samacharsecretary.com

अनंत सिंह के दावों पर संजय झा का पलटवार

पटना जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दावा किया कि पटना स्नातक सीट से पार्टी के एमएलसी कैंडिडेट नीरज कुमार बड़े अंतर से जीत रहे हैं। दूसरी ओर, जेडीयू विधायक अनंत सिंह का दावा है कि नीरज यह चुनाव बड़े अंतर से हारने जा रहे हैं। बिहार विधान परिषद चुनाव में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के दावों की खिल्ली उड़ाई है। झा ने शनिवार को दावा किया कि पटना स्नातक सीट से जेडीयू के एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार बड़े मार्जिन से चुनाव जीतेंगे। दूसरी ओर, जेडीयू विधायक अनंत सिंह कह रहे हैं कि इस चुनाव में नीरज की करारी हार होगी। वह नीरज के खिलाफ प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से लड़ रहे अनुज सिंह का प्रचार भी कर रहे हैं। एमएलसी चुनाव में नीरज और अनंत सिंह की लड़ाई पहले ही जगजाहिर हो चुकी है। राज्यसभा सांसद एवं जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शनिवार को कहा कि विधान परिषद चुनाव के संबंध में जो उनके पास फीडबैक आया है, उसके अनुसार बिहार की आठों MLC सीटों पर एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि पटना में भी स्नातक सीट से जेडीयू कैंडिडेट नीरज कुमार और शिक्षक सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कैंडिडेट नवल किशोर यादव की बड़े अंतर से जीत होने वाली है। वहीं, अनंत सिंह के 9 हत्याओं वाले हालिया बयान पर संजय झा ने कहा कि प्रदेश पार्टी संगठन के संज्ञान में सबकुछ है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का बयान आया। उसके बाद उनकी सफाई भी आई। पार्टी सब पर नजर बनाए हुए है। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इनमें शिक्षक और स्नातक कोटे की 4-4 सीटें हैं। पटना स्नातक सीट से चुनाव लड़ रहे जेडीयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार का अनंत सिंह खुलकर विरोध कर रहे हैं। इससे पार्टी में असहज स्थिति बनी हुई है। अनंत सिंह खुलेआम नीरज कुमार को इस चुनाव में बड़े अंतर से हराने का दावा कर रहे हैं। साथ ही, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का घूम-घूमकर प्रचार भी कर रहे हैं। अनंत सिंह ने नीरज को बताया अपना सबसे बड़ा दुश्मन अनंत सिंह का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने उनका विरोध किया था। इसलिए एमएलसी चुनाव में वह उनका विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में मोकामा विधायक ने नीरज को अपना एकमात्र दुश्मन बताया। जेडीयू विधायक ने कहा कि पूरी दुनिया में उनका एक ही दुश्मन है और वो नीरज कुमार हैं। अनंत और नीरज की अदावत से बिहार का सियासी पारा गर्माया हुआ है। दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी भी हो रही है। एक दिन पहले नीरज के सवाल उठाने पर अनंत सिंह ने पत्रकारों से कहा था कि उन्होंने नीतीश कुमार के लिए कुर्बानी दी है। नीतीश कुछ नहीं थे। उनके लिए हम अपने 9 लोगों को मरवा दिए। बाद में उन्होंने इस बयान पर सफाई देते हुए कहा कि जब उनके घर पर एसटीएफ की छापेमारी हुई थी, तब उनके 9 लोगों की हत्या कर दी गई थी। अनंत सिंह ने तत्कालीन आरजेडी सरकार पर पुलिस भेजकर उनके आदमियों को मरवाने का आरोप लगाया। सुलह की कोशिश नाकाम जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व ने अनंत सिंह और नीरज में सुलह की कोशिश भी की, लेकिन कोई बात नहीं बन पाई। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अनंत को नीरज के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी करने से मना किया। इसके बावजूद मोकामा विधायक, नीरज के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं। दूसरी ओर, नीरज भी अनंत सिंह का नाम लिए बिना उन पर तीखे पलटवार कर रहे हैं।

बिहार की राजनीति में नई हलचल: JDU के बिना सरकार गठन पर संजय झा ने क्या कहा?

पटना बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत और 200 से अधिक सीटों का जादुई आंकड़ा पार करने के बाद राजनीतिक हलचल तेज है। इसबार के चुनावी आंकड़ों को देखने के बाद कयासों का बाजार भी गर्म है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि बिहार की 243 सीटों में से सबसे ज्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं। वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं। सीटों की संख्या में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसके बाद से कुछ लोगों का दावा है कि भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाएगी। हालांकि, जेडीयू ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू के दौरान ऐसे तमाम अटलकों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए एकजुट है। भाजपा और जेडीयू के अलावा एनडीए में शामिल चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास ) को 19 सीटें मिली हैं। वहीं, जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को पांच सीटें, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा चार सीटें जीतने में सफल रही है। ऐसे में यह संख्या 202 तक पहुंच जाती है। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। लालू यादव की पार्टी को सिर्फ 25 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। वहीं सहयोगी दल कांग्रेस को छह सीटें मिली हैं। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन को दो सीटें मिली हैं। असदुद्दीन औवेसी की पार्टी एआईएमआईएम पांच सीटें जीतने में कामयाब रही है। इसके अलावा इंडियन इन्क्लुसिव पार्टी (IIP), माकपा और बहुजन समाज पार्टी को एक-एक सीट मिली है। संख्या को देखते हुए कयासों का बाजार गरमाया हुआ है। नीतीश के बिना भाजपा के सरकार चलानी की अटकलें लगाई जा रही हैं। एक थ्योरी यह भी गढ़ी जा रही है कि नीतीश कुमार और विपक्ष के तमाम दलों के साथ सरकार बन सकती है। उसमें ओवैसी का भी साथ रहे। इन तमाम अटकलों को लेकर संजय झा से सवाल पूछे गए। उनसे पूछा गया कि क्या बिना जेडीयू के भी सरकार बना सकती है बीजेपी? क्या नीतीश ही पांच साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे? संजय झा ने साफ शब्दों में जवाब देते हुए कहा, “मैं इस तरह की अटकलों पर टिप्पणी नहीं कर सकता। समय आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा। एनडीए के भीतर किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है।” एनडीए की अंदरूनी राजनीति पर क्या असर पड़ेगा? इस सवाल के जवाब पर संजय झा ने कहा “डायनमिक्स वही रहेंगे। हम सब मिलकर काम कर रहे हैं और हमारे बीच बेहतरीन तालमेल है। इतनी बड़ी जीत के बाद हमारा फोकस सिर्फ यह है कि हम जनता के लिए डिलीवरी करें। केंद्र और राज्य के बीच संबंध पहले से ही बहुत अच्छे हैं।” उन्होंने कहा, “यह जीत एनडीए के एकजुट होकर लड़ने का नतीजा है। इसमें चिराग पासवान भी शामिल हैं। अगर सभी गठबंधन साझेदार एकसाथ नहीं होते, तो 200 का आंकड़ा पार करना संभव नहीं था।”