samacharsecretary.com

आज का राशिफल: 15 नवंबर 2025—मकर के लिए बढ़िया दिन, बाकी राशियों की भी जानें भविष्यवाणी

मेष-मेष राशि वालों के लिए इस समय लाभ के संकेत हैं। इस समय आपको आत्मसयंत रहें। बेकार के क्रोध से बचें। नौकरी में असफसरों से सद्भाव बनाकर रखें। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग हैं। आज के दिन भागदौड़ अधिक रहेगी। वृषभ-आज तनाव हो सकता है, जिसके कारण मन परेशान हो सकता है। कारोबार में भागदौड़ अधिक रहेगी। कारोबार के लिए हो सकता है, आपको बदलाव करना पड़े। प्रोफेशनल लाइफ में आपको सावधानी बरतनी है। मित्रों का सहयोग भी मिलेगा। सेहत का ध्यान रखें। मिथुन-इस समय मिथुन राशि वालों की पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी। लेखनादि-बौद्धिक कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। इस समय आपके लिए आय के साधन भी बन सकते हैं। लाइफ पार्टनक की सेहत का ध्यान रखें। मित्रों का साथ मिलेगा, जिससे आपका तनाव कम होगा। कर्क-इस राशि के लोगों को आत्मविश्वास में कमी रहेगी। मन में उतार-चढ़ाव भी रहेंगे, लेकिन आपको परेशान नहीं होना है। आपके लिए यह समय खुशियां देने वाला रहेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। संतान की सेहत में सुधार होगा। नौकरी में यात्रा पर जा सकते हैं। सिंह-इस राशि के लोगों को खुशखबरी मिलेगी। मन प्रसन्न रहेगा। संपत्ति में वृद्धि हो सकती है। नौकरी में अफसरों से सद्भाव बनाकर रखें। कार्यक्षेत्र में बदलाव हो सकता है। लवलाइफ में आज आपको कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। तुला-पैसों को लेकर परेशानी खत्म हो सकती है। आत्मविश्वास में कमी रहेगी। परिवार की समस्याएं परेशान कर सकती हैं। सेहत का ध्यान रखें, कोई दिक्कत लगे तो डॉक्टर को तुरंत दिखाएं। खर्चों की अधिकता रहेगी। किसी मित्र से धन मिल सकता है। धनु-आज नौकरी से जुड़े अच्छे अवसरों की प्राप्ति होगी। जिन लोगों का इंटरव्यू शेड्यूल है, उन्हें पॉजिटिव रिजल्ट मिल सकता है। मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। शासन सत्ता का सहयोग मिलेगा। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। मकर-आज अपने खान-पान में सावधानी बरतें। आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। परिवार में कटु वचनों को कहने से बचें। प्रेमी-प्रेमिका की मुलाकात हो सकती है। आपके सहकर्मी किसी खास काम में आपकी मदद कर सकते हैं। कुम्भ-आज दिन की शुरुआत योग या ध्यान से करें। भाई-बहनों की मदद से आज आपको धन लाभ होगा। अपने भाई-बहनों से सलाह लें। परिवार की स्थिति सामान्य नहीं रहेगी। अपना हुनर ​​दिखाने के मौके आज आपके पास रहेंगे। कन्या-आपके परिवार का कोई सदस्य आज आपके साथ कुछ समय बिताने की जिद कर सकता है।धन संबंधी मामले आपके मन को परेशान कर सकते हैं।व्यापार करने वालों को नई पार्टनरशिप मिल सकती है। धन की स्थिति अच्छी होगी। वृश्चिक-आज आपकी सेहत पहले से अच्छी होगी। कार्यस्थल पर आपको अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यात्रा का योग है। चीजों को कंट्रोल में रखने के लिए हर किसी की परेशानी पर ध्यान दें। मीन-आज आपके जीवन में खुशियों का आगमन होगा, लेकिन धैर्यशीलता बनाए रखें। परिवार की सेहत का ध्यान रखें। नौकरी में कार्यक्षेत्र में बदलाव के साथ स्थान परिवर्तन हो सकता है। संतान का साथ मिलेगा। माता-पिता की मदद से धन लाभ के संकेत हैं। बिजनेस करने वालों को व्यापारिक यात्रा करनी पड़ सकती है।

गडकरी ने कहा—बिहार ने जातीय राजनीति को ठुकराया, विकास को दी प्राथमिकता

नई दिल्‍ली बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली जबरदस्त बढ़त पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि जनता ने जातिवाद की राजनीति को नकारते हुए अभूतपूर्व और ऐतिहासिक तरीके से एनडीए का समर्थन किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विकास और कल्याण पर केंद्रित बिहार की डबल इंजन सरकार को जनता का समर्थन प्राप्त है। सड़क, पानी, बिजली, उद्योग, विकास और रोजगार जैसे मुद्दों के दीर्घकालिक समाधान की आवश्यकता है और लोगों को इनसे उम्मीदें हैं। गडकरी ने कहा कि पिछले दस साल में हमारी सरकार ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्‍व में जो कार्य किया, इसी को देखते हुए बिहार की जनता ने एनडीए को यह ऐतिहासिक जीत दी है। इसके लिए प्रदेश की जनता का बहुत अभिनंदन करता हूं। एनडीए की यह जीत बिहार को एक विकसित राज्‍य के रूप में निश्चित रूप से बनाकर रहेगी। वहीं बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाएगा और ऐसा हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी हिट रही है। सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 225 सीटों के प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के बहुमत से आगे बढ़ने पर राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा, "यह बिहार की जनता की जीत है। बिहार की जनता ने दोबारा पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्‍व पर विश्‍वास व्‍यक्‍त किया है। पिछले 11 साल में बड़े-बड़े प्रोजेक्‍ट यहां पर आए। बिहार और देश की जनता विकास के लिए वोट करती है। बिहार में एनडीए की सरकार बन रही है। इसके लिए जनता को बहुत बधाई और धन्‍यवाद देना चाहता हूं।

गृह मंत्री का हमला: वोट बैंक की राजनीति करने वालों को जनता ने दिखाया आईना

पटना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद राज्य की जनता का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "ज्ञान, परिश्रम और लोकतंत्र की रक्षक 'बिहार भूमि' की जनता को कोटि-कोटि नमन। बिहारवासियों की ओर से एनडीए को यह प्रचंड जनादेश, बिहार में विकास, महिलाओं की सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण की एनडीए की संकल्प सेवा पर जनता की मुहर है।  पिछले 11 सालों में मोदी जी ने बिहार के लिए दिल खोलकर कार्य किए और नीतीश जी ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से बाहर निकालने का काम किया। यह जनादेश ‘विकसित बिहार’ के संकल्प के लिए है।" उन्होंने लिखा, "बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके खिलाफ राजनीति की कोई जगह नहीं है। इसीलिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आज बिहार में आखिरी पायदान पर आ गई है।" इसे 'विकसित बिहार' में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत बताते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब सिर्फ और सिर्फ 'प्रदर्शन की राजनीति' के आधार पर जनादेश देती है।" प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "अपने अथक परिश्रम से इस परिणाम को चरितार्थ करने वाले बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के बिहार भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन करता हूं।" उन्होंने कहा, "मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने एनडीए को यह जनादेश दिया है, मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार उससे अधिक समर्पण से उसे पूरा करेगी।"

वोटरों ने 10 हजार लेकर कर दिया फैसला? एनडीए की जीत पर मुकेश सहनी का बड़ा बयान

पटना  बिहार में हार के बाद महागठबंधन के नेता मुकेश सहनी का बयान आया है। वीआईपी दल के मुखिया और महागठबंधन के डिप्टी सीएम फेस मुकेश सहनी ने कहा कि लोग हजारों समस्या भूल गए और 10 हजार देखकर वोट दे दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल के लिए हम इस बहुमत को स्वीकार करते हैं और एनडीए को बधाई देते हैं। हमने कभी कल्पना भी नहीं कि भी कि एनडीए को ऐसी जीत मिलेगी। मुकेश सहनी ने कहा कि बहुत जल्द ही हम इस परिणाम के पीछे की वजहों का विश्लेषण करेंगे। इसके साथ ही मुकेश सहनी ने एनडीए से एक आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि जिस नाते एनडीए ने वोट लिया है, अब वो करके दिखाएं। सहनी ने आरोप लगाया एनडीए ने यह वोट माताओं-बहनों को बरगलाकर लिया है। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव से पहले 10 हजार रुपए महिलाओं के खाते में दिए गए। कहा गया था कि जीत के बाद एक लाख 90 हजार रुपए दिए जाएंगे। अब एनडीए को इसमें पारदर्शिता दिखानी होगी। वीआईपी मुखिया ने आगे कहा कि पैसे का बोल-बाला तो हमेशा इस धरती पर रहा है। पहले हमारे गरीब लोग वोट बेच देते थे। रात के अंधेरे में दबंग लोग चले जाते थे और रात को पैसा बांटकर जनादेश चोरी कर लेते थे। विधायक, सांसद और मंत्री बना लेते थे। सरकार बना लेते थे। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने लोगों को जागरुक किया है। लोग जागरुक हुए हैं। रात को वोट तो नहीं बेच रहे हैं। लेकिन लोगों ने अब इसका पैटर्न बदल दिया। दिन के उजाले में और लीगल काम, इल्लीगल तरीके से, राज्य की जनता का पैसा जनता को दिया जा रहा है। जनता को बताया जा रहा है कि चावल मैं अपने घर से दे रहा हूं। 10 हजार रुपया अपनी जेब से दे रहा हूं। इस नाते लोगों ने वोट कर दिया है। महागठबंधन के डिप्टी सीएम फेस रहे मुकेश सहनी ने हम इस बात के लिए तैयार थे कि हमें जीत मिल भी सकती है और नहीं भी मिल सकती है। हम जनादेश का सम्मान करते हुए मैं हार को स्वीकार करता हूं। आने वाले समय में हम और भी मंथन करेंगे कि हार की वजह क्या रही।   मुकेश सहनी ने कहा कि फिलहाल तो यही समझ में आ रहा है कि बिहार में सभी धर्म-जाति की माता-बहनों ने नीतीश जी को वोट दिया है, क्योंकि नीतीश जी का यह अंतिम चुनाव था। इसके अलावा जीविका दीदी के जरिए 10 हजार उन्होंने टोकन दे दिया। लोगों तक मैसेज गया कि आपको एक लाख नब्बे हजार रुपया हम और देंगे।  

टूरिज्म पर बड़ा असर: दिल्ली हमले के बाद वाराणसी में होटल बुकिंग में 20% की गिरावट

वाराणसी दिल्ली में 10 नवंबर को हुए आतंकी हमले का असर अब पर्यटन नगरी वाराणसी (बनारस) पर भी दिखने लगा है। बीते 48 घंटों में जिले के होटलों में लगभग 20 प्रतिशत बुकिंग कैंसिल कर दी गई हैं। इनमें अधिकतर रद्दीकरण विदेशी पर्यटकों के हैं, जो हर साल नवंबर-दिसंबर में काशी का रुख करते हैं। होटल एसोसिएशन के अनुसार, स्पेन, न्यूयॉर्क, फ्रांस, इटली और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से आने वाले यात्रियों की संख्या में सीजन की शुरुआत में ही 30–40% तक गिरावट दर्ज की गई है। गंगा घाटों के पास स्थित होटलों से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर बने बजट और लक्जरी होटलों तक, अधिकांश बुकिंग्स में कमी दिखाई दे रही है। होटल इंडस्ट्री पर बड़ा प्रभाव होटल व्यवसायियों का कहना है कि नवंबर और दिसंबर हर साल पर्यटन गतिविधियों का पीक सीजन होता है, लेकिन इस बार हालात बदले हुए हैं। देव दीपावली में जहां होटलों की ऑक्युपेंसी लगभग फुल थी, वहीं दिल्ली धमाके के बाद माहौल अचानक बदल गया। शहर के कई होटलों में इस महीने की ऑक्युपेंसी 15–20% तक गिर गई है। कई बड़े होटलों ने सुरक्षा कारणों और पर्यटकों की अरुचि को देखते हुए पहले से तय इवेंट बुकिंग्स भी रद्द कर दी हैं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ने और लगातार जारी अलर्ट ने भी विदेशी यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित किया है। कई पर्यटक अपनी यात्रा फिलहाल टाल रहे हैं। सर्दियों में बढ़ता है विदेशी पर्यटकों का दबदबा वाराणसी होटल एसोसिएशन का कहना है कि नवंबर-दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, अर्जेंटीना समेत कई देशों के यात्री काशी में सर्दियों का आनंद लेने आते हैं। इसके अलावा दक्षिण भारत से आने वाले यात्रियों की संख्या भी इसी अवधि में काफी अधिक रहती है। क्या बोले पर्यटन संगठनों के पदाधिकारी? गोकुल शर्मा, अध्यक्ष—वाराणसी होटल एसोसिएशन “दिल्ली की घटना का असर काशी में दिख रहा है। कुछ होटलों में बुकिंग घटी है, हालांकि कई होटलों में बुकिंग्स सामान्य रूप से जारी हैं। राहुल मेहता, अध्यक्ष—टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि “प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह एक्टिव है। नवंबर के मध्य से बनारस का पर्यटन फिर से रफ्तार पकड़ेगा। आतंकी घटनाओं का स्थायी प्रभाव काशी पर नहीं पड़ेगा।  

NIA की बड़ी कार्रवाई: नूंह से खाद विक्रेता हिरासत में, दिल्ली धमाके से जुड़ रहे सुराग

नूंह   दिल्ली विस्फोट मामले में एनआईए की टीम ने बृहस्पतिवार को हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम और मेवात में खाद दुकानें खंगाली। जांच एजेंसी ने नूंह से एक खाद-बीज विक्रेता और एक निजी अस्पताल के डॉक्टर को हिरासत में लिया। माना जा रहा है कि कथित रूप से संदिग्ध डॉक्टरों ने इन जिलों की दुकानों से 26 क्विंटल एनपीके खाद खरीदा था। खाद विक्रेता की पहचान दिनेश सिंगला उर्फ डब्बू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव शिकारवा का निवासी है। दूसरे व्यक्ति की पहचान रिहान के रूप में हुई है, जो नूंह का निवासी है। वह तावडू में एक निजी अस्पताल में डॉक्टर है। सूत्रों के अनुसार, उसने अल-फ्लाह यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। इधर, हरियाणा पुलिस ने दिल्ली विस्फोट से जुड़ी तीसरी संदिग्ध ब्रिजा कार को अल-फ्लाह यूनिवर्सिटी से बरामद कर लिया। कार लेडी डॉक्टर शाहीन के नाम पर बताई जा रही है। बुधवार रात को दूसरी ईको इकोस्पोर्ट कार फरीदाबाद के गांव खंदावली से बरामद की गई थी। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने यूनिवर्सिटी के एचआर विभाग से जमील को गिरफ्तार किया है। एक और व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में पुलिस को चौथी स्विफ्ट डिजायर कार की तलाश है। इसके साथ ही, अल-फ्लाह यूनिवर्सिटी में कार्यरत एक और कश्मीरी डाक्टर लापता है। फरीदाबाद पुलिस ने कई कालोनियों और झुग्गियों में सर्च ऑपरेशन चलाया।  इस बीच, विस्फोट में घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गयी। इससे विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी है। इधर, डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई है कि डॉ. उमर नबी ही उस कार को चला रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ था। साथ ही, विस्फोट स्थल के पास एक दुकान की छत पर एक कटा हुआ हाथ मिला है। इस बीच, यह भी पता चला है कि तीनों अारोपी डॉक्टर ‘थ्रीमा’ नामक एक स्विस संचार एप के जरिए लगातार संपर्क में थे। 

विकास मॉडल की जीत: बिहार चुनाव पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया

पटना  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के सहयोगी दलों को बधाई दिया है। उन्होंने बिहार की जनता को एनडीए की ऐतिहासिक सफलता के लिए हृदय से धन्यवाद किया। बता दें कि एनडीए ने कुल 243 सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर मजबूत बढ़त बना ली है। पीएम मोदी ने इस सफलता को सुशासन, विकास, जनकल्याण तथा सामाजिक न्याय की अभूतपूर्व जीत करार दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "बिहार में सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जनकल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।" उन्होंने आगे कहा कि बिहार के मेरे परिवारजनों को बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक व अभूतपूर्व विजय का आशीर्वाद प्रदान किया है। यह अपार जनसमर्थन हमें जनता-जनार्दन की निष्ठापूर्ण सेवा करने तथा बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्पों के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं। पीएम ने कहा कि आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।

जदयू ऑफिस के बाहर महिलाओं की खुशी का धमाका, कहा– अब बदलाव नहीं, विकास का दौर शुरू

पटना पटना में शुक्रवार को जदयू कार्यालय के बाहर माहौल बेहद रंगीन और उत्साह भरा रहा। ढोल की थाप पर महिला कार्यकर्ता नाचती-गाती दिखीं। चुनावी रुझानों में एनडीए को जबरदस्त बढ़त से खुश महिलाओं ने नतीजे घोषित होने से पहले ही जश्न मानना शुरू कर दिया। चुनाव आयोग ने जैसे ही मतगणना के रुझान देने शुरू किए, वैसे ही महिला समर्थक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यालय पहुंचने लगीं। उन्होंने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। महिला समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब राजनीति में समीकरण बदल चुके हैं। एक महिला ने आईएएनएस से कहा, "लालू राज में 'एमवाई' का मतलब मुस्लिम और यादव था, लेकिन अब बिहार में 'महिला और युवा' फैक्टर चलता है। आज ये जीत इसी बदले हुए माहौल की पहचान है।" एक अन्य महिला समर्थक ने कहा, "आज की जीत विकास की जीत है। यह जीत हर उस महिला की है जिसे नीतीश कुमार ने सशक्त बनाया।" जदयू कार्यालय में मौजूद एक महिला ने कहा, "हम सभी यहां एक-दूसरे को बधाई देने आए हैं। आज हमारे लिए होली भी है और दीपावली भी। यह पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता का परिणाम है।" एक महिला ने कहा, "नीतीश कुमार रोजमर्रा के जीवन को छूने वाली योजनाएं लेकर आए। महिलाओं को सम्मान मिला, उन्हें सशक्त बनाया गया। युवाओं को रोजगार मिला। बिहार का जो भी विकास हुआ है, वह नीतीश कुमार के कारण हुआ है।" उन्होंने आगे कहा, "नीतीश कुमार वोट की चिंता नहीं करते, वे वोटर्स की चिंता करते हैं। वह सच में विकास पुरुष हैं।" एक महिला समर्थक ने कहा, "हम इसलिए ज्यादा खुश हैं क्योंकि बिहार से जंगल राज का अंत हो चुका है।" वहीं एक महिला समर्थक ने कहा, "बिहार की बहनों ने जंगल राज को खत्म किया है। अब बिहार में सिर्फ विकास की गंगा बहेगी। यह जीत एनडीए की एकता का प्रतीक है।" इस दौरान कई महिलाएं जीत के गीत गाती नजर आईं।

प्रदेश में अधिक से अधिक बनें स्वावलंबी गो-शालाएँ : राज्यमंत्री पटेल

गो-शाला का किया निरीक्षण भोपाल  पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गो-संरक्षण एवं गो-संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में पहली बार निराश्रित गो-वंश के समुचित पालन-पोषण और गो-शालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए "स्वावलंबी गो-शाला नीति" बनाई गई है, जिसका पूरे प्रदेश में सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। गो-पालन में समुदाय की भागीदारी बहुत आवश्यक है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने शुक्रवार को पटिया वाले बाबा स्थान, मुरैना पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और वहां संचालित गो-शाला का निरीक्षण किया। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि गो-शालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने अनूठी पहल की है। प्रदेश में स्वावलंबी गो-शालाओं (गोकुल धाम) की स्थापना की नीति-2025 लागू की गई है, जिसमें न्यूनतम 5000 गो-वंश के व्यवस्थापन के लिए राज्य सरकार द्वारा 130 एकड़ तक भूमि गो-शालाओं को उपयोग के लिए दिए जाने को प्रावधान है। इसमें से 5 एकड़ भूमि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए दी जाएगी। जिले में स्वावलंबी गो-शालाएँ विकसित हों, इसके लिए प्रदेश स्तर से 20 गो-शालाओं की स्वीकृति दी गई है, जिनमें मुरैना भी शामिल है। आने वाले समय में प्रत्येक जिले में स्वावलंबी गो-शाला स्थापित की जाएगी। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि पटिया वाले बाबा स्थान मुरैना में जनसहयोग से गो-शाला का सुव्यवस्थित संचालन प्रशंसनीय है। यहां नंदी गो-वंश, स्वस्थ गायें, बीमार गायें और बछड़ों को अलग-अलग शेड में रखा गया है। गो-शाला में सैक्स सोर्टेड सीमन तकनीक से कृत्रिम गर्भाधान किया जा रहा है, यह सराहनीय है। श्री पटेल ने भूसा भंडारण स्थल, दाना मिश्रण व्यवस्था तथा गो-वंश के पोषण के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने गो-शाला के लिए एक अतिरिक्त शेड निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने पशुपालन उप संचालक को पशु-औषधालय मुरैना के उन्नयन का प्रस्ताव भोपाल भेजने के निर्देश दिए। श्री पटेल ने बताया कि आने वाले समय में नस्ल सुधार पर ध्यान देते हुए देशी नस्लों के साथ जर्सी जैसी दुग्ध उत्पादक नस्लों को भी बढ़ावा देना आवश्यक है। गिर गाय श्योपुर जिले से लाई जाती है, इसे ब्राजील और गुजरात में बड़े पैमाने पर पाला जा रहा है, जहाँ यह गाय 60 लीटर तक दूध देती है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि गोबर गैस, सीएनजी प्लांट, सोलर प्लांट और नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। भविष्य में बछिया (हीफर) रोजगार का प्रभावी साधन बन सकती है। इस अवसर पर गो-शाला संचालक श्री दीनबंधु महाराज, सचिव श्री रवि गुप्ता, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. बी.के. शर्मा, श्री रतन दास वैष्णव, श्री कौशल शर्मा आदि उपस्थित रहे। 

जापान मास्टर्स में लक्ष्य सेन की धमाकेदार जीत, सेमीफाइनल में बनाई जगह

कुमामोटो (जापान) पेरिस 2024 के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन ने कुमामोटो मास्टर्स जापान 2025 में शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए मैच में लक्ष्य सेन ने सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लो कियन यू को सीधे गेमों में 21-13, 21-17 से हराया। लक्ष्य की यह जीत उनके बीच 10 मैचों में सातवीं जीत रही। शुरुआत में लो कियन यू ने बढ़त बनाई, लेकिन लक्ष्य सेन ने तेजी से वापसी की और पहला गेम आराम से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी सिंगापुर के खिलाड़ी आगे थे, लेकिन लक्ष्य ने बेहतरीन आठ लगातार प्वाइंट लेकर मैच का रुख बदल दिया। लो कियन यू ने अंत में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन लक्ष्य ने तीन शानदार प्वाइंट लेकर मुकाबला जीत लिया। अब सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन का सामना जापान के वर्ल्ड नंबर 13 और एशियन गेम्स 2018 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट केंटा निशिमोटो से होगा। यह इस साल की बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर में लक्ष्य का तीसरा सेमीफाइनल है। इससे पहले वह हांगकांग ओपन के फाइनल और मकाओ ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। हालांकि, इस सीजन में उन्हें कई शुरुआती राउंड में हार मिली है, लेकिन डेनमार्क ओपन में वर्ल्ड नंबर 2 एंडर्स एंटनसन पर उनकी बड़ी जीत चर्चा में रही। कुमामोटो मास्टर्स जापान 2025 में भारत की ओर से अब केवल लक्ष्य सेन ही बाकी हैं। बाकी भारतीय खिलाड़ी पहले ही बाहर हो चुके हैं।