samacharsecretary.com

9वें दिन IPS वाई पूरन कुमार को विदा, बेटियों ने निभाई अंतिम संस्कार की भावुक भूमिका

हरियाणा  हरियाणा के आईपीएस अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-25 के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। पूरन कुमार की अंतिम यात्रा करीब 4 बजे सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट पहुंची थी। इस दौरान श्मशान घाट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। आईपीएस पूरन कुमार को पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई और बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस-प्रशासन और सरकार के प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद IPS की दोनों बेटियों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर आईएएस पत्नी अवनीत भी मौजूद रही।    मौके पर IPS की पत्नी IAS अमनीत पी. कुमार के साथ कैबिनेट मिनिस्टर कृष्ण लाल पंवार व श्याम सिंह राणा, ACS गृह सुमिता मिश्रा, CS अनुराग रस्तोगी, नवनियुक्त डीजीपी ओपी सिंह, आदि मौजूद रहे। बता दें आज सुबह यानी पूरन कुमार के सुसाइड के नौवें दिन चंडीगढ़ PGI में उनका पोस्टमॉर्टम हुआ। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस पूरे प्रोसेस में करीब 4 घंटे लगे। इसके बाद दोपहर 2.20 बजे एम्बुलेंस पूरन कुमार की डेडबॉडी लेकर सेक्टर-24 स्थित कोठी पर पहुंची।  बता दें कि 7 अक्टूबर को IPS अफसर वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित अपनी कोठी में सर्विस गन से सिर पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। उनकी उनकी IAS अफसर पत्नी अमनीत पी. कुमार CM नायब सैनी के साथ जापान के ऑफिशियल दौरे पर थीं। वह आज दोपहर साढ़े 12 बजे उनकी फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इसके बाद वह दोपहर 2 बजे दिल्ली से फ्लाइट लेकर चंडीगढ़ पहुंचेंगी। इसके बाद अंतिम संस्कार होगा।

पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर की इमारत पर चला पीला पंजा, निगम की बड़ी कार्रवाई

अमृतसर नगर निगम के एम.टी. विभाग ने शिरोमणि अकाली दल के वर्तमान पार्षद और पूर्व उप-मेयर अवतार सिंह ट्रकां वाले की इमारत पर सुबह करीब 4 बजे पीला पंजा चलाया। इस कार्रवाई के बाद अवतार सिंह ट्रकां वाले की एक व्यक्ति से झड़प हो गई, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारे में मामला गरमा गया और शहर में इस कार्रवाई की खूब चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार घी मंडी चौक स्थित अकाली पार्षद अवतार सिंह ट्रकां वाले की जगह पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके संबंध में निगम अधिकारियों के अनुसार उन्हें दो बार नोटिस भी जारी किए गए, जिसका उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके संबंध में एम.टी.पी. नरिंदर शर्मा के नेतृत्व में ए.टी.पी. मनजीत सिंह, अंगद सिंह, परमिंदर सिंह, बिल्डिंग इंस्पेक्टर नवजोत कौर, विकास गौतम व डेमोलेशन स्टाफ ने पुलिस बल के साथ मंगलवार सुबह 4 बजे सरकारी मशीनरी का प्रयोग करते हुए निर्माणाधीन इमारत पर पीले पंजे चलाकर कार्रवाई की। 

जैसलमेर में बस बनी आग का ताबूत: न इमरजेंसी एग्जिट, न बचाव का रास्ता — अंदर जिंदा जले 20 यात्री

जैसलमेर  राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार को एक प्राइवेट बस में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। यह बस जोधपुर जा रही थी। हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग झुलसकर घायल हो गए। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन बस में आग इतनी तेजी से कैसे फैली, इसकी अब मुख्य वजह सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब बस में आग लगी, तो यात्री एकमात्र दरवाजे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब बस में आग लगी, तो यात्री एकमात्र दरवाजे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दरवाजा जाम हो गया। बाद में एक पोकलेन मशीन बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया। तब तक कई लोग जान गंवा चुके थे। बस में सवार कुछ यात्री खिड़कियां तोड़कर और कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग इतनी तेजी से कैसे फैली अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया गया कि बस को कुछ साल पहले ही मॉडिफाइ कराया गया था। बस में कई तरह के ज्वलनशील पदार्थ थे। इसी कारण आग तेजी से फैल गई। हादसे में जिंदा बचे लोगों ने बताया कि एक तेज धमाके के बाद बस पूरी तरह आग में घिर गई। डीएनए जांच कराई जाएगी हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ था। बस में कुल 57 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी थे। कई शव इतने झुलस गए कि उनकी पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद भारतीय सेना की 12वीं रैपिड डिवीजन की टीम मौके पर पहुंची और पोकलेन मशीन व पानी के टैंकरों से आग बुझाने में मदद की। पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी सरकार राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना स्थल का दौरा किया और गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, "जैसलमेर में बस आग हादसा बेहद दर्दनाक है। राज्य सरकार घायलों के उपचार और पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी।" स्थानीय विधायक प्रताप पुरी ने बताया कि बस में ज्वलनशील सामग्री थी और बाहर निकलने का रास्ता बहुत संकरा था। उन्होंने कहा, "शॉर्ट सर्किट और एसी गैस लीकेज से आग भड़की।" राज्य के स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खीमसर ने कहा, "मेरे जीवन में ऐसा हादसा पहली बार देखा है। मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग कराई जाएगी।"  

खुशखबरी: पंजाब सरकार ने ‘कोटा’ किया दोगुना, लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

चंडीगढ़ पंजाब सरकार ने खिलाड़ियों को दी जाने वाली डाइट मनी का कोटा दोगुना करने का अहम फैसला लिया है। इस फैसले के बाद, खिलाड़ियों को अब 240 रुपये की बजाय 480 रुपये मिलेंगे। राज्य सरकार लगभग छह साल के अंतराल के बाद खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ोतरी कर रही है। इस फैसले के बारे में बताते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पिछली सरकारों ने खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं और डाइट मनी को लेकर कभी गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने डाइट मनी में केवल 48 रुपये की बढ़ोतरी की थी। मंत्री चीमा ने स्पष्ट किया कि मौजूदा फैसला डाइट से जुड़े विशेषज्ञों से चर्चा के बाद लिया गया है। जरूरत के हिसाब से डाइट चार्ट तैयार किया जाएगा सरकार के इस कदम के तहत, पंजाब सरकार लगभग 13 खेल विंगों में खिलाड़ियों की डाइट के लिए ठेकेदारों की नियुक्ति कर रही है। खिलाड़ी की जरूरतों और वह किस खेल में कितनी मेहनत करता है, इसके आधार पर डाइट चार्ट प्लान तैयार किया जा रहा है। इस डाइट में प्रोटीन समेत खिलाड़ी की जरूरत की हर चीज शामिल होगी। इस बढ़ोतरी की मांग हाल ही में सरकार द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण में सामने आई थी, जिसमें कहा गया था कि महंगाई के इस दौर में खिलाड़ियों को 240 रुपये में पर्याप्त और प्रचुर चीजें नहीं मिल रही हैं। 

अवधी और भोजपुरी भजनों की धुनों पर झूमेगी अयोध्या नगरी

अयोध्या के 300 स्थानीय प्रतिभागी होंगे शामिल सीएम योगी के निर्देश पर महोत्सव में इस बार स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा बढ़चढ़कर प्रतिभाग करने का अवसर अयोध्या में इस बार दीपोत्सव 2025 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह एक वृहद मंच, तीन मध्यम मंच के अलावा सात छोटे मंचों पर आने वाले श्रद्धालुओं को मंत्र मुक्त करेंगे कलाकार इसके अलावा 22 झांकियों पर और उनके आगे पीछे कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए चलेंगे अयोध्या अयोध्या में दीपोत्सव 2025 को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार दीपोत्सव में 2000 से अधिक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के करीब 500 कलाकार भी प्रतिभाग करेंगे। स्थानीय स्तर पर अयोध्या के लगभग 300 स्थानीय कलाकार भी इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे। वृहद और मध्यम मंचों के साथ 07 छोटे मंचों पर होगा सांस्कृतिक प्रदर्शन अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार और विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि अयोध्या में इस बार एक वृहद मंच, तीन मध्यम मंच और सात छोटे मंच बनाए जा रहे हैं। इन मंचों पर देशभर से आए कलाकार अवधी और भोजपुरी भजन व लोक संगीत की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए रहेंगे तीन प्रकार के मंच अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार और विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि राम कथा पार्क में वृहद मंच और मध्यम मंच तुलसी उद्यान, बड़ी देवकाली और गुप्तार घाट पर स्थापित किए जा रहे हैं। इन मंचों पर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित भव्य नाट्य मंचन होंगे। सात छोटे मंचों पर दिखेगा कलाकारों का हुनर दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को रामकथा सुनने और प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात छोटे मंच भी बनाए जा रहे हैं। यहां अयोध्या और आसपास के जिलों के कलाकार पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और नाट्य प्रदर्शन करेंगे। इससे स्थानीय कलाकारों को अपने हुनर को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। झांकियों के साथ चलते कलाकार दिखाएंगे सांस्कृतिक झलक दीपोत्सव की शोभायात्रा में 22 भव्य झांकियां शामिल होंगी। इन झांकियों पर और उनके आगे-पीछे कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए चलेंगे। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित इन झांकियों से श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति होगी। अयोध्या की संस्कृति का होगा विराट संगम दीपोत्सव 2025 में अयोध्या न सिर्फ भक्ति और आस्था की नगरी बनेगी, बल्कि सांस्कृतिक विविधता का केंद्र भी होगी। अवधी, भोजपुरी, ब्रज और फगुआ की लहरियों से गूंजती अयोध्या अपनी सनातन संस्कृति की झलक पूरे विश्व को दिखाएगी।

हरियाणा में मचा हंगामा: ASI संदीप लाठर के परिजन नहीं माने, CM सैनी खुद पहुंचे समझाने

चंडीगढ़  दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार के गनर रहे सुशील कुमार को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल रोहतक साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर के सुसाइड ने अब हरियाणा सरकार के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। संदीप लाठर के परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। एएसआई संदीप लाठर ने सुसाइड से पहले खेत में छह मिनट 28 सेकंड का वीडियो बनाया और सुसाइड नोट में लिखा, जिसमें एडीजीपी पूरन कुमार को भ्रष्ट अधिकारी बताया। कहा कि भ्रष्टाचार केस में गिरफ्तारी के डर से ही पूरन कुमार ने खुदकुशी की थी। वाई पूरन कुमार जब से आईजी रोहतक बनाए गए थे, तभी से जातिवाद और भ्रष्टाचार कर रहे थे। संदीप मंगलवार को गांव लाढ़ौत में अपने मामा व पूर्व सरपंच बलवान के खेत में पहुंचे थे। यहीं पहली मंजिल पर बने कमरे में दोपहर करीब एक बजे सर्विस पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद एएसआई के परिजनों ने संदीप का शव अपने कब्जे में ले लिया था। एएसपी प्रतीक अग्रवाल और एसडीएम आशीष कुमार ने काफी देर तक मनाया, लेकिन वे पोस्टमॉर्टम कराने से लिए राजी नहीं हुए। संदीप के चाचा शीशपाल और भाई जसबीर लाठर कहा कि सुसाइड नोट में जो लिखा है, उसके हिसाब से एफआईआर दर्ज हो। कार्रवाई हो। निष्पक्ष न्याय की हम मांग करते हैं। जब तक कार्रवाई नहीं होगी, शव का अंतिम संस्कार नहीं करने देंगे। ऐसे में आज मुख्यमंत्री नायब सैनी परिवार को सांत्वना देने और पोस्टमॉर्टम के लिए मनाने गांव लाढ़ोत में पहुंचे। उनके साथ शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और जिला परियोजना समिति के चेयरमैन कृष्णलाल पंवार भी मौजूद रहे। संदीप की आत्महत्या के बाद परिवार ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद सीएम के आगमन पर परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई। सैनी ने परिवार को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को सजा मिलेगी। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला उपायुक्त को निष्पक्ष जांच के सख्त आदेश दिए हैं। इसके साथ ही कहा कि कानून के दायरे में निष्पक्ष जांच हो और पोस्टमार्टम तुरंत करवाएं। मुख्यमंत्री के ओएसडी ने लिया मांग पत्र मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बड़खालसा ने परिवार से 30 मिनट की बंद कमरे की बैठक की। बैठक में परिवार ने पोस्टमार्टम से पहले सुसाइड नोट के आधार पर एफआईआर दर्ज करने और आरोपी अधिकारियों की गिरफ्तारी की मुख्य मांग रखी। ओएसडी ने इन मांगों पर विचार करने के लिए शाम 4 बजे तक का समय मांगा है। हुड्डा भी शाम को पहुंचेंगे गांव विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी शाम 4 बजे लाढ़ौत गांव पहुंच रहे हैं, जहां वे संदीप के परिवार से मिलेंगे और न्याय की मांग को समर्थन देंगे। इनेलो नेता सुनैना चौटाला ने मृतक के परिवार से मुलाकात की और कहा कि पार्टी परिवार के साथ खड़ी है, जांच निष्पक्ष होनी चाहिए, लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परिवार को पूर्ण न्याय मिलना चाहिए। जातीय रंग देने से मामला हुआ गंभीर सीनियर आईपीएस वाई पूरन कुमार की मौत के 8वें दिन रोहतक पुलिस के साइबर सेल में कार्यरत एएसआई संदीप लाठर के सुसाइड ने पुलिस महकमे की चिंताएं बढ़ा दी हैं। दोनों सुसाइड केस को जातीय रंग देने से मामला और गंभीर हो रहा है। संदीप लाठर रिश्वत केस में पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार को हिरासत में लेने वाली टीम में संदीप लाठर भी शामिल था। चंडीगढ़ पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम रिश्वत केस और सुशील की गिरफ्तारी से जुड़ी रोहतक पुलिस के सभी कर्मियों से पूछताछ कर रही है। कुछ से पूछताछ हो चुकी है और कुछ को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। संदीप लाठर से भी पूछताछ हुई। उसके बाद भी वो लगातार ड्यूटी पर जा रहे थे। एसपी बिजारणिया की गुड बुक में थे लाठर इस मामले में हटाये गए नरेंद्र बिजारणिया को 30 अक्टूबर 2024 को नूंह से ट्रांसफर करके रोहतक का एसपी बनाया गया था। संदीप लाठर एसपी बिजारणिया की गुड बुक में थे, जिन्होंने बिजारणिया की अगुआई में कई एनकाउंटर किए। रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में भी वह शामिल रहे। साल भर पहले लाठर को सीआईए 2 से हटाकर साइबर सैल में लगाया गया। लाठर की गिनती बिजारणिया के भरोसमंद लोगों में होती थी। सुसाइड से पहले के वीडियो और सुसाइड नोट में लाठर ने बिजारणिया को ईमानदार बताया है।

मुकेश सहनी की VIP को RJD से 18 सीटें, गठबंधन में फॉर्मूला तय

पटना  बिहार में चुनाव है और महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला सुलझने लगा है. आरजेडी और वीआईपी के बीच सीट बंटवारा हो गया है. मुकेश सहनी की पार्टी VIP को 18 सीटें दी गई हैं.सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक चली मैराथन बैठकों के बाद वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) को 18 सीटों का अंतिम ऑफर मिला है. मुकेश सहनी और तेजस्वी यादव के बीच सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा गतिरोध अब खत्म हो गया है. सूत्रों के अनुसार, वीआईपी पार्टी 18 सीटों के इस समझौते से संतुष्ट है. मुकेश सहनी और तेजस्वी यादव के बीच देर रात आमने-सामने मुलाकात हुई और उसके बाद टेलीफोन पर भी बातचीत हुई. सूत्रों के मुताबिक, वीआईपी को 18 सीटें देने पर सहमति बन गई. इन सीटों के चयन में जातीय समीकरण और अन्य स्थानीय फैक्टर्स को ध्यान में रखा गया है. जो 18 सीटें फाइनल हुई हैं, उन पर मुकेश सहनी की पार्टी आज से ही टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है. सूत्रों के अनुसार, तारापुर विधानसभा सीट को लेकर अभी भी मामला पूरी तरह सुलझा नहीं है. वीआईपी के नेता सकलदेव बिंद पहले ही तारापुर से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर चुके हैं. इधर, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बीजेपी प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने के बाद आरजेडी की इस सीट में गहरी दिलचस्पी बढ़ गई है. अब आरजेडी और वीआईपी के बीच तारापुर सीट पर सहमति बनने की संभावना है. दरअसल, बिहार महागठबंधन में सीट बंटवारे पर बात नहीं बन पा रही है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 60 से ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी है. कांग्रेस ने 65 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी की है. जबकि आरजेडी ने कांग्रेस के लिए 58 सीटों की लिमिट तय की है. सीटों की संख्या पर कांग्रेस-आरजेडी के बीच जबरदस्त तकरार है. कांग्रेस ने आरजेडी के लिए 138 सीट देने का फॉर्मूला रखा है. हालांकि, सीट बंटवारे पर तस्वीर साफ हुए बगैर कई दलों ने उम्मीदवारों को सिंबल जारी कर दिए हैं. आरजेडी ने अब तक कुल 71 उम्मीदवारों को सिंबल जारी कर दिया. भाकपा माले ने 18 सीटों पर उम्मीदवारों को सिंबल दिया. सीपीआई ने 6 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की. 4 अन्य सीटों पर सहमति के बाद उम्मीदवार उतारने का दावा किया है. सीपीएम से एक उम्मीदवार ने नामांकन किया. 16 अक्टूबर को दूसरे उम्मीदवार भी नामांकन करेंगे. मुकेश सहनी अपनी पार्टी की सीटों की संख्या लगातार कम होते देख बेचैनी में हैं. महागठबंधन में अब तक के हालात बताते हैं कि सीट शेयरिंग का मामला जल्द नहीं सुलझा तो कुछ सीटों पर घटक दलों के बीच फ्रेंडली फाइट की स्थिति बनेगी.

रायपुर: नवा रायपुर में निवेश एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित

रायपुर : नवा रायपुर में निवेश और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री  ओ.पी. चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक रायपुर नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में आज वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री  ओ.पी. चौधरी की अध्यक्षता में निवेश, अधोसंरचना विकास और जनसुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंत्री  चौधरी ने अधिकारियों से शहर के योजनाबद्ध और तीव्र विकास पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि नवा रायपुर का संतुलित, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि चल रही परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों में गति लाने के लिए इस वर्ष राज्य शासन के बजट अंतर्गत पूंजीगत व्यय का लक्ष्य 1000 करोड़ रुपए रखा गया है। सभी इस लक्ष्य को गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के लिए समर्पण भाव से कार्य करें। मंत्री  चौधरी ने यह भी निर्देश दिए कि शासकीय एवं निजी संस्थानों तथा बिल्डर्स को आवंटित भूमि पर हो रहे निर्माण कार्यों को समन्वयपूर्वक और शीघ्र गति से पूरा किया जाए, ताकि नवा रायपुर के इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। बैठक में निवेश को प्रोत्साहन देने, पर्यावरण संरक्षण, अधोसंरचना विकास और शहरी जनसुविधाओं के उन्नयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के चेयरमैन  अंकित आनंद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी  चंदन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

त्योहारी सीजन में सफर आसान! ग्वालियर-बेंगलुरु रूट पर 3 दिन तक चलेगी एक्स्ट्रा फ्लाइट, शेड्यूल जारी

ग्वालियर दीपावली नजदीक आते ही हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ने लगी है। ग्वालियर से संचालित फ्लाइटें अभी से लगभग फुल हो चुकी हैं। ऐसे में लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए एयर इंडिया(Air India Flight) ने 17 से 19 अक्टूबर तक ग्वालियर-बेंगलुरु के बीच अतिरिक्त फ्लाइट चलाने का फैसला किया है। इस निर्णय से बेंगलुरु रूट पर यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। फिलहाल ग्वालियर से मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु के लिए नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं। तीन दिन के लिए दूसरी बेंगलुरु फ्लाइट जुड़ने से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। यह रहेगा समय बेंगलुरु से ग्वालियर: सुबह 6:30 बजे उड़ान भरेगी, सुबह 9:10 बजे पहुंचेगी। ग्वालियर से बेंगलुरु: सुबह 9:45 बजे रवाना होगी, दोपहर 12:45 बजे पहुंचेगी। एक दिन में 760 यात्रियों ने किया सफर दीपावली से पहले फ्लाइट से यात्रा करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को शहर से तीन फ्लाइटों के जरिए 760 यात्रियों ने सफर किया।     बेंगलुरु से आए- 159 यात्री, गए- 64     दिल्ली से आए- 167 यात्री, गए – 103     मुंबई से आए- 167 यात्री, गए- 100     वहीं रविवार को यात्रियों की संख्या बढ़कर 852 तक पहुंच गई थी।

आज किसका दिन रहेगा शानदार? 15 अक्टूबर का राशिफल — मेष से मीन तक सभी राशियों का हाल

मेष राशि- आज मन प्रसन्न रहेगा, लेकिन बातचीत में बैलेंस बना रखें, किसी अपने को ठेस पहुंच सकती है। शैक्षिक कार्यों में परेशानियां आ सकती हैं। संतान की सेहत का ध्यान रखें। खर्चों में वृद्धि हो सकती है। वृषभ राशि- आज आपके मन में उतार-चढ़ाव रहेंगे। कारोबार में वृद्धि होगी। भागदौड़ ज्यादा रहेगी। लाभ के अवसर मिलेंगे, लेकिन कारोबार के लिए किसी दूसरे स्थान पर जा सकते हैं। व्यापारियों को उन्नति मिल सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। मिथुन राशि- आज मिथुन राशि वालों के आत्मविश्वास में कमी रहेगी। मन अशांत भी रहेगा। धैर्यशीलता बनाए रखें। नौकरी में अफसरों से तालमेल बनाकर रखें। कुछ लोगों को स्थान परिवर्तन की संभावना है। कर्क राशि- आज आपका मन परेशान हो सकता है। जीवनसाथी की सेहत का ध्यान रखें। कारोबार में वृद्धि होगी। भागदौड़ ज्यादा रहेगी। आय में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ के संकेत हैं। आर्थिक बजट बनाकर चलें, वरना बाद में परेशानी हो सकती है। सिंह राशि- आज आपके मन में उतार-चढ़ाव हो सकते हैं। खर्च की अधिकता मन को परेशान कर सकती है। धैर्यशीलता में कमी रहेगी। धर्म-कर्म में रुचि बढ़ सकती है। परिवार का साथ मिलेगा। मित्रों का सहयोेग भी मिलेगा। सेहत का ध्यान रखें। कन्या राशि- आज आपको वाद-विवाद से दूर रहना चाहिए। क्रोध से बचें। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर जा सकते हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। भाई-बहन के सहयोग से किसी महत्वपूर्ण काम में सफलता मिल सकती है। यात्रा के योग हैं। तुला राशि- आज तुला राशि वालों की वाणी में मधुरता रहेगी। पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में कठिनाई आ सकती है। नौकरी पेशा करने वालों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। लाइफस्टाइल में बदलाव करना पड़ सकता है। वृश्चिक राशि- आज वृश्चिक राशि वालों को गुस्से से बचना चाहिए। पिता का साथ मिलेगा। जीवनसाथी के साथ व स्वास्थ्य पर नजर रखें। नौकरी में तरक्की के अवसर मिल सकते हैं, परंतु परिवार से दूर किसी स्थान पर जाना पड़ सकता है। धनु राशि- धनु राशि वालों के मन में शांति व प्रसन्नता रहेगी, लेकिन वाणी में कठोरता हो सकती है। सचेत रहें। शैक्षिक कार्यों पर ध्यान दें। धन से जुड़ी कुछ परेशानियां सामने आ सकती है। सेहत पर ध्यान दें। मकर राशि- आज आपको कार्यों को धैर्य के साथ पूरा करना चाहिए। पराक्रम रंग लाएगा। दूसरों के साथ तालमेल बनाए रखने का प्रयास करें। घर-परिवार में धार्मिक कार्य हो सकते हैं। भागदौड़ अधिक रहेगी। खर्चों में वृद्धि होगी। कुंभ राशि- आज आपके भूमि, भवन व वाहन की खरीदारी के योग हैं। नौकरी कार्यक्षेत्र में बदलाव हो सकता है। ऑफिस में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। मित्रों का सहयोग मिलेगा। छात्रों व लेखकों के लिए अच्छा समय रहने वाला है। आर्थिक लाभ होने से मन प्रसन्न होगा। मीन राशि- मीन राशि वालों के आज दांपत्य सुख में वृद्धि होगी। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। बौद्धिक कार्यों में व्यस्तता बढ़ सकती है। आय के साधन बनेंगे, जिससे आर्थिक स्थिरता मिल सकती है। मित्रों का सहयोग मिलेगा।