाप्त की जा चुकी हैं। इसके विरोध में जिलेभर के पटवारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में 1000 से अधिक पटवारी शामिल हुए थे। डिप्टी सीएम के साथ होने वाली बैठक भी टली पटवारी प्रतिनिधिमंडल की डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के साथ वल्लभ भवन में होने वाली बैठक भी टल गई। डिप्टी सीएम की व्यस्तता के चलते बैठक नहीं हो सकी। ऐसे में पटवारियों की मांग और उन पर हुई कार्रवाई को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है। पटवारी संघ का कहना है कि जब तक उन्हें निष्पादक की भूमिका से हटाया नहीं जाता, उनकी मुख्य आपत्ति बनी रहेगी। संघ कार्रवाई वापस लेने की मांग भी कर रहा है। 50 लाख संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री का मामला मध्यप्रदेश सरकार ग्रामीण इलाकों की करीब 50 लाख संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री कराने की तैयारी कर रही है। इस प्रक्रिया पर सरकार के 3,800 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है। स्वामित्व योजना में ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक देने के लिए अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। अब इसी आबादी भूमि पर काबिज लोगों को रजिस्ट्री के जरिए मुफ्त में मालिकाना हक देने की प्रक्रिया की जा रही है। पटवारी संघ ने कहा- कोर्ट में घसीटे जांएगे पटवारी संघ ने योजना में रजिस्ट्री के निष्पादक के रूप में काम करने से इनकार किया है। संघ का कहना है कि लीज डीड में पटवारी का नाम शामिल होने से भविष्य में जमीन को लेकर विवाद होने पर उन्हें भी कानूनी मामले में पक्षकार बनाया जा सकता है।  

स्वामित्व योजना में फ्री रजिस्ट्री पर पेंच, पटवारियों के विरोध के बीच सरकार का सख्त रुख

भोपाल  मध्यप्रदेश के 50 लाख आवासीय भूखंडों की नि:शुल्क रजिस्ट्री को लेकर शासन-पटवारियों में विवाद गहरा गया है। स्वामित्व अभियान के 17 दिन बाद भी पटवारी रजिस्ट्री में विक्रेता बनने को तैयार नहीं हैं। इधर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टरों को इनकार करने वालों को बर्खास्त करने के लिए फ्री हैंड दे दिया। अब पटवारी संघ ने भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि पटवारियों को बर्खास्त किया गया तो वे सामान्य कामकाज भी बंद कर देंगे। वहीं, जमीनी मामलों के विशेषज्ञ व पूर्व अधिकारी ओपी भट्ट ने पूरे अभियान की उपयोगिता पर ही सवाल उठाए हैं। कहा, बैंकों से कर्ज लेने के लिए आवासीय भूखंड की रजिस्ट्री अनिवार्य नहीं है। इसके लिए जमीन से संबंधित दस्तावेज पर्याप्त होते हैं, जो स्वामित्व योजना में दिए जा चुके हैं। कोई बैंक इन दस्तावेजों पर कर्ज नहीं देता तो शासन को बैंकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने चाहिए थे। विवादों में इसलिए नि:शुल्क रजिस्ट्री 68 लाख में से 50 लाख दस्तावेजों की रजिस्ट्री करने का लक्ष्य तय है। 17 अक्टूबर तक यह लक्ष्य पूरा करना है, इसलिए रजिस्ट्री के अधिकार तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पंचायत समन्वयक व अन्य को दिए गए। इस प्रक्रिया में पटवारियों को उक्त भूखंडों का विक्रेता बनाया गया, क्योंकि रजिस्ट्री की प्रक्रिया क्रेता व विक्रेता के बीच संपन्न होती है। पटवारियों ने कहा- अक्सर जमीनी मामलों में पारिवारिक या अन्य विवाद सामने आते हैं। 50 लाख प्रकरणों में ऐसे विवाद आना स्वाभाविक है। ऐसे मामलों में पीडि़त पक्ष पटवारी को भी विक्रेता के रूप में पक्षकार बना सकता है, जिससे वे अनावश्यक न्यायालयीन मामलों में उलझेंगे। सरकार का दावा- बैंकों से कर्ज लेने में होगी आसानी सरकार का दावा है कि रजिस्ट्री होने से संबंधित हितग्राहियों को बैंकों से कर्ज लेने में आसानी होगी और उन्हें अन्य लाभ भी मिलेंगे। जिन दस्तावेजों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की जा रही है, वे दस्तावेज स्वामित्व योजना के तहत 2021 से अब तक 68 लाख लोगों को दिए जा चुके हैं। इनमें नक्शा, खसरा, खतौनी और बही की प्रति शामिल है। जमीनी मामलों के जानकारों के अनुसार जब शासन किसी व्यक्ति को जमीन के ये दस्तावेज उपलब्ध कराकर उसका मालिकाना हक दे चुका है तो अलग से रजिस्ट्री की जरूरत नहीं रह जाती। 5 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट भी बेकार नि:शुल्क रजिस्ट्री शुरू करने से पहले राजस्व विभाग ने आगर मालवा, हरदा, बड़वानी, अशोकनगर और रायसेन में पायलट प्रोजेक्ट चलाया था। इसी दौरान पटवारियों की आपत्तियां सामने आ गई थीं। इसके बावजूद अधिकारियों ने इनको गंभीरता से नहीं लिया। सूत्र बताते हैं, पायलट प्रोजेक्ट में कलेक्टरों से मिले फीडबैक को भी उपेक्षित करते हुए प्रदेशभर में अभियान शुरू कर दिया गया। मप्र पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बघेल ने बताया कि स्वामित्व योजना के सभी कामों से पटवारी संघ अलग रहेगा। रजिस्ट्री भी नहीं करेंगे। बीते दिनों संघ की बैठक में इसका निर्णय लिया गया है। योजना से संबंधित कोई भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कार्य आगामी निर्देश तक नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाएंगे। विशेषज्ञों ने अभियान पर उठाए ये सवाल     जब स्वामित्व योजना के तहत संबंधित हितग्राही के नाम पर भूखंड के जमीनी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए थे तो रजिस्ट्री की जरूरत क्यों थी?     यदि ऐसे भूखंडों पर लोन लेने के लिए कोई बैंक रजिस्ट्री की प्रति मांग रहे थे या लोन देने से इंकार कर रहे थे तो शासन से सार्वजनिक आदेश जारी क्यों नहीं कराया गया?     जब भी रजिस्ट्री होती है तो शासन को राजस्व मिलता है। नि:शुल्क रजिस्ट्री में करीब 4000 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा। ऐसी स्थिति के बावजूद शासन को घाटे में डालने वाला अभियान क्यों बनाया गया?     अभियान डिजाइन करने से पहले जमीनी वास्तविकताओं की पड़ताल क्यों नहीं की गई?

जूते बचाने के लिए बुजुर्ग की पीठ पर चढ़ा पटवारी, वीडियो वायरल होते ही हुआ सस्पेंड

सीधी  जिले में एक पटवारी को जूतों की चिंता भारी पड़ गई और उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पूरा मामला जिले के माटा गांव का है जहां से एक पटवारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में पटवारी एक बुजुर्ग की पीठ पर लदकर नाला पार करते दिख रहे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद बवाल मचा और अब जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी को निलंबित कर दिया है। जूते बच गए, पटवारी नहीं माटा गांव में बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर पटवारी द्वारा पानी से भरे नाले को पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय ने माटा गांव पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। वहीं मामले में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपद बनास प्रिया पाठक द्वारा पटवारी हल्का माटा नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया असंवेदनशील एवं अपमानजनक व्यवहार पाए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग की पीठ पर लदकर किया था नाला पार पूरा मामला माटा गांव से जुड़ा है, यहां रहने वाले ललवा केवट के घर और जमीन तक एक छोटे से नाले को पार कर ही जाना पड़ता है। पूरे साल इस नाले में थोड़ा बहुत पानी रहता है। करीब एक साल पहले किसान ललवा केवट की फसल और घर को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। जंगली जानवरों के कारण हुए नुकसान का सर्वे करने के लिए माटा गांव के पटवारी नीलेश नामदेव पहुंचे थे। जूते गीले न हों इस कारण नाले को पार करने के लिए पटवारी बुजुर्ग ललवा केवट की पीठ पर लद गए थे और नाला पार किया था। इसका वीडियो सामने आया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

रिश्वत लेते पकड़ी गई पटवारी, जमीन पट्टा के लिए ₹1 लाख की मांग, लोकायुक्त ने ₹5 हजार लेते दबोचा

 धार  धार जिले की सरदारपुर तहसील में शुक्रवार को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक महिला पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पटवारी जमीन का पट्टा जल्दी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग कर रही थी। लोकायुक्त टीम ने उसे आवेदक से पहली किश्त के रूप में पांच हजार रुपये लेते समय धर दबोचा।लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई के तहत इंदौर इकाई ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। पट्टा दिलाने के नाम पर मांगे थे रुपये जानकारी के अनुसार, ग्राम कुमारिया खेड़ी (ग्राम पंचायत भानगढ़), तहसील सरदारपुर निवासी 53 वर्षीय लक्ष्मण कुमावत ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने जिस जमीन पर मकान बनाया है और उसके पीछे की जमीन पर उसका कब्जा है, उसका पट्टा उसके नाम होना है। लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा इस संबंध में आवेदक ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को शिकायत की। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 13 मार्च 2026 को ट्रेप दल का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी पटवारी श्रीमती भारती राजपूत को आवेदक से पहली किश्त के रूप में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में शामिल अधिकारी ट्रेप दल में कार्यवाहक निरीक्षक आशुतोष मिठास, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक मनीष माथुर, आरक्षक कृष्णा अहिरवार और महिला आरक्षक भारती बागोरा शामिल रहे।