samacharsecretary.com

पंजाब में त्योहारों से पहले बड़ी साजिश नाकाम, पाकिस्तान से आई AK-47 और ग्रेनेड की खेप पकड़ी

अमृतसर त्यौहारों से पहले पंजाब की अमन शांति को खराब करने की पाकिस्तान व विदेश में बैठी ताकतों की कोशिश को अमृतसर रूरल पुलिस ने नाकाम कर दिया है। अमृतसर देहाती पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ दिया है। पुलिस टीम ने इस कार्रवाई में हथियारों की खेप के साथ तस्कर को भी अरेस्ट किया है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार अमृतसर रूरल पुलिस ने AK 47 राइफल, उसकी मैगजीन, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और दो खतरनाक हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। AK-47 और हैंड ग्रेनेड का मिलने से सुरक्षा एजेंसियां स्तर्क हो गई हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान बब्बा पुत्र भोला सिंह निवासी चीमा खुर्द थाना सराए अमानत खां जिला तरनतारन के तौर पर हुई है। मामले की शुरुआती जांच में विदेशी ताकतों के लिंक सामने आए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी विदेश में बैठे देश विरोधी ताकतों के संपर्क में था। पाकिस्तान से आयी खेप शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ है कि ये खेप पाकिस्तान से सरहद पार करवा भारत भेजी गई थी। इस रिकवरी के बाद अमृतसर के घरिंडा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ असला एक्ट (आर्म्स एक्ट) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (Explosive Substances Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लिंक खंगालने में जुटी पुलिस पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। आरोपी के पूरे नेटवर्क की अगली और पिछली कड़ियों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने में जुटी है कि यह हथियार किसे सप्लाई किए जाने थे और इसके पीछे क्या बड़ी वारदात अंजाम देने की योजना थी। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया है कि पंजाब की अमन शांति को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।  

ओडिशा से रीवा लाया गया नशा तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागा

रीवा. ओडिशा पुलिस की कस्टडी से रीवा लाया जा रहा कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा मंगलवार दोपहर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित छूहिया घाटी में तीन गाड़ियों से आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरकर कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर बेहोशी का स्प्रे किया और आरोपित को छुड़ाकर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सीधी और रीवा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा पुलिस की हिरासत में बंद आदित्य मिश्रा को ट्रांजिट रिमांड पर रीवा लाया जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस का वाहन जैसे ही छूहिया घाटी के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने तीन गाड़ियों से उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर बेहोशी का स्प्रे किया, जिससे वे कुछ देर के लिए अचेत हो गए। इसी दौरान बदमाश आदित्य मिश्रा को लेकर फरार हो गए। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घाटी और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान घटना की सूचना मिलते ही सीधी और रीवा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीधी एसपी और रामपुर नैकिन थाना पुलिस के साथ रीवा के अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। छूहिया घाटी और आसपास के जंगलों में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आरोपित को भगाने में इस्तेमाल की गई तीनों गाड़ियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपित और उसे छुड़ाने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है। कई राज्यों में दर्ज हैं गांजा तस्करी के मामले आदित्य मिश्रा रीवा-सीधी क्षेत्र का कुख्यात गांजा तस्कर बताया जाता है। उसके खिलाफ कई राज्यों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। ओडिशा पुलिस की कस्टडी से उसे छुड़ाने के लिए कथित तौर पर की गई इस सुनियोजित कार्रवाई ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

नशा तस्करों के खिलाफ चंडीगढ़ में बुलडोजर एक्शन, 18 मकानों की बनी लिस्ट

चंडीगढ़. नशा बेचने वालों के खिलाफ चंडीगढ़ प्रशासन ने पहली बार बड़ी कार्रवाई शुरू की है। नशा तस्करों के मकानों पर रविवार को बुलडोजर चलाया गया। पुलिस ने 18 नशा तस्करों के मकानों की सूची प्रशासन को सौंपी है। प्रशासन ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माणों को लेकर नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। रामदरबार में एक साथ 18 मकानों पर कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर भी हलचल है। प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने हर विभाग को नशे के खिलाफ कार्रवाई करने के निदेशक जारी किए हुए हैं।

लखनऊ में 12 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार से भारी नशे की खेप बरामद

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ा एक्शन लिया है. यहां करीब 12 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी को शहर के चौक थाना क्षेत्र में इमामबाड़ा के पास से पकड़ा गया. पुलिस ने उसके कब्जे से हेरोइन, मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नकदी भी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यूपी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि चौक इलाके में एक तस्कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की सप्लाई करने के लिए पहुंचने वाला है. इस सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।  टीम ने चौक थाना क्षेत्र में इमामबाड़ा के पास एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार में मौजूद आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है, जो लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के न्यू हैदरगंज इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. पूछताछ में पता चला है कि वह इस मादक पदार्थ को शहर में सप्लाई करने के लिए लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 6,080 रुपये नकद भी बरामद किए हैं. बरामद हेरोइन को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. वह किस गिरोह से जुड़ा है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।