samacharsecretary.com

लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त: रणवीर सिंह को कोर्ट की दो-टूक, ‘कानून से ऊपर कोई नहीं’

कर्नाटक गोवा में आयोजित इफ्फी 2025 में रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा' के एक सीन की नकल की थी। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। अभिनेता के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर शिकायत दर्ज हुई। मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। आज मंगलवार को कर्नाटक हाईकोर्ट की तरफ से उन्हें राहत मिली है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, 'रणवीर सिंह को राहत देते हुए कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह एक स्थानीय देवता का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के मामले में बॉलीवुड एक्टर के खिलाफ कोई सख्त कदम न उठाए। बेशक रणवीर सिंह को कोर्ट ने राहत दे दी हो, मगर साथ ही फटकार भी लगाई। गोवा में एक इवेंट के दौरान कर्नाटक के देवता का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के लिए एफआईआर रद्द करने की अभिनेता की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एम नागप्रसन्ना की बेंच ने बेंगलुरु पुलिस को यह निर्देश दिया। हालांकि, बेंच ने एक्टर को उनके बर्ताव के लिए फटकार भी लगाई और कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेंच ने उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया। हाईकोर्ट ने सख्त लहजे में कहा, 'सुपरस्टार कानून से ऊपर नहीं होते'। रणवीर के खिलाफ हुई थी एफआईआर बता दें कि रणवीर सिंह ने 30 नवंबर, 2025 को गोवा में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह के दौरान 'कांतारा' के सीन की नकल की थी। एक्टर की इस मिमिक्री और टिप्पणी से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक वकील ने एक्टर के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए शहर की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के निर्देश पर शहर की पुलिस ने 'धुरंधर' के लीड एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। रणवीर सिंह का वर्क फ्रंट बता दें कि ने इफ्फी 2025 में कथित तौर पर चावुंडी (चामुंडा) देवी का मजाक बनाया। इस दौरान 'कांतारा' मूवी फेम कन्नड़ एक्टर-डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी भी मौजूद थे। क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान रणवीर ने ऋषभ शेट्टी की खूब तारीफ की। उन्होंने 'कांतारा 3' में खुद काम करने की ख्वाहिश भी जताई। साथ ही फिल्म के एक सीन की नकल कर दी। रणवीर सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे अपनी आगामी फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी।

एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ छोड़ने पर बतौर मुआवजा 40 करोड़ रुपये की मांग की

नई दिल्ली,  रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' फिल्म छोड़ दी है और इसके बाद एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उनसे 40 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है। सूत्रों ने 'वैरायटी इंडिया' को बताया कि 'डॉन 3' के प्रोजेक्ट से अचानक से अभिनेता के बाहर होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म जगत के कई सूत्रों ने बताया कि एक्सेल एंटरटेनमेंट का दावा है कि सिंह के फिल्म छोड़ने से उन्हें भारी वित्तीय नुकसान हुआ है। इसमें विकास कार्य पर हुआ खर्च और शेड्यूलिंग, प्लानिंग तथा अन्य प्री-प्रोडक्शन प्रतिबद्धताओं से जुड़ी देरी शामिल है। 'वैरायटी इंडिया' को एक ऐसा पत्र भी मिला है, जिससे पता चलता है कि प्रोडक्शन हाउस ने विभिन्न विभागों के प्रमुखों से इस प्रोजेक्ट के बाहर काम खोजने को कहा है। सूत्रों का कहना है कि बैनर का मानना है कि रणवीर सिंह को कंपनी के हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। हालांकि, कहा जा रहा है कि सिंह इस दावे का कड़ा विरोध कर रहे हैं और उनका तर्क है कि वह किसी भी राशि का भुगतान करने के लिए उत्तरदायी नहीं हैं। अभिनेता के करीबी लोगों ने कहा है कि रणवीर का तर्क है कि उन्होंने अतीत में भी कई प्रोजेक्ट छोड़े हैं और तब ऐसी मुआवजे की मांग का सामना नहीं करना पड़ा, इसलिए इस मामले को अलग तरह से नहीं देखा जाना चाहिए। नाम न छापने की शर्त पर, एक सूत्र ने 'वैरायटी इंडिया' को बताया, "रणवीर का दावा है कि उन्होंने यह प्रोजेक्ट इसलिए छोड़ा, क्योंकि वे पटकथा से खुश नहीं थे। वे लगातार बदलावों की मांग कर रहे थे और उन्हें फाइनल ड्राफ्ट पसंद नहीं आया। दूसरी ओर एक्सेल का दावा है कि उन्होंने प्री-प्रोडक्शन का काम रणवीर सिंह की हरी झंडी मिलने के बाद ही शुरू किया था। पिछले शुक्रवार को सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के प्रतिनिधियों के बीच दो घंटे की बैठक के दौरान विवाद पर चर्चा हुई, लेकिन कथित तौर पर बातचीत बिना समाधान के समाप्त हो गयी। अंदरूनी सूत्रों ने इस बैठक को 'विवादास्पद' बताया, जिसमें दोनों पक्षों ने प्रोजेक्ट के पटरी से उतरने के लिए जवाबदेही और वित्तीय जिम्मेदारी पर असहमति जतायी। फिलहाल दोनों पक्षों में बढ़ते तनाव को कम करने और मामला सुलझाने के लिए 'प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया' (पीजीआई) मध्यस्थता कर रही है।  

रणवीर सिंह–अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस ने जीता दिल, सोशल मीडिया पर हुई वाहवाही

मुंबई 'ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी मारेगा भी', बस इतनी सी कहानी है इस फिल्म की लेकिन इसको पिरोया बड़े ही करीने से गया है। निर्देशक, कलाकारों और कहानी पर की गई ये मेहनत जब आप सिनेमाघरों में देखते हैं तो आप सीट से चिपके रहते हैं। फिल्म किस बारे में है? इसमें क्या क्या दिखाया गया है ? चलिए जानते हैं.. कहानी इतनी कसी की साढ़े तीन घंटे यूं गुजर गए फिल्म शुरू होती है कंधार हाईजैक की घटना से। आतंकवादियों की इस हरकत पर भारत के आईबी चीफ अजय सान्याल (आर माधवन) तगड़ा जवाब देना चाहते थे, पर सरकार ने उनके प्लान को नजर अंदाज कर दिया। इसके कुछ साल बाद आतंकवादी संसद हमले को अंजाम देते हैं, तब जाकर सरकार अजय सान्याल के प्लान 'धुरंधर' पर काम करने के लिए सहमत होती है। प्लान के तहत हमजा (रणवीर सिंह) को अफगानिस्तान के रास्ते पाकिस्तान भेजा जाता है। यहां जाकर उसका पहला काम रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) की गैंग में शामिल होना है। रहमान के बेटे को बचाने की कोशिश करके वो उसकी गैंग का हिस्सा बन जाता है। इसी बीच हमजा वहां की हुकूमत के खास जमील यमाली (राकेश बेदी) की बेटी एलीना (सारा अर्जुन) को अपने फायदे के लिए प्यार में फंसा लेता है। आगे काम के सिलसिले में रहमान के साथ हमजा की मुलाकात आईएसआई चीफ मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) से होती है। इकबाल, हमजा की आंखों के सामने ही 26/11 मुंबई हमले को अंजाम देता है। दूसरी तरफ सियासत के लालच में जमील यमाली, एसपी चौधरी असलम (संजय दत्त) को रहमान डकैत को मारने का ऑफर देता है। अब क्या हमजा रहमान को बचाएगा? क्या रहमान और पाकिस्तान की हुकूमत को हमजा की सच्चाई पता चल जाएगी ? हमजा और एलीना की प्रेम कहानी का क्या अंजाम होगा? ये जानने के लिए 3 घंटे 30 मिनट की यह फिल्म देखनी होगी।  फिल्म की कास्टिंग इतनी शानदार है कि आप इसे देखते हुए कई बार चौंकेंगे। शुरुआत आर माधवन से होती है। उनके सीन थोड़े कम हैं लेकिन जितने हैं उतने उनके जैसे कलाकार के लिए काफी हैं। उनके एक्सप्रेशन सब कह जाते हैं। रणवीर सिंह वैसे कितने ही मजाकिया क्यों न हों पर फिल्म में उन्होंने जो किया है, आप उनके फैन हो जाएंगे। वो बोले कम हैं पर उनका काम आप पर असर ज्यादा करेगा। फिल्म के हर सीन की जरूरत के हिसाब से वो खुद को बड़े ही अच्छे से ढालते हैं। अक्षय खन्ना का फिल्म में बड़ा रोल है। 'छावा' में वो पल भर के लिए दिखते थे, यहां वो बार-बार और काफी वक्त तक दिखेंगे। अभिनय तो उनका हमेशा से ही तगड़ा रहा है, पर इस फिल्म में वो हैंडसम भी दिखे हैं। कई बार 90 के दशक के अक्षय खन्ना की भी याद आती है। सारा अर्जुन को फिल्म में 19 साल का ही दिखाया गया है। उन्होंने अपने किरदार के साथ न्याय किया है। उनकी मासूमियत और खूबसूरती परदे पर दिखती है। संजय दत्त का रोल बाकियों के मुकाबले छोटा है पर वो असरदार है। उनकी एंट्री मजेदार है और डायलॉग्स भी। अर्जुन रामपाल को ट्रेलर में देखकर खौफ लगा था, फिल्म में देखकर भी लगेगा। उनका काम ठीक ठाक और रोल उम्मीद से थोड़ा कम है। राकेश बेदी फिल्म की आन बान और शान हैं। उन्होंने गिरगिट जैसा मुश्किल किरदार बड़े ही प्यार से निभाया। वो ही आपको पूरी फिल्म में हंसाते हैं। इन सबके अलावा छोटे रोल में मानव गोहिल, सौम्या टंडन और बाकी सभी कलाकारों का काम बेहतरीन है। निर्देशक की पैनी नजर है फिल्म की ताकत निर्देशक और लेखक आदित्य धर इससे पहले विक्की कौशल अभिनीत 'उरी' का निर्देशन कर चुके हैं। उस फिल्म की तरह इस फिल्म में भी उन्होंने दर्शकों की नब्ज नहीं छोड़ी। आदित्य ने छोटी-छोटी बारीकियों पर बखूबी ध्यान दिया। पाकिस्तान का माहौल अच्छे से बनाया। कई सीन खौफनाक हैं और वो आपको अंदर तक महसूस होते हैं। कलाकारों के लुक और मेकअप पर जमकर मेहनत हुई है। छोटे-छोटे किरदार भी मंझे हुए कलाकारों से करवाए ताकि कोई कमी न रहे। इतनी लंबी फिल्म में अक्सर निर्देशक कोई न कोई गलती कर ही जाते हैं, पर यहां कोई कमी नहीं है। तारीफ करनी होगी इस बात की कि इतनी सीरियस फिल्म के अंदर भी वह कई कॉमेडी सीन ले आते हैं और फिल्म कहीं भी हल्की भी नहीं होती। फिल्म की रफ्तार बीच में एक दो जगह कम होती है पर यह खटकती नहीं क्योंकि यह कहानी की जरूरत है। फिल्म वास्तविक घटनाओं से होकर गुजरती है इसलिए कई रॉ फुटेज और ऑडियो भी पेश किए गए हैं। ये आपको याद दिलाते हैं कि आतंकवाद ने हमें कितने गहरे जख्म दिए हैं। ये नए इंडिया का सिनेमा है ये फिल्म यकीनन कुछ नया लेकर आई है वो भी नए अंदाज में। यहां एक जासूस वाकई जासूस लगता है, न कि सुपरहीरो। कहानी असल घटनाओं से जुड़ी हुई है। डेविड हेडली और अजमल कसाब जैसे किरदारों को जब स्क्रीन पर देखेंगे तो चौंक जाएंगे। ये नए इंडिया का नया सिनेमा है, जरूर देखना चाहिए। हां, इस बात का ध्यान जरूर रखें कि यह ए-रेटिंग वाली फिल्म है और इसमें गालियां और खून-खराबा है, तो परिवार या बच्चों के साथ कतई न जाएं।  

रणवीर सिंह ने दिखाई ‘धुरंधर’ की झलक, अर्जुन रामपाल का लुक बना चर्चा का विषय

मुंबई, बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह ने फिल्म धुरंधर से अर्जुन रामपाल का लुक सोशल मीडिया पर शेयर किया है। रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म धुरंधर को लेकर चर्चा में हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बन रही फिल्म धुरंधर में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का ट्रेलर भी जल्द ही आने वाला है। इस बीच रणवीर सिंह ने अर्जुन रामपाल का एक शानदार लुक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो काफी वायरल हो रहा है। अर्जुन रामपाल का ‘धुरंधर’ लुक फैंस के बीच चर्चा में है। रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अर्जुन रामपाल का दमदार लुक शेयर किया। इस पोस्ट के साथ रणवीर सिंह ने कैप्शन में लिखा, धुरंधर का ट्रेलर 12 नवंबर को 12.12 बजे आएगा। इस पोस्टर में अर्जुन रामपाल को इंटेंस लुक में देखा जा सकता है. जैकेट, चश्मे और इंटेंस लुक के साथ अर्जुन का यह किलर अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। फिल्म धुरंधर 05 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।