samacharsecretary.com

मौसम का बड़ा अपडेट: 3 दिन तक तूफानी बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली  IMD ने देश के विभिन्न राज्यों में मौसम के बदलते मिजाज को लेकर अलर्ट जारी किया है। 24 मार्च से 26 मार्च के बीच उत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गर्जना की संभावना जताई गई है। खासतौर पर Western Disturbance के सक्रिय होने से राजस्थान और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का तांडव राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों, जिनमें जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर शामिल हैं, वहां पहले ही अच्छी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। आज यानी सोमवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चुरू और नागौर जैसे जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश के आसार हैं। विभाग का अनुमान है कि 25 और 26 मार्च को एक और हल्के विक्षोभ के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी भारत में आंधी-तूफान का संकट बिहार, झारखंड और ओडिशा में 24 से 28 मार्च के दौरान मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में भी 27 और 28 मार्च को भारी बारिश के साथ तेज अंधड़ चलने का अनुमान है। बिहार के कई जिलों, जैसे गया, पटना, बक्सर, रोहतास और चंपारण में 24 मार्च से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पटना में आज न्यूनतम तापमान 20°C और अधिकतम 29°C के आसपास रहने की उम्मीद है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश का हाल दिल्ली में आज बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन दिनभर तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल तापमान 18°C से 28°C के बीच रहेगा, जिससे प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि, 25 मार्च के बाद गर्मी बढ़ेगी और पारा 35°C को पार कर सकता है। यूपी में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 27 मार्च से लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ सहित कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 35°C तक जाने का अनुमान है।

राजस्थान में मौसम पलटा: बादल छाए, 14 मार्च को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

जयपुर राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश इलाकों तथा बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में आसमान में बादल छाए रहे। मौसम में आए इस बदलाव से दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई और लोगों को हीटवेव से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 से 12 दिनों के दौरान राज्य में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है। इनके प्रभाव से कई इलाकों में बादल छाने, हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इन मौसम प्रणालियों के असर से अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में गर्मी सामान्य स्तर पर रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 14 मार्च को राज्य के 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान कोटा में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बाड़मेर में पिछले कुछ दिनों से 40 से 41 डिग्री के बीच बना हुआ तापमान गिरकर 39.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। राजधानी जयपुर में भी सुबह से मौसम में हल्का बदलाव नजर आया। आसमान में हल्के बादल छाए रहने से दोपहर की धूप कमजोर रही। दोपहर से शाम तक हल्की धूलभरी हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दूसरा वेदर सिस्टम 19 मार्च से सक्रिय होगा, जिसका असर 19 से 21 मार्च के बीच देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में 23-24 मार्च तक तापमान सामान्य बने रहने की संभावना जताई गई है।