samacharsecretary.com

मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी राजीव उर्फ सूर्या को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

पटना पटना के फुलवारीशरीफ क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। राजीव कुमार उर्फ सूर्या, पिता यदु राय, निवासी सिद्धी घाट, दीवान मोहल्ला (थाना खाजेकलां, जिला पटना) का आपराधिक इतिहास लंबा बताया जाता है। वह आलमगंज और खाजेकलां थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर लूट, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार रखने, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त, धोखाधड़ी तथा बिहार मद्य निषेध कानून के उल्लंघन सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में आलमगंज थाना कांड संख्या 560/22 (26 जुलाई 2022) में उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 399, 402, 34 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1b)a/26 के तहत डकैती की तैयारी और अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज हुआ था। इसी वर्ष 23 जुलाई को आलमगंज थाना कांड संख्या 550/22 में धारा 394 IPC के तहत लूट का केस भी दर्ज किया गया। वर्ष 2023 में चोरी के माल से जुड़े मामलों में उसका नाम सामने आया। आलमगंज थाना कांड संख्या 732/23 (14 अगस्त 2023) और कांड संख्या 734/23 में धारा 413/414 IPC के तहत कार्रवाई हुई। वहीं खाजेकलां थाना कांड संख्या 530/23 में धारा 414 IPC और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(a) के तहत मामला दर्ज किया गया। वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ नए मामले दर्ज हुए। आलमगंज थाना कांड संख्या 595/24 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) तथा आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। खाजेकलां थाना कांड संख्या 290/24 और सुलतानगंज थाना कांड संख्या 271/24 में धारा 309(4) BNS के तहत मामले दर्ज हैं। इससे पहले मेंहदीगंज थाना कांड संख्या 184/20 में उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी के सामान से संबंधित धाराओं 420, 467, 468, 469, 471 और 414 IPC के तहत केस दर्ज था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। फिलहाल मुठभेड़ की विस्तृत जांच जारी है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई: मासूमों को बंधक बनाने वाले शख्स को लगी गोली, एनकाउंटर में मौत

मुंबई  मुंबई के पवई इलाके में गुरुवार दोपहर एक ऐसी घटना घटी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 17 बच्चों सहित कुल 19 लोगों बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित आर्य की पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। बता दें कि एक एक्टिंग स्टूडियो में दिनदहाड़े एक व्यक्ति ने कुल 19 लोगों को बंधक बना लिया था। बंधकों में 17 बच्चे भी शामिल थे। यह घटना दोपहर के समय हुई, जब बच्चे क्लास में थे। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने स्टूडियो के मालिक से किसी विवाद के कारण ऐसा कदम उठाया था। बताया जा रहा कि इस दौरान वह बच्चों को धमकी भी दे रहा था।   रिपोर्ट के अनुसार, करीब 100 बच्चे यहां ऑडिशन देने के लिए आए। इसी दौरान एक स्टूडियो में काम करने वाला एक शख्स 20 बच्चों को बंधक बना लिया। बताया जाता है कि आरोपी यूट्यूब चैनल भी चलाता था। जानकारी के मुताबिक वह चार-पांच दिनों से वह यहां ऑडिशन करवा रहा था। 80 बच्चों को भेज दिया था वापस गुरुवार को ऑडिशन करवाने के बाद उसने करीब 80 बच्चों को वापस भेज दिया। और अन्य बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। कमरे में बंद बच्चे खिड़कियों से बाहर देख रहे थे। इस बात की खबर जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तुरंत स्थानीय थाना पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑपरेशन शुरू की। बताया जा रहा है कि इस दौरान झड़प होने के बाद पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, जिससे उसकी मौत हो गई। क्या बोली पुलिस? वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि सभी बच्चों को घटनास्थल से सुरक्षित बचा लिया गया है। रोहित आर्या नाम के व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना से पहले आरोपी ने वीडियो जारी कर कहा था कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है और अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया, तो वह सब कुछ आग लगा देगा और खुद को और परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।  

महरौली और नांगलोई में पुलिस एनकाउंटर, चार अपराधियों को लगी गोली

नई दिल्ली दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अपराधियों के खिलाफ दो अहम ऑपरेशन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. महरौली और नांगलोई इलाके में हुए एनकाउंटरों में पुलिस ने कई बदमाशों को अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं में सुरक्षा बलों की सतर्कता और पेशेवर रवैये की बदौलत गंभीर नुकसान को टाला जा सका. महरौली थाने की टीम ने काकू पहाड़िया नाम के कुख्यात अपराधी को एनकाउंटर के दौरान पकड़ लिया है. पुलिस का कहना है कि काकू पहाड़िया पर कई आपराधिक मामलों में वारंट थे, जिनमें अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े मामले भी शामिल हैं. महरौली पुलिस को अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल एक शातिर अपराधी के बारे में सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने लाडो सराय स्मशान घाट रोड पर नाकाबंदी कर दी. लगभग 3:15 बजे एक संदिग्ध ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर उसने गोलियां चला दीं. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद हमलावर को पकड़ लिया गया, उसके पैर में चोट आई है. आरोपी की पहचान 27 वर्षीय कनिष्क उर्फ ​​कोकू उर्फ ​​विशाल निवासी मदनगीर दिल्ली के रूप में हुई है. उसके पास से दो पिस्टल, भरी हुई मैगजीन और चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी है, जबकि एक कॉन्स्टेबल के हाथ में चोट आई है. गोली लगने से घायल काकू पहाड़िया को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया. नांगलोई में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ इसी तरह, नांगलोई इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इसमें चार बदमाशों में से तीन घायल हो गए और उन्हें पकड़ लिया गया. डीसीपी आउटर सचिन शर्मा ने बताया कि यह वही गिरोह था, जो दो दिन पहले पुलिस के साथ हुई एक हॉट चेज के दौरान फायरिंग कर भाग निकला था. पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फिर से फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने बताया कि दोनों एनकाउंटरों में सुरक्षा बलों ने सतर्कता दिखाते हुए काम किया. दोनों मामलों में पुलिस ने जनता और अपने अधिकारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी. दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि इन एनकाउंटरों के पीछे का उद्देश्य न केवल अपराधियों को पकड़ना है, बल्कि राजधानी में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है. एनकाउंटर के बाद जांच और पूछताछ जारी है, जिससे पूरे गिरोह और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.

एनकाउंटर में सौरभ हत्याकांड का आरोपी घायल, पुलिस ने दबोचा

गयाजी सौरभ हत्याकांड में गया जी पुलिस ने एक अपराधी को एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया है। घायल अपराधी की पहचान बंटी कुमार के रूप में की गई है और उसे इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है। मामला बीते बुधवार का है, जब गया नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र, बैरागी मोहल्ला में अपराधियों ने भाजपा नेता उपेंद्र प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार की फिल्मी स्टाइल में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आज सुबह हत्या में शामिल कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान बंटी कुमार को गोली मारकर जख्मी किया गया। इस मामले में गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान को भी आरोपी बनाया गया है। सीनियर एसपी आनंद कुमार का बयान इस संबंध में सीनियर एसपी आनंद कुमार ने बताया कि सौरभ हत्याकांड में पुलिस ने चार अपराधियों को बकरौर गांव से गिरफ्तार करने गई थी। इसी दौरान गुरुआ और गुरारू बार्डर पर स्थित असनी गांव के पास हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जबाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें अपराधी बंटी कुमार को दो गोली लगी। जिसमें बंटी घायल हो गया। पुलिसिया कार्रवाई में सौरभ हत्याकांड में शामिल नीतीश और राहुल समेत चार को गिरफ्तार की है। घायल अपराधी को पुलिस कस्टडी में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।