samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शॉट पुट खिलाड़ी गिल को दी बधाई

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चैन्नई में चल रही 64वीं नेशनल स्टेट सीनियर एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश के प्रतिभागी शॉट पुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री गिल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री गिल की इस स्वर्णिम उपलब्धि के लिए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के बेटे की यह उपलब्धि अन्य सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।  

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने स्वतंत्रता सेनानी श्री हरिभाऊ उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता सेनानी, साहित्यकार श्री हरिभाऊ उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के गौरव, स्वतंत्रता सेनानी श्री उपाध्याय का साहित्य के साथ मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पण वंदनीय है। उल्लेखनीय है कि श्री उपाध्याय ने 'बापू के आश्रम में, ' सर्वोदय की बुनियाद जैसी कृतियों से साहित्य को समृद्ध किया।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निशानेबाज एश्वर्य प्रताप सिंह को दी बधाई

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिमकेन्ट (कजाकिस्तान) में खेली जा रही 16 वें एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश के शूटिंग अकादमी के प्रतिभागी निशानेबाज एश्वर्य प्रताप सिंह को स्वर्ण पदक और टीम स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन सीनियर पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में एश्वर्य प्रताप सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि से वैश्विक मंच पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री सिंह की यह उपलब्धि सम्पूर्ण प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एश्वर्य प्रताप सिंह को सदैव ऐसे ही निरंतर आगे बढ़ते रहने और प्रदेश को गौरवान्वित करते रहने की मंगलकामना की है।  

बड़वानी : लौकी का मोल नहीं, किसान को खेत से सीधे पशुओं को खिलाना पड़ रहा

बड़वानी इन दिनों लौकी की खेती करने वाले किसान परेशान हैं और हों भी क्यों न, उनकी फसल माटी मोल भी नहीं बिक रही. लौकी के दाम इतने गिर चुके हैं कि किसान भारी घाटे में आ गए हैं. बाजार में लौकी के उचित रेट न मिलने से किसान या तो मवेशियों को लौकी खिलाने पर मजबूर हैं या फिर लौकी फेंकने मजबूर हैं. आखिर क्यों नहीं बिक रही लौकी? किसान दीपक गेहलोद बताते हैं, '' ट्रांसपोर्ट महंगा हो चुका है, इसलिए लौकी मंडी से बाहर कोई खरीद नहीं रहा है. ऐसे में लौकी या तो फेंकी जा रही है या ट्रैक्टर भरकर लौकी गौशाला में गायों के लिए भेजी जा रही हैं. हमने चार एकड़ खेत में लौकी लगाई थी. उत्पादन भी अच्छा हुआ है, मगर भाव नहीं है. चार एकड़ में एक से डेढ़ लाख रुपए की लागत लगी है और मार्केट में हम किसानों से लौकी व्यापारी एक रुपए किलो में लौकी मांग रहे हैं. अच्छी क्वालिटी का माल पहले पांच रुपए किलो तक भी बिका है, मगर अब भाव नहीं मिल रहे हैं.'' लागत भी नहीं निकल रही किसान दीपक आगे कहते हैं, '' बाजार में भाव नहीं मिलने से लागत निकलना भी मुश्किल हो गया है. ऐसे में किराया भाड़ा लगाना और महंगा पड़ रहा है. इसलिए लौकी तुड़वाकर खेत साफ कर रहे हैं. कुछ किसान लौकी फेंक रहे हैं तो कुछ पशुओं को खिला रहे हैं.'' किसान की माने तो 13 से 15 रुपए किलो के भाव की उम्मीद थी पर इसका आधा भी नहीं मिल पा रहा. बड़वानी में इन सब्जियों की होती है खेती स्थानीय किसान बताते हैं कि बड़वानी क्षेत्र में लौकी, खीरा, कद्दू जैसी हरी सब्जियों की बंपर पैदावार होती है. यहां से देश की राजधानी दिल्ली समेत कई प्रदेशों में सब्जी भेजी जाती है. हालांकि, बीते 20 दिन से लौकी मंडी में तो आ रही है लेकिन मंडी से बाहर नहीं जा पा रही है. व्यापारी परेश नामदेव कहते हैं, '' लौकी पहले से खरीद रखी है और इसका भुगतान किसानों को खड़ी फसल के दौरान कर दिया जाता है. ऐसे में जो अपनी फसल का मूल्य ले चुका वह लौकी को अपने व्यापारियों के पास भेज देता है. लेकिन मंडी से लौकी बाहर बाजार में नहीं जा पा रही है.'' पहले बढ़े, अब तेजी से घट रहे सब्जियों के दाम मंडी के जानकारी किसान दीपक गेहलोद ने बताया, '' किसानों को अब सब्जियों के सही दाम नहीं मिल रहे हैं. उत्पादन अधिक हो गया है और कई सब्जियों के दाम अब औंधे मुंह गिर गए हैं. खासकर लौकी का उत्पादन इस बार अच्छा है, मगर भाव नहीं मिल रहे हैं, तो पशुओं को खिलाने के लिए मजबूर हो रहे हैं. किसान सब्जियां बेचकर उसे मंडी तक पहुंचाने का खर्च भी पूरा नहीं कर पा रहा है. इस समय केवल बेमौसमी सब्जियों को अच्छे दाम मिल रहे हैं, बाकि कोई भी सब्जी मंडी में अपनी चमक नहीं दिखा पा रही है.''

शूटिंग में भारत का जलवा! ऐश्वर्य का गोल्ड, अद्रियान का रिकॉर्ड, टेबल पर नंबर-1 पर पहुँचा भारत

शिमकेंट  भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 16वें एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के 50 मीटर मेंस राइफल 3 पोजीशन (3P) इंडिविजुअल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 462.5 स्कोर किया। कजाकिस्तान के शिमकेंट में चल रही चैंपियनशिप में ऐश्वर्य ने शुरू से ही बढ़त बना ली। पहले पांच शॉट्स (नीलिंग पोजीशन) के बाद वे आगे निकल गए और फिर लगातार अपनी बढ़त को मजबूत करते रहे। 13वें शॉट के बाद झाओ और ऐश्वर्य के बीच केवल 0.3 अंकों का अंतर था। ऐश्वर्य ने 14वें शॉट में 10.8 का स्कोर बनाकर फिर से एक अंक से ज्यादा की बढ़त हासिल की, जो अंत तक बनी रही। उन्होंने 0.5 अंकों के अंतर से गोल्ड मेडल जीता। जापान के नाओया ओकाडा (448.8) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि चैन सिंह (435.7) और अखिल श्योरान (424.9) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। भारत के तीनों शूटरों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया पुरुष 3P स्पर्धा में भारत के तीनों निशानेबाजों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। ऐश्वर्य ने 584 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर सबसे ऊंचा क्वालिफिकेशन स्कोर बनाया। अनुभवी निशानेबाज चैन सिंह 582 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे, जबकि विश्व चैंपियनशिप ब्रॉन्ज मेडल विजेता अखिल श्योरान ने 581 अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया। चीन के भी तीनों निशानेबाज फाइनल में पहुंचे, जबकि जापान और कोरिया के एक-एक शूटर फाइनल के लिए क्वालिफाई किए। हालांकि, भारत को टीम गोल्ड मेडल से चूकना पड़ा। भारत का कुल स्कोर 1747 रहा, जो चीन के 1750 से तीन अंक कम था। ऐश्वर्य इस टूर्नामेंट में दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता ऐश्वर्य का इस टूर्नामेंट में यह दूसरा गोल्ड है। वह एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुके हैं। चीन के झाओ वेन्यू ने सिल्वर और जापान के नाओया ओकाडा ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। जूनियर में अद्रियान और वेदांत ने भारत को मेडल दिलाए जूनियर के मेंस राइफ थ्री पोजीसन में भारत को दो मेडल मिले। अद्रियान ने गोल्ड और वेदांत ने ब्रॉन्ज मेंडल जीता। फाइनल में अद्रियान ने शानदार शुरुआत की। पहले 15 शॉट्स (नीलिंग पोजीशन) के बाद उन्होंने चीन के हान यिनान पर 0.9 अंकों की बढ़त बना ली। इस समय वेदांत छठे स्थान पर थे। दूसरी पोजीशन (प्रोन) के 10 शॉट्स के बाद वेदांत ने वापसी की और अद्रियान से केवल 0.4 अंक पीछे थे। अद्रियान ने फिर भी अपनी बढ़त को 1.4 अंक तक बढ़ाया और अंतिम स्टैंडिंग पोजीशन में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। स्टैंडिंग पोजीशन में वेदांत को एक समय मेजबान निशानेबाज ओलेग नोस्कोव से पिछड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने फिर से वापसी की। दूसरी ओर, अद्रियान ने अंतिम पांच शॉट्स में 10.8, 10.2, 10.4, 10.5 और 10.5 का स्कोर बनाकर न केवल गोल्ड मेडल जीता, बल्कि एशियाई जूनियर रिकॉर्ड भी स्थापित किया। चीन के हान यिनान ने वेदांत को अंतिम शॉट्स में पछाड़कर सिल्वर मेडल जीता। वेदांत को ब्रॉन्ज मेडल के साथ संतोष करना पड़ा। वेदांत ने दूसरे और अद्रियान आखिरी स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया जूनियर पुरुष 3P स्पर्धा में भारत के वेदांत वाघमारे ने 582 अंकों के साथ क्वालिफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अद्रियान कर्मकार 576 अंकों के साथ आठवें और अंतिम क्वालिफाइंग स्थान पर रहे। अन्य भारतीय निशानेबाज समी उल्लाह खान (575), रोहित कन्याण (575), गौरव देसाले (569) और हितेश श्रीनिवासन (564) क्वालिफिकेशन में जगह नहीं बना सके। हालांकि, वेदांत, अद्रियान और रोहित की तिकड़ी ने 1733 के कुल स्कोर के साथ जूनियर टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। भारत का मेडल टैली में दबदबा अब तक भारत ने इस चैंपियनशिप में 25 गोल्ड, 10 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मेडल टैली में शीर्ष स्थान हासिल किया है। चीन 10 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे स्थान पर है।

हैंडबॉल की गूंज: चंबल में स्कूल स्टूडेंट्स की 50 टीमें दिखा रही दमखम

मुरैना   चंबल की फिजां बदल रही है. एक समय डकैत, मुठभेड़ के लिए कुख्यात चंबल की आबोहवा में अब प्रतिभाएं अपना लोहा मनवाने लगी हैं. शिक्षा के क्षेत्र में हो या खेल के, हर मामले में चंबल का रंग बदला हुआ दिख रहा है. इसकी की बानगी है चंबल में शुरू हुआ खिलाड़ियों का महाकुंभ. हैंडबॉल महाकुंभ में 700 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. 50 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले शुरू हो चुके हैं. स्कूलों के 700 खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में शामिल चंबल की धरती पर खिलाड़ियों का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है मुरैना के टीएसएस इंटरनेशनल स्कूल में 4 दिवसीय वेस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य समारोह के बीच हुआ. खेल महोत्सव में गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश से आई लगभग 700 छात्र-छात्राएं प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रतियोगिता में करीब 50 से अधिक टीमें बनाई गई हैं, जिन्हें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है. मैदान में पहले ही दिन खिलाड़ियों के जोश ने दर्शकों का दिल जीत लिया. स्कूल के 3 मैदानों में शुरू हुए मैच तीन मैदानों पर एक साथ मैच खेले गए, जहां रोमांचक नज़ारे देखने को मिले. पहले मैच में मैट्रिक्स हायर सेकेंडरी स्कूल ने शानदार खेल दिखाते हुए एआईएस स्कूल जयपुर को 16-10 से हराया. दूसरे मुकाबले में मानसरोवर द स्कूल बैतूल ने दमदार प्रदर्शन कर एलबूड़ इंटरनेशनल स्कूल जयपुर को 7-2 से मात दी. इस दौरान गोल करने की जद्दोजहद, डिफेंस की सटीक चाल और गोलकीपर की चुस्ती ने मैच को और रोमांचक बना दिया. दर्शक दीर्घा से लगातार तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही.  सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रतियोगिता शुरू खिलाड़ियों, कोच व शिक्षकों के लिए ठहरने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती पूजन के बाद आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई. इसके बाद डीआईजी चंबल रेंज सुनील जैन ने गेंद फेंककर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. और फिर खेल मैदान में जोश की लहर दौड़ गई. उद्घाटन अवसर पर सीबीएसई ऑब्जर्वर राजकुमार सेंगर, विद्यालय के डायरेक्टर सुरेंद्र प्रताप सिंह सिकरवार, प्राचार्य शिखा श्रीवास्तव, और स्पोर्ट्स टीचर राजेंद्र सिंह राजावत सहित बड़ी संख्या में अतिथि, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे. खेलों से जीवन में अनुशासन आता है इस मौक पर डीआईजी सुनील जैन ने कहा "बच्चों में खेल भावना को जगाना और उन्हें मंच देना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है. खेल न केवल बच्चों का भविष्य संवारते हैं बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम स्पिरिट और आत्मविश्वास भी जगाते हैं." उन्होंने इस आयोजन को चंबल क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी. 

स्कूल भर्ती घोटाले में बड़ी कार्रवाई, सत्तारूढ़ दल के विधायक की गिरफ्तारी

कोलकाता प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल के स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में छापेमारी के बाद सोमवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीवन कृष्ण साहा को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में उनके आवास पर छापेमारी के बाद उन्हें केंद्रीय जांच एजेंसी ने हिरासत में लिया। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान विधायक ने दीवार कूदकर अपने घर से भागने की कोशिश की। उन्होंने अपने फोन भी घर के पीछे एक नाले में फेंक दिए, जो बरामद कर लिए गए हैं। छापेमारी के वीडियो और तस्वीरों में एक भीगे हुए विधायक को ईडी और सीआरपीएफ के अधिकारी उस जगह से ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जहां चारों ओर झाड़ियां और कचरा फैला हुआ था। सूत्रों ने बताया कि बुरवान विधानसभा क्षेत्र के विधायक को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एजेंसी के साथ सहयोग न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी में विधायक के कुछ रिश्तेदार और सहयोगी भी शामिल हैं। साहा को 2023 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था साहा को 2023 में सीबीआई ने इस घोटाले से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया था और बाद में रिहा कर दिया गया था। ईडी का धन शोधन मामला सीबीआई की ओर से दर्ज एक प्राथमिकी से उपजा है, जिसे कलकत्ता हाईकोर्ट ने समूह 'ग' और 'घ' के कर्मचारियों, कक्षा 9 से 12 तक के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच करने का निर्देश दिया था। माणिक भट्टाचार्य के अलावा कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था ईडी ने इससे पहले पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी कथित सहयोगी अर्पिता मुखर्जी, टीएमसी विधायक और पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य के अलावा कुछ अन्य लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया था। ईडी की ओर से गिरफ्तारी के बाद चटर्जी को टीएमसी ने निलंबित कर दिया था। ईडी ने इस मामले में अब तक कुल चार आरोपपत्र दाखिल किए हैं।

क्या राहुल गांधी जल्द कर सकते हैं शादी? बयान से अटकलें तेज

पटना बिहार में वोटर अधिकार यात्रा कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी शादी को लेकर एक ऐसी बात कही है, जिसके बाद यह चर्चा फिर से शुरू हो गई है कि क्या वो विवाह को लेकर गंभीरता से विचार कर रहे हैं या फिर हल्के मूड में उन्होंने खुद के अब तक अविवाहित रहने का मजा लिया है। चुनाव आयोग के विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण को वोट चोरी की एक कवायद बता रहे 55 साल के राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान महागठबंधन के नेताओं के साथ संवाददाता सम्मेलन में अपनी शादी की बात छेड़ी। असल में लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के इस आरोप पर मीडिया ने सवाल पूछा था तेजस्वी यादव अब कांग्रेस के पिछलग्गू बनकर घूम रहे हैं। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि चिराग पासवान किनके हनुमान हैं, ये पता ही है, हमलोग तो जनता के हनुमान हैं, वो व्यक्ति विशेष के हनुमान हैं। तेजस्वी ने कहा कि बात मुद्दे पर हो, जनता उनको नहीं पूछ रही है, आज लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, संविधान को मिटाया जा रहा है। शादी करिए, दाढ़ी मत बढ़ाइए, हम लोग बारात चलेंगे: राहुल गांधी से बोले लालू यादव इसके बाद तेजस्वी यादव ने कहा- “चिराग पासवान के सवाल पर हम कोई टिप्पणी नहीं करेंगे लेकिन उनको सलाह जरूर देंगे, हमारे बड़े भाई हैं, जल्द से जल्द शादी कर लें।” तेजस्वी की इस सलाह पर बगल में बैठे राहुल गांधी ने तेजस्वी से माइक ली और कहते हैं- “मेरे लिए भी एप्लिकेबल (लागू) है।” फिर तेजस्वी यादव कहते हैं- “पापा कब से कह रहे हैं”। राहुल गांधी इस पर जवाब देते हैं- “चल रही है (बात) इनके फादर के साथ”।

परिणीति-राघव के घर आने वाला है नन्हा मेहमान, एक्ट्रेस ने शेयर की गुड न्यूज़

मुंबई बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और उनके पति-राजनेता राघव चड्ढा जल्द ही पैरेंट्स बनने वाले हैं। इस जानकारी को जोड़े ने सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत पोस्ट के जरिए शेयर किया है। शेयर किया प्यारा पोस्ट सोमवार के दिन परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने इंस्टाग्राम पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए प्रेग्नेंसी की खुशखबरी साझा की। उन्होंने एक प्यारी तस्वीर शेयर की, जिसपर नवजात बच्चे के नन्हे पैरों की छाप दिख रही है और उसपे 1+1= 3 लिखा है, जिसका अर्थ है अब परिवार बढ़ने वाला है। इसके साथ ही कपल ने कैप्शन में लिखा, ‘हमारी छोटी दुनिया, जल्द ही आने वाला है।’ सितारों ने दी शुभकामनाएं इस खुशखबरी के सोशल मीडिया पर आते ही, तमाम सितारे अभिनेत्री और उनके पति को बधाइयां दे रहे हैं। हुमा कुरैशी ने लिखा, 'बधाई।' भूमि पेडनेकर ने तीन लाल दिल वाला इमोजी बनाया है। वहीं टीना दत्ता ने भी शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा सोनम कपूर ने कमेंट सेक्शन में लिखा, ‘बधाई हो डार्लिंग।’ इतना ही नहीं प्रियंका चोपड़ा, कियारा आडवाणी ने भी बधाई दी है। वहीं फैंस भी परिणीति-राघव को पैरेंट्स बनने की अग्रिम बधाई दे रहे हैं। कब हुई थी परिणीति और राघव की शादी? परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने 24 सितंबर, 2023 को राजस्थान के उदयपुर में शादी के बंधन में बंधे थे। इस भव्य शादी समारोह में मनोरंजन जगत और राजनीति से दिग्गज हस्तियों और करीबी लोगों ने भाग लिया था। साथ ही आपको बताते चलें कि राघव चड्ढा ने हाल ही में कपिल शर्मा शो के दौरान परिणीति चोपड़ा की प्रेग्नेंसी का संकेत दिया था। परिणीति चोपड़ा का वर्कफ्रंट परिणीति चोपड़ा के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे नेटफ्लिक्स की अनटाइटल्ड सीरीज में नजर आएंगी। इसके जरिए वे ओटीटी डेब्यू कर रही हैं। यह सस्पेंस थ्रिलर सीरीज है। शो के निर्माता सिद्धार्थ पी मल्होत्रा हैं। रेंसिल डिसिल्वा द्वारा निर्देशित इस सीरीज में परिणीति चोपड़ा, सोनी राजदान, ताहिर राज भसीन, अनूप सोनी, हरलीन सेठी, जेनिफर विंगेट, चैतन्य चौधरी, सुमीत व्यास और अन्य कलाकार शामिल हैं।

सिर्फ 8 दिन का मौका: 13 लाख वोटरों को करना होगा दस्तावेज़ जमा, वरना छूट जाएगा नाम

पटना बिहार में जारी गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के तहत 24 जून से 24 अगस्त 2025 यानी 60 दिनों में 98.2% लोगों ने अपने दस्तावेज़ जमा कर दिए हैं। इसका औसत लगभग 1.64% प्रतिदिन बैठता है। अब भी 1 सितंबर तक 8 दिन शेष हैं और केवल 1.8% (12 लाख 85 हजार 200) निर्वाचकों के दस्तावेज़ जमा होने बाकी हैं। बी.एल.ओ और स्वयंसेवकों की मदद से इन दस्तावेज़ों का संग्रहण कार्य जारी है। जिस तरह गणना प्रपत्र समय से पहले एकत्र किए गए थे, उसी प्रकार दस्तावेज़ों का संग्रहण कार्य भी समय से पहले पूरा हो जाने की संभावना है। दावे और आपत्तियों की अवधि से निर्वाचकों को ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली में किसी भी त्रुटि को सुधारने का अवसर मिलता है, साथ ही वो आवश्यक दस्तावेज़ भी जमा कर सकते हैं, जो उन्होंने गणना प्रपत्र भरते समय नहीं दिए थे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 98.2% निर्वाचकों के दस्तावेज़ प्राप्त हो चुके हैं। चुनाव आयोग ने जानकारी देते हुए बताया कि ड्राफ्ट नामावली में कुल 7.24 करोड़ निर्वाचकों में से अब तक 0.16% दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें से 10 आपत्तियां बिहार के 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बी.एल.ए द्वारा, कुछ उन व्यक्तियों द्वारा जो उस विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक नहीं हैं, और 1,21,143 दावे/आपत्तियाँ संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचकों द्वारा दी गई हैं। 3,28,847 नए निर्वाचकों, जिन्होंने 1 जुलाई तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, उन्होने ने भी प्रपत्र 6 और घोषणा पत्र जमा किए हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO), सभी 38 जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों (DEO), 243 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), 2,976 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), 90,712 बीएलओ (BLOs), लाखों स्वयंसेवकों और 12 प्रमुख राजनीतिक दलों के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं एवं जिला अध्यक्षों सहित उनके द्वारा नियुक्त लगभग 1.60 लाख बीएलए (BLAs) के प्रयासों की सराहना की है। आपको बता दें बिहार का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समयानुसार चल रहा है। प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों पर निर्णय तथा पात्रता दस्तावेज़ों का सत्यापन संबंधित ईआरओ/एईआरओ द्वारा 25 सितंबर 2025 तक पूरा किया जाना है और अंतिम जांच के बाद 30 सितंबर 2025 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।