samacharsecretary.com

अमजोत सुसाइड केस में बड़ा खुलासा, प्रिंसिपल पर निजी काम करवाने और धमकाने के आरोप; सरकार सख्त

अमृतसर अमृतसर में 12वीं कक्षा की छात्रा के आत्महत्या करने के मामले में सरकार एक्शन में आ गई है। शिक्षामंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया गया है। स्कूल प्रशासन और मामले से जुड़े हर दोषी व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।  स्कूल प्रबंधन की ओर से फीस न देने सहित कई अन्य तरीके से परेशान किए जाने कारण जहर निगल कर खुदकुशी करने वाली छात्रा अमजोत कौर मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास अध्यापिका अकांक्षा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एसीपी गगनदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए रेड की जा रही है।  दसवीं का सर्टिफिकेट नहीं दे रहा था स्कूल अमजोत कौर ने डीडीआईएस स्कूल फतेहगढ़ चूडियां रोड से ग्यारहवीं कक्षा पास की थी और स्कूल प्रबंधन की ओर से उसे दसवीं का सर्टीफिकेट मुहैया नहीं करवाया जा रहा था। चरित्र पर उठाए जाते थे सवाल वहीं अब मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि छात्रा के चरित्र पर लगातार सवाल उठाए जाते थे। इतना ही नहीं स्कूल में प्रिंसिपल और क्लास अध्यापिका की ओर से लगातार अपने निजी और घरेलू काम करवाए जाते थे। परिवार का आरोप है कि जब छात्रा ऐसे काम करने से इन्कार करती थी तो उसे परीक्षा में फेल करने और नंबरों को प्रभावित करने की धमकियां दी जाती थीं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। इसी कारण परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। अमजोत कौर अपनी मासी सरबजीत कौर के पास रहती थी।  

जयपुर में XEN पति पर गंभीर आरोप, प्रताड़ना से तंग आकर अनु मीणा ने दी जान!

जयपुर जयपुर का अनु मीणा सुसाइड केस बेहद ही चौंकाने वाला है. अनु ने 7 अप्रैल को फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी, लेकिन 15 मई को एफआईआर दर्ज हुई. करीब 38 दिन बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी. परिजनों का कहना है कि अनु का पति गौतम मीणा उसकी बेरहमी से पिटाई करता था और लगातार प्रताड़ना से वो परेशान थी. इस बारे में महिला ने कई बार परिवार को भी बताया था. पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत एक्सईएन गौतम मीणा हर बार माफी मांगकर मामला ठीक करने की बात कहता था, लेकिन हालात नहीं सुधरे. बार-बार बेरहमी से पिटाई सहने के बाद उसने आत्महत्या कर ली. मृतका के भाई ने डीसीपी को दी शिकायत अनु मीणा का भाई नीरज डीसीपी से मिलने गया. इसके बाद पुलिस ने BNS 128 और 85 धारा के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मानसरोवर एसीपी आदित्य ककड़े को जांच सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है. शादी में लिए 5 लाख रुपये और होंडा सिटी कार अनु मीणा के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के समय ही पति गौतम मीणा और उसके मामा ने होंडा सिटी कार और 5 लाख रुपये की मांग की थी, जिसे परिवार ने शादी के समय ही पूरा कर दिया था. पीड़ित परिवार के मुताबिक, शादी में 60 लाख रुपये खर्च किए थे. इसके बावजूद गौतम अनु को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहा. कई बार उसने गाली-गलौज भी की. शराब पीकर मारपीट करता था गौतम जब परिजन मामला दर्ज करवाने गए तो समाज के पंच और रिश्तेदार की ओर से दवाब बनाया गया. पति गौतम मीणा पंचों के जरिए कोशिश कर रहा था कि किसी तरह मामला दब जाए. प्रकरण में समझौते की कोशिश होती रही, लेकिन नीरज को यह मंजूर नहीं था. पंचायत के दवाब के बावजूद वह एफआईआर दर्ज करने पर अड़ गया. नीरज ने आरोप लगाया कि शादी के बाद गौतम मीणा अपनी पत्नी अनु को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था. शादी के वक्त परिवार को नहीं पता था कि वह शराब का आदी है. अक्सर शराब पीकर वह मारपीट और गाली गलौज करता था.

हरियाणा पुलिस सतर्क: IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में हो सकता है बवाल

हरियाणा हरियाणा के सीनियर आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या से उपजे तनाव और असंतोष को देखते हुए हरियाणा सरकार को प्रदेश का माहौल खराब होने की चिंता सताने लगी है। विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सरकार ने सोमवार रात पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अलर्ट जारी किया है। सरकार ने सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा है। मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक शाखा की ओर से यह निर्देश जारी किए गए, जिसमें सभी डीसी, एसपी, आईजीपी और पुलिस आयुक्तों को कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है। सरकार के निर्देशों में कहा गया है कि हाल के दिनों में पूरन कुमार की मौत से जुड़े घटनाक्रमों को देखते हुए राज्य में सामाजिक तनाव की स्थिति बन सकती है इसलिए सभी जिलों में स्थानीय संगठनों और सामुदायिक नेताओं से समन्वय बनाए रखते हुए हालात पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि किसी भी ऐसी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें जो शांति और सौहार्द को प्रभावित कर सकती है। स्थिति की नियमित रिपोर्ट सरकार को भेजी जाए। राहुल गांधी के दौरे से सियासी पारा बढ़ा महापंचायत की तरफ से दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम का समय भी आज पूरा हो रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अमनीत पी कुमार के आवास पहुंचेंगे। उनके साथ सोनिया गांधी के भी आने की चर्चा है। राहुल गांधी के इस दौरे से सियासी पारा बढ़ गया है। विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक दबाव बढ़ने के बीच डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने छुट्टी की अवधि के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। हरियाणा सरकार ने कहा है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन अब तक पूरन कुमार का पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ है। उनकी पत्नी आईएएस अधिकारी अमनीत पी कुमार ने पोस्टमार्टम की इजाजत देने से इनकार कर दिया और वह इस मांग पर कायम हैं कि सरकार को पहले सुसाइड नोट में नामजद सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे। अब देखना ये होगा कि डीजीपी को छुट्टी पर भेजने के बाद वह पोस्टमार्टम के लिए राजी होंगी या नहीं। गृह मंत्री अमित शाह आज गुरुग्राम आयेंगे आईपीएस कुमार के सुसाइड के बाद से प्रदेश में बने माहौल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा रद्द हो गया है। वह 17 अक्टूबर को सोनीपत में रैली को संबोधित करने वाले थे। प्रदेश की नायब सरकार के एक साल पूरा होने के अवसर पर होने वाली रैली भी स्थगित कर दी गई है, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज गुरुग्राम आयेंगे। वह नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने आ रहे हैं। वे यहां एनएसजी के विशेष जवानों को संबोधित करेंगे और ब्लैक कैट स्पेशल ऑपरेशंस ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण के लिए भूमि पूजन समारोह में हिस्सा लेंगे। समारोह के दौरान एनएसजी की मैग्जीन का भी विमोचन करेंगे। नगर पालिका कर्मचारी संघ प्रदेश में प्रदर्शन करेगा कुमार के परिवार के समर्थन में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगा। कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया कि आज एक प्रतिनिधि मंडल सेक्टर 24 स्थित आवास पर पीड़ित परिवार से मिलेगा। सांत्वना देने के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कोई बड़ा और कड़ा निर्णय भी लिया जाएगा।