samacharsecretary.com

Rajkummar Rao First Look: सौरव गांगुली की बायोपिक से सामने आया पहला लुक, ‘दादा’ के अंदाज में छाए एक्टर

मुंबई  क्रिकेट और बॉलीवुड के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चर्चा में रही सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला लुक आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का किरदार निभा रहे हैं। फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी तारीफ शुरू कर दी है। फिल्म का पहला लुक सौरव गांगुली के जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया। इसी के साथ मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा की। पोस्टर में राजकुमार राव लॉर्ड्स की बालकनी वाले उस यादगार पल को दोबारा जीते दिखाई दे रहे हैं, जब साल 2002 में नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद सौरव गांगुली ने अपनी टी-शर्ट हवा में लहराकर जीत का जश्न मनाया था। फर्स्ट लुक में फिर दिखा लॉर्ड्स वाला ऐतिहासिक पल फिल्म का पोस्टर आते ही सोशल मीडिया पर लोगों को सबसे पहले 2002 की वही ऐतिहासिक जीत याद आ गई। इंग्लैंड के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद सौरव गांगुली का टी-शर्ट लहराने वाला जश्न भारतीय क्रिकेट के सबसे आइकॉनिक पलों में गिना जाता है। राजकुमार राव ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से जुड़ा पहला लुक शेयर किया। उन्होंने सौरव गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। फैंस का कहना है कि राजकुमार का लुक और बॉडी लैंग्वेज काफी हद तक गांगुली जैसी लग रही है। फिल्म में सिर्फ क्रिकेट नहीं, संघर्ष और कप्तानी की कहानी भी दिखेगी ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ सिर्फ एक क्रिकेट फिल्म नहीं होगी, बल्कि यह भारतीय क्रिकेट के एक ऐसे दौर की कहानी भी दिखाएगी, जब टीम इंडिया बदलाव के दौर से गुजर रही थी। सौरव गांगुली को उस कप्तान के तौर पर याद किया जाता है, जिन्होंने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया और भारतीय टीम को विदेशों में जीतना सिखाया। स्पोर्ट्स बायोपिक फिल्मों को पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ऐसे में सौरव गांगुली की जिंदगी पर बनी यह फिल्म भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास मानी जा रही है। मेकर्स की ओर से रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है, जबकि शूटिंग अभी जारी है। फर्स्ट लुक ने साफ कर दिया है कि फिल्म में उस दौर की कई यादगार घटनाओं को बड़े पर्दे पर दोबारा जीवंत करने की कोशिश की जाएगी।

महारानी-4 और दिल्ली क्राइम-3 में हुमा कुरैशी की परफॉर्मेंस देख राजकुमार राव बोले-मुझे तुम पर गर्व

मुंबई,  ‘भूल चूक माफ’ और ‘मालिक’ में अपने बेहतरीन अभिनय से सबका मनोरंजन करने वाले अभिनेता राजकुमार राव ने अपनी बेस्ट फ्रेंड और अभिनेत्री हुमा कुरैशी की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने उनकी दोनों हालिया रिलीज सीरीज महारानी-4 और दिल्ली क्राइम-3 को धमाकेदार बताया है। राजकुमार राव ने अपने इंस्टाग्राम पर हुमा कुरैशी की सीरीज महारानी-4 का ट्रेलर शेयर किया है। उन्होंने ट्रेलर की तारीफ कर लिखा, “महारानी के सभी सीजन पहले से हटकर और जबरदस्त तरीके से परफॉर्म कर रहे हैं और अब दिल्ली क्राइम-3 आ रही है। हुमा, तुमने अपने शानदार काम से सबको पीछे छोड़ दिया है। मुझे तुम पर गर्व है, मेरी दोस्त, ऐसे ही आगे बढ़ती जाओ।” बिहार की राजनीति पर बनी सीरीज महारानी-4, 7 नवंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम हो चुकी है और सीरीज को फैंस की तरफ से बहुत अच्छा रेस्पॉन्स भी मिल रहा है। फिल्म को ऐसे वक्त रिलीज किया गया है, जब पहले से ही बिहार में चुनाव चल रहे हैं। इसके अलावा हुमा की दिल्ली क्राइम-3 भी 13 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इस सीरीज में एक्ट्रेस ने निगेटिव रोल प्ले किया है, जो सिर्फ राज्य स्तर पर नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानव तस्करी कर रही हैं। दोनों की सीरीज सस्पेंस और थ्रिलर से भरी हैं। राजकुमार राव और हुमा कुरैशी ने एक साथ बहुत सारी फिल्मों में काम किया है। दोनों को ‘मोनिका-ओह मॉय डार्लिंग’, ‘मालिक’ और ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर-2’ में साथ देखा गया था। राजकुमार राव को आखिरी बार ‘भूल चूक माफ’ और ‘मालिक’ फिल्म में देखा गया था। दोनों ही फिल्में पर्दे पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं, जिसके बाद दोनों ही फिल्मों को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। साथ ही एक्टर को कुछ समय पहले ही फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया था। उन्हें फिल्म ‘श्रीकांत’ के लिए बेस्ट एक्टर क्रिटिक्स का अवॉर्ड मिला था। राजकुमार ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए पूरी टीम को धन्यवाद दिया था। उन्होंने लिखा था, “इस फिल्म के लिए मैंने बहुत मेहनत की और जब शाहरुख खान सर आपके प्रदर्शन के लिए इतने अच्छे शब्द कहते हैं, तो सब कुछ जादुई लगता है।”  

राजकुमार राव को ‘श्रीकांत’ के लिए मिला क्रिटिक्स बेस्ट एक्टर फिल्मफेयर अवॉर्ड, शाहरुख की तारीफ को बताया ‘जादुई’

मुंबई,  70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 में राजकुमार राव ने फिल्म ‘श्रीकांत’ में अपनी शानदार परफॉर्मेंस के लिए क्रिटिक्स चॉइस बेस्ट एक्टर (मेल) का खिताब जीता। अहमदाबाद के ईकेए अरेना में शाहरुख खान, करण जौहर और मनीष पॉल की मेजबानी में हुए इस समारोह में राजकुमार ने अवॉर्ड लेते समय शाहरुख खान की तारीफ को ‘जादुई’ बताया, जिनकी प्रेरणा और सराहना ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। इसका एक वीडियो राजकुमार राव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “’श्रीकांत’ के लिए क्रिटिक्स बेस्ट एक्टर फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतना मेरे लिए गर्व का पल है। इस फिल्म में मैंने दिल और आत्मा झोंक दी, और जब शाहरुख खान जैसे दिग्गज मेरे काम की तारीफ करते हैं, तो यह अनुभव जादुई हो जाता है। शुक्रिया, सर! श्रीकांत बोल्ला, जिनकी प्रेरक जिंदगी ने हमें उनकी कहानी दर्शकों तक पहुंचाने का हौसला दिया, उन्हें मेरा दिली शुक्रिया। मेरी पत्नी पत्रलेखा को भी धन्यवाद, जिन्होंने मुझे हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। और सबसे बड़ा धन्यवाद मेरे दर्शकों का, जिन्होंने ‘श्रीकांत’ को इतना प्यार दिया। मैं वादा करता हूं कि ऐसी ही शानदार कहानियों के साथ आपका मनोरंजन करता रहूंगा।” इस फिल्म में उन्होंने दृष्टिबाधित उद्योगपति श्रीकांत बोल्ला का किरदार निभाया था। बोलैंट इंडस्ट्रीज के संस्थापक श्रीकांत बोल्ला की इस बायोपिक को तुषार हीरानंदानी ने डायरेक्ट किया है। इसमें दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री ज्योतिका, अलाया एफ और शरद केलकर जैसे सितारे भी हैं। इस अवॉर्ड नाइट में किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ की धूम रही। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सहित 13 पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ पटकथा, सर्वश्रेष्ठ संवाद, सर्वश्रेष्ठ गीत और सर्वश्रेष्ठ पार्श्व संगीत जैसी श्रेणियों में भी बाजी मारी। अभिनय की कैटेगरी में अभिषेक बच्चन (आई वांट टू टॉक) और कार्तिक आर्यन (चंदू चैंपियन) ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार साझा किया, जबकि आलिया भट्ट ने ‘जिग्रा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड्स राजकुमार राव (श्रीकांत) और प्रतिभा रांटा (लापता लेडीज) को उनके उल्लेखनीय अभिनय के लिए दिए गए।