samacharsecretary.com

आज का राशिफल 31 अगस्त: भाग्य देगा साथ, खुशियों से भर जाएगा दिन इन राशियों का

मेष राशि- मेष राशि वालों के लिए शुभ दिन कहा जा सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। घर के छोटे भाई-बहन करियर में नई उपलब्धि हासिल करेंगे। पारिवारिक जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। ऑफिस में खूब मान-सम्मान मिलेगा। स्टूडेंट्स को शैक्षिक कार्यों में अपार सफलता मिलेगा। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। वृषभ राशि- वृषभ राशि वालों के लिए 31 अगस्त का दिन शुभ रहेगा। प्रोफेशनल लाइफ में कार्यों की तारीफ होगी। पारिवारिक जीवन की दिक्कतें दूर होंगी। आज आप फैमिली के साथ ट्रिप का प्लान बना सकते हैं। भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। लव लाइफ में खुशनुमा माहौल रहेगा। पार्टनर के साथ समय व्यतीत करेंगे। इससे रिश्तों में प्यार और रोमांस जगेगा। स्वास्थ्य पहले से अच्छा रहेगा। मिथुन राशि- मिथुन राशि वालों के लिए दिन मिलाजुला रहने वाला है। दान-पुण्य के कार्यों के लिए आज का दिन शुभ रहने वाला है। धार्मिक कार्यों में दिलचस्पी बढ़ेगी। व्यापार में विस्तार होगा। प्रेम जीवन में कुछ समस्याएं आ सकती हैं। स्टूडेंट्स को तनाव महसूस हो सकता है। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। कर्क राशि- आज का दिन उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। प्रोफेशनल लाइफ में समस्याएं हो सकती हैं। कर्क राशि वाले आज यात्रा पर जा सकते हैं। अपने स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देना होगा। हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं। अपनी डाइट में प्रोटीन और विटामिन्स से भरपूर फूड शामिल करें। लव लाइफ में दिक्कतें रहेंगी। खर्चों पर थोड़ा ध्यान दें। सिंह राशि- आज सिंह राशि वालों को सावधान रहना होगा। घर में चल रहे विवाद सुलझाएं। जल्दबाजी में कोई फैसला न लें और पुरानी गलती को दोबारा न दोहराएं। अपने करियर गोल्स पर फोकस करें। रिलेशनशिप की दिक्कतों को बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास करें। इस समय निवेश न करें। आर्थिक स्थिति भी आज अच्छी नहीं कही जा सकती है। कन्या राशि- कन्या राशि वालों के लिए दिन सामान्य रहेगा। ऑफिस में आपके टैलेंट की तारीफ होगी। घर में धार्मिक कार्यों का आयोजन संभव है। कुछ लोगों को मकान के किराए से धन लाभ होगा। व्यापार में मुनाफा होगा। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। ऑयली फूड के सेवन से परहेज करें। आज डाइट का विशेष ध्यान रखें। तुला राशि- तुला राशि वालों के लिए 31 अगस्त का दिन सामान्य रहेगा। मन को शांत रखें। अशांति महसूस हो सकती है। करियर को लेकर मन चिंतित रहेगा। निवेश के नए मौकों पर नजर रखें। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ की प्रॉब्लम को सुलझाने के लिए परिजनों से सुझाव लें। वाणी पर नियंत्रण रखें। वृश्चिक राशि- वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन वरदान के समान रहने वाला है। आज आपको किसी भी तरह की आर्थिक समस्याएं नहीं रहेंगी। पुराने निवेशों से अच्छा रिटर्न मिल सकता है। फैमिली के साथ वेकेशन के पलों को एंजॉय करेंगे। कुछ जातक प्रॉपर्टी बेचने या खरीदने का प्लान बना सकते हैं। आज पार्टनर के साथ कुछ स्पेशल प्लान बना सकते हैं। धनु राशि- आज का दिन धनु राशि वालों के लिए बेहद खास रहने वाला है। आर्थिक स्थिति अच्छी होगी। स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें दूर होंगी। फैमिली के साथ ज्यादा समय बिताएंगे। नया बिजनेस स्टॉर्ट कर सकते हैं। प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ की दिक्कतें दूर होंगी। करियर में आने वाली अड़चनें समाप्त होंगी। मकर राशि- मकर राशि वालों के जीवन में उथल-पुथल हो सकती है। बिजनेस में सावधान रहें। फैमिली और फ्रेंड्स के साथ टाइम स्पेंड करने आपके लिए अच्छा होगा। यात्रा करते समय सावधानी बरतें। पर्सनल या प्रोफेशनल लाइफ में जल्दबाजी में कोई डिसीजन न लें। करियर ग्रोथ के नए मौकों पर नजर रखें। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर फैसले लें। कुंभ राशि- कुंभ राशि वालों को आज धन लाभ होगा। नए बिजनेस से भी लाभ होगा। ऑफिस में मान-सम्मान मिलेगा। नई प्रॉपर्टी की खरीदारी के लिए उत्तम दिन रहेगा। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। प्रेम जीवन सुखमय रहेगा। इस समय स्वास्थ्य का ध्यान रखें। मीन राशि- मीन राशि वालों के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। ऑफिस में कड़ी मेहनत और लगन का फल मिलेगा। फैमिली और फ्रेंड्स के साथ वेकेशन पर जा सकते हैं। कुछ जातकों को लंबे समय से चली आ रही प्रॉपर्टी के विवादों से छुटकारा मिलेगा। लव लाइफ में दिलचस्प मोड़ आएंगे। साथी संग रिश्ता मजबूत होगा।

भारी बाढ़ से पंजाब के 8 जिले प्रभावित, सेना सक्रिय होकर बचाव में जुटी

फिरोजपुर  हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों तथा नालों में जलस्तर बढ़ने के बाद पंजाब के कई इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान शुरू किया। राज्य के आठ जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में अब तक 23 मौतें हो चुकी हैं। प्रदेश की आपदा टीमों सहित सेना एवं बीएसएफ के जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। पंजाब में रावी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। अमृतसर में ये पानी अब कस्बा अजनाला के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार देर रात तक पानी हरड़ कलां गांव के करीब पहुंच गया था। जिसके बाद बचाव कार्यों को तेज किया गया है। पंजाबी सिंगर सतिंदर सरताज ने अमृतसर डीसी को पीड़ित परिवारों की मदद के लिए राशन भेजा है। वहीं, पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर, अमृतसर, तरनतारन, फाजिल्का, कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी और होशियारपुर में हालात बेकाबू होने के बाद अब पटियाला में भी बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। बीते दिनों चंडीगढ़ की सुखना लेक से छोड़े गए पानी की मार पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के गांवों तक पहुंची। घग्गर नदी के ओवरफ्लो होने से पटियाला के कुछ गांवों के खेतों में पानी भर गया है। इसका पानी खजूर मंडी गांव, तिवाना, साधनपुर, सरसेनी और आसपास की खेतीबाड़ी वाली जमीनों तक घुस गया। खजूर मंडी से यह पानी हरियाणा की टांगरी नदी की ओर बह रहा है। गांव के लोगों में 2023 का मंजर सोचकर डर बैठ गया है। हालांकि, बीते दिन शाम तक पानी हल्का उतर गया था। वहीं, पाकिस्तान में बाढ़ से प्रभावित नारोवाल स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में सफाई अभियान शुरू किया गया है। यहां हाल ही में 10 फीट तक पानी चढ़ गया था। पर स्थानीय सीएम मरियम नवाज शरीफ के आदेश के बाद अब परिसर से पानी निकाल दिया गया है और सफाई का काम जारी है। उधर, कपूरथला में बृहस्पतिवार को लापता हुए 40 वर्षीय व्यक्ति का शव ढिलवां में ब्यास नदी में मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई एजेंसियों ने समन्वय किया है।

पंजाब: हरसिमरत कौर बादल का हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने का पवित्र दृश्य, बाढ़ पर चिंता

अमृतसर  शिरोमणि अकाली दल नेता और बठिंडा सांसद हरसिमरत कौर बादल शनिवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पहुंची। इस दौरान उन्होंने अखंड पाठों का भोग डाला और नए अखंड पाठ शुरू करवाए। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा और जनता की समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। हरसिमरत ने कहा, " पंजाब के लोग आज बहुत मुश्किल हालात से जूझ रहे हैं। सोशल मीडिया पर पीड़ितों को देखकर रातों की नींद नहीं आती।" मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर ले कहा, "जब भी पहले प्राकृतिक आपदा आती थी, सरकार हेल्पलाइन नंबर जारी करती थी, ताकि लोग खाना, दवा, नाव या अन्य मदद के लिए संपर्क कर सकें। अगर स्कूलों में शौचालयों का उद्घाटन हो सकता है, तो आज जरूरतमंदों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करना भी जरूरी है।" उन्होंने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री मान से तत्काल कदम उठाने की मांग की। साथ ही, गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया कि पंजाब में एनडीआरएफ की टीमें भेजी जाएं, ताकि बाढ़ प्रभावितों को समय पर मदद मिले। हरसिमरत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद का आग्रह किया। बोलीं, "जैसे अन्य राज्यों में सेना भेजी जाती है, वैसे ही पंजाब में फौज भेजकर लोगों की जान बचाई जाए।" उन्होंने सवाल उठाया कि कुछ हफ्ते पहले भाजपा नेता गांवों में अपनी योजनाएं बताने गए थे, लेकिन आज बाढ़ग्रस्त इलाकों में क्यों नहीं दिख रहे। उन्होंने केंद्र से बड़ी नावें मांगी, जो दूर-दराज के गांवों तक जाकर लोगों और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर ले जा सकें। अगर 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर नहीं जारी करते, तो वे शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से पार्टी का खुद का नंबर जारी करने का आग्रह करेंगी। उन्होंने कहा कि अकाली दल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जनता की सेवा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और आगे भी जारी रखेगी।

सीएम नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान: बनेगी ‘हरियाणा आपदा राहत बल’ की दो बटालियन

चण्डीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में हरियाणा आपदा राहत बल की दो बटालियन बनाई जाएगी, जो राज्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने और लोगों की सहायता के लिए काम करेगी। इसके अलावा, जिला जींद में बनने वाले फायर एवं डिजास्टर ट्रेनिंग इंस्टीटयूट का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यहां अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की रिन्यूअल के लिए एनओसी आवदेन करते ही ऑटोमैटिक मिल जाएगी। लेकिन रिन्यूअल होने के बाद विभाग के अधिकारी 15 दिन में रैन्डम चैक करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही और समय सीमा तय की जाए। साथ ही फायर एनओसी को सीएम डैशबोर्ड के साथ जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने फायर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंडिंग एनओसी रखने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई तकनीक से लैस 101 मीटर वाली अग्रिशमन की दो गाडिया जल्द ही खरीदी जाए। साथ ही हाइड्रोलिक प्लेटफ़ॉर्म की 13 अग्रिशमन वाहन, जो विभिन्न मीटर के होगें तथा 250 अग्रिशमन वाहन भी खरीदे जाऐंगे, जो ब्लॉक लेवल तक होंगे। इसके अलावा, फायर गाडियों में लगे पानी के पाईप की क्षमता को एक हजार मीटर तक बढाया जाए ताकि भीड़भाड वाले क्षेत्रों में आपदा के दौरान यह काम आ सके। श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जींद में बनने वाले फायर एवं डिजास्टर ट्रेनिंग इंस्टिटयूट में एनडीआरएफ के मानदंडों के तहत कार्य होगे और भूकम्प, आग, बाढ़ आदि आपदा से सम्बंधित ट्रेनिंग करवाई जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश में जितने भी तैराक है उनका डाटा तैयार कर एक पोर्टल बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार प्रदेश में फायर स्टेशन खोलने के लिए मैपिंग करवाई गई थी, जिसके तहत प्रदेश में 59 नए फायर स्टेशन खोले जाऐंगे। इसके अलावा अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि 10 आधुनिक फायर फाइट रोबोट भी जल्द खरीदे जाए। इनका पायलट के तौर उपयोग किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, अग्निशमन सेवाएँ, हरियाणा के महानिदेशक श्री शेखर विद्यार्थी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव श्री राहुल हुड्डा सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय घेरने पहुंची भाजपा, पीएम मोदी को अपशब्द कहने पर बवाल

नई दिल्ली  बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा के मंच से अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसे लेकर सियासी सरगर्मियां सुर्खियों में है। शनिवार को दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तत्काल माफी की मांग की है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करती रही है, लेकिन इस बार हद पार हो गई है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस को अपने नेताओं की इस शर्मनाक हरकत के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। यह अपमान न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का भी है।" भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल अब देश विरोधी रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "ये लोग अपनी हताशा में अब देश की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।" दिल्ली के भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल पूरे देश का अपमान है। जब तक कांग्रेस माफी नहीं मांगती, हमारा विरोध जारी रहेगा।" वहीं, विधायक कैलाश गहलोत ने कहा कि लोगों में भारी आक्रोश है, क्योंकि यह भाषा भारतीय संस्कृति और मूल्यों के खिलाफ है। भाजपा विधायक अनिल गोयल ने प्रदर्शन के दौरान कहा, "आज पूरा देश इस अपमान से आहत है। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हमारा यह प्रदर्शन उसी आक्रोश का प्रतीक है।" इसी तरह विधायक सतीश उपाध्याय ने बिहार को मां सीता की धरती बताते हुए कहा, "प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल भारतीय संस्कृति और भगवान राम के सम्मान के खिलाफ है। यह पूरे देश के लिए असहनीय है।" भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कांग्रेस के आधिकारिक मंच से बोले गए अपशब्दों को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और तेजस्वी यादव इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। सहरावत ने कहा, "यह सिर्फ एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि देश की अस्मिता पर हमला है।"  

गृह मंत्री अमित शाह ने गणेशोत्सव में लगाई हाजिरी, देखा लालबाग का राजा

मुंबई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुंबई दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने परिवार के साथ अलग-अलग जगहों पर गणेशोत्सव में हिस्सा लिया। वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के घर गए, जहां श्री गणेश जी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अमित शाह ने परिवार के साथ प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन किए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी आवास 'वर्षा' पर गृह मंत्री अमित शाह के आगमन पर स्वागत किया। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी थे। इसके बाद अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर स्थापित गणपति बप्पा की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हमारे नेता केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह व इनके परिवारजनों ने गणेशोत्सव के अवसर पर मुंबई स्थित मेरे सरकारी आवास 'वर्षा' पर भेंट दी, इस दौरान उनका हार्दिक स्वागत किया।" इसके बाद, अमित शाह लालबागचा राजा गणेशोत्सव मंडल गए, जहां श्री गणेश के दर्शन किए। मंडल की ओर से उनका स्वागत शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट करके किया गया। अमित शाह ने अपने बेटे जय शाह और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ लालबागचा राजा मंडल में भगवान गणेश का दर्शन-पूजन किया। इस मौके पर सीएम देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत महाराष्ट्र सरकार के अन्य मंत्री मौजूद रहे। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "हर साल की तहत इस साल भी हमारे नेता गृह अमित शाह व इनके परिवारजनों के साथ लालबाग के राजा के भक्तिमय दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर लालबाग के बाप्पा के चरणों में जनसेवा के लिए प्रार्थना की।" उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लिखा, "शनिवार को गणेश उत्सव के लिए मुंबई प्रवास पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लालबागचा राजा गणेशोत्सव मंडल के श्री गणेश के भावपूर्ण दर्शन किए। मंडल की ओर से उनका स्वागत शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट करके किया गया।"

‘गर्व से स्वदेशी’ बने भारत, मनसुख मांडविया का बड़ा संदेश

नई दिल्ली केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित पहले खेल सामग्री निर्माण सम्मेलन की अध्यक्षता की। इसमें भारत ने खेल क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में नीति आयोग, वाणिज्य मंत्रालय, डीपीआईआईटी, फिक्की, सीआईआई, एमएसएमई और खेल उद्योग से जुड़े प्रमुख हितधारकों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का उद्देश्य भारत की खेल सामग्री निर्माण क्षमता के लिए एक नया रोडमैप तैयार करना था। अपने 'एक्स' हैंडल पर इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, "युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में आयोजित पहले खेल सामग्री निर्माण सम्मेलन की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल एक वैश्विक खेल शक्ति बनने की ओर अग्रसर है, बल्कि विश्वस्तरीय भारत निर्मित खेल सामग्री का हब बनने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।" उन्होंने लिखा, "मंत्रालय, राष्ट्रीय खेल महासंघों और उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ मिलकर एक टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की गई, जो एक दूरदर्शी नीति तैयार करेगी और इस क्षेत्र की अपार संभावनाओं को साकार करने का मार्ग खोलेगी। खेल के मैदानों से लेकर पोडियम तक, अब गर्व से स्वदेशी की ओर बढ़ने और आत्मनिर्भर भारत बनाने का समय आ गया है।" भारत का खेल सामग्री क्षेत्र 2024 में करीब 42,877 करोड़ रुपये का है। साल 2027 तक इसके 57,800 करोड़ रुपये और 2034 तक 87,300 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यह क्षेत्र देश में पांच लाख से अधिक लोगों को रोजगार देता है, जिनमें अधिकतर मेरठ, जालंधर, लुधियाना और दिल्ली-एनसीआर के एमएसएमई क्लस्टर्स में कार्यरत हैं। भारत एशिया में तीसरा सबसे बड़ा खेल सामग्री निर्माता है। दुनिया में भारत 21वां सबसे बड़ा निर्यातक है। भारत ने 2023–24 में खेल सामग्री 90 से अधिक देशों को निर्यात की। सबसे ज्यादा निर्यात अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और फ्रांस में किया जा रहा है, जबकि दक्षिण अफ्रीका, यूएई, कनाडा और स्वीडन में नए अवसर बढ़ रहे हैं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का कांग्रेस पर वार, कहा- यह बेहद आपत्तिजनक

गुवाहाटी  असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने गांधी परिवार के अहंकार को चूर-चूर किया, इसलिए वे अभद्र भाषा बोल रहे हैं। इस दौरान, हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस ने माफी मांगने की बजाय मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा शनिवार को गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। सरमा ने कहा, "राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। यह बेहद निंदनीय है।" हिमंता ने कहा, "गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को असम की धरती से इसकी निंदा की और उनसे (कांग्रेस) माफी मांगने को कहा। लेकिन, माफी मांगना तो दूर, कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से किसी को आगे लाकर इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश की। बिहार सरकार ने इसमें शामिल व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। उम्मीदवार नौशाद की भी तलाश की जा रही है। यह निश्चित है कि यह कांग्रेस की मानसिकता है।" असम के मुख्यमंत्री ने कहा, "वे (गांधी परिवार) कभी सोच भी नहीं सकते थे कि गांधी परिवार से बाहर का कोई प्रधानमंत्री बन सकता है। राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा सोचते हैं कि भारत के प्रधानमंत्री पद पर उनके अलावा कोई और आसीन नहीं हो सकता। यह उनकी सामंती मानसिकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके इस अहंकार को चूर-चूर किया और साबित कर दिया कि प्रधानमंत्री का पद सिर्फ गांधी परिवार के लिए रिजर्व नहीं है।" हिमंता बिस्वा सरमा ने पीएम मोदी की 11 साल की सरकार और उनके वैश्विक नेतृत्व की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के घमंड को तोड़ा और पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। गांधी परिवार ने कभी कल्पना नहीं की थी कि पीएम मोदी को जापान और चीन जैसे देशों में इतनी सराहना मिलेगी। इसलिए, वे अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।"

पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर 1 से 6 सितंबर तक यूजी और पीजी के लिए विशेष सीएलसी चरण

भोपाल  उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय/अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में, शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिये, स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर 1 से 6 सितंबर तक विशेष सीएलसी चरण होगा। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए, यह प्रवेश का अंतिम चरण है। आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा ने बताया कि समस्त प्रवेश "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर प्रदान किए जायेंगे और यह सुविधा केवल रिक्त सीटों के लिए ही होगी। रिक्त सीटों की जानकारी विद्यार्थी के लॉगिन एवं महाविद्यालय के लॉगिन पर प्रदर्शित होंगी। पंजीकृत विद्यार्थी सम्बंधित महाविद्यालय में सीधे प्रवेश शुल्क जमा करके प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थी जिस महाविद्यालय में प्रवेश चाहते हैं, वहां सीट रिक्त होने पर सीधे महाविद्यालय पहुँच कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थी, प्रवेश के विषय में समस्त जानकारी अथवा अन्य किसी समस्या के लिए संबंधित महाविद्यालय के हैल्प सेंटर पर संपर्क कर सकते हैं। नवीन पंजीकृत विद्यार्थी, केवल एक महाविद्यालय में पंजीयन करा सकेंगे। विद्यार्थी सम्बंधित महाविद्यालय के हैल्प सेंटर पर वेरिफिकेशन के बाद, शुल्क जमा कर उसी दिन प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। मेजर, माइनर के अतिरिक्त अन्य विषय में प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की पात्रता, विश्वविद्यालय अपने स्तर पर निर्धारित कर सकेंगे। समस्त सम्बंधित प्राचार्यों को विश्वविद्यालय से समन्वय कर इनके पात्रता निर्धारण की कार्यवाही करनी होगी। यह प्रक्रिया 1 से 6 सितंबर तक ही होगी। उक्त प्रक्रिया के अंतर्गत 6 सितंबर को शाम 5 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त किया जा सकता है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि 6 सितंबर को निर्धारित समय के बाद किसी भी दशा में प्रवेश मान्य नहीं होंगे।  

प्रदेश में सुव्यवस्थित खेल अधोसंरचना और सुदृढ़ खिलाड़ियों का निर्माण सतत प्रक्रिया : मंत्री सारंग

राष्ट्रीय खेल दिवस महोत्सव का दूसरा दिन: सरदारपुर की टीम ने मिनी ब्राजील विचारपुर को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराया भोपाल राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू हुए प्रदेशव्यापी खेल महोत्सव के दूसरे दिन टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में 'मिनी ब्राजील' के नाम से प्रसिद्ध शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम और धार जिले के सरदारपुर ग्राम की महिला फुटबॉल टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने मैच की शुरुआत की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में विचारपुर ग्राम को “मिनी ब्राजील” के रूप में उल्लेखित कर पूरे देश को प्रेरित किया है। यह हमारे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है कि हम खेलों को जमीनी स्तर तक प्रोत्साहित कर उनके सपनों को साकार करें। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि विचारपुर और सरदारपुर दोनों ही ग्रामों में फुटबॉल का माहौल बेहद सकारात्मक है और यहां हर घर में खेलों के प्रति विशेष लगाव देखने को मिलता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग इन ग्रामों से प्रेरणा लेकर प्रदेश में फुटबॉल के और अधिक विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएगा। मैच का रोमांच मुकाबले की शुरुआत से ही सरदारपुर की टीम ने दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में ही सरदारपुर की कप्तान और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सुश्री ज्योति चौहान ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद विचारपुर की टीम ने पूरे दमखम से खेला, लेकिन बराबरी का गोल करने में सफल नहीं हो सकी। निर्धारित समय की समाप्ति पर स्कोर 1-0 रहा और सरदारपुर ने यह यादगार मुकाबला अपने नाम किया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विचारपुर की गोलकीपर सुश्री उमा केवट और सरदारपुर की कप्तान सुश्री ज्योति चौहान को ₹21,000 की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंत्री श्री सारंग ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यह मुकाबला प्रदेश में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिये मील का पत्थर साबित होगा। टीमों की सूची सरदारपुर टीम: ज्योति चौहान (कप्तान), सुनीता भाबर (गोलकीपर), चंचल, बुलबुल, गायत्री, दीपिका, रक्षा, स्नेहा, दामिनी, दिव्यांशी, मानवी, मनीषा, सोनू, अर्चिता, वंशिका, प्रतिभा। विचारपुर टीम: यशोदा सिंह (कप्तान), उमा केवट (गोलकीपर), एकता रजक, सपना गुप्ता, सानिया सिंह, सानिया कुंदे, रजनी सिंह, सोनू बैगा, राधनी सिंह, शबनम केवट, रेनू केवट, भारती बैगा, शीतल बैगा, पुनीता सिंह, स्नेहा सिंह, लक्ष्मी, सोहनी कोल। विशिष्ट अतिथि इस अवसर पर पूर्व क्रिकेटर और मोटिवेशनल स्पीकर श्री मदनलाल शर्मा, हाइपरफॉर्मेंस स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट डॉ. संजना किरन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री राकेश गुप्ता, उप संचालक श्री बीएस यादव, पूर्व कमिश्नर श्री राजीव शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। कल रविवार को वीआईपी रोड से वॉटर स्पोर्ट्स तक निकलेगी सायकल रैली खेल महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को मंत्री श्री सारंग के नेतृत्व में राजा भोज प्रतिमा वीआईपी रोड से लेक व्यू स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी तक 5 किलोमीटर लंबी साइकल रैली निकाली जाएगी। यहाँ रैली के समापन पर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया जायेगा।