samacharsecretary.com

‘दुपहिया’ सीजन 2 में लड़की के गेटअप के लिए स्पर्श श्रीवास्तव ने ली कथक की मदद

बिहार के काल्पनिक गांव धड़कपुर की कहानी पर आधारित वेब सीरीज ‘दुपहिया’ का सीजन 2 अब अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है. सीजन के प्रीमियर से पहले स्पर्श श्रीवास्तव और रेणुका शहाणे ने शो में अपने-अपने किरदारों को निभाने की तैयारियों के बारे में बात की. स्पर्श जहां भोगोल झा के किरदार में नजर आ रहे हैं, वहीं रेणुका शहाणे ने गांव की सरपंच पुष्पलता यादव का किरदार निभाया है. ‘दुपहिया’ में स्पर्श श्रीवास्तव का किरदार भोगोल झा एक ऐसा लड़का है, जो एक्टर बनने का सपना देखता है. सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए वह लड़की का रूप धरकर रील्स बनाता है. एक इंटरव्यू के दौरान जब स्पर्श से कहा गया कि इन सीन्स में उन्हें पहचानना तक मुश्किल हो जाता है, तो वह हंस पड़े. जब स्पर्श से पूछा गया कि लड़की का किरदार निभाने में उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा, तो उन्होंने कहा कि शायद इसकी तैयारी उनके भीतर पहले से ही थी. उन्होंने बताया कि बचपन में उनकी मां ने उन्हें कथक सिखाया था और उन्होंने करीब तीन साल तक कथक की ट्रेनिंग ली है. स्पर्श ने कहा, मुझे लगता है कि वो चीजें मेरे अंदर पहले से थीं, क्योंकि जब मैं छोटा था तो मेरी मां ने मुझे कथक सिखाया था. मैंने तीन साल तक कथक सीखा है इसलिए हाथों के वो हाव-भाव और वो ग्रेस कहीं न कहीं मेरे अंदर पहले से था. बचपन में मैं आगरा के स्थानीय मंचों पर फ्रॉक पहनकर डांस भी करता था तो मुझे लगता है कि वो चीज हमेशा मेरे अंदर कहीं न कहीं थी. हालांकि, काफी लंबा वक्त हो गया था जब मैंने उस कला की दोबारा प्रैक्टिस की थी. आसान नहीं था लड़की का गेटअप… बचपन में कथक सीखने का अनुभव स्पर्श के लिए जरूर मददगार रहा, लेकिन लंबे अंतराल के बाद दोबारा उस अंदाज में आने के लिए उन्हें मेहनत करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले सीजन में भी ऐसा करते वक्त थोड़ी परेशानी हुई थी और इस बार भी रिहर्सल के दौरान समय लगा. उन्होंने कहा, जब मैंने इस बार रिहर्सल शुरू की और पिछले सीजन में भी जब हमने ये किया था, तो शुरुआत में थोड़ा मुश्किल लगा लेकिन धीरे-धीरे मैं इसे सही तरीके से करने लगा. हालांकि, सबसे मुश्किल हिस्सा सही ड्रेस पहनना है. वो घाघरा, चोली और वो ब्लाउज इतना टाइट होता है. वो कपड़े कैसे फिट होते हैं, उसमें रहना ही बहुत मुश्किल है इसलिए सभी लड़कियों को सलाम है. वहीं, ‘दुपहिया’ में रेणुका शहाणे ने धड़कपुर की सरपंच पुष्पलता यादव का किरदार निभाया है. अभिनेत्री ने बताया कि उनके लिए बिहारी लहजे और बोली को पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण था.महाराष्ट्र से आने की वजह से उन्हें इस बोली के साथ सहज होने में वक्त लगा. रेणुका ने बताया, हमारे साथ भाषा के एक एक्सपर्ट रवि जी थे, जिन्होंने मुझे ट्रेनिंग दी. सबसे ज्यादा ट्रेनिंग उन्होंने मुझे ही दी, क्योंकि मैं इस बोली से सबसे कम परिचित थी. मुझे इस लहजे के साथ सहज होने में काफी वक्त लगा लेकिन अब ये मेरे अंदर इस तरह बस गया है कि कई बार मैं सामान्य हिंदी भी उसी लहजे में बोलने लगती हूं. अभिनेत्री ने बिहारी भाषा की खासियत की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें इसमें सबसे दिलचस्प बात यह लगती है कि बेहद तीखी और असरदार बात भी बहुत खूबसूरती से कही जा सकती है. उन्होंने कहा, मुझे ये बहुत दिलचस्प लगता है कि आप सबसे कड़ी बात भी बहुत सधे हुए और संक्षिप्त तरीके से कह सकते हैं. इसमें एक अलग ही आनंद है. अब मैं इस बोली के साथ काफी सहज हूं. ‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन में स्पर्श श्रीवास्तव और रेणुका शहाणे के अलावा गजराज राव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी, यशपाल शर्मा, अंजुमन सक्सेना और दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी अहम भूमिकाओं में हैं. सीरीज का दूसरा सीजन एक अक्टूबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है.

2025 में टू-व्हीलर बिक्री ने तोड़े रिकॉर्ड, 2.02 करोड़ यूनिट्स तक पहुंची रजिस्ट्रेशन

मुंबई  साल 2025 खत्म होने वाला है और इस साल दोपहिया वाहनों की बिक्री काफी बेहतर रही. जानकारी के अनुसार भारत में 2025 में टू-व्हीलर रजिस्ट्रेशन 2.02 करोड़ यूनिट तक पहुंच गए, जो सालाना लगभग 7 प्रतिशत की ग्रोथ है. GST 2.0 के चलते बढ़ी मांग Vahan पोर्टल से मिले आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से नवंबर के बीच 1.897 करोड़ यूनिट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि इसी दौरान फैक्ट्री से डिस्पैच 1.808 करोड़ यूनिट्स रहा. इसके बाद, 30 दिसंबर तक यह आंकड़ा 2.02 करोड़ यूनिट्स का था, और साल के लिए फाइनल रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा और थोड़ा ज़्यादा हो सकता है, क्योंकि रजिस्ट्रेशन डेटा आमतौर पर रिटेल खरीदारी से दो से तीन दिन पीछे रहता है. भारत सरकार ने इसी साल GST 2.0 का रीस्ट्रक्चरिंग किया, जिसने 350cc तक की मोटरसाइकिलों और स्कूटरों पर टैक्स 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया था, और 2025 के दूसरे छमाही में डिमांड बढ़ाने वाला एक मुख्य कारण साबित हुआ. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सामान्य से ज़्यादा मॉनसून और ग्रामीण इलाकों में मज़बूत डिमांड ने ग्रोथ को और सपोर्ट किया, जिससे फेस्टिव सीज़न में अब तक की सबसे ज़्यादा बिक्री हुई. स्कूटर सेगमेंट की बात करें तो इसने सेगमेंट की ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई, जिसमें TVS Motor और Suzuki ने स्कूटर-हैवी पोर्टफोलियो के दम पर मज़बूत डबल-डिजिट ग्रोथ हासिल की. ये दोनों मैन्युफैक्चरर, बाइक बनाने वाली कंपनी Royal Enfield के साथ, जनवरी से नवंबर के बीच ग्रोथ दर्ज करने वाले एकमात्र OEM थे. Royal Enfield का सालाना वॉल्यूम भी 1 मिलियन यूनिट्स को पार करने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश : टू व्हीलर बाजार छू रही है नई ऊंचाइयां

– शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही है क्रय शक्ति – प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों से अर्थिक गतिविधियों का हो रहा है विस्तार लखनऊ, प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के परिणाम स्वरूप उत्तर प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों के तेजी से विस्तार ने राज्य के ऑटोमोबाइल सेक्टर, विशेष रूप से टू-व्हीलर बाजार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। प्रदेश के मध्यम वर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही क्रय शक्ति, स्थानीय उद्यमिता में वृद्धि और मजबूत बुनियादी ढांचा विकास ने टू-व्हीलर बाजार को व्यापक आधार दिया है। राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, रोजगार सृजन के अवसरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आय के परिणामस्वरूप खरीदारों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। उद्योग जगत की हालिया रिपोर्टों के अनुसार उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा टू-व्हीलर बाजार बनकर उभरा है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स  (SIAM) के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश में लगभग 46 लाख नए टू-व्हीलरों का पंजीकरण हुआ, जो देश के कुल निजी टू-व्हीलर बाजार का लगभग 14 से 15 प्रतिशत हिस्सा है। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आय के विस्तार ने इस वृद्धि में अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ग्रामीण पर्यटन, छोटे उद्योगों के प्रसार, स्वयं सहायता समूहों के बढ़ते प्रभाव तथा सतत रोजगार कार्यक्रमों ने लोगों की आय बढ़ाई है। इसके परिणामस्वरूप गांवों में ऐसे परिवारों की संख्या बढ़ी है जो पहले केवल उपयोगिता आधारित वाहन खरीदते थे । जबकि आज वे बेहतर माइलेज और कम रखरखाव वाले टू-व्हीलरों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक ग्रामीण क्षेत्रों में टू-व्हीलर खरीद की वृद्धि दर 17 प्रतिशत वार्षिक तक दर्ज की गई है। राज्य की युवा आबादी भी इस वृद्धि का मुख्य आधार बनी है। रोजगार और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार ने युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया है। शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों में कामकाजी युवाओं के लिए टू-व्हीलर एक सुविधाजनक और किफायती विकल्प के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। अध्ययन बताते हैं कि प्रदेश में पहली बार वाहन खरीदने वालों में से लगभग 60 प्रतिशत युवा वर्ग है। बेहतर सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी ने भी बाजार को बल दिया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राज्य राजमार्ग के  साथ उत्तर प्रदेश में बढ़ती रोड कनेक्टिविटी मैं भी इसके बिक्री में अपना अहम योगदान दिया है।  इससे दूरस्थ गांवों और कस्बों में भी टू-व्हीलर उपयोगिता बढ़ी है। इसके साथ ही राज्य में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की मांग में भी वृद्धि हो रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश में लगभग 1.5 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचे गए, जो देश में सर्वाधिक है। व्यापार अनुकूल नीतियां, स्थानीय विनिर्माण को प्रोत्साहन और निवेश आकर्षित करने वाली योजनाएं प्रदेश को एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में बढ़ती क्रय शक्ति और तेजी से विकसित हो रहे परिवहन तंत्र के चलते टू-व्हीलर बाजार आने वाले वर्षों में भी निरंतर विस्तार की दिशा में अग्रसर रहेगा।