samacharsecretary.com

कांग्रेस पर रामदास आठवले का हमला, बोले- राहुल गांधी के रहते सत्ता दूर

मुंबई केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी, ऐसा अब उनकी पार्टी के नेताओं को भी लगने लगा है। मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि मणिशंकर अय्यर का बयान सही है। कांग्रेस पार्टी जनता का नेतृत्व नहीं कर सकती और राहुल गांधी पार्टी को मजबूत या प्रतिष्ठित नहीं बना सकते। मणिशंकर अय्यर ने जो कहा, यही उसका सार है। उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। मेरे साथ उनके संबंध बहुत अच्छे रहे हैं। अय्यर बहुत नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता भाजपा में आ रहे हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी। कांग्रेस पार्टी घोषणाबाजी और हंगामा करने का काम करती है। कांग्रेस पार्टी में कुछ दम नहीं है। जनता ने पीएम मोदी को तीन बार सत्ता की कुर्सी पर बैठाया है। जनता का भरोसा पीएम मोदी के साथ है। बांग्लादेश में तारिक रहमान की सरकार बनने पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि बहुमत के साथ उनकी सरकार बनी है। भारत और बांग्लादेश के संबंध बहुत अच्छे रहे हैं। तारिक रहमान को भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने की जरूरत है। बांग्लादेश की बेरोजगारी हटानी है तो भारत के साथ संबंध अच्छा बनाना चाहिए। चुनाव में उनकी जीत पर पीएम मोदी ने बधाई दी है। भविष्य में दोनों देशों के संबंध अच्छे होंगे। टीपू सुल्तान विवाद पर केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि मालेगांव की डिप्टी मेयर के कार्यालय में टीपू सुल्तान की प्रतिमा रखने का निर्णय ठीक नहीं था। मुस्लिम समुदाय को विवाद वाली बात नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस नेता को भी यह देखना चाहिए कि ऐसा बयान नहीं देना चाहिए जिससे विवाद पैदा हो। शिवाजी महाराज के साथ टीपू सुल्तान की तुलना नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस नेता की हर तरफ निंदा हो रही है। पीएम मोदी के मुंबई दौरे को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई में हैं और उनके साथ फ्रांस के राष्ट्रपति भी हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति और पीएम मोदी व्यापार के संबंध पर चर्चा करेंगे, जिससे जरूर भारत और फ्रांस दोनों को लाभ होगा। वंदे मातरम का कांग्रेस नेता विरोध जताए जाने पर रामदास आठवले ने कहा कि हरि प्रसाद को यह अधिकार नहीं है। पहले वे बताएं कि नेता कांग्रेस के हैं या फिर पाकिस्तान के। अगर कांग्रेस के नेता हैं तो वंदे मातरम से उन्हें दिक्कत क्या है? यह हमारा राष्ट्रगीत है और इसका विरोध करना ठीक नहीं है।

महाराष्ट्र निकाय चुनाव: सीटों पर असंतोष, आठवले बोले—ज़रूरत पड़ी तो अकेले मैदान में उतरेंगे

मुंबई   स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने चेतावनी दी है कि अगर हमें मनचाही सीटें नहीं मिलती हैं तो हम अपने दम पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि हम आगामी चुनावों में भाजपा के साथ हैं. उक्त बातें आठवले ने रिपब्लिकन पार्टी की महाराष्ट्र राज्य कार्यकारिणी की गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक यशवंतराव चव्हाण केंद्र में हुई बैठक में कहीं. मीडिया को जानकारी देते हुए आठवले ने कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. इसमें स्थानीय निकाय चुनाव, मुंबई महानगरपालिका चुनाव में सीटों का आवंटन और महायुति सरकार में रिपब्लिकन पार्टी की भागीदारी, किस जिले में महायुति के साथ चुनाव लड़ा जाए और किस जिले में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा जाए आदि पर विचार-विमर्श किया गया. इस बैठक में कई जिलों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे. आरपीआई के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश महातेकर ने कहा, "हम भाजपा के साथ हैं. लेकिन अगर कर्म, धर्म या संयोगवश भाजपा हमें मनचाही सीटें नहीं देती है, तो हमने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने की कोशिश करने का निर्देश दिया है." समन्वय समिति की बैठक बुलाई जाए: रामदास आठवले ने कहा कि भाजपा को स्थानीय निकाय चुनावों या मुंबई महानगरपालिका चुनावों में हमारी मांग के अनुसार हमें सीटें देनी चाहिए, अन्यथा हम कुछ स्थानों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे. खास बात ये है कि हम महायुति सरकार में शामिल हैं. लेकिन महायुति समन्वय समिति की बैठक जो हर मंगलवार को होती है. लेकिन रिपब्लिकन पार्टी को उस बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया है. इसलिए रामदास अठावले ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर बात करुंगा कि हमें भी उस बैठक में आमंत्रित किया जाए. इस बीच, बैठक में आरपीआई के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष राजाभाऊ सर्वदे, राष्ट्रीय महासचिव अविनाश महातेकर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बाबूराव कदम, प्रदेश महासचिव गौतम सोनावणे, मुंबई अध्यक्ष सिद्धार्थ कसारे और अन्य उपस्थित थे.