samacharsecretary.com

रघुराम राजन ने सुझाया तरीका, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था को होगा लाभ

नई दिल्ली  आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने सुझाव दिया है कि सरकार को उन तेल रिफाइनर कंपनियों पर विंडफॉल टैक्स लगाना चाहिए, जिन्हें रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर बड़ा मुनाफा हो रहा है। उनका कहना है कि इस टैक्स से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल भारतीय एक्सपोर्टर्स (निर्यातकों) को मदद देने में किया जा सकता है, क्योंकि हाल ही में अमेरिका ने भारत पर भारी टैरिफ लगाए हैं, जिससे हमारे निर्यातक नुकसान झेल रहे हैं। रेवेन्यू में भी इजाफा होगा उन्होंने कहा कि ट्रंप के टैरिफ के कारण भारत के कई उद्योगों, खासकर छोटे और मझोले एक्सपोर्टर्स, पर दबाव बढ़ गया है और उनकी कमाई पर सीधा असर पड़ा है। राजन का मानना है कि यह कदम दोहरा फायदा देगा। एक तरफ सरकार को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और दूसरी तरफ़ निर्यातकों को राहत मिल सकेगी। इससे भारत की निर्यात क्षमता को सहारा मिलेगा और वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धा बनी रहेगी। राजन ने क्या कहा राजन ने लिंक्डइन पर विंडफॉल टैक्स पर अपने विचार व्यक्त किए। वे कहते हैं, "क्या वे अब भी अतिरिक्त मुनाफा कमा रहे हैं? क्या हमें उस मुनाफे में से कुछ लेकर उन निर्यातकों को फायदा पहुंचाना चाहिए जो रूस से तेल खरीदने से नुकसान उठा रहे हैं।" वे कहते हैं, "क्यों न हम अपने रिफाइनरों पर उनके द्वारा खरीदे गए रूसी तेल के अनुपात में विंडफॉल टैक्स लगाएं और उसे अपने छोटे और मध्यम निर्यातकों को हस्तांतरित करें? इससे यह सुनिश्चित होगा कि भारत में जो लोग रूसी तेल से लाभान्वित होते हैं, वे भी इसका भुगतान करें, न कि दूसरों को भुगतान करने दें।" रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और नायरा एनर्जी लिमिटेड के नेतृत्व वाली भारतीय रिफाइनर कंपनियां सितंबर में रूस से तेल खरीद में 10-20% या प्रतिदिन 150,000-300,000 बैरल की वृद्धि कर सकती हैं, रॉयटर्स ने गुरुवार (28 अगस्त 2025) को प्रारंभिक खरीद आंकड़ों से परिचित व्यापारियों का हवाला देते हुए बताया। रूस अधिक कच्चा तेल बेचने के लिए कीमतों में कटौती कर सकता है क्योंकि वे यूक्रेन के ड्रोन हमलों से क्षतिग्रस्त हुई रिफाइनरियों में उतना तेल संसाधित नहीं कर सकते। भारत के बिना, रूस को अपने निर्यात को मौजूदा स्तर पर बनाए रखने में कठिनाई होगी। इससे तेल निर्यात राजस्व में कमी आएगी, जिससे क्रेमलिन के बजट और यूक्रेन में रूस के जारी युद्ध का वित्तपोषण होता है।  

2200 बेड का किडनी सुपर हॉस्पिटल झारखंड में, अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ मरीजों के लिए वरदान

रांची झारखंड के रांची में 2200 बेड का विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनेगा। स्वास्थ्य, आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने यह घोषणा की। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रांची में 2200 बेड का विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा। इस अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण सहित सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यह हॉस्पिटल ऑस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज ऑस्ट्रेलिया और झारखंड सरकार की साझेदारी से बनेगा। कंपनी के सीईओ और डॉ. अंसारी के पुराने मित्र आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने झारखंड में बड़े पैमाने पर निवेश का निर्णय लिया है। इस अवसर पर कोल्मोगोरोव ने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड को हेल्थकेयर का हब बनाना है। हम बड़ा निवेश करेंगे, लेकिन इस परियोजना को राजनीति से दूर रखना होगा। स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा डालना जनता के साथ अन्याय है। डॉक्टर अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज में 15 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी राज्य में शुरू होने जा रही है। यह विश्व-स्तरीय अस्पताल न केवल झारखंड बल्कि पूरे पूर्वी भारत के मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। डॉ.अंसारी ने कहा कि यह मेरे निरंतर प्रयासों और झारखंडवासियों के आशीर्वाद का परिणाम है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य एक नई क्रांति की ओर बढ़ रहा है।  

मोहन भागवत की सराहना करते हुए अफजाल ने कहा- उनसे सबको सीख लेनी चाहिए

गाजीपुर  समाजवादी पार्टी से सांसद अफजाल अंसारी बदले मूड में नजर आ रहे हैं। जहां अक्सर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हैं। वहीं शनिवार को उन्होंने खुलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोगों को उनसे सीख लेनी चाहिए। सपा सांसद अफजाल अंसारी शनिवार को रायफल क्लब में विद्युत समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। अंसारी ने कहा कि आरएसएस के तीन दिवसीय शिविर के बाद मोहन भागवत ने महसूस किया है कि देश में एकता और भाईचारे की जरूरत है और नफरत का कारोबार बंद होना चाहिए। सपा सांसद ने तारीफ करते हुए कहा, "हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए संसार में आरएसएस से बढ़कर कोई प्लेटफार्म नहीं है। भागवत ने कहा है कि अगर हर मस्जिद और मजार में शिवलिंग तलाश करोगे तो ये देश को कमजोर करेगा। संघ प्रमुख से कुछ लोगों को नसीहत लेनी चाहिए।" सांसद ने आगे कहा, "मैं भागवत की बातों का स्वागत करता हूं। अन्य धर्मों के धर्मगुरुओं से भी अपील है कि वे संघ प्रमुख के वक्तव्य का स्वागत करें। सपा सांसद ने बिना नाम लिए भाजपा के बड़े नेताओं पर भी टिप्पणी की। कहा कि जिसके पास अपना परिवार नहीं होता, वह दूसरों के परिवार का दर्द क्या ही समझेगा।" टेक्सटाइल इंडस्ट्री में 30 लाख लोग होंगे बेरोजगार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने पर शनिवार को सांसद अफजाल अंसारी ने बयान दिया। कहा कि ट्रम्प के टैरिफ से टेक्सटाइल मिलें बंद हो रही हैं। इससे टेक्सटाइल इंडस्ट्री में 30 लाख लोग बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल खड़ा किया। पहलगाम हमले का भी किया जिक्र अफजाल अंसारी ने पहलगाम घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत अच्छी थी, लेकिन अंत शर्मनाक रहा। ट्रम्प ने अमेरिका में बैठकर सीजफायर का ऐलान कर दिया और भारत-पाकिस्तान ने इसे स्वीकार कर लिया। विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी देश खुलकर भारत के पक्ष में नहीं बोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को बचाने के लिए सरकार चुप है।  

IAS अफसरों का तबादला: जानें किसे मिला नया जिम्मा और किसे मिली नई पोस्ट

पटना बिहार सरकार ने शनिवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है जबकि तीन अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। हरजीत कौर बनीं राजस्व पर्षद की अध्यक्ष सामान्य प्रशासन विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच के आईएएस अधिकारी और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ को विकास आयुक्त बनाया गया है। वहीं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजीत कौर को राजस्व पर्षद का अध्यक्ष बनाया गया है। अधिसूचना के अनुसार गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग का अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंद्र को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण ,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।  

AAP नेता के घर पर हमले से हड़कंप, सोशल मीडिया पर तेज़ प्रतिक्रिया

फतेहपुर मलोट उपमंडल के गांव फतेहपुर मन्निया में गांव के ही एक युवक ने आम आदमी पार्टी के सरपंच के घर पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। सरपंच उस समय घर पर नहीं था लेकिन हमला करने वाले युवक ने ही पेट्रोल बम का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट कर धमकी दी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वीडियो सोशल मीडिया पर आया है, लेकिन किसी ने इस संबंध में उनके पास लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।  गौरतलब है कि गांव फतेहपुर मन्निया के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बोतलों से पेट्रोल बम फेंके जा रहे हैं। उसका कहना है कि देखो, मैंने अपने गांव के सरपंच कुलविंदर सिंह के घर पर पेट्रोल बम फेंके हैं। मैंने होली फेंकी थी, इसलिए यह ठीक से नहीं चला, लेकिन मैंने अभी डेमो के लिए दिखाया है। अगर मेरे पैसे वापस नहीं किए गए, तो मैं कल उनके घर पर गोली चला दूंगा। इस वीडियो से सोशल मीडिया पर दहशत का माहौल बन गया।  उधर, सरपंच कुलविंदर सिंह ने इस घटना की पुष्टि की है। उनका कहना है कि वह घर पर नहीं थे। उनका यह भी कहना है कि उसका इस लड़के से कोई लेना-देना नहीं है। उसके पिता उनके परिचित हैं। कुलविंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया है। उधर, लंबी के पुलिस प्रमुख गुरविंदर सिंह का कहना है कि उन्होंने भी सोशल मीडिया पर वीडियो देखा है। लेकिन अभी तक उन्हें कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के सरपंच के घर पर हमले की इतनी बड़ी घटना के बाद पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है। 

UP पुलिस में फेरबदल: आठ आईपीएस अफसरों का तबादला, कई जिलों के SP हुए बदल

लखनऊ  यूपी में एक बार फिर आईपीएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इस बार आठ अफसरों को इधर से उधर किया गया है। श्रावस्ती, कानपुर देहात और शामली के पुलिस कप्तानों (एसपी) को बदल दिया गया है। जिन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं उनमें शामली के एसपी रामसेवक गौतम, कानपुर देहात के एसपी अरविंद मिश्र और श्रावस्ती के एसपी घनश्याम के भी नाम हैं।शामली के एसपी रामसेवक गौतम को एसपी पीटीएस बनाया गया है। कानपुर देहात के एसपी अरविंद मिश्र को ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक के तौर पर नई तैनाती मिली है। वहीं एसपी श्रावस्ती रहे घनश्याम को , श्रावस्ती के एसपी घनश्याम को सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ का एसपी, 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ के सेनानायक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय को कानपुर देहात का एसपी बनाया गया है। एसएसएफ के एसपी राहुल भाटी को श्रावस्ती का एसपी, नोएडा के डीसीपी लाखन सिंह यादव को अलीगढ़ 38 वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक,बागपत के एएसपी/एपी नरेन्द्र प्रताप सिंह को शामली का एसपी,नोएडा के एडीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह को प्रोन्नत होने पर वहीं का डीसीपी बनाया गया है। जल्द ही आएगी एक और लिस्ट बताया जा रहा है कि यूपी में आईपीएस अधिकारियों के तबादले का सिलसिला अभी और जारी रह सकता है। अभी हाल ही में कुछ अन्य आईपीएस अफसरों के तबादले हुए थे। कहा जा रहा है कि जल्द ही आईपीएस तबादले की एक और लिस्ट आने वाली है। इसमें भी कई जिलों के एसपी को हटाए जाने की चर्चा है। तबादलों की इस चर्चा के बीच लोग आने वाली लिस्टों का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।  

US से तनातनी के बीच जिनपिंग का संदेश, मोदी और ट्रंप दोनों को निशाना

चीन शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के मौके पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात हुई। इस दौरान शी जिनपिंग ने कहा कि भारत और चीन को मित्र और अच्छे पड़ोसी बनना होगा। शी जिनपिंग ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा, “दुनिया परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। चीन और भारत दोनों प्राचीन सभ्यताओं के देश हैं, दुनिया की दो सबसे बड़ी जनसंख्या वाले राष्ट्र हैं और ग्लोबल साउथ का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में ड्रैगन और हाथी को साथ आना जरूरी है।" उन्होंने इस साल को भारत-चीन राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ बताते हुए रिश्तों को रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से संभालने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमें बहुपक्षवाद, बहुध्रुवीय विश्व और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में अधिक लोकतंत्र का समर्थन करना होगा और एशिया सहित पूरी दुनिया में शांति व समृद्धि के लिए मिलकर काम करना होगा।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आपसी विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता के आधार पर चीन से रिश्ते आगे बढ़ाना चाहता है। मोदी ने जोर देकर कहा कि 2.8 अरब लोगों का कल्याण भारत-चीन सहयोग से जुड़ा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले साल हुई डिसएंगेजमेंट प्रक्रिया के बाद सीमा पर शांति और स्थिरता बनी हुई है। मोदी ने यह भी बताया कि जल्द ही भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू होंगी और कैलाश मानसरोवर यात्रा भी बहाल की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को तियानजिन पहुंचे। यह उनकी सात साल में पहली चीन यात्रा है। 2020 के गलवान घाटी संघर्ष के बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी तनाव देखा गया था। दोनों नेताओं की मुलाकात करीब एक साल बाद हुई है। पिछली बार वे अक्टूबर 2024 में मिले थे, जिसके बाद LAC पर सैन्य तनाव कम करने के लिए समझौता हुआ था।  

सीएम का टकराव: हरियाणा-पंजाब में लेटर विवाद ने बढ़ाई सियासी गर्मी

चंडीगढ़  पंजाब और हरियाणा के बीच भाखड़ा के पानी को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। हरियाणा ने भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) और पंजाब सरकार को पत्र लिखकर पंजाब की तरफ से छोड़े जा रहे पानी को कम करने को कहा है। इस लेटर के बाद दोनों राज्यों में विवाद हो सकता है। हरियाणा ने अप्रैल में पंजाब से ज्यादा पानी देने की मांग की थी। कृषि, पेयजल जरूरतों का हवाला देकर राज्य सरकार अतिरिक्त सप्लाई चाहती थी। हरियाणा सरकार ने तर्क दिया है कि बारिश के चलते पानी की डिमांड घटी है इसलिए उसकी नहरों की ओर छोड़े जाने वाले 2,500 क्यूसेक पानी को कम किया जाए। शुक्रवार को हरियाणा कॉन्टैक्ट पॉइंट पर पानी का डिस्चार्ज 8 हजार 894 क्यूसेक पाया गया, जबकि हरियाणा ने 7 हजार 900 क्यूसेक की मांग की थी। नए पत्र में 6 हजार 250 क्यूसेक पानी की जरूरत बताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में बहुत बारिश हुई है, इसे देखते हुए ओझा ने इंजीनियरिंग विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ सुखना चो, किशनगढ़, मनीमाजरा, बापू धाम, रायपुर कलां और सुखना झील का दौरा किया। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और सुखना झील के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी निकालने के बावजूद, जिन इलाकों का दौरा किया गया, उनमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मॉनसून से पहले ही तैयारी कर ली गई थी। अफसरों ने सुखना झील में बने कंट्रोल रूम का भी दौरा किया। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला है। यहां से पानी के स्तर पर नजर रखी जा रही है। इस कंट्रोल रूम के जरिए पंजाब और हरियाणा राज्यों के साथ तालमेल भी बनाए रखा जा रहा है।

कियारा आडवाणी बोलीं – फिल्म ‘परम सुंदरी’ है कमाल की, दी खुलकर तारीफ

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने फिल्म परम सुंदरी की तारीफ की है। तुषार जलोटा के निर्देशन में बनी फिल्म परम सुंदरी में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 29 अगस्त को रिलीज हुयी है। कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी में फिल्म 'परम सुंदरी' की तारीफ की है। उन्होंने लिखा 'एक बेहतरीन रोमांटिक कॉमेडी फिल्म जो आपके चेहरे पर एक गहरी मुस्कान छोड़ जाती है'।  उन्होंने अपने पति सिद्धार्थ मलहोत्रा को टैग करते हुए लिखा 'परम आप पर्दे पर बिल्कुल जादू की तरह अदाकारी कर रहे थे। हर बीट, हर फ्रेम पर आपका कब्जा था। आप सहज, आकर्षक और बिल्कुल सही थे। आपकी कॉमिक टाइमिंग ने इसे और भी बेहतरीन बना दिया।' कियारा आडवाणी ने जान्हवी कपूर को टैग करते हुए लिखा 'सुंदरी आप बहुत प्यारी हैं। आपका अभिनय भी लाजवाब था, आप बहुत शानदार लग रही थीं।' कियारा ने फिल्म के सिनेमैटोग्राफर संथाना कृष्णन की भी सराहना की। उन्होंने लिखा 'आपने कमाल कर दिया, हर फ्रेम बेहद खूबसूरत और मनोरम था।' कियारा ने निर्देशक तुषार जलोटा और पूरी टीम के लिए लिखा 'इस फिल्म को एक साथ बानाने लिए बधाई।'  

हर आदमी के लिए जरूरी: कल से ये 8 नियम होंगे बदलेंगे

 नई दिल्ली सितंबर महीने से कई बड़े पैसों से जुड़े नियमों में बदलाव होने वाले हैं, जो सीधे आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे। इनमें आयकर रिटर्न (ITR) फाइलिंग की आखिरी तारीख, आधार कार्ड अपडेट, UPS में बदलाव की अंतिम तिथि और क्रेडिट कार्ड समेत से जुड़े नए नियम शामिल हैं। इन बदलावों को समय पर जानना जरूरी है। अगर आपने समय रहते जरूरी काम पूरे नहीं किए, तो परेशानी उठानी पड़ सकती है। आइए जानते हैं डिटेल में…  ITR फाइलिंग की आखिरी तारीख जो लोग आयकर रिटर्न (ITR) फाइल करने से चूक गए थे, उनके लिए सरकार ने लेट फाइलिंग की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2025 तय की है। अगर आप इस तारीख तक रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं तो आपको लेट फीस और ब्याज देना होगा। आधार कार्ड अपडेट UIDAI ने आधार कार्ड अपडेट कराने की सुविधा की आखिरी तारीख 14 सितंबर 2025 रखी है। इसके बाद आधार अपडेट कराने पर आपको फीस देनी होगी। अगर आपके आधार में नाम, जन्मतिथि, पता या मोबाइल नंबर गलत है तो समय रहते अपडेट करा लें। NPS से UPS में स्विच करने की अंतिम मौका सरकार ने कर्मचारियों को NPS से UPS में बदलने का विकल्प दिया है। इसकी डेडलाइन 30 सितंबर 2025 है। यानी अगर आप नई पेंशन योजना (UPS) चुनना चाहते हैं तो इस तारीख तक फॉर्म भरना होगा। चांदी पर नया नियम सितंबर 1 से चांदी के ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए नया नियम लागू हो जाएगा। अब ग्राहकों के पास दो विकल्प होंगे – वे चाहें तो हॉलमार्क्ड सिल्वर खरीद सकते हैं या फिर नॉन-हॉलमार्क्ड सिल्वर भी ले सकते हैं। BIS ने सिल्वर ज्वेलरी के लिए भी हॉलमार्किंग सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। लेकिन अभी यह नियम अनिवार्य नहीं होगा, बल्कि स्वैच्छिक रहेगा। FD नियमों में बदलाव अभी कई बैंक स्पेशल फिक्स्ड डिपॉज़िट (FD) स्कीम चला रहे हैं, जिनकी आखिरी तारीख सितंबर 2025 है। यानी अगर आप FD में निवेश करना चाहते हैं और बेहतर ब्याज दर पाना चाहते हैं, तो इंडियन बैंक और IDBI बैंक की इन स्पेशल FD योजनाओं में 30 सितंबर से पहले निवेश करना जरूरी है। SBI के क्रेडिट कार्ड में बदलाव 1 सितंबर से SBI क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स प्रोग्राम में बदलाव हो गया है। अब ग्राहकों को हर तरह की खरीदारी पर पॉइंट्स नहीं मिलेंगे। डिजिटल गेमिंग, सरकारी वेबसाइट्स और कुछ चुने हुए मर्चेंट्स- इन पर किए गए लेन-देन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे। इस बदलाव का असर लाखों SBI कार्डधारकों पर पड़ेगा क्योंकि पहले ये सभी खर्चे रिवॉर्ड पॉइंट्स में शामिल होते थे। इंडिया पोस्ट के नए नियम 1 सितंबर 2025 से इंडिया पोस्ट ने एक बड़ा बदलाव किया है। अब रजिस्टर्ड पोस्ट को स्पीड पोस्ट में मिला दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अब अलग से “रजिस्टर्ड पोस्ट” नाम की कोई सुविधा नहीं होगी। जो भी रजिस्टर्ड मेल भेजी जाएगी, वह अब स्पीड पोस्ट के जरिए ही डिलीवर होगी। इससे डिलीवरी पहले से तेज और आसान हो जाएगी। यानी अब ग्राहकों को अलग-अलग सेवा चुनने की जरूरत नहीं है, रजिस्टर्ड पोस्ट का काम भी अब स्पीड पोस्ट ही करेगा। LPG के दाम LPG सिलेंडर के दाम हर महीने की पहली तारीख को बदलते हैं। इस बार भी 1 सितंबर को दाम कम या ज्यादा हो सकते हैं। ये बदलाव तेल कंपनियों और ग्लोबल मार्केट के हिसाब से तय होते हैं।