samacharsecretary.com

रोहित शर्मा बस की सीढ़ियों से गिरे, सपोर्ट स्टाफ ने तुरंत संभाला; चोट की पुष्टि नहीं

नई दिल्ली वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद तिरुवनंतपुरम से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। 27 सितंबर 2026 की रात ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच खत्म होने के बाद जब भारतीय टीम होटल लौट रही थी, तब पूर्व कप्तान रोहित शर्मा टीम बस की सीढ़ियों से उतरते वक्त संतुलन खो बैठे और जोर से नीचे गिर गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रोहित का पैर सीढ़ी से फिसल गया, जिसके बाद वहां मौजूद सपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दौड़कर उन्हें उठाया और संभाला। राहत की बात यह है कि BCCI या रोहित शर्मा की ओर से किसी भी तरह की चोट की पुष्टि नहीं की गई है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विराट कोहली रोहित शर्मा को लेकर काफी चिंता में आ गए और बाकि अन्य खिलाड़ी जीत का जश्म मना रहे थे। दो महीने बाद वनडे फॉर्मेट में रोहित की हुई है वापसी 39 साल के दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने दो महीने के लंबे ब्रेक के बाद वनडे प्रारूप में वापसी की है। इससे पहले उन्होंने 19 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी वनडे खेला था। इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों की वनडे टीम में वापसी हुई है। भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंदा तिरुवनंतपुरम में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में भारत ने वेस्टइंडीज पर 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जस्टिन ग्रीव्स के शतक, जॉन कैंपबेल और अमिर जांगू के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवर में 295/7 का स्कोर बनाया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। 296 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान शुभमन गिल (110) और विराट कोहली (139)* के शानदार शतकों की बदौलत बेहद आसानी से 8 विकेट से मुकाबला जीत लिया। सीरीज का आगे का शेड्यूल शुभमन गिल की कप्तानी और केएल राहुल की उप-कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम अब सीरीज के अगले दो मुकाबलों के लिए तैयार है। 30 सितंबर 2026 को गुवाहाटी में दूसरा मुकाबला और 3 अक्टूबर 2026 में न्यू चंडीगढ़ में तीसरा वनडे खेला जाएगा। 3 वनडे मैचों की सीरीज खत्म होने के बाद 17 अक्टूबर तक दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज भी खेली जाएगी।  

रोहित शर्मा का 2027 वर्ल्ड कप पर बड़ा बयान, बोले- अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपने भविष्य पर बड़ा संकेत दिया है. टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित फिलहाल वनडे क्रिकेट में भारत के लिए खेलते हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले रोहित ने साफ किया कि उनके लिए क्रिकेट में अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है. जियोस्टार से बातचीत में रोहित शर्मा ने कहा कि उनके दिमाग में यह विचार कभी नहीं आया कि उनका काम पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा, 'यह विचार मेरे दिमाग में कभी नहीं आएगा कि जो काम मुझे करना था, वह खत्म हो गया है.' रोहित ने आगे कहा कि जब तक वह क्रिकेट खेल रहे हैं, तब तक उनके सामने कुछ न कुछ हासिल करने के लिए जरूर रहेगा. उन्होंने 2027 वर्ल्ड कप को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा, 'जब तक आप खेल रहे हैं, आगे देखने के लिए हमेशा कुछ न कुछ होता है. मैं वर्ल्ड कप का इंतजार कर रहा हूं और देख रहा हूं कि मेरे लिए आगे क्या है.' रोहित ने यह भी बताया कि ICC टूर्नामेंट सामान्य सीरीज से अलग चुनौती पेश करते हैं. अलग-अलग विरोधी टीमों और अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने के लिए तैयारी और सोच में बदलाव करना पड़ता है. 2023 में ट्रॉफी से चूक गए थे रोहित रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद टीम का खिताब जीतने का सपना टूट गया था. रोहित अब 2027 वर्ल्ड कप में इस अधूरे लक्ष्य को पूरा करने की कोशिश करते नजर आ सकते हैं. 2027 वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है. रोहित ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी बना ली है, लेकिन वनडे में उनका सफर अभी जारी है. विराट कोहली भी 2027 वर्ल्ड कप को अपना आखिरी विश्व कप बता चुके हैं. ऐसे में रोहित और कोहली की जोड़ी एक बार फिर भारत के लिए वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर धमाल मचाते नजर आ सकती है.

रोहित की लॉर्ड्स में 138 रन की पारी का असर, वेस्टइंडीज सीरीज में फिर मौका

नई दिल्ली वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान हुआ, तो रोहित शर्मा का नाम फिर स्क्वॉड में था. उनके साथ यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे विकल्प भी मौजूद हैं. यानी यह चयन किसी एक खिलाड़ी के लिए रास्ता रोकने का फैसला नहीं, बल्कि 2027 की टीम को आकार देने की प्रक्रिया का हिस्सा है. लेकिन इस कहानी का असली ट्विस्ट स्क्वॉड में रोहित का नाम नहीं है. असली कहानी है कि दो महीने में रोहित शर्मा को लेकर सवाल से जवाब तक का सफर कैसे बदल गया. कप्तानी गई, तो हर रन का हिसाब शुरू हुआ शुभमन गिल को वनडे कप्तानी सौंपे जाने के बाद रोहित की भूमिका पूरी तरह बदल गई. अब टीम उनके इर्द-गिर्द नहीं बन रही थी. वह सिर्फ एक बल्लेबाज थे और बाकी खिलाड़ियों की तरह उनकी जगह भी प्रदर्शन से तय होनी थी. यह बदलाव इसलिए भी बड़ा था क्योंकि रोहित अब भारत के लिए सिर्फ ODI क्रिकेट खेल रहे हैं. टेस्ट और T20 इंटरनेशनल से उनके संन्यास के बाद उनके पास फॉर्म साबित करने के मौके भी सीमित हैं. ऐसे में एक खराब सीरीज सिर्फ खराब सीरीज नहीं रहती, वह चयन की बहस का हिस्सा बन जाती है. ऑस्ट्रेलिया में रोहित ने पहले 73 और फिर नाबाद 121 रन बनाकर दिखाया कि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. लेकिन इसके बाद की 11 पारियों में उनके बल्ले से 57, 14, 75, 26, 24, 11, 16, 48, 79, 11 और 26 रन निकले. इनमें 75 और 79 जैसी पारियां थीं, लेकिन वह एक बड़ी, निर्णायक पारी गायब थी जो बाकी सारी चर्चाओं पर भारी पड़ सके. फिर इंग्लैंड सीरीज आई. बर्मिंघम में 11 रन और कार्डिफ में 47 गेंदों पर 26 रन. सवाल और तेज हो गए. क्या 2027 तक रोहित को लेकर सोचना भी चाहिए? क्या युवा ओपनरों को आगे बढ़ाने का वक्त आ गया है? 138 रन ने बदल दिया सवाल इंग्लैंड ने 387 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को ऐसी पारी की जरूरत थी जो मैच को वापस उसकी मुट्ठी में ला सके. रोहित ने वही किया… उन्होंने सिर्फ 110 गेंदों पर 138 रन ठोक दिए. 17 चौके और 5 छक्के. भारत मैच तो 27 रन से हार गया, लेकिन रोहित ने उस दिन एक अलग मैच जीत लिया- अपने भविष्य को लेकर चल रही बहस का. यह पारी इसलिए महत्वपूर्ण नहीं थी कि रोहित ने एक और शतक पूरा कर लिया. इसकी अहमियत इसलिए थी क्योंकि यह पारी उस वक्त आई जब उनके भविष्य पर सबसे ज्यादा सवाल उठ रहे थे. एक 39 साल के बल्लेबाज ने दिखाया कि उम्र और हालिया फॉर्म के आंकड़ों के बावजूद उनके बल्ले में अभी भी ऐसी ODI पारी निकालने की क्षमता है जो मैच की दिशा बदल सकती है. यही वह बिंदु था जहां सवाल बदल गया.पहले सवाल था- रोहित को और कितना खिलाया जाए? अब सवाल है- अगर रोहित इसी तरह की पारियां देते रहे तो उन्हें बाहर कैसे रखा जाए? 2027 की रेस अभी खुली है इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि रोहित का 2027 वर्ल्ड कप टिकट पक्का हो गया है. ऐसा मानना जल्दबाजी होगी. भारत के पास ओपनिंग के लिए कई विकल्प हैं. यशस्वी जायसवाल लंबे समय की योजना का हिस्सा हो सकते हैं. ऋतुराज गायकवाड़ भी ODI टीम में मौजूद हैं. शुभमन गिल पहले ही कप्तान और टीम के केंद्रीय बल्लेबाज बन चुके हैं. BCCI ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI स्क्वॉड में इन विकल्पों को साथ रखा है. यानी रोहित को किसी विशेषाधिकार के आधार पर जगह नहीं मिलनी है. उन्हें रन बनाने होंगे, फिट रहना होगा और अपनी जगह को लगातार सही साबित करना होगा. लेकिन लॉर्ड्स की 138 ने इतना जरूर किया कि रोहित के लिए दरवाजा फिर से खुला हुआ दिखाई देने लगा. असली परीक्षा अब शुरू होगी वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी और तीनों मुकाबले भारत में खेले जाएंगे. इसके बाद नवंबर में न्यूजीलैंड, दिसंबर में श्रीलंका और जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज भी निर्धारित है. इसका मतलब है कि 2027 वर्ल्ड कप से पहले भारत के पास अपने ODI संयोजन को परखने के लिए कई मौके हैं. रोहित के लिए भी यही असली परीक्षा है. एक बड़ी पारी ने बहस बदली है, खत्म नहीं की. लॉर्ड्स की 138 ने उन्हें 2027 की टीम में जगह नहीं दिलाई, लेकिन उसने चयनकर्ताओं के लिए एक बात जरूर मुश्किल कर दी- रोहित शर्मा को अभी से भविष्य की तस्वीर से बाहर मान लेना. क्रिकेट में महान खिलाड़ियों की सबसे बड़ी ताकत कई बार सिर्फ उनके आंकड़े नहीं होते. वह क्षमता होती है कि जब दुनिया आपको कहानी का पुराना किरदार मानने लगे, तब आप एक ऐसी पारी खेल दें जिससे पूरी कहानी फिर लिखनी पड़े.  

रोहित शर्मा ने 2027 वर्ल्ड कप पर तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है’

नई दिल्ली भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुरुवार को 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर बड़ा बयान दिया. हालांकि उनका जवाब छोटा था, लेकिन इसने उनके भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा दे दी. रोहित से जब पूछा गया कि क्या वह अक्टूबर 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे, तो उन्होंने कहा, 'अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे.' ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में एक दर्शक के सवाल पर रोहित ने यह जवाब दिया. टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके रोहित के भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लग रही हैं. ऐसे में 2027 वर्ल्ड कप को लेकर उनका यह छोटा सा जवाब खासा अहम माना जा रहा है. 2027 का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाना है. रोहित उस समय टीम इंडिया के साथ होंगे या नहीं, इसका फैसला फिलहाल भविष्य के गर्भ में है. ‘अब बस परेड मुश्किल है…’ इसी दौरान रोहित से एक और दिलचस्प सवाल पूछा गया. उनसे कहा गया कि अगर भारत 2027 वर्ल्ड कप जीतता है तो क्या 2024 टी20 वर्ल्ड कप की तरह मुंबई में खुली बस में विजय परेड निकाली जाएगी? रोहित ने इस पर भी मुस्कुराते हुए छोटा सा जवाब दिया, 'मुझे नहीं लगता कि अब बस परेड संभव होगी.' 2024 में रोहित की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीता था. वेस्टइंडीज से ट्रॉफी लेकर लौटने के बाद मुंबई में टीम की ऐतिहासिक खुली बस विजय परेड हुई थी. रोहित की फॉर्म पर सवाल क्यों? रोहित के भविष्य को लेकर चर्चा के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया पहले ही साफ कर चुके हैं कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनकी जगह पर सवाल उठाना बेमानी है. सैकिया ने कुछ दिन पहले बीसीसीआई की समीक्षा बैठक के बाद कहा था कि रोहित शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनकी आखिरी वनडे पारी में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 138 रन बनाए थे. ऐसे में उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाने की जरूरत नहीं है.

क्रिकेट के बाद टीवी पर ‘हिटमैन’ की नई पारी, रोहित शर्मा होस्ट करेंगे फैमिली शो

नई दिल्ली 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा क्रिकेट के मैदान से इतर अब टीवी स्क्रीन पर भी नजर आने वाले हैं. पूर्व भारतीय कप्तान 'फैमिली फुल हाउस' (Family Full House) से बतौर होस्ट टेलीविजन डेब्यू करने जा रहे हैं. शो का प्रीमियर 19 सितंबर 2026 को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और Sony LIV पर होगा. रोहित का यह नया कदम उनके क्रिकेट करियर के आखिरी दौर की ओर इशारा जरूर करता है, लेकिन इसे संन्यास का संकेत मानना जल्दबाजी होगी l रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके हैं. हालांकि, ओडीआई क्रिकेट में उनका सफर जारी है और वह भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं. टीवी शो की मेजबानी उनके करियर का एक नया पहलू जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने वनडे क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया है l 'फैमिली फुल हाउस' एक फैमिली एंटरटेनमेंट शो है, जिसमें रोहित शर्मा होस्ट की भूमिका निभाएंगे. शो का पूरा फॉर्मेट अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसके प्रमोशन ने पहले ही लोगों का ध्यान खींच लिया है. प्रोमो में रोहित के कप्तानी के दिनों के चर्चित ‘गार्डन’ कमेंट को भी दोबारा दिखाया गया है. इससे साफ है कि शो में उनके क्रिकेट करियर और उनकी मजेदार शख्सियत की झलक भी देखने को मिल सकती है l BCCI के नियम में क्या प्रावधान? रोहित शर्मा के टीवी डेब्यू के बाद उनके क्रिकेट भविष्य को लेकर सवाल उठना लाजिमी है, लेकिन टीवी शो की मेजबानी और इंटरनेशनल क्रिकेट को एक साथ जारी रखने में कोई आधिकारिक बाध्यता नहीं है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के नियम में ये कहीं नहीं लिखा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव क्रिकेटर्स टीवी शो होस्ट नहीं कर सकते l रोहित शर्मा की नजरें 2027 वनडे विश्व कप पर अभी से हैं. लॉर्ड्स में भारत के पिछले ओडीआई मैच में रोहित ने शानदार शतक लगाया था. वह इस ऐतिहासिक मैदान पर ओडीआई शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बने. इस प्रदर्शन ने एक बार फिर ओडीआई क्रिकेट में उनकी उपयोगिता को सामने रखा l रोहित शर्मा आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भी खेलते हैं. यानी फिलहाल उनके करियर में क्रिकेट और मनोरंजन, दोनों की भूमिका बढ़ती दिखाई दे रही है. टीवी पर नई पारी की शुरुआत रोहित के करियर में बड़ा बदलाव जरूर है, लेकिन अभी इसे क्रिकेट से विदाई नहीं माना जा सकता. खासकर ओडीआई और 2027 विश्व कप को लेकर उनकी योजनाएं अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं l

रोहित शर्मा के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, राष्ट्रपति ने दिया पद्मश्री सम्मान

  नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके रोहित शर्मा को मंगलवार (23 जून) को पद्मश्री से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।  रोहित शर्मा का नाम जनवरी 2026 में घोषित पद्म पुरस्कार विजेताओं की सूची में शामिल किया गया था. खेल जगत में उनके असाधारण योगदान, भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और बतौर बल्लेबाज शानदार उपलब्धियों के लिए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया।  राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस समारोह में कुल 65 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए गए, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री सम्मान शामिल रहे. इससे पहले 25 मई को भी पद्म पुरस्कारों के लिए सम्मान समारोह आयोजित हुआ था, जिसमें राष्ट्रपति ने 66 हस्तियों को सम्मानित किया था।  रोहित शर्मा के अलावा विजय अमृतराज, अलका याज्ञनिक और ममूटी जैसी कई नामी हस्तियां भी सम्मानित की गईं. रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार हैं. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं। 

प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदबाजी, रोहित के तीन कैच ने मचाया धमाल

चेन्नई भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (21 जून) को वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपनी शानदार फील्डिंग से सुर्खियां बटोरीं. 39 वर्षीय रोहित ने स्लिप रीजन में लगातार तीन बेहतरीन कैच लपककर यह साबित कर दिया कि उम्र भले बढ़ रही हो, लेकिन वो अपनी शानदार फिटनेस को बरकरार रखे हुए हैं. खास बात यह रही कि रोहित शर्मा ने जो तीनों कैच पकड़े, वे सभी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर आए. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में प्रसिद्ध की धारदार गेंदबाजी और रोहित की बेहतरीन कैचिंग ने अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत में प्रसिद्ध कृष्णा ने रहमानुल्लाह गुरबाज को अपनी अतिरिक्त उछाल से चकमा दिया. गेंद गुरबाज के बल्ले के बाहरी किनारे पर लगी और पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने बिना कोई गलती किए आसान कैच लपक लिया. इसके बाद रहमत शाह क्रीज पर आए. एक चौका लगाने के बाद वह लय में दिख रहे थे, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया. ऑफ स्टम्प के बाहर जाती गेंद बल्ले के किनारे पर लगी और रोहित शर्मा ने दूसरी बार कैच पकड़कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. अफगानिस्तान अभी इन झटकों से उबर भी नहीं पाया था कि प्रसिद्ध कृष्णा ने इब्राहिम जादरान को भी अपने जाल में फंसा लिया. जादरान का बल्ला गेंद को छू गया और स्लिप में मौजूद रोहित शर्मा ने तीसरा लगातार कैच पकड़कर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। पावरप्ले में प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान को  एक और झटका दिया, जब उन्होंने युवा बल्लेबाज दरविश रसूली को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया. रोहित शर्मा के इन तीनों कैचों और प्रसिद्ध कृष्ण की तूफानी बॉलिंग ने ना सिर्फ अफगानिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया, बल्कि भारत को मुकाबले में पूरी तरह हावी भी कर दिया. ODI में पहले 10 ओवर्स में चार या उससे ज्यादा विकेट (भारतीय गेंदबाज) 5 मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, कोलंबो 2023 4 जवागल श्रीनाथ बनाम श्रीलंका, जोहानिसबर्ग 2003 4 भुवनेश्वर बनाम श्रीलंका, पोर्ट ऑफ स्पेन 2013 4 जसप्रीत बुमराह बनाम इंग्लैंड, द ओवल 2022 4 मोहम्मद सिराज बनाम श्रीलंका, तिरुवनंतपुरम 2023 4 अर्शदीप सिंह बनाम साउथ अफ्रीका, जोहानिसबर्ग 2023 4 प्रसिद्ध कृष्णा बनाम अफगानिस्तान, चेन्नई 2026

रोहित शर्मा के निशाने पर इतिहास, आज सेंचुरी जड़ी तो सचिन का बड़ा रिकॉर्ड होगा चकनाचूर

धर्मशाला इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी शनिवार, 13 जून को धर्मशाला के हिमाचर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना है। विराट कोहली चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं, ऐसे में हर किसी की नजरें रोहित शर्मा पर होगी। रोहित शर्मा इंजरी से वापस आ रहे हैं, आईपीएल 2026 के दौरान उन्हें हैम्सट्रिंग में चोट लगी थी। अब वह बीसीसीआई का टेस्ट पास कर अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए एकदम फिट है। रोहित शर्मा जैसे ही धर्मशाला के मैदान पर खेलने के लिए उतरेंगे वैसे ही वह 37 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे और वनडे में भारत के लिए खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी जी हां, इससे पहले यह रिकॉर्ड 1983 वर्ल्ड कप फाइनल के हीरो मोहिंदर अमरनाथ के नाम था। मोहिंदर अमरनाथ ने 1989 में अपना आखिरी वनडे खेला था, तब वह 39 साल और 36 दिन के थे। वहीं आज जब रोहित शर्मा मैदान पर उतरेंगे तो उनकी उम्र 39 साल 44 दिन होगी और वह भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। वहीं क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर, जिन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा क्रिकेट खेला है। उन्होंने भी अपना आखिरी वनडे 38 साल 329 दिन की उम्र में खेला था। सचिन का आखिरी मैच 18 मार्च 2012 को मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ था। सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी पर हैं ‘हिटमैन’ मौजूदा आंकड़ों पर नजर डालें तो बतौर भारतीय ओपनर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा फिलहाल सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर खड़े हैं. सचिन तेंदुलकर ने अपने पूरे करियर में बतौर ओपनर खेलते हुए कुल 45 शतक जड़े थे. वहीं, रोहित शर्मा भी अब तक बतौर ओपनर 45 शतक ठोक चुके हैं. आज अफगानिस्तान के खिलाफ अगर रोहित शर्मा 100 रनों का आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर ओपनर अपना 46वां शतक पूरा कर लेंगे. ऐसा करते ही वह सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर बन जाएंगे।  वॉर्नर के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड रोहित शर्मा अगर आज सचिन का रिकॉर्ड तोड़ते हैं, तो उनकी नजरें सिर्फ भारत के नंबर वन ओपनर बनने पर नहीं, बल्कि दुनिया का नंबर वन ओपनर बनने पर भी टिक जाएंगी. फिलहाल, बतौर ओपनर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम है, जिन्होंने ओपनिंग करते हुए 49 शतक बनाए हैं. रोहित (45 शतक) इस वर्ल्ड रिकॉर्ड से अब महज 4 कदम दूर हैं।  सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ना या उसकी बराबरी करना किसी भी क्रिकेटर के करियर का सबसे बड़ा माइलस्टोन होता है. रोहित शर्मा पहले ही वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक और एक वर्ल्ड कप (2019) में 5 शतक लगाने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. लेकिन सचिन के इस रिकॉर्ड की बराबरी करना उनके करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ देगा।  ODI खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बात ODI खेलने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर की करें तो, ओवरऑल रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के टॉप-ऑर्डर बैटर नोलन क्लार्क के नाम है। क्लार्क 47 साल और 257 दिन के थे, जब उन्होंने 5 मार्च 1996 को रावलपिंडी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ डच टीम को रिप्रेजेंट किया था। ODI में खेलने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ियों की लिस्ट में क्लार्क के बाद ज़िम्बाब्वे के जॉन ट्रेकोस और इंग्लैंड के नॉर्मन गिफोर्ड हैं। ट्रेकोस ने अपना आखिरी ODI 45 साल और 312 दिन की उम्र में खेला था, जबकि गिफोर्ड ने अपना आखिरी ODI 44 साल और 361 दिन की उम्र में खेला था। रोहित शर्मा 6 रन बनाते ही करेंगे एक और कमाल हिटमैन रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ 6 रन बनाते ही इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर 16000 रन पूरा कर लेंगे। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे भारतीय ओपनर बनेंगे। सहवाग ने पारी का आगाज करते हुए 16,119 रन बनाए थे, अगर रोहित शर्मा को उन्हें पछाड़ना है तो इस सीरीज में कम से कम 126 रन बनाने होंगे।  

BCCI चिंतित: रोहित शर्मा को फिटनेस टेस्ट पास करना होगा

 नई दिल्ली  भारत के दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर बड़ी समस्या सामने आ रही है। उनकी फिटनेस की वजह से वर्ल्ड कप 2027 में खेलना भी सवालों के घेरे में है। रोहित आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में चोटिल हुए थे और कुछ मुकाबले में नहीं खेल सके थे। इसके बाद वे इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेल रहे हैं, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। रोहित को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज में जगह मिली है। उन्हें भारतीय टीम में चुना गया है लेकिन उनका खेलना पक्का नहीं है क्योंकि उन्हें पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। उनके लगातार चोटिल होने की वजह से वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भी शर्मा की फिटनेस को लेकर चिंतित है। रोहित शर्मा की फिटने से BCCI चिंतित टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, रोहित उन तीन हफ्तों के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलें में नहीं आए। उनका शरीर पहले से पतला हुआ है लेकिन इस बात को लेकर चिंता है कि क्या वे 50 ओवर तक फील्डिंग कर सकते हैं। उन्हें 50 ओवर फील्डिंग करनी होगी क्योंकि आईपीएल की तरह यहां पर इम्पैक्ट प्लेयर का नियम नहीं होता है। जब आप 40 के करीब होते हैं, तो शरीर ठीक होने में समय लगता है। यशस्वी जायसवाल हो सकते हैं बैकअप ओपनर रोहित अगर पूरी तरह से फिट नहीं होते हैं, तो यशस्वी जायसवाल को मौका मिल सकता है। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में ईशान किशन को इस वजह से चुना गया है ताकि वे सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा सकें। हालांकि, अगर रोहित के विश्व कप में खेलने पर संशय हुआ, तो जायसवाल उनकी जगह पारी की शुरुआत कर सकते हैं। उन्हें बैकअप ओपनर के तौर पर चयनकर्ताओं ने तैयार करना शुरू भी कर दिया है। रोहित से खुश नहीं टीम मैनेजमेंट रिपोर्ट में बताया गया है कि रोहित से टीम मैनेजमेंट खुश नहीं है। रोहित ने 2023 विश्व कप में आक्रामक अंदाज में शुरुआत की थी। वे पहली ही गेंद पर अटैक करने को देखते हैं। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने, जब ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बैटिंग की, तो उनकी बल्लेबाजी में वो आक्रामक रुख नहीं दिखा। उनके आक्रामक शैली नहीं अपनाने की वजह से मैनेजमेंट नाराज है।  

रोहित शर्मा का नया टीवी शो जल्द, टीजर ने बढ़ाया फैंस का एक्साइटमेंट

इंडियन क्रिकेट टीम के स्टार बैटर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जो भी काम करते हैं, वो हमेशा उनके फैंस को पसंद ही आता है. फिर चाहे वो कोई इंटरव्यू हो या ऐड, रोहित का निराला अंदाज हमेशा लोगों के दिलों पर छाए रहता है. ऐसे में क्या होगा जब क्रिकेटर वही अंदाज लेकर खुद टीवी पर आ जाएं? तो अब ऐसा जल्दी होने वाला है. रोहित शर्मा सोनी टीवी पर जल्द अपना एक नया रियलिटी शो लेकर आएंगे. बीते दिनों इसका मजेदार टीजर जारी किया गया, जिसमें क्रिकेटर का वही अंदाज दिखा. हालांकि इस टीजर में ये नहीं बताया गया कि उनका शो क्या और किस बारे में होगा. लेकिन रोहित ने अभी से फैंस की एक्साइटमेंट को दोगुना कर दिया है. क्यों अपनी एक लाइन से परेशान हुए रोहित? क्रिकेटर के शो के टीजर में हम उन्हें उनके फैंस से मिलते हुए देखते हैं, जो रोहित से उनकी आइकॉनिक लाइन 'कोई गार्डन में नहीं घूमेगा' बोलने की डिमांड करते हैं. जितने भी फैंस आकर उनसे मिलते हैं, सभी रोहित से यही डिमांड रखते हैं जिससे बाद में वो परेशान भी हो जाते हैं. एक वक्त पर रोहित इस कदर परेशान हो जाते हैं कि वो किसी को कॉल करके अपने घर की छत पर हो रहे गार्डन का काम रुकवा देते हैं. यहां देखें रोहित के नए शो का टीजर: अंत में वो खुद सोचते हैं कि जब उनकी ये एक लाइन इतनी वायरल हो सकती है, तो क्या होगा जब उनका पूरा शो टीवी पर आएगा? जिसके बाद हम खुद रोहित को स्माइल करते देख सकते हैं. सोनी टीवी ने रोहित के शो को सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट डेब्यू घोषित किया है. उनके करोड़ों फैंस को बस अब इस शो का इंतजार है, जिसमें वो अपने फेवरेट क्रिकेटर को होस्ट करते देख सकेंगे. जब क्रिकेटर्स ने की होस्टिंग रोहित से पहले कई और क्रिकेटर्स अपना शो लेकर आ चुके हैं, जिसे उन्होंने खुद होस्ट भी किया है. पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली बंगाली टीवी पर अपना क्विज शो 'दादागिरी अनलिमिटेड' के लिए फेमस हैं. इसके अलावा हरभजन सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, वसीम अकरम, श्रीशांत, सनथ जयसूर्या जैसे वर्ल्ड क्लास क्रिकेटर्स भी टीवी पर नजर आ चुके हैं. क्रिकेटर्स को दर्शकों का हमेशा से प्यार मिला है. अब रोहित शर्मा, जो खुद क्रिकेट के सुपरस्टार माने जाते हैं, वो जब टीवी पर अपना शो लेकर आएंगे तो जनता उसे कितना प्यार देगी ये देखने लायक बात होगी. बात करें रोहित शर्मा की, तो उन्होंने टेस्ट और टी20 क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है. वो सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं. इन दिनों रोहित आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते दिखाई दे रहे हैं. ये सीजन भी उनकी बैटिंग का जलवा दिखाई दे रहा है.